आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

Budget 2020: क्या-क्या है निर्मला सीतारमण के इस बजट में?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के कार्यकाल का दूसरा बजट पेश किया.

लाइव कवरेज

  1. प्रधानमंत्री मोदी ने बजट पर राष्ट्र को किया संबोधित

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी. प्रधानमंत्री ने कहा कि रोज़गार के मुख्य क्षेत्र कृषि, इंफ़्रास्ट्रक्चर, टेक्सटाइल और तकनीक होते हैं और इन चारों पर बजट में अधिक ज़ोर दिया गया है.

  2. अमित शाह ने ट्वीट कर बजट की तारीफ़ की

    गृह मंत्री अमित शाह ने कई ट्वीट किए. एक ट्वीट में उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार ने इस बजट के माध्यम से हर वर्ग के करदाताओं को आयकर में एक बड़ी और अभूतपूर्व राहत देने का काम किया है.

  3. चिदंबरम ने बजट को पुराने कार्यक्रमों की लिस्ट बताया

    कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके बजट को पुराने कार्यक्रमों की लिस्ट बताया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बात को नज़रअंदाज़ किया है कि देश की अर्थव्यवस्था ख़स्ता हालत में है.

  4. लंबे बजट भाषण पर बोलीं निर्मला सीतारमण

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि उनका बजट भाषण बहुत लंबा था क्योंकि इसमें उन्होंने युवाओं को रोज़गार देने वाली और लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं पर बोला.

  5. आयकर की नई प्रणाली में 70 छूटें हटाई गईं

    राजस्व सचिव अजय भूषण पांडे ने कहा है कि आयकर में सभी छूटों की व्यापक समीक्षा की गई है जिनमें 120 छूटों को पाया गया है. उन्होंने कहा कि हर चीज़ की समीक्षा की जा रही है ताकि एक आसान प्रणाली दी जा सके, नई प्रणाली में कुल छूटों में से 70 को हटा दिया गया है.

  6. बजट के बाद निर्मला सीतारमण की प्रेस कॉन्फ़्रेंस

    बजट के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में निर्मला सीतारमण ने कहा कि आयकर की दर कम करने का मक़सद लोगों के हाथों में पैसा रखना है और वो भी ख़ासकर मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों में. साथ ही सीतारमण ने कहा कि वो आयकर की प्रक्रिया को आसान करना चाहती हैं.

  7. एनआरआई को भारत में देना पड़ सकता है टैक्स

    नए वित्त विधेयक में आयकर अधिनियम के भाग-6 में बदलाव का प्रस्ताव है. इसके तहत विदेश में काम कर रहे वो भारतीय जो वहां टैक्स नहीं देते हैं, उन्हें अब भारत में टैक्स देना होगा. इससे उन एनआरआई पर बड़ा असर पड़ेगा जो खाड़ी देशों में रहते हैं क्योंकि अधिकतर देशों में ज़ीरो टैक्स नीति है. इससे संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश पर फ़र्क़ पड़ेगा जहां 70 फ़ीसदी आबादी भारतीयों की है.

  8. आम बजट के बाद बाज़ार हुआ धड़ाम

    लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने के बाद सेंसेक्स 900.29 अंक और निफ़्टी 276.85 अंक गिरा.

  9. इनकम टैक्स की नई स्कीम से होगा कितना लाभ?

  10. अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली से हुआ सौतेला व्यवहार

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आम बजट से दिल्ली को बहुत सारी उम्मीदें थीं लेकिन एक बार फिर दिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार हुआ है.

  11. योगी आदित्यनाथ ने बजट को किसान हितैषी बताया

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए कहा है कि यह बजट विकासोन्मुख और किसान समर्थक है, यह अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाएगा.

  12. राहुल गांधी ने कहा, सबसे बड़ा मुद्दा बेरोज़गारी

    बजट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि मुख्य मुद्दा बेरोज़गारी का है और इस पर उन्होंने बजट में कोई रणनीतिक आइडिया नहीं देखा जिससे युवाओं को नौकरी मिलने में मदद मिले. राहुल गांधी ने कहा कि इसमें केवल बताया कि सरकार अच्छा कर रही है लेकिन ऐसा नहीं है.

  13. बजट के बाद बोले राहुल गांधी

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बजट को खोखला बताया है. उन्होंने कहा है कि यह इतिहास का सबसे लंबा बजट भाषण था लेकिन इसमें कुछ नहीं था.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, इनकम टैक्स में कोई छूट नहीं लेने वालों के लिए राहत

    15 लाख से ऊपर की आय वालों को 30 फ़ीसदी टैक्स ही देने होंगे. इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. जो व्यक्ति प्रति वर्ष 15 लाख रुपए कमाता है और वो कोई छूट नहीं लेता है, उसे टैक्स 2.73 लाख की जगह 1.95 लाख रुपए देने होंगे.

  15. नई टैक्स व्यवस्था

    नई टैक्स व्यवस्था वैकल्पिक है. जो पुरानी व्यवस्था से टैक्स देना चाहते हैं वो दे सकते हैं. यानी छूट के साथ. नई टैक्स व्यवस्था में कोई छूट नहीं मिलेगी लेकिन इसकी दरों में बदलाव किया गया है. जो नई व्यवस्था के तहत टैक्स देना चाहते हैं, वो नई व्यवस्था चुन सकते हैं. 15 लाख रुपये से अधिक की कमाई वालों को 30 फ़ीसदी टैक्स देना होगा.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, इनकम टैक्स के लिए नया विकल्प

    अगर पुरानी व्यवस्था से टैक्स नहीं देना चाहते हैं तो ये रहा नया विकल्प

    • पाँच लाख रुपए तक की कमाई वालों को कोई टैक्स नहीं देना होगा.
    • पाँच से 7.5 लाख रुपए तक की कमाई वालों को 10 फ़ीसदी टैक्स.
    • 10 से साढ़े 12 लाख तक कमाई वालों को 20 फ़ीसदी टैक्स.
    • 12.5 लाख रुपये से 15 लाख रुपए तक की कमाई पर 25 फ़ीसदी टैक्स.
  17. निजीकरण से जुड़ी कई घोषणाएं

    वित्त मंत्री ने कहा कि 'छोटे-मझौले उद्योगों के लिए क़र्ज़ लेना आसान होगा और सरकार IDBI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचेगी'.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, LIC में हिस्सेदारी बेचेगी सरकार

    एलआईसी यानी भारतीय जीवन बीमा निगम में अपनी हिस्सेदारी बेचेगी सरकार.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, बैंकिंग बीमा एक लाख से बढ़कर पाँच लाख

    • बैंक के डूबने की सूरत में सिर्फ़ एक लाख रुपए की वापसी की गारंटी बीमा के ज़रिए थी, अब इसे बढ़ाकर पाँच लाख किया गया.
    • सरकार और बैंकों में अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति के लिए नेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी गठित की जाएगी.
    • वरिष्ठ नागरिकों के लिए 9000 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है.
    • अनुसूचित जनजातियों के विकास और कल्याण के लिए 53,700 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है.
    • अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए 85,000 करोड़ रुपए का बजट.
  20. अहम घोषणाएं

    देश के छह लाख आंगनबाड़ी कर्मियों को स्मार्टफ़ोन मुहैया कराया जाएगा.

    इसके ज़रिए 10 करोड़ घरों के पोषण से जुड़े आँकड़े अपलोड किए जाएंगे.

    लद्दाख के विकास के लिए 5900 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है.

    बैंकों की सेहत की निगरानी की जा रही है ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि उनका पैसा सुरक्षित रहे.