स्पेन में दो ट्रेनें टकराईं, स्थानीय मीडिया ने मृतकों की संख्या 30 बताई; अब तक जो पता है

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

स्पेन में दो ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है.

बीबीसी संवाददाता गाय हेजको के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि हताहतों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है. कुछ रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 30 बताई जा रही है.

कई मीडिया संस्थानों ने कास्तिया-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार के हवाले से बताया है कि स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है.

समाचार एजेंसियों एएफ़पी और रॉयटर्स के साथ-साथ स्थानीय मीडिया संस्थान एल पाइस ने भी मृतकों की संख्या 30 बताई है.

इस बीच, घटनास्थल पर राहत और बचाव दलों का अभियान जारी है. टीमें लोगों को बचाने और शवों को निकालने में जुटी हैं.

बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेनों में तकरीबन 500 लोग सफ़र कर रहे थे.

बचाव कार्य में हेलीकॉप्टर भी लगाए

यह हादसा मैड्रिड से करीब 140 किलोमीटर (100 मील) दक्षिण में उर्दा शहर के पास हुआ.

यह हादसा उस समय हुआ, जब मैड्रिड से देश के दक्षिणी हिस्से की ओर जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन की टक्कर कथित तौर पर खड़ी दूसरी ट्रेन से हो गई. टक्कर के कारण कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतरकर नीचे जा गिरे.

एक ट्रेन में सवार यात्री ने स्थानीय मीडिया को बताया कि सफ़र शुरू होने के करीब 40 मिनट बाद ज़ोरदार टक्कर महसूस हुई.

घटनास्थल पर दमकलकर्मी, पैरामेडिक्स और आपातकालीन सेवाओं के अन्य कर्मचारी मौजूद हैं. राहत और बचाव कार्य में तीन हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं.

रिपोर्टों के मुताबिक, सरकार का मानना है कि सिग्नलिंग से जुड़ी मानवीय चूक इस हादसे की संभावित वजह हो सकती है.

राष्ट्रीय रेल ऑपरेटर रेनेफे ने ट्रेनों में सवार यात्रियों के परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन शुरू की है.

संसद में भी दिनभर के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं.

इस रेल मार्ग पर पहले भी हुई है ट्रेनों की टक्कर

प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर दुख जताया और घायलों तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है.

जनवरी में इसी रेल मार्ग पर दो ट्रेनों की टक्कर में 46 लोगों की मौत हुई थी.

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने कहा है कि वह टोलेडो में हुए "भीषण रेल हादसे से स्तब्ध" हैं.

सांचेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह परिवहन मंत्री और कास्तिया-ला मांचा क्षेत्र के प्रेसिडेंट के लगातार संपर्क में हैं.

उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, ताकि प्रभावित लोगों की मदद की जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो. इस काम में सभी संबंधित प्रशासनिक एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं.

सांचेज़ ने कहा, "सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, एकजुटता और समर्थन है."

सांचेज़ और स्पेन के अन्य नेताओं ने बुधवार के अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. इनमें अगले महीने होने वाले संसदीय चुनावों के लिए प्रचार अभियान भी शामिल है.

अब तक इस घटना के बारे में ये जानकारियां सामने आई हैं-

- कास्तिया-ला मांचा क्षेत्रीय सरकार के हवाले से कई मीडिया आउटलेट मृतकों की संख्या 30 बता रहे हैं.

- रेल ऑपरेटर एडिफ़ के मुताबिक, हादसा रेल कंपनी रेनेफ़े की एक ट्रेन और इर्यो कंपनी की दूसरी ट्रेन के बीच हुआ. इर्यो मैड्रिड से सेविया के बीच ट्रेन सेवा संचालित करती है.

- एडिफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस रेल मार्ग पर चलने वाली सभी ट्रेनों को रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर रोक दिया गया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.