आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
वायुसेना का मिग-21 विमान हुआ हादसे का शिकार, ग्रुप कैप्टन की मौत
एक कॉम्बैट ट्रेनिंग सेशन के लिए उड़ान भरने वाला मिग-21 विमान बुधवार को क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में एक कैप्टन की मौत हो गई.
भारतीय वायुसेना ने इसकी जानकारी देते हुए बताया, ''भारतीय वायुसेना का एक मिग -21 बाइसन विमान आज सुबह एक दुर्घटना का शिकार हो गया, यह विमान मध्य भारत के एक एयरबेस में कॉम्बैट प्रशिक्षण मिशन के लिए रवाना हुआ था.''
''दुखद दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन ए गुप्ता की मौत हो गई. वायुसेना इस हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है और परिवार के सदस्यों के साथ मज़बूती से इस कठिन समय में खड़ा है. दुर्घटना के पीछे का कारण जानने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं.''
मंडी के बीजेपी सांसद राम स्वरूप शर्मा दिल्ली में अपने घर पर मृत पाए गए
हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी के सांसद राम स्वरूप शर्मा दिल्ली स्थित अपने घर पर मृत पाए गए हैं.
दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच में जुट चुकी है और उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
1958 में मंडी ज़िले में पैदा हुए शर्मा पहली बार 2014 में लोकसभा सांसद चुने गए थे. उन्होंने वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को हराया था.
इसके बाद 2019 के आम चुनाव में वो दोबारा सांसद बने. वो विदेश मामलों की संसदीय स्थाई समिति में भी रहे चुके थे. उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं. वो पेशे से किसान और व्यवसायी रह चुके थे.
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
सांसद राम स्वरूप शर्मा की मौत का समाचार मिलने के बाद बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 1 बजे के लिए स्थगित कर दी गई.
उनकी मौत का समाचार सामने आने के बाद बीजेपी ने अपने संसदीय दल की बैठक को भी रद्द कर दिया है.
केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू ने ट्वीट किया है कि वो इस ख़बर से बेहद सदमे में हैं और वो बहुत शानदार व्यक्ति थे.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट किया है कि उनके पास इस दुख को ज़ाहिर करने के लिए शब्द नहीं हैं और उनकी प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं.
दादरा-नगर हवेली के सांसद की हुई थी मौत
बीते माह फ़रवरी में केंद्र शासित राज्य दादरा और नगर हवेली के 58 वर्षीय सांसद मोहन डेलकर मुंबई के होटल सी ग्रीन साउथ के कमरे में मृत पाए गए थे.
पुलिस का कहना था कि गुजराती भाषा में लिखा सुसाइड नोट उनके कमरे से बरामद हुआ था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)