अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलों की बिक्री को मंज़ूरी दी
अमेरिका ने बढ़ते रूसी हवाई हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर की 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की मंज़ूरी दे दी है.
यह फ़ैसला ऐसे वक्त में आया है, जब यूक्रेन ने कहा था कि हाल के महीनों में इसकी डिलीवरी में देरी हुई है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि, इन आधुनिक पीएसी-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की क़ीमत तक़रीबन 2.1 अरब डॉलर होगी और इसका पूरा ख़र्च यूरोप में यूक्रेन के सहयोगी देश और कनाडा उठाएंगे.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका से पैट्रिएट मिसाइलों की डिलीवरी तेज करने की बार-बार अपील की थी.
रूस की घातक बैसिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में यही एकमात्र असरदार हथियार है.
यह क़दम ज़ेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई तनातनी के कुछ ही दिनों बाद सामने आया था. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि, "रूस के साथ युद्ध ख़त्म करने की कोशिश के लिए अब वक़्त आ गया है कि यूक्रेन को एक नया नेता मिले."
शुक्रवार को जारी बयान में अमेरीकी विदेश मंत्रालय ने कहा, " इस ख़रीद का भुगतान 'जंपस्टार्ट' प्रोग्राम के ज़रिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिले डोनेशन और यूरोपीय यूनियन के 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' से फ़ाइनेंस किए गए राष्ट्रीय फंड से करेगा."
बयान में यह भी कहा गया है कि," इस डील की मुख्य कॉन्ट्रैक्टर अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन होगी और इस बिक्री में अमेरिका का कोई फंड शामिल नहीं है."