आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
युवराज सिंह क्रिकेट की पिच पर क्या वापसी करने जा रहे हैं?
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के प्रदर्शन से क्रिकेट फैंस में निराशा है.
पहले पाकिस्तान, फिर न्यूज़ीलैंड से मिली हार ने भारतीय क्रिकेट फैंस की खुशियों पर जब पानी फेरा हुआ है, तब इसी मैदान पर उम्मीद भरी घास लेकर युवराज सिंह लौटते प्रतीत हो रहे हैं.
युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम पर मंगलवार यानी 2 नवंबर को एक वीडियो पोस्ट किया.
इस वीडियो के साथ युवराज ने लिखा, "भगवान आपकी किस्मत तय करता है. उम्मीद है कि जनता की मांग पर मैं फरवरी में मैदान पर लौटूंगा. इससे बेहतर अहसास कुछ नहीं हो सकता. आपकी दुआओं और प्यार के लिए शुक्रिया. ये मेरे बहुत मायने रखता है. अपनी टीम इंडिया का साथ दिए रहिए. क्योंकि एक सच्चा फैन वही होता है जो मुश्किल वक्त में टीम का साथ ना छोड़े. जय हिंद."
ये पोस्ट लोगों के मन में ये उम्मीद जगा रही है कि शायद क्रिकेट के मैदान से संन्यास ले चुके युवराज बल्ला फिर पकड़ सकते हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग कयास लगने लगे.
आशुतोष श्रीवास्तव लिखते हैं, "युवराज सिंह वो किंग हैं, जिनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है."
आदित्य साहा ने लिखा, "युवराज सिंह रिटायरमेंट से नहीं लौट रहे होंगे, वो फरवरी में रोड सेफ्टी सीरीज़ खेलेंगे."
@DoctorrSayss ने युवराज के लौटने पर एक मीम शेयर किया. इस मीम में लिखा था- "सुनने वालों सुनो ऐसा भी होता है..."
संन्यास के वक्त युवराज क्या बोले थे?
युवराज सिंह ने 2017 में कटक में इंग्लैंड के खिलाफ खेले मैच का वीडियो पोस्ट किया है. इस मैच में युवराज सिंह ने 150 रन बनाए थे.
युवराज क्रिकेट के किस फॉरमेट में वापसी करेंगे, इस बारे में उन्होंने या किसी आधिकारिक अकाउंट से कोई जानकारी नहीं साझा की है.
युवराज सिंह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जून 2019 में संन्यास का ऐलान किया था. युवराज सिंह ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच 30 जून 2017 को वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ खेला था.
युवी ने अपना आखिरी टी-20 मैच 1 फ़रवरी 2017 को इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेला. जबकि आखिरी टेस्ट मैच दिसंबर 2012 में इंग्लैंड के ही ख़िलाफ़ खेला था.
संन्यास का ऐलान करते हुए भावुक युवराज ने 2019 में कहा था, "मैं बचपन से ही अपने पिता के नक्शेकदम पर चला और देश के लिए खेलने के उनके सपने का पीछा किया. मेरे फैन्स ने हमेशा मेरा समर्थन किया. मेरे लिए 2011 वर्ल्ड कप जीतना, मैन ऑफ़ द सीरीज़ मिलना सपने की तरह था. इसके बाद मुझे कैंसर हो गया. यह आसमान से ज़मीन पर आने जैसा था. उस वक्त मेरा परिवार, मेरे फैन्स मेरे साथ थे."
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में युवराज सिंह ने 304 मैचों में 36.56 की औसत से 14 शतक और 52 अर्धशतकों समेत 8701 रन बनाए और 111 विकेट चटकाए.
टी20 क्रिकेट में युवराज ने भारत के लिए 58 मैचों में आठ अर्धशतकों समेत 1177 रन बनाए.
इस फॉर्मेट में युवी 136.38 की स्ट्राइक रेट से खेले. युवराज को अपने करियर में केवल 40 टेस्ट खेलने का मौका मिला और इस दौरान उन्होंने 33.93 की औसत से 1900 रन बनाए.
ये भी पढ़ें..
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)