आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
फ़्रेंच ओपन 2021: बारबोरा क्रेजिसिकोवा बनीं चैंपियन, पहली बार जीता ग्रैंड स्लैम
बारबोरा क्रेजसिकोवा फ़्रेंच ओपन 2021 में महिलाओं की चैंपियन बन गई हैं.
पहली बार ग्रैंड स्लैम फ़ाइनल खेल रही बारबोरा क्रेजसिकोवा ने फ़ाइनल में अनासतासिया पावलुचेन्कोवा को 6-1, 2-6, 6-4 से हराया.
क्रेजसिकोवा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में पाँच बार डबल्स का खिताब जीत चुकी हैं. उन्होंने 2018 में फ़्रेंच ओपन और विंबलडन डबल्स का खिताब जीता तो 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन मिक्सड डबल्स अपने नाम किया.
वर्तमान फ़्रेंच ओपन के डबल्स फ़ाइनल में भी वो अपनी हमवतन कैटरीना सिनियाकोवा पहुंच गई हैं.
फ़्रेंच ओपन में लगातार दूसरे साल एक गैरवरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी ने खिताब अपने नाम किया है. बीते वर्ष ईगा शिवयोन्टेक ने यह कारनामा किया था. वे तब यह ग्रैंड स्लैम जीतने वालीं पहली पोलिश महिला बनीं थीं.
लगातार छठी बार फ़्रेंच ओपन में नई महिला चैंपियन
यह लगातार छठा साल है जब फ़्रेंच ओपन में एक नई महिला खिलाड़ी सिंग्ल्स में चैंपियन बनी हैं.
2016 में स्पेन की गारबिन मुगुरुजा, 2017 में लातविया की येलेना ओस्तापेंको, 2018 में रोमानिया की सिमोना हालेप, 2019 में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी, 2020 में पोलैंड की ईगा शिवयोन्टेक और 2021 में क्रेजीकोवा चैंपियन बनी हैं.
बीते 40 वर्षों में क्रेजीकोवा महिला एकल का खिताब जीतने वाली पहली चेक महिला भी बनीं हैं, उनसे पहले 1981 में हना मैंडिकोवा यह टूर्नामेंट जीतीं थीं.
उधर 50 से अधिक बार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेल चुकी रूस की अनासतासिया पावलुचेन्कोवा भी पहली बार ही किसी ग्रैंड स्लैम के फ़ाइनल में पहुंची थीं.
29 वर्षीय अनासतासिया पावलुचेन्कोवा पूर्व जूनियर वर्ल्ड नंबर-1 रही हैं, साथ ही दो बार की जूनियर ग्रैंड स्लैम चैंपियन भी रह चुकी है.
फ़ाइनल में क्रेजिसिकोवा ने पहला सेट आसानी से 6-1 से जीता.
लेकिन दूसरे सेट में पावलुचेन्कोवा ने वापसी की और सेट 6-2 से अपने नाम किया. हालांकि इस सेट में उन्हें पैर में खिंचाव की वजह से फिजियो की मदद लेनी पड़ी.
आखिरी सेट को क्रेजिसिकोवा ने 6-4 से जीता.
महिलाओं के इस फ़ाइनल में पूर्व टेनिस खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा भी मौजूद थीं.
बार्टी, ओसाका, सेरेना एक एक कर बाहर होती गईं
फ़्रेंच ओपन टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त और चार बार की ग्रैंड स्लैम विजेता नाओमी ओसाका ने पहले दौर के मैच के बाद मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देकर अपना नाम वापस ले लिया था. उन्होंने टूर्नामेंट से पहले ही यह बता दिया था कि वो मीडिया से बात नहीं करेंगी, लेकिन आयोजकों ने उनकी नहीं मानी क्योंकि यह नियमों के विरुद्ध था.
इसके बाद नंबर एक खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की ऐश्ले बार्टी को बाएं कूल्हे में चोट के कारण दूसरे दौर से बाहर होना पड़ा तो सेरेना विलियम्स चौथे दौर में बाहर हो गईं. वहीं बीते वर्ष की चैंपियन ईगा शिवयोन्टेक क्वार्टर फ़ाइनल में हार गई थीं.
जोकोविच और सितसिपास के बीच होगा पुरुषों का फ़ाइनल
शुक्रवार को पुरुषों के दूसरे सेमीफ़ाइनल में स्पेन राफेल नडाल को हराकर वर्ल्ड नंबर-1 सर्बिया के नोवाक जोकोविच फ़ाइनल में पहुंचे हैं. कई जानकार दोनों स्टार खिलाड़ियों के बीच खेले गए सेमीफ़ाइनल मैच को क्ले कोर्ट के सबसे बेहतरीन मुक़ाबलों में से एक मान रहे हैं.
रविवार को जोकोविच का खिताबी मुक़ाबला पहली बार फ़ाइनल में पहुंचे ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास से होगा. सितसिपास ग्रैंड स्लैम फ़ाइनल में पहुंचने वाले ग्रीस के पहले टेनिस खिलाड़ी भी हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)