आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल के पिता अमेरिका में गिरफ़्तार, क्या हैं आरोप?

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल 2018 से अपने पिता थॉमस मार्कल से अलग रह रही हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, तेजस्वी सिंह

  1. रुबियो और हेगसेथ के पद छोड़ने की अटकलों पर व्हाइट हाउस ने क्या कहा

    अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के पद छोड़ने की ख़बरों पर व्हाइट हाउस ने प्रतिक्रिया दी है.

    व्हाइट हाउस ने उन अटकलों को ख़ारिज किया है कि चुनाव के बाद ट्रंप प्रशासन में फेरबदल के तहत रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने पद छोड़ सकते हैं.

    अमेरिकी मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़, हेगसेथ को पद से हटाने की मांग उठ रही है. ख़ास तौर पर ईरान युद्ध से निपटने के उनके तरीके को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.

    इस युद्ध को रिपब्लिकन पार्टी की चुनाव में बड़ी हार के लिए ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है.

    कांग्रेस का एक निवर्तमान रिपब्लिकन सदस्य अगले सप्ताह की शुरुआत में ही हेगसेथ के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान कराने की कोशिश करने की धमकी दे चुके हैं,

    वहीं हेगसेथ ने एक वीडियो बयान जारी कर अपने कार्यकाल का बचाव किया और इस कोशिश की निंदा की.

    उन्होंने कहा, "देखिए, वे मुझ पर हमला करते हैं. वे हम पर हमला करते हैं, क्योंकि हम प्रभावशाली हैं. हम पीछे नहीं हटेंगे."

    इस बीच, रुबियो ने उन ख़बरों को ख़ारिज किया है कि वह साल 2028 में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने से पहले अपना पद छोड़ने पर विचार कर रहे हैं.

    रुबियो ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक उनके साथ काम करना "हमेशा से मेरी योजना रही है."

  2. पुतिन से मिले मोहसिन रेज़ाई, बोले- ईरान अमेरिका से कोई नई बातचीत नहीं करेगा

    ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मेजर जनरल मोहसिन रेज़ाई ने रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात के बाद मीडिया से बातचीत की है.

    मोहसिन रेज़ाई ईरान के सर्वोच्च नेता मोज़तबा ख़ामेनेई का संदेश देने के लिए मॉस्को गए थे.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, रेज़ाई ने पत्रकारों को बताया कि रूसी राष्ट्रपति ने तेहरान में आयोजित चार देशों की बैठक का स्वागत किया, जिसमें सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया.

    रेज़ाई ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि क्रेमलिन इस क्षेत्र में युद्ध को समाप्त करने के लिए किसी भी प्रयास के लिए तैयार है क्योंकि उनके विचार में, 'न युद्ध और न शांति' की स्थिति का अंत ईरान के हित के साथ होगा.

    गुरुवार को पुतिन से मुलाकात के बाद, रेज़ाई ने एक बार फिर कहा कि अमेरिका से ईरान कोई नई बातचीत नहीं करेगा और होर्मुज़ स्ट्रेट को तब तक नहीं खोलेगा जब तक उसकी सात शर्तें पूरी नहीं हो जातीं.

    मोहसिन रेज़ाई ने यह भी कहा: "पुतिन के साथ बैठक के दौरान, रूस से ईरान तक गैस पाइपलाइन के निर्माण पर चर्चा हुई ताकि ईरान गैस की कमी को दूर कर सके और आसपास के देशों को रूसी गैस बेच सके."

  3. बिहार के नोमान अशरफ़ बने एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष, फ़लस्तीन का मुद्दा उठाने से आए थे चर्चा में

    अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव में नोमान अशरफ़ ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है.

    इन चुनावों में बी.टेक के छात्र मोहम्मद हमदान मानद सचिव बने. वहीं लॉ की छात्रा नशरा नईम ने विश्वविद्यालय के छात्रसंघ की उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है.

    नोमान अशरफ़ ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान ग़ज़ा और फ़लस्तीन के साथ ही कई ऐसे मुद्दे उठाए जिसकी वजह से चर्चा में रहे.

    नोमान अशरफ़ की सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल के मुताबिक़ वह बिहार के सहरसा के रहने वाले हैं. वह एएमयू में इतिहास के छात्र हैं.

    नोमान अशरफ़ को चुनाव में 7797 वोट मिले और उन्होंने अपनी क़रीबी प्रत्याशी को 4121 वोटों के अंतर से हरा दिया.

    एएमयू में आठ साल के अंतराल के चुनाव हुए हैं और नतीजे आने के बाद यहां स्टूडेंट्स ने जश्न मनाया.

    नतीजे आने के बाद नोमान अशरफ़ ने कहा, "लंबे संघर्ष के बाद हमें यह मौक़ा मिला है. यह बड़ी खुशी की बात है. जो मुद्दे हमने चुनावों में उठाए थे और जो वादे हमने किए थे, हम उन वादों पर उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. मैं सभी स्टूडेंट्स का शुक्रगुज़ार हूं, जिन्होंने इतने बड़े अंतर से मुझे जिताया है."

  4. दिल्ली: गफ़्फ़ार मार्केट की एक इमारत में लगी आग, कई दुकानें जलीं

    शुक्रवार देर रात लगी इस आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है. इस घटना में किसी के मारे जाने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है.

    दिल्ली के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमके चट्टोपाध्याय ने घटनास्थल पर समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आप देख सकते हैं, इमारत से अभी भी धुआं निकल रहा है. इमारत में उचित वेंटिलेशन नहीं है. यहां केवल एक सीढ़ी है और हर मंजिल पर लगभग 14-15 दुकानें हैं. हम आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने बताया कि इमारत के अंदर काफ़ी ज़्यादा गर्म है और फ़ायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग को पूरी तरह काबू करने में जुटे हुए हैं.

    उन्होंने बताया, "हमें उम्मीद है कि लगभग दो से तीन घंटे में ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त हो जाएगा. हमें रात 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. इमारत में एक बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें हैं. बेसमेंट सुरक्षित है."

    "आग ग्राउंड फ्लोर की एक या दो दुकानों में लगी और फिर ऊपरी मंजिलों तक फैल गई. इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज़ और क्रॉकरी की दुकानें थीं. अब तक हमें किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है. आग बुझने के बाद हम तलाशी अभियान चलाएंगे."

  5. दिल्ली के कई इलाक़ों में एयर क्वालिटी बेहद गंभीर, एक्यूआई 400 के पार

    दिल्ली के कई इलाक़ों में हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) 400 के पार चली गई है. सेंट्रल पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़ एक्यूआई के लिहाज से यह सिवियर स्थिति है.

    सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक़ शुक्रवार सुबह 8 बजे दिल्ली के आईटीओ इलाक़े में एक्यूआई 422 दर्ज की गई.

    वहीं जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के पास भी एक्यूआई 421 रही.

    नजफ़गढ़ में भी एक्यूआई 414 रिकॉर्ड किया गया. वहीं चांदनी चौक में एक्यूआई 391 दर्ज की गई.

    सीपीसीबी के मुताबिक़ एक्यूआई 401 से 500 के बीच हो तो इसे सिवियर माना जाता है. यह स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकती है. ऐसी हवा बीमार लोगों पर गंभीर असर डाल सकती है.

    वहीं एक्यूआई 301 से 400 के बीच हो तो लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने पर स्वसन संबंधी बीमारी हो सकती है.

    सीबीसीबी के मुताबिक़ एक्यूआई 0 से 50 के बीच हो तभी इसे अच्छा माना जाता है. इसके 100 तक होना भी संतोषजनक है.

  6. शेयर बाज़ार में भारी गिरावट के लिए ट्रंप ने लोगों को ठहराया ज़िम्मेदार

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और एशिया के शेयर बाज़ारों में भारी गिरावट के लिए आम लोगों को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "आज शेयर बाज़ार इसलिए धराशायी हो गया क्योंकि टेमोक्रेटिक पार्टी ने मंगलवार को बड़ी जीत हासिल की. यह देखकर बेहद दुख होता है. इसके लिए आप खुद ही ज़िम्मेदार हैं."

    उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा "यह चुनाव के नतीजों के आधार पर शेयर बाज़ार के इतिहास के सबसे ख़राब दिनों में से एक रहा. यह सब देखना बेहद दुखद है. बाज़ार को उस स्तर तक पहुंचाने के लिए बहुत मेहनत की गई थी, जहां वह पहले कभी नहीं पहुंचा था, और फिर यह सब हो गया. इसलिए आपके रिटायरमेंट खातों की रकम भी घट गई है."

    "याद रखिए, इसके लिए रिपब्लिकन नहीं, बल्कि डेमोक्रेट्स ज़िम्मेदार हैं। हालांकि, चिंता न करें, हम जल्द ही किसी न किसी तरह पहले से कहीं ज़्यादा बड़े और मज़बूत होकर उभरेंगे."

    इससे पहले अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद शेयर बाज़ार में भारी गिरावट देखने को मिली है. शेयर बाज़ार से अमेरिका और एशिया की प्रमुख टेक कंपनियों के सैकड़ों अरब डॉलर साफ़ हो गए हैं.

    इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास की रफ़्तार धीमी पड़ने की आशंकाएं हैं.

    एआई के विकास को धीमा करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाले डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत के बाद टेक्नोलॉजी और एआई क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई.

  7. अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन: टेक कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट, रचेल क्लन और ओसमोंड चिया

    अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद शेयर बाज़ार में भारी गिरावट देखने को मिली है. शेयर बाज़ार से अमेरिका और एशिया की प्रमुख टेक कंपनियों के सैकड़ों अरब डॉलर साफ़ हो गए हैं.

    इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास की रफ़्तार धीमी पड़ने की आशंकाएं हैं.

    एआई के विकास को धीमा करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाले डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत के बाद टेक्नोलॉजी और एआई क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई.

    टेक कंपनियों की अधिक हिस्सेदारी वाले नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स में 5.5% से ज़्यादा की गिरावट दर्ज की गई. डाउ जोन्स के आंकड़ों के मुताबिक, इससे कंपनियों के बाज़ार मूल्य में अनुमानित 2.5 ट्रिलियन डॉलर की कमी आई.

    अमेरिका के अन्य प्रमुख शेयर बाज़ार सूचकांकों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई. साल 2025 के बाद यह उनका सबसे ख़राब कारोबारी दिन रहा.

    यह बिकवाली एआई पर ख़र्च की जा रही भारी-भरकम रकम से होने वाले फ़ायदे को लेकर पहले से बनी चिंताओं के बीच हुई है.

    एशिया में भी शुक्रवार सुबह टेक कंपनियों की अधिक हिस्सेदारी वाले शेयर बाज़ार सूचकांकों में तेज़ गिरावट दर्ज की गई.

    जापान का निक्केई 225 शुरुआती कारोबार में 5% नीचे आ गया. इस दौरान पैनासोनिक के शेयरों में 10% से ज़्यादा की गिरावट आई, जबकि हिताची के शेयर लगभग 8% तक गिर गए.

    दक्षिण कोरिया की प्रमुख टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट के कारण कोस्पी सूचकांक भी 8.5% से ज़्यादा टूट गया. चिप निर्माता कंपनी एसके हाइनिक्स के शेयरों में 11.5% से ज़्यादा की गिरावट आई, जबकि सैमसंग के शेयर लगभग 10% नीचे आ गए.

    अमेरिका के अलग-अलग चुनावी क्षेत्रों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने डेटा सेंटरों और एआई के तेज़ी से हो रहे विस्तार को धीमा करने के मुद्दे पर चुनाव प्रचार किया था.

    देशभर में मतपत्रों पर ऐसे दर्जनों प्रस्ताव भी शामिल थे, जिनका मक़सद इस तकनीक को संचालित करने के लिए बेहद ज़रूरी डेटा सेंटरों के निर्माण और विकास पर प्रतिबंध लगाना था.

  8. मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ईरान युद्ध पर क्या बोले ट्रंप?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की ओर से कई सैन्य जनरलों को पद से हटाए जाने का मतलब है कि "शायद उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है."

    ट्रंप का ये बयान उनकी पार्टी को मिडटर्म चुनावों में मिली क़रारी हार के बाद आया है.

    उनकी यह टिप्पणी उन हालिया ख़बरों के संदर्भ में आई है, जिनमें कहा गया है कि पीट हेगसेथ प्रशासन से बाहर होने वाले हैं.

    उन्होंने ईरान में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की भी तारीफ़ की और इस अभियान को युद्ध कहे जाने पर आपत्ति जताई.

    उन्होंने कहा, "किसी ने ईरान के साथ युद्ध की बात कही? नहीं. हमने नाकेबंदी के मामले में शानदार सफलता हासिल की है."

    इसके बाद उन्होंने अनुमान लगाया कि ईरान को युद्ध से उबरने में 25 से 30 साल लग सकते हैं.

    उन्होंने कहा कि हालांकि, यह अभियान बहुत अच्छी तरह काम कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ अन्य लोग इस अभियान को 'कब्ज़ा' बता रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "यह लगभग एक कब्ज़ा ही है. और हम कोई चालाकी दिखाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं. लेकिन यह एक कब्ज़ा है."

    इसके बाद उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध में 18 अमेरिकी नागरिकों की मौत "बहुत ज़्यादा" है. हालांकि, उन्होंने इसकी तुलना वियतनाम और अफ़ग़ानिस्तान में मारे गए हज़ारों अमेरिकी सैनिकों से की.

  9. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.