जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में ग़ायब हुए दो स्पेशल पुलिस अफ़सरों के शव मिले, अब तक क्या पता है?

    • Author, जहांगीर अली
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 3 मिनट

अधिकारियों ने गुरुवार को किश्तवाड़ ज़िले में लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवानों के शव बरामद किए हैं. अधिकारियों ने बताया कि दोनों के जिस्म पर गोलियां लगने के निशान थे. ये दोनों बुधवार रात से लापता थे.

दरअसल मारे गए दोनों जवान स्पेशल पुलिस ऑफ़िसर (एसपीओ) थे और जम्मू-कश्मीर पुलिस की चरमपंथ विरोधी इकाई स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप में तैनात थे.

एसपीओ अस्थायी तौर पर नियुक्त किए जाने वाले निचले रैंक के पुलिसकर्मी होते हैं, जिन्हें जम्मू-कश्मीर के पुलिस थानों में तैनात किया जाता है.

हालांकि, उन्हें नियमित पुलिसकर्मियों की तरह वेतन और दूसरी सुविधाएं नहीं मिलतीं, लेकिन वे चरमपंथ विरोधी अभियानों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हैं.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किश्तवाड़ ज़िले के रहने वाले 54 वर्षीय बॉबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के शव गुरुवार सुबह दच्छन इलाक़े के एक जंगल से बरामद किए गए. दोनों बुधवार रात इसी इलाक़े से लापता हुए थे.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "उनकी सर्विस राइफ़लें भी ग़ायब हैं, जिससे हमले में चरमपंथियों के शामिल होने का संकेत मिलता है."

अब तक किसी भी चरमपंथी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

बुधवार रात हुआ था हमला

सूत्रों के मुताबिक, दोनों जवान बुधवार रात किश्तवाड़ के दच्छन इलाक़े में कियार से देहरना के बीच पहाड़ी रास्ते से गुज़र रहे थे, तभी संदिग्ध चरमपंथियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी.

माना जा रहा है कि सेना के एक पोर्टर ने पास के सैन्य शिविर को गोलीबारी की सूचना दी थी.

एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी को बताया, "बुधवार रात उनके लापता होने की ख़बर मिलते ही हमने इलाक़े में तलाशी अभियान शुरू कर दिया था. रातभर तलाशी की गई और हमलावरों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों और ड्रोन की मदद ली गई. अफ़सोस की बात है कि गुरुवार सुबह हमारी टीमों को दच्छन इलाक़े के एक जंगल में उनके शव मिले."

अधिकारी ने बताया कि किश्तवाड़ ज़िले के दुर्गम और पहाड़ी इलाक़े से शवों को नीचे लाया जा रहा है.

पहाड़ी ज़िले किश्तवाड़ में हाल के महीनों में चरमपंथी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है. यह जम्मू के डोडा ज़िले, कश्मीर के अनंतनाग ज़िले और लद्दाख के ज़ांस्कर ज़िले के बीच स्थित है.

इस साल जनवरी में किश्तवाड़ के छत्रू इलाक़े में चरमपंथ विरोधी अभियान के दौरान चरमपंथियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की थी. इस घटना में सेना का एक जवान मारा गया था, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.

इसी महीने इस इलाक़े में दो और मुठभेड़ हुईं, लेकिन चरमपंथी सुरक्षाबलों के घेरे से बचकर निकलने में कामयाब रहे.

इस साल फ़रवरी में सुरक्षाबलों ने छत्रू इलाक़े में तीन संदिग्ध चरमपंथियों को मार गिराया था. इनमें पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल था. छत्रू इलाक़ा अनंतनाग और किश्तवाड़ ज़िलों की सीमा पर स्थित है.

बाद में इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अपने हाथ में ले ली थी.

एजेंसी ने किश्तवाड़ के इंदरवाल से एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ़्तार किया था. उस पर मारे गए चरमपंथियों की मदद करने का आरोप था.

एजेंसी ने इस मामले में बीते अक्तूबर में आरोपपत्र भी दाख़िल किया था.

बीजेपी एमएलए शगुन परिहार ने क्या कहा

किश्तवाड़ से बीजेपी एमएलए शगुन परिहार ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "यह बेहद दुखद घटना है. हमारे दो एसपीओ की हत्या कर दी गई है. वे कल रात से लापता थे और आज सुबह उनके शव बरामद किए गए."

उन्होंने बताया कि एक शव सुबह करीब 8 बजे मिला, जबकि दूसरा सुबह करीब 9 बजे बरामद हुआ.

परिहार ने कहा, "पाकिस्तान लगातार अपनी साज़िशों को अंजाम दे रहा है. हम केंद्रीय गृह मंत्री से अपील करते हैं कि इन दोनों एसपीओ की हत्या के ज़िम्मेदार लोगों को तुरंत जवाबदेह ठहराया जाए."

उन्होंने इस घटना के बदले बड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

बुधवार को कुलगाम में नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी की जिसमें सीआरपीएफ़ के 3 जवान घायल हो गए थे.

जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए. मेरा मानना है कि हालात सामान्य और स्थिर बनाए रखना सभी के हित में है. यहां इस तरह के हमलों की कोई जगह नहीं है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और बेहतर करने की ज़रूरत है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.