आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: प्रियंका को उनकी ड्रेस के लिए ट्रोल किया गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिनों के विदेश दौरे पर हैं. मंगलवार को वो बर्लिन में मौजूद थे जहां बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने उनसे मुलाक़ात की.
मंगलवार को सोशल मीडिया में उनकी इस मुलाक़ात की चर्चा रही. प्रियंका ने प्रधानमंत्री के साथ मुलाक़ात की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की. ट्विटर पर उनकी तस्वीर को 18 हज़ार से अधिक बार जबकि इंस्टाग्राम पर उन्हें 6.8 लाख से अधिक लाइक्स मिले हैं.
जहां कई लोगों ने उनकी तारीफ़ की है, वहीं कइयों ने इस मुलाक़ात के दौरान उनके कपड़ों को लेकर इंस्टाग्राम पर उन्हें ट्रोल किया है.
उदयश्री ने लिखा, "आपको प्रधानमंत्री के सामने बैठने की तमीज़ नहीं है, शर्म आनी चाहिए."
वेंकटेश्रवा पोलू ने लिखा है, "आप जिस तरह से उनके सामने बैठी हैं वो मुझे पसंद नहीं आया."
प्रताप लिखते हैं, "ये पीएम के सामने पीएम की तरह बैठी हैं."
शांतनु, नवीन शंकर, अजय और कई अन्य लोगों ने भी लिखा "प्रियंका जिस तरह बैठीं हैं वे सही नहीं है."
हष्टा ने लिखा, "ये गाय का मुखौटा पहन लेती तो अच्छा था. इन्हें ट्रोल तो नहीं किया जाता."
कई लोगों ने प्रियंका कपड़ों के लिए उनकी तारीफ की है.
श्वेता ने लिखा, "हर कोई उनकी ड्रेस का मुद्दा क्यों बनाए हुए है. वो हमारे देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, इसमें छोटे कपड़ों का मुद्दा ही कहां है. भारत कभी विकास कर ही नहीं सकता. महिलाओं का बराबरी का दर्जा कभी नहीं मिल सकता. हमें आप पर गर्व है प्रियंका."
मानवीमहाना ने लिखा, "मुझे आपकी ड्रेस काफी पसंद आई. बस पहनने भर के लिए आपने परंपरागत कपड़े नहीं पहले, आपने वो पहना जो आपको पसंद था."
द युनिवर्स एंड हर ने लिखा, "उनकी ड्रेस को लेकर हो रही चर्चा परेशान करने वाली है. दुख होता है कि भारतीय लोग इतनी संकीर्ण मानसिकता वाले हैं. कुछ समस्याएं तो सुलझाई जा सकती हैं. लेकिन पैरों को सेक्सुलाइज़ करना कहां तक सही है. ये घृणा मुझे बिल्कुल नापसंद है."
जैसमिन सांगमा ने लिखा, "जो लोग कहते हैं कि वो ठीक से नहीं बैठी हैं वो शायद नहीं जानते कि वेस्टर्न कपड़े पहन कर फॉर्मल तरीके से ऐसे ही बैठा जाता है. पीएम के सामने वेस्टर्न कपड़े पहनना एकदम सही है."
फोली ने लिखा, "एक कामयाब महिला अपने दम पर प्रधानमंत्री से मुलाक़ात कर रही है, अपनी कामयाबी और कड़ी मेहनत के दम पर और आप उनके पैरों के बारे में सोच रहे हैं."
इसके कुछ घंटों बाद प्रियंका ने अपनी मां के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की. जिसमें उन्होंने लिखा, "आज के दिन के लिए हमारे पैर देखिए. ये हमारे जीन्स में है."
ट्रोलिंग के जवाब में हुए इस पोस्ट को कईयों ने काफी सराहा है. प्रियम ने लिखा, "प्यार से जलाया आपने. जिसे नफ़रत करनी हो करे."
कपीश सोनी ने लिखा, "आप स्मार्ट हैं. आपने सबका मुंह ऐसे बंद कर दिया. बधाई हो."
इस्टमेंडीज़ी ने लिखा, "क्या जवाब है. हमें आप पर गर्व है."
ये पहली बार नहीं है जब प्रियंका ने ट्रोल करने वालों को पलट कर जवाब दिया है. हाल में एक समारोह में उन्होंने जो ट्रेंचकोट पहना था उसके लिए उन्हें ट्रोल किया गया. प्रियंका ने इसका जवाब एआईबी की एक तस्वीर को शेयर कर के दिया.
उन्होंने लिखा, "ये जान कर अच्छा लगा कि ये केवल फैशन के अलावा और कामों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. उम्मीद है कि मैं अपकी कलात्मकता को बाहर निकलने का मौका देती रहूंगी."
बीते साल मैक्सिम पत्रिका के कवर पर उनकी एक तस्वीर के लिए भी उन्हें ट्रोल किया गया था.
कईयों ने कहा कि उन्होंने अपने आर्मपिट फोटोशॉप करवाए हैं. इसके उत्तर में उन्होंने अपनी एक तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट कर लिखा, "इस चर्चा में मेरी तरफ से ये तस्वीर देखिए."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)