आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रूहानी के ईरान में योग एक खेल है
- Author, आज़ादेह मोआवेनी
- पदनाम, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस
- प्रकाशित
ईरान में योग काफी लोकप्रिय है. एक दशक पहले यहां योग को लेकर वो हालात नहीं थे जो अब हैं. कई लोग ये भी मानते हैं कि योग उनकी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन गया है.
हालांकि, योग को लेकर यह डर भी बना रहता है कि यह इस्लाम के ख़िलाफ़ तो नहीं. इस डर के बावजूद भी लोग योग करने में बहेद रूचि दिखाते हैं.
ऐसे में ईरान और योग के बीच क्या जुड़ाव है यह जानना बेहद दिलचस्प है.
ईरान में 1979 की क्रांति के बाद योग एक दशक से ज़्यादा वक्त तक लोकप्रिय नहीं था लेकिन आज यहां योग की अलग जगह है.
ईरान में बड़ी संख्या में योग की क्लास होती हैं. इसके लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है. साथ ही इस पर बड़ी संख्या में किताबें भी मिलती हैं.
योग को एक खेल की तरह माना जाता है और लोग इसे अंदरूनी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद मानते हैं.
ईरान में योग की तरफ बढ़ते झुकाव का एक कारण बताया जाता है तनाव. शहरों में रहने वाले ईरानी तनावपूर्ण माहौल में रहते हैं. पिछले 10-15 सालों के दौरान उनमें गुस्सा और उत्तेजना बढ़ी है.
इसमें सुधार के लिए योग उनकी मदद करता है. योग करने वालों का मानना है कि योग आपको अंतर मन से ठीक करता है और वर्तमान में सोचना सिखाता है.
धार्मिक टकराव क्यों?
योग क्लासेज में पारंपरिक मान्याताओं वाले और धर्मनिरपेक्ष दोनों तरह के लोग आते हैं. योग करने वालों में भी कई बार धार्मिक टकराव को लेकर चिंता दिखती है.
सरकार की तरफ से ये चिंता ज़ाहिर की जाती रही है कि ईरान के लोगों में इस्लाम से योग की तरफ झुकाव बढ़ रहा है.
जानकार बताते हैं कि योग को देखने के तीन नज़रिये हैं जिनमें से दो को लेकर तो समस्या नहीं है लेकिन तीसरा नज़रिया कुछ डर पैदा करता है.
योग कुछ बीमारियों के इलाज में मदद करता है. इस तरह से इसे अपनाने में कोई समस्या नहीं होती. साथ ही सेहत बनाए रखने के लिए व्यायाम के तौर पर भी इसमें कोई समस्या नहीं है.
समस्या है तीसरे पहलू में जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक अभ्यास की बात करता है. इस्लाम में इसे लेकर चिंता है क्योंकि योग की पृष्ठिभूमि में मौजूद हिंदू धर्म है. साथ ही शरिया में भी इसका ज़िक्र नहीं है इसलिए भी आपत्ति होती है.
योग एक खेल
योग सिखाने वालों को ईरान में इसके लिए संघर्ष करना पड़ा है. उन्हें सरकार को ये साबित करना पड़ा है कि योग धर्म से नहीं जुड़ा है. यह स्वास्थ्य बेहतर करने और आध्यात्मिक शुद्धता के लिए है.
ईरानी सरकार ने योग को आक्रामक तरीके से संचालित किया. योग क्लास के लिए परमिट जारी किए गए और इसे सिखाने के दौरान इस्तेमाल की जाने वाली भाषा का भी खासा ध्यान रख गया.
हालांकि, योग के स्वास्थ्य लाभ से जुड़े पक्ष पर आध्यात्मिक पहलू के मुकाबले ज़्यादा ज़ोर देने से उसे ईरानी सरकार से स्वीकृति मिलने में मदद मिली. साथ ही योग के लिए अन्य खेलों की तरह एक फेडरेशन भी बनाया गया.
फेडरेशन योग से जुड़ी प्रतियोगिताएं भी आयोजित करता है जिसमें अन्य देशों को भी बुलाया जाता है. यहां योग को एक खेल भी माना जाता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)