आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जिन्हें सोशल मीडिया ने जीते जी मारा
रविवार रात ट्विटर पर अभिनेत्री फरीदा जलाल की मृत्यु की अफ़वाह ट्रेंड होने लगी.
अपने मरने की खबर पर फरीदा जलाल ने एक अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा, "पहले तो मुझे लगा की ये मज़ाक है, तो मैंने इस बात को तूल नहीं दी. लेकिन फिर मेरा मोबाइल लगातार बजने लगा और मैं इस सबसे खीझ उठी. मैं ज़िंदा हूँ, ये अफवाह ना फैलाएं'. अभी तक ये समझ नहीं आ पाया है कि 67 वर्षीय फरीदा जलाल की मौत की खबर इंटरनेट पर आई कहाँ से.
फरीदा जलाल ने इसके बाद अपने ज़िंदा होने का सबूत इस ट्वीट से दिया. यह फरीदा का ट्विटर पर पहला ट्वीट था.
ऐसे और भी किस्से हैं जहाँ बॉलीवुड के कई चर्चित कलाकारों की मौत की ख़बर सोशल मीडिया पर आई है.
अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन की तबियत ख़राब होते ही उनके मरने की झूठी ख़बरें सोशल मीडिया के ज़रिये फैलने लगती है. ये तस्वीर अमिताभ बच्चन की एक फ़िल्म शूट की है जहाँ वो मरने की एक्टिंग कर रहें हैं.
तस्वीर पहले व्हाट्सऐप पर आई, जिसके बाद ट्विटर पर बच्चन की मृत्यु का हंगामा हो गया. इस ख़बर को अमिताभ बहचन ने ट्विटर पर ग़लत ठहराया.
यो यो हनी सिंह
रैप गायक हनी सिंह जब कुछ समय तक संगीत से दूर हुए तो अफवाह फैली कि हनी सिंह चल बसे हैं. हनी सिंह की मृत्यु की वजह एक्सीडेंट बताया जा रहा था. लेकिन फिर हनी सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि 'ये सब अफवाह है, जो मुझसे नफरत करने वाले फैला रहे हैं.'
ऐसे ही दिलीप कुमार, लता मंगेशकर, आशा पारेख और माधुरी दीक्षित के मारने की अफवाहे सोशल मीडिया पर आती रही है.
ये ना केवल हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में, बल्कि हॉलीवुड में भी कई सेलेब्रिटीज़ के साथ हुआ है. जिनमे जॉनी डेप, अर्नाल्ड और लेडी गा गा के नाम शामिल हैं.