आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ट्रंप को कोर्ट का झटका, अमरीका में ही रहेंगे मुस्लिम शरणार्थी
अमरीका में रह रहे शरणार्थियों को निर्वासित करने के राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले पर एक कोर्ट ने रोक लगा दी है. हालांकि ये अदालती रोक फिलहाल अस्थाई है.
द अमरीकन सिविल लिबर्टीज़ यूनियन (एसीएलयू) ने ट्रंप के आदेश के ख़िलाफ़ शनिवार को याचिका दायर की थी.
एसीएलयू ने बताया कि ट्रंप के आदेश के बाद पकड़े गए लोगों को कोर्ट ऑर्डर की वजह से निर्वासित नहीं किया जा सकेगा.
मानवाधिकार समूह का अनुमान है कि हवाई अड्डों पर और यात्रा के क्रम में 100 से 200 के बीच लोगों को हिरासत में लिया गया है.
इमिग्रेंट्स राइस्ट प्रोजेक्ट के डिप्टी लीगल डायरेक्टर ली गेलेंर्ट ने अदालत में मानवाधिकार समूहों का पक्ष रखा.
फ़ैसले के बाद उत्साही भीड़ ने अदालत के बाहर उनका स्वागत किया.
उन्होंने लोगों को बताया, "जज ने सरकार जो कर रही है उसे देखा और हम जो चाहते थे हमें वो दिया. हम ट्रंप के आदेश पर और सरकार के ऐसे लोगों को हिरासत में लेने पर रोक चाहते थे जो आए थे और देशभर में इस आदेश से फंस गए थे."
उन्होंने बताया कि जज ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों की सूची भी सरकार से मांगी है.
अदालत अब फ़रवरी के अंत में इस मामले में अगली सुनवाई करेगी.
शनिवार को ट्रंप ने कहा था कि उनका आदेश मुसलमानों पर प्रतिबंध नहीं हैं.