आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
विंबलडन: सेरेना का सपना टूटा, सिमोना चैंपियन
रोमानिया की टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप ने अमरीका की सेरेना विलियम्स को हराकर विंबलडन का महिला एकल ख़िताब जीत लिया है.
ये उनका पहला विंबलडन ख़िताब और दूसरा ग्रैंड स्लैम ख़िताब है.
सिमोना हालेप ने सेरेना को सीधे सेटों में 6-2,6-2 से मात दी. उन्होंने सिर्फ 56 मिनट में मैच ख़त्म कर दिया.
27 साल की सिमोना ने इसके पहले साल 2018 में फ्रैंच ओपन जीता था.
वो विंबलडन सिंगल्स फ़ाइनल जीतने वाली रोमानिया की पहली महिला खिलाड़ी हैं.
फीकी रहीं सेरेना
सेरेना विलियम्स की नज़र 24वें ग्रैंड स्लैम टाइटल पर थीं लेकिन सिमोना हालेप ने उन्हें मुक़ाबले में टिकने ही नहीं दिया.
37 बरस की हो चुकीं सेरेना को 12 महीने के अंदर तीसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के फ़ाइनल में हार झेलनी पड़ी है.
अगर सेरेना रविवार को जीत हासिल करतीं तो ये उनका विबंलडन में आठवां और कुल 24वां ग्रैंड स्लैम ख़िताब होता और वो ऑस्ट्रेलिया की मारग्रेट कोर्ट के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेतीं लेकिन अब उन्हें इसके लिए इंतज़ार करना होगा.
सिमोना हालेप ने पहले ही सेट से अपना दबदबा बना लिया था. उन्होंने पहले सेट में 4-0 की बढ़त लेकर सेरेना को दवाब में ला दिया. वो आक्रामक अंदाज़ में खेल रही थीं और उन्होंने लंबी रैलियों के जरिए सेरेना को ग़लतियां करने पर मजबूर कर दिया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)