इबोला से यहां कम से कम 100 लोगों की मौत, छह अमेरिकी भी वायरस की चपेट में आए

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में फैले इबोला संक्रमण में अब तक कम से कम 100 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 390 से ज़्यादा संदिग्ध मामले दर्ज हुए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. सऊदी अरब ने नष्ट किए तीन ड्रोन, इराक़ के हवाई क्षेत्र से हुए थे दाख़िल

    ड्रोन
    इमेज कैप्शन, ये ड्रोन इराक़ी हवाई क्षेत्र से होकर सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए (सांकेतिक तस्वीर: 4 मार्च 2026 को यूक्रेन के हवाई क्षेत्र में नजर आया ड्रोन)

    सऊदी अरब ने बताया है कि उसने रविवार को अपने हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए तीन ड्रोन नष्ट किए हैं.

    सऊदी रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में बताया, "17 मई को तीन ड्रोन नष्ट किए गए. ये ड्रोन इराक़ी हवाई क्षेत्र से होकर सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए थे."

    रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अल-मालिकी ने कहा, "हमारा रक्षा मंत्रालय सही समय और सही जगह पर जवाब देने का अधिकार रखता है. देश के ख़िलाफ़ किसी भी कोशिश पर ज़रूरी क़दम उठाया जाएगा."

    रविवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में भी ड्रोन हमला हुआ था.

    हालांकि, यूएई ने अब तक यह नहीं बताया है कि यह हमला किस ओर से हुआ है.

    गौरतलब है कि क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हैं क्योंकि अमेरिका-इसराइल ने ईरान पर हमले किए थे. अप्रैल में युद्धविराम लागू होने के बाद इन देशों में संघर्ष रुका हुआ है, लेकिन इराक़ से सऊदी अरब और कुवैत समेत खाड़ी देशों की तरफ़ ड्रोन हमले अब भी जारी हैं.

  2. वीडी सतीशन ने ली केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ, ये नेता रहे मौजूद

    वीडी सतीशन
    इमेज कैप्शन, शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हो रहा है

    कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. अब 20 विधायक मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं.

    शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हो रहा है, जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी मौजूद हैं. इनके अलावा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित हैं.

    वीडी सतीशन 6 बार के विधायक हैं और केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा चुके हैं.

    वो पहली बार 2001 में विधानसभा के लिए चुने गए और तब से लेकर अब तक पारावुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार हर चुनाव जीतते आए हैं.

    140 सीटों वाले केरल में यूडीएएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  3. बिहार: सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी आग

    ट्रेन में आग

    बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह पटना जाने वाली ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई. इस घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.

    मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के मुताबिक़, घटना के वक़्त ट्रेन खाली थी.

    दरअसल, ट्रेन स्टेशन के प्लेटफ़ार्म नंबर 6 पर खड़ी थी. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रेन की बी-3 बोगी के टॉयलेट वाले हिस्से से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया.

    कुछ ही देर में धुआं आग में बदल गया और बोगी के अंदर फैलने लगा. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे.

    रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने आग पर जल्द ही क़ाबू पा लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है.

    प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा किसी तकनीकी ख़राबी की आशंका जताई जा रही है . रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.

  4. अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों के टकराने पर ईरान ने तंज में क्या कहा

    फाइटर जेट
    इमेज कैप्शन, 24 मई 2025 को अमेरिका में मेमोरियल डे समारोह में आयोजित एयर शो की तस्वीर

    अमेरिका में एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए, जिस पर अब ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    हैदराबाद में ईरानी कॉन्सुलेट ने घटना का वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "अमेरिकी सेना ऐसे बेकार के ऑपरेशन में ही जीत सकती है किसी वास्तविक लड़ाई में नहीं."

    दरअसल, अमेरिका में यह हादसा रविवार को हुआ. यहां एक एयर शो के दौरान ईए 18-जी जेट आपस में टकराए, जिसके बाद चार क्रू सदस्य पैराशूट के ज़रिए तुरंत सुरक्षित बाहर आ गए.

    अमेरिकी नौसेना कहना है कि जो जेट्स टकराए, उनकी क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर यानी लगभग 672 करोड़ रुपए है.

    इससे पहले 2018 में अमेरिका में ही गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो में एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी.

  5. रूस की राजधानी मॉस्को हुए हमले पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने क्या कहा, टोबी मान और जारोस्लाव लुकीव

    मॉस्को
    इमेज कैप्शन, बीते एक साल की अवधि में यह यूक्रेन का मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला (फ़ाइल फ़ोटो)

    यूक्रेन ने रविवार रात को रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है. रूसी अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन लोगों की मौत हो गई.

    रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास ने कहा कि बीते एक साल की अवधि में यह मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला है.

    भारत के मॉस्को दूतावास ने बताया कि मरने वालों में एक भारतीय नागरिक भी है और तीन लोग घायल हुए हैं.

    यूक्रेन ने भी रूस पर किए गए हमलों की पुष्टि की है. राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये हमले 'पूरी तरह जायज़' जवाब हैं, क्योंकि रूस ने यूक्रेनी शहरों पर घातक हमले किए थे.

    गौरतलब है कि हाल ही में रूस ने यूक्रेन की राजधानी किएव में बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे, इनमें 24 लोगों की मौत हुई थी.

  6. केरल: वीडी सतीशन आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जानें समारोह में कौन-कौन होगा शामिल

    वीडी सतीशन
    इमेज कैप्शन, वीडी सतीशन केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, उनके साथ 20 मंत्री भी शपथ लेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    केरल में आज यानी सोमवार को कांग्रेस नेता वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे शुरू होगा.

    केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की नई सरकार में 20 मंत्री भी शपथ लेंगे, इनके नामों की घोषणा रविवार को ही हो गई थी.

    कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल होंगे.

    कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का पद अपने पास ही रखा है. कांग्रेस ने तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया है.

    केरल विधानसभा की 140 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चार मई को आए नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  7. पीएम मोदी को मिला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान

    नरेंद्र मोदी
    इमेज कैप्शन, यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन में ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान मिला है.

    यह स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान है, जो किसी भी देश के प्रधानमंत्री या राष्ट्र प्रमुख को दिया जाता है.

    पीएम मोदी को स्वीडन के ग्योथेनबर्ग शहर में रविवार को यह सम्मान दिया गया. यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है.

    पीएम मोदी के सम्मान के दौरान स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन समेत कई नेता मौजूद रहे.

    "रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार" की शुरुआत साल 1748 में हुई थी. इसका मक़सद स्वीडन या स्वीडन के हितों के लिए किए गए कामों को पहचान देना है.

    ख़ासकर सार्वजनिक गतिविधियों में योगदान और ज़िम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने वाले लोगों को यह सम्मान दिया जाता है.

  8. अमेरिका के दो लड़ाकू विमान आपस में टकराए, इनमें सवार क्रू का क्या हुआ?, नार्डिन साद

    एयर शो में हादसा
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी नौसेना की मानें तो जो जेट टकराए, उनकी क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका में एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए. गनीमत ये रही कि जेट से सभी एयरक्रू सुरक्षित तरीक़े से बाहर निकल गए थे.

    यह हादसा रविवार को हुआ, जो गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो का आख़िरी दिन था. यहां पर ईए 18-जी जेट आपस में टकराए, जिसके बाद चारों क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए.

    इस हादसे के बाद आग लग गई और बेस को थोड़ी देर के लिए बंद कर दिया गया. एयर शो के बाक़ी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए और जांच शुरू कर दी गई.

    माउंटेन एयर फ़ोर्स बेस गनफ़ाइटर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इस घटना में शामिल एयरक्रू सुरक्षित हालत में हैं. हमारे मेहमानों का धन्यवाद, जिनके धैर्य और सहयोग ने हमें जल्दी और सुरक्षित तरीक़े से घटना पर प्रतिक्रिया देने में मदद की."

    कमांडर अमेलिया उमायम ने सीबीएस न्यूज़ को बताया कि क्रू सदस्यों की जांच मेडिकल टीम कर रही है.

    अमेरिकी नौसेना के मुताबिक़, इन जेट की क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर यानी 672 करोड़ रुपए है.

    इससे पहले 2018 में गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो में एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी.

  9. डोनाल्ड ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी, 'समय निकलता जा रहा है', एला किपलिंग

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप पहले भी चेतावनी दे चुके कि युद्धविराम 'लाइफ़ सपोर्ट' पर है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम जारी है, लेकिन अभी तक संघर्ष स्थायी तौर पर नहीं रुका है. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि समय निकलता जा रहा है.

    जंग ख़त्म करने की बातचीत अटक जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि घड़ी की सुई तेज़ी से घूम रही है.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान का समय निकल रहा है, उन्हें तुरंत क़दम उठाने होंगे, वरना उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा. समय बहुत अहम है."

    दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने बताया कि अमेरिका ने ईरान के ताज़ा प्रस्तावों पर कोई क़दम नहीं उठाया है. मेहर न्यूज़ एजेंसी ने कहा कि अमेरिका का समझौता न करना बातचीत को रुकावट की तरफ़ ले जाएगा.

    बीते हफ़्ते ही ईरान ने अमेरिका की मांगों को ख़ारिज किया था, तब भी ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि युद्धविराम "लाइफ़ सपोर्ट" पर है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.