आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
IPL 2020: संयुक्त अरब अमीरात में हो सकता है आईपीएल-13
एशिया कप और टी-20 विश्व कप तो कोरोना महामारी के कारण रद्द कर दिया गया, लेकिन क्रिकेट के चाहने वालों के लिए एक अच्छी ख़बर आईपीएल को लेकर आई है.
टी-20 विश्व कप अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेला जाना था, लेकिन कोरोना के कारण इसे रद्द कर दिया गया है.
ऐसा कहा जा रहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां संस्करण कोरोना की भेंट नहीं चढ़ेगा और इसे संयुक्त अरब अमीरात में कराया जा सकता है.
आईपीएल गवर्निंग काउंसिनल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने इस संबंध में ख़ुद जानकारी दी है.
आईपीएल-13 पहले इसी साल 29 मार्च से शुरू होने वाला था लेकिन कोरोना के कारण उस वक़्त इसे स्थगित कर दिया गया था. उसके बाद से ही इस बात को लेकर चर्चा हो रही थी कि आईपीएल का आयोजन होगा या नहीं.
लेकिन अब शायद तमाम अटकलें ख़त्म हो गईं हैं.
तमाम अटकलें ख़त्म
समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई-भाषा के अनुसार बृजेश पटेल ने ख़ुद इस बात की पुष्टि की है कि कोरोना के कारण जो आईपीएल का आयोजन स्थगित कर दिया गया था, अब उसे यूएई में कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने इस मामले में सरकार से अनुमति माँगी है और सरकार की मंज़ूरी मिल जाने के बाद आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में बाक़ी बातें तय कर ली जाएंगी.
उनके अनुसार अगले एक हफ़्ते या दस दिनों में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक होगी. तारीख़ों को लेकर भी अभी कोई फ़ैसला नहीं हुआ है और काउंसिल की बैठक में ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
इससे पहले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने कहा था कि ख़ाली स्टेडियम में भी आईपीएल कराने पर विचार हो रहा है. इसको लेकर सोशल मीडिया पर काफ़ी बहस छिड़ गई थी.
अगर आईपीएल का 13वां सीज़न यूएई में होता है तो ये दूसरी बार होगा जब आईपीएल यूएई में कराया जाएगा. इससे पहले 2014 में भी आईपीएल के पहला चरण का आयोजन यूएई में किया गया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)