आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

IPL 2022: कार्तिक, मैक्सवेल, हेजलवुड ने बैंगलोर को पहुंचाया तीसरे नंबर पर, दिल्ली को दी मात

पहले दिनेश कार्तिक और ग्लेन मैक्सवेल के अर्धशतकों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने बनाए 189 रन. फिर उसके गेंदबाज़ों मोहम्मद सिराज और जॉस हेजलवुड ने बांधा दिल्ली के बल्लेबाज़ों को. दिल्ली की टीम 16 रन से हारी.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद and अभय कुमार सिंह

  1. IPL 2022: RCBvsDC: कार्तिक, मैक्सवेल, हेजलवुड ने बैंगलोर को पहुंचाया तीसरे नंबर पर, दिल्ली को दी मात

    पहले दिनेश कार्तिक और ग्लेन मैक्सवेल के अर्धशतकों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने बनाए 189 रन. फिर उसके गेंदबाज़ों मोहम्मद सिराज और जॉस हेजलवुड ने बांधा दिल्ली के बल्लेबाज़ों को. दिल्ली की टीम 16 रन से हारी. दिल्ली की टीम सात विकेट पर 173 रन ही बना सकी.

    इसके साथ ही बैंगलोर ने चौथी जीत दर्ज कर आईपीएल के पॉइंट टेबल में आठ अंक बना लिए हैं. इतने ही अंक शीर्ष दो टीमों गुजरात और लखनऊ के पास भी हैं.

    190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी हुई. पहले पांच ओवर में 50 रन बन गए थे लेकिन इसी स्कोर पर पृथ्वी शॉ (16 रन) आउट हो गए.

    उनके बाद मिशेल मार्श पिच पर आए लेकिन वे बहुत धीमी गति से रन बना रहे थे.

    दूसरे छोर से डेविड वॉर्नर तेज़ी से रन बटोर रहे थे लेकिन 38 गेंदों में 66 रन बनाकर उनके आउट होने के बाद दिल्ली की ओर से केवल कप्तान रिषभ पंत ने 17 गेंदों पर 34 रन बनाए.

    दिल्ली के विकेट लगातार अंतराल पर गिरते रहे और पूरी टीम 20 ओवरों में सात विकेट पर 173 रन बना सकी.

    बैंगलोर की ओर से जॉस हेजलवुड ने तीन और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए.

    दिनेश कार्तिक को उनकी बेहतरीन ऑल राउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया. उन्होंने 34 गेंदों पर 66 रन बनाने के साथ ही विकेट के पीछे भी दो कैच लपके.

  2. IPL 2022: RCBvsDC: कार्तिक का तेज़ अर्धशतक, बैंगलोर ने दिल्ली के सामने रखा 190 रनों का लक्ष्य

    दिनेश कार्तिक और ग्लेन मैक्सवेल के अर्धशतकों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल के सामने 190 रनों का लक्ष्य रखा.

    टॉस जीत कर दिल्ली ने बैंगलोर को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा. 40 के स्कोर तक बैंगलोर के तीन विकेट गिर गए.

    विराट कोहली (12 रन), कप्तान डुप्लेसी (08) समेत अनुज रावत (शून्य) पवेलियन लौट चुके थे.

    हालांकि दूसरे छोर से ग्लेन मैक्सवेल रन गति को तेज़ी देते रहे. उन्होंने कुलदीप यादव की गेंद पर आउट होने से पहले 34 गेंदों पर 55 रन बनाए.

    11.2 ओवर में 92 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद एक छोर से दिनेश कार्तिक तो दूसरे से शाहबाज अहमद जम गए.

    इन दोनों ने अगले 8 ओवर चार गेंदों पर 10 से अधिक की औसत से 97 रन बटोरे. बैंगलोर ने पांच विकेट पर 189 रन का स्कोर खड़ा किया.

    दिनेश कार्तिक ने केवल 34 गेंदों पर पांच चौके, पांच छक्कों की मदद से नाबाद 66 रन बनाए. वहीं शाहबाज अहमद ने 21 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए.

    दिल्ली की ओर से शार्दुल ठाकुर, खलील अहमद, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिए.

  3. बिहार: बोचहां विधानसभा में आरजेडी की जीत, तेजस्वी ने वोटरों को कहा- शुक्रिया

    बिहार के बोचहां विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरजेडी को जीत मिली है.

    आरजेडी उम्मीदवार अमर कुमार पासवान ने बीजेपी की प्रत्याशी बेबी कुमारी को 35 हज़ार से ज़्यादा वोटों से हरा दिया है.

    अब तेजस्वी यादव ने बोचहां के लोगों को शुक्रिया कहते हुए एनडीए गठबंधन पर निशाना भी साधा है.

    उन्होंने कहा है, "विधानसभा उपचुनाव में बेरोजगारी,महंगाई एवं बदहाल शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि व विधि व्यवस्था से त्रस्त जनता ने डबल इंजन सरकार और अवसरवादी NDA ठगबंधन में शामिल 4 दलों की जनविरोधी नीतियों व अहंकार को अकेले परास्त करने का न्यायप्रिय कार्य किया है."

    बता दें कि मुसाफिर पासवान के निधन के बाद ये सीट खाली हुई थी.

    मुसाफिर ने विकासशील इंसान पार्टी की टिकट पर चुनाव जीता था. इस सीट से अब जीतने वाले अमर पासवान, मुसाफिर पासवान के ही बेटे हैं.

  4. सोनिया, पवार, ममता समेत 13 विपक्षी नेताओं की संयुक्त अपील में क्या-क्या कहा गया है?

    सोनिया गांधी, शरद पवार, ममता बनर्जी समेत विपक्ष के 13 नेताओं ने संयुक्त अपील जारी की है.

    इस अपील में लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए कहा गया है, साथ ही साथ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की गई है.

    इस संयुक्त अपील में लिखा गया है, ''सत्ताधारी प्रतिष्ठानों के एक वर्ग की तरफ़ से जिस तरह से जानबूझकर खाने, कपड़े, आस्था, त्योहार और भाषा से जुड़े मुद्दों का इस्तेमाल ध्रुवीकरण के लिए किया जा रहा है, उससे हम बेहद दुखी हैं.''

    इसमें आगे लिखा गया है, ''हम देशभर में हेट स्पीच की बढ़ती घटनाओं से चिंतिंत हैं. ये ऐसे लोगों की तरफ़ से किए जा रहे हैं जिन्हें आधिकारिक तौर पर संरक्षण हासिल है और उनके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. हम देश के कई राज्यों में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं.''

    इस अपील में लिखा गया है कि विपक्ष के नेता चिंतिंत हैं क्योंकि जिन इलाक़ों में ये घटनाएं हुईं हैं, उनका एक पैटर्न है. आक्रामक सशस्त्र धार्मिक जुलूसों से पहले भड़काऊ भड़काऊ भाषण दिए गए. सोशल मीडिया और ऑडियो-विजुअल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नफ़रत और पूर्वाग्रह फैलाने के लिए किया गया.

    ''प्रधानमंत्री की चुप्पी से हैरान हैं''

    विपक्षी नेताओं की तरफ़ से जारी किए गए इस बयान में कहा गया है कि वो ऐसी घटनाओं पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को देखकर हैरान हैं.

    इसमें लिखा है, ''प्रधानमंत्री ऐसे लोगों के ख़िलाफ कुछ भी बोलने या कुछ करने में नाकाम रहे हैं जो कट्टरता फ़ैलाते हैं और जो लोग अपने शब्दों और काम से समाज को उकसाते और भड़काते हैं.''

    विपक्ष के नेताओं का कहना है कि वो ऐसी ज़हरीली विचारधाराओं से मुक़ाबला करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. और समाज के सभी वर्गों से शांति और सौहार्द की अपील की है. साथ ही शांति बनाए रखकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने वालों के इरादों को नाकाम करने की अपील की गई है.

    कौन-कौन से नेताओं ने की संयुक्त अपील?

    इस अपील पर हस्ताक्षर करने वाले ये हैं 13 नेता-

    • सोनिया गांधी,अध्यक्ष, कांग्रेस
    • शरद पवार, अध्यक्ष, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी
    • ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
    • एमके स्टालिन, मुख्यमंत्री, तमिलनाडु
    • सीताराम येचुरी, जनरल सचिव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)
    • हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड
    • डॉ फारूक अब्दुल्ला, पूर्व मुख्यमंत्री, जम्मू-कश्मीर
    • तेजस्वी यादव, विपक्ष के नेता - बिहार विधानसभा
    • डी. राजा, महासचिव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी
    • देवव्रत विश्वास, महासचिव, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक
    • मनोज भट्टाचार्य, महासचिव, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी
    • पी.के. कुन्हालीकुट्टी, महासचिव, आईयूएमएल
    • दीपांकर भट्टाचार्य, महासचिव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एमएल)
  5. रूस-यूक्रेन के बीच आसमान में घमासान, किसके हाथ लगेगी बाज़ी?

    रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग में अब तक पूरा ध्यान जमीनी लड़ाई पर रहा है.

    लेकिन अब आसमान में चल रही लड़ाई की अहमियत भी काफी बढ़ गई है. दोनों के बीच अब यहां बाजी जीतने की होड़ है.

    यूक्रेनी वायुसेना के एक अफसर ने बीबीसी को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बताया है कि कैसे यूक्रेन के आसमान पर कब्जे की लड़ाई चल रही है.

    कैप्टन वेसिल करवाचुक के चेहरे पर हमेशा एक मुस्कुराहट बनी रहती है.

    यह आपको अचरज में डाल सकता है क्योंकि पिछले 50 दिनों से चली आ रही जंग में लड़ रहे किसी सैनिक से ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती.

  6. IPL 2022 में मुंबई इंडियंस की लगातार छठी हार, केएल राहुल ने 103 रन बनाए

    अंतिम ओवरों में जयदेव उनटकट (6 गेंदों पर 14 रन) और केरोन पोलार्ड (14 गेंदों पर 25 रन) की तूफ़ानी पारियों की बदौलत मुंबई ने लखनऊ के 200 रनों के लक्ष्य के सामने 181 रन बनाए. हालांकि 18 रनों से हारकर मुंबई की टीम आईपीएल के प्लेऑफ़ राउंड से लगभग बाहर हो गई है.

    वहीं इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट की टीम आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. आठ अंकों के साथ ही बेहतर रन रेट के आधार पर गुजरात टाइटंस पॉइंट टेबल में सबसे ऊपर है.

    यह आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस की लगातार छठी हार है. रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली मुंबई की टीम पॉइंट टेबल पर लगातार 10वें (अंतिम) पायदान पर बरकरार है.

    टॉस जीत कर मुंबई ने पहले लखनऊ को बैटिंग के लिए उतारा.

    लगातार पांच मैच हार चुके कप्तान रोहित शर्मा का यह फ़ैसला तब महंगा पड़ता दिखा जब लखनऊ के कप्तान केएल राहुल एक छोर से क्रीज़ पर जम गए और पारी के अंत तक आउट हुए बग़ैर शतक बना डाला.

    60 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में कप्तान राहुल ने 103 रन बनाए. यह राहुल का आईपीएल 2022 में लगाया गया पहला जबकि ओवरऑल तीसरा शतक है.

    राहुल के अलावा मनीष पांडे ने 38 रन (29 गेंद) और क्विंटन डीकॉक ने 13 गेंदों पर 24 रन बनाए.

    लखनऊ ने 20 ओवरों में चार विकेट पर 199 रन बनाए. मुंबई की ओर से जयदेव उनदकट ने दो, जबकि फैबियन एलेन और मुरुगन अश्विन ने एक-एक विकेट लिए.

    इसके जवाब में मुंबई की टीम के शुरू से ही विकेट गिरते रहे. कप्तान रोहित शर्मा केवल 6 रन बना कर आउट हुए. तो मुंबई के दूसरे ओपनर ईशान किशन केवल 13 रन ही जोड़ सके.

    57 रन तक तीन विकेट आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाई लेकिन इसके बाद जल्द ही दोनों बल्लेबाज़ पवेलियन लौट गए.

    तिलक वर्मा ने 26, सूर्यकुमार यादव ने 37 रन बनाए. मुंबई की आधी टीम 15.3 ओवरों में 127 रन बनाने तक पवेलियन लौट चुकी थी.

    यहां से कैरेबियाई क्रिकेटर केरन पोलार्ड और फेबियन एलन ने मोर्चा संभाला. पोलार्ड ने छक्के, चौके समेत कुछ बेहतरीन शॉट्स भी लगाए लेकिन जीत के लिए 17 के औसत से रन बनाने में मुंबई की टीम नाकाम रही. मुंबई ने 20 ओवरों में 9 विकेट पर 181 रन बनाए.

    लखनऊ की ओर से आवेश ख़ान ने अपने चार ओवरों में 34 रन देकर तीन विकेट लिए.

    केएल राहुल को उनकी शतकीय कप्तानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

  7. बीबीसी इंडिया बोल, 16 अप्रैल 2022, महंगाई काबू करने के लिए क्या कर सकती है सरकार?, सुनिए वात्सल्य राय से

  8. सऊदी क्राउन प्रिंस ने किया रूस के राष्ट्रपति को फोन, कई मुद्दों पर हुई बातचीत

    सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शनिवार को फोन पर बातचीत हुई.

    रूस के विदेश मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है और बताया है कि बातचीत की पेशकश सऊदी अरब की तरफ़ से ही हुई है.

    दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की, साथ ही कारोबार और अर्थव्यवस्था पर भी दोनों की बातचीत हुई.

    बयान में कहा गया है कि नेताओं ने दोनों देशों के बीच के रिश्तों को और विकसित करने के लिए प्रतिबद्धता जताई है.

    सऊदी क्राउन प्रिंस और रूस के राष्ट्रपति की बातचीत में वैश्विक तेल बाज़ार की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लिए ओपेक प्लस फॉर्मेट पर जोर दिया गया. यूक्रेन की हालिया स्थिति समेत दूसरे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी दोनों नेताओं ने अपनी बात रखी.

    इस बातचीत में व्लादिमीर पुतिन ने सऊदी अरब के लोगों को पवित्र महीने रमजान की बधाई दी.

  9. शहबाज़ शरीफ़ आख़िर कब तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह पाएंगे?

  10. पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा में हिंसा, डिप्टी स्पीकर पर हमला

    पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा में जमकर हंगामे की ख़बर है. शनिवार को पंजाब में नए मुख्यमंत्री का चुनाव होना था. अब ख़बर है कि विधानसभा के डिप्टी स्पीकर दोस्त मज़ारी को पीटीआई सदस्यों ने प्रताड़ित किया और सदन में हंगामा शुरू कर दिया.

    बीबीसी संवाददाता तरहाब असगर के मुताबिक़, जब डिप्टी स्पीकर आए तो उन्हें उनपर हमला किया गया. इन सदस्यों ने डिप्टी स्पीकर की कुर्सी और मेज भी तोड़ दी.

    इस तरह के हमले को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का भी बयान सामने आया है, उनका कहना है कि ये फासीवादी सरकार ने अपना ज़हर फैलाया है.

    नेशनल असेंबली की अध्यक्षता कर रहे सरदार अयाज़ सादिक़ ने डिप्टी स्पीकर पर हमले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है.

    पीएमएल (एन) की नेता मरियम नवाज़ ने आरोप लगाया है कि अपनी हार को देखते हुए पीटीआई मारपीट पर उतर आई है. उन्होंने इसे पीटीआई की गुंडागर्दी करार दिया है.

    आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी

    मरियम ने कहा, ''इस तरह की गुंडागर्दी को ख़त्म करना पाकिस्तान का पहला दायित्व है. ये कल्चर किसी भी तरह से देश और देशवासियों के लिए सही नहीं है बल्कि एक आपदा की तरह है. इसे उखाड़ कर फेंक देना चाहिए. पंजाब के लोगों को अब ऐसी हरकत करने वालों को पहचानने दें.''

    पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर दोस्त मुहम्मद मज़ारी का कहना है कि पंजाब के मुख्यमंत्री के लिए आज ही चुनाव होंगे और नतीजे घोषित किए जाएंगे.

    उन्होंने कहा, ''अगर किसी को लगता है कि वह विधानसभा में माहौल खराब करने आए हैं तो मुझपर दबाव बनाने की जरूरत नहीं है.''

    उन्होंने कहा, 'मैं सभी से अनुरोध करना चाहता हूं कि इस चयन प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा होने दें.''

    हमज़ा शहबाज़ बनाम परवेज इलाही

    वहीं मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चौधरी परवेज इलाही का आरोप है कि पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कहीं और से निर्देश ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह उचित समय पर बताएंगे कि डिप्टी स्पीकर कहां से निर्देश ले रहे थे.

    परवेज इलाही का कहना है, ''समय साबित करेगा कि डिप्टी स्पीकर ईमानदार हैं या नहीं, जिनकी मंशा खराब है, आज खुलासा हो जाएगा.'

    पंजाब के मुख्यमंत्री के लिए हमज़ा शहबाज़ और परवेह इलाही के बीच टक्कर है.

    हमज़ा शहबाज़ मुख्यमंत्री पद के लिए पीएमएल-एन और सहयोगी दलों के उम्मीदवार हैं, जबकि चौधरी परवेज इलाही पाकिस्तान तहरीक़-ए-इंसाफ और पीएमएल-क्यू के सर्वसम्मति से उम्मीदवार हैं.

  11. रूस-यूक्रेन युद्ध पर ज़ेलेंस्की ने बीबीसी से क्या कहा?

  12. आकार पटेल के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर वापस लेने के आदेश को कोर्ट ने बरकरार रखा

    दिल्ली के एक कोर्ट ने एमनेस्टी इंटरनेशनल इंडिया बोर्ड से जुड़े आकार पटेल को राहत दी है.

    कोर्ट ने आकार पटेल के ख़िलाफ़ सीबीआई के लुकआउट सर्कुलर वापस लेने के आदेश को बरकरार रखा है. कोर्ट ने सीबीआई के लुकआउट सर्कुलर वापस लेने के लिए कहा है.

    हालांकि, विशेष न्यायाधीष संतोष स्नेही मान ने उस निर्देश को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें सीबीआई निदेशक को पटेल से लिखित माफी मांगने के लिए कहा गया था.

    इससे पहले 7 अप्रैल को एडिशनल चीफ़ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट पवन कुमार ने अपने आदेश में केंद्रीय जांच ब्यूरो को आकार पटेल के ख़िलाफ़ जारी लुकआउट नोटिस बिना देरी के वापस लेने, उनसे माफ़ी मांगने और 30 अप्रैल तक कम्प्लायंस रिपोर्ट दायर करने का निर्देश दिया था. इसी आदेश को सीबीआई ने चुनौती दी थी.

    मामला क्या है?

    आकार पटेल के ख़िलाफ़ फॉरेन कंट्रीब्यूशन (रेगुलेशन) एक्ट (FCRA) के तहत लुक आउट नोटिस जारी किया गया था.

    आकार की तरफ़ से कहा गया था कि 6 अप्रैल को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आकार पटेल को उस समय रोका गया जब वो अमेरिका के लिए उड़ान में सवार होने वाले थे.

    उन्होंने दावा किया था कि गुजरात के एक कोर्ट ने उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति दी है, इसके बावजूद कार्रवाई की गई थी.

  13. Drama Queen Episode 1 : 'अपने बच्चों से प्यार है, लेकिन मां होने से नफ़रत'

  14. आगरा में केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में बड़ा हादसा, एक की मौत, चार घायल

    उत्तर प्रदेश के आगरा में एक कार्यक्रम के दौरान बड़े हादसे की ख़बर है. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल भी हिस्सा ले रहे थे.

    हादसे में एक की मौत हो गई वहीं चार घायल बताए जा रहे हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर शुक्रवार को भीम नगरी में एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बतौर मुख्य अतिथि आए हुए थे.

    पुलिस के मुताबिक, जिस वक़्त ये हादसा हुआ है उस वक्त केंद्रीय मंत्री लोगों को संबोधित कर रहे थे. अचानक से आए आंधी-तूफान की वजह से मंच पर बैठे लोगों के पास लोहे का बना लाइट स्टैंड गिर गया और इस हादसे में एक की मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल हो गए.

    मृतक की पहचान राजेश कुमार के तौर पर हुई है. घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    घटना के वक़्त मौजूद एक शख्स का कहना है कि लाइट स्टैंड मंच पर गिरा जहां बीजेपी के नेता, आयोजक और दूसरे गणमान्य लोग बैठे हुए थे.

  15. यरूशलम में फलस्तीनियों और इसराइली सुरक्षा बलों के बीच झड़प

  16. IPL 2022: केएल राहुल का शतक, मुंबई के सामने 200 रन का टारगेट

    कप्तान केएल राहुल की शतकीय पारी की बदौलत लखनऊ ने मुंबई के सामने पहली जीत के लिए 200 रनों का लक्ष्य रखा है.

    आईपीएल में यह मुक़ाबला मुंबई इंडियंस के लिए बेहद अहम है क्योंकि इस टीम ने अब तक एक भी मुक़ाबला नहीं जीता है.

    अपने सभी पांच मैच हार कर मुंबई इंडियंस इस टूर्नामेंट के प्ले ऑफ़ मुक़ाबले से बाहर होने के कगार पर है.

    टॉस जीत कर मुंबई ने पहले फील्डिंग का फ़ैसला लिया.

    लखनऊ ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और कप्तान राहुल ने 60 गेंदों पर नाबाद 103 रन बनाए. यह केएल राहुल का आईपीएल 2022 में लगाया गया पहला जबकि ओवरऑल तीसरा शतक है.

    राहुल के अलावा मनीष पांडे ने 38 रन (29 गेंद) और क्विंटन डीकॉक ने 13 गेंदों पर 24 रन बनाए.

    लखनऊ ने 20 ओवरों में चार विकेट पर 199 रन बनाए. मुंबई की ओर से जयदेव उनदकट ने दो, जबकि फैबियन एलेन और मुरुगन अश्विन ने एक-एक विकेट लिए.

  17. रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म हुआ तो पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें कितनी कम होंगी

  18. असम में बिजली गिरने, आंधी-बारिश की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 8 लोगों की मौत

    असम में बिजली गिरने और आंधी बारिश की अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों समेत कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई.

    शनिवार को एक आधिकारिक बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई. असम स्टेट डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (ASDMA) के मुताबिक़, गुरुवार को आई आंधी-बारिश ने राज्य के कई हिस्सों को प्रभावित किया है.

    गर्मियों के मौसम में होने वाली इस आंधी-बारिश को ‘बोरदोइसिला’ कहते हैं. आंधी-बारिश और बिजली गिरने की वजह से कई हिस्सों में भारी नुकसान भी हुआ है. कई घर नष्ट हो गए हैं, जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं.

    15 अप्रैल, रात 8 बजे तक के अपडेट के साथ जारी ASDMA बुलेटिन में बताया गया है कि डिब्रूगढ़ में आंधी की वजह से शुक्रवार को चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक 12 साल का बच्चा भी शामिल है.

    अथॉरिटी ने बताया कि गुरुवार को बारपेटा ज़िला में आंधी की वजह से 3 लोगों की मौत हो गई. वहीं गोलपारा ज़िले में एक 15 साल के बच्चे की मौत हो गई.

    ASDMA ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग जगहों से दर्ज़नों पेड़, बिजली के ख़भे उखड़ने और घरों के नष्ट होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. पिछले दो दिनों में कम से कम 7,378 घरों और दूसरे ढांचों को नुकसान पहुंचा है.

  19. गुंडप्पा विश्वनाथ: जिनकी कलाई में थी फ़ौलाद सी ताक़त - विवेचना

    गुंडप्पा विश्वनाथ अपने ज़माने में न सिर्फ़ भारत के सबसे स्टाइलिश बल्लेबाज़ थे बल्कि कलाइयों के सहारे बेहतरीन स्क्वायर कट लगाने के लिए भी पूरी दुनिया में मशहूर थे.

    हाल ही मे उनकी आत्मकथा प्रकाशित हुई है 'रिस्ट एश्योर्ड' जिसमें उन्होंने अपने क्रिकेट जीवन के बारे में विस्तार से बात की है.

    रेहान फ़ज़ल विश्वनाथ के कारनामों पर रोशनी डाल रहे हैं विवेचना में.

  20. सोनिया गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में 2024 चुनाव पर प्रशांत किशोर का प्रेजेंटेशन

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस बैठक में राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, मल्लिकार्जुन खड़गे और दूसरे नेता शामिल हुए.

    हाल ही में आए पांच राज्यों के चुनाव नतीजों पर चर्चा के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव और 2024 के आम चुनाव पर चर्चा की गई. इस बैठक में चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी शामिल हुए थे.

    केसी वेणुगोपाल ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने एक प्रजेंटेशन सोनिया गांधी और बाकी कांग्रेस नेताओं के सामने पेश किया.

    उन्होंने बताया कि अब इस प्रज़ेंटेशन की समीक्षा के लिए टीम बनाई जाएगी, जो कुछ समय बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और उसके बाद आख़िरी फैसला लिया जाएगा.

    ये बैठक ऐसे समय में हुई है जब ऐसे भी कयास लगाए जा रहे थे कि प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. ऐसा बताया जा रहा है कि पांच राज्यों के नतीजों के बाद कांग्रेस और प्रशांत किशोर के बीच बातचीत हो रही है.