हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह चुनाव जीते
हरियाणा की पिहोवा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार मंदीप सिंह चट्ठा को 5314 वोटों से हराया है.
आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती जारी, बीजेपी दोनों राज्यों में आगे.
हरियाणा की पिहोवा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार मंदीप सिंह चट्ठा को 5314 वोटों से हराया है.
हरियाणा की बड़ौदा सीट से चुनाव लड़ रहे बीजेपी उम्मीदवार योगेश्वर दत्त को कांग्रेस उम्मीदवार श्री कृष्ण हुड्डा ने 4840 वोटों से हराया है.
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से 58 हज़ार से अधिक वोटों से चुनाव जीते हैं.
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने बीबीसी से ख़ास बातचीत में कहा है कि अगर उन्हें और सीएलपी प्रमुख भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ज़्यादा वक्त मिलता तो नतीजे और भी बेहतर हो सकते थे. शैलजा ने ये भी बताया है कि उनकी पार्टी की कोशिश राज्य में गैर बीजेपी सरकार बनाने की होगी.
हमारे लिए दो नतीजे चौंकाने वाले रहे. सतारा लोकसभा उपचुनाव और परली विधानसभा की सीट पर हमारे उम्मीदवार हार गए हैं. हमारे छह मंत्री भी चुनाव हार गए हैं. हार की वजहों की समीक्षा कल के बाद होगी, आज हम लोग अपनी जीत के जश्न का दिन है और हम जश्न मना रहे हैं.
हरियाणा विधानसभा चुनाव में दादरी सीट से उम्मीदवार बबीता फोगाट चुनाव हार गई हैं. वह तीसरे स्थान पर रहीं. निर्दलीय उम्मीदवार सोमबीर ने इस सीट पर चुनाव जीता है.
मैं महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना की जीत के लिए यहां की जनता का आभर व्यक्त करता हूं- देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को 150 से अधिक सीटों पर बढ़त के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मुंबई पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया है.
पंजाब विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने तीन और शिरोमणि अकाली दल ने एक सीट पर जीत दर्ज की है.
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए दो सीटों पर हुए उप-चुनावों में बीजेपी ने जीत दर्ज की.
विधानसभा उपचुनावों में मेघालय की एक सीट पर हुए उप-चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी, ओडिशा की एक सीट पर हुए उप-चुनाव में बीजू जनता दल और पुद्दुचेरी में एक सीट पर हुए उप-चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शाम में पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.
केरल विधानसभा के उप-चुनावों में सीपीएम और कांग्रेस ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने एक सीट जीती है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनावों के परिणामों पर कहा है कि वह इनको देखकर ख़ुश हैं और उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है.