आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
टोरंटो में हिजाब पहनी लड़की पर कैंची से हमला
कनाडा में 'हेट क्राइम' का एक मामला सामने आया है. यहां एक लड़की के हिजाब को काटने की कोशिश की गयी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
11 वर्षीय ख़्वाला नोमन टोरंटो में अपने भाई के साथ पैदल स्कूल जा रही थीं. उन्होंने बताया कि तभी एक व्यक्ति हाथ में कैंची लेकर उनके पीछे आया.
नोमन ने कहा कि वो ज़ोर से चीखीं जिससे हमलावर पहले तो भाग गया, लेकिन वो लौटकर आया और फिर उसने हुड हटाकर उनके हिजाब को काटने की कोशिश की.
ख्वाला ने अपने हमलावर से क्या कहा?
पुलिस ने हमलावर की पहचान एशियाई मूल के एक 20-30 साल के व्यक्ति के रूप में की है, जिसका क़द 5 फ़ीट 7 इंच या 5 फ़ीट 8 इंच के बीच है और उसका शरीर पतला है.
भाई-बहन ने बताया कि हमलावर के बाल काले, भौं के पास चोट के निशान, पतली मूंछ थी और उसने काला चश्मा पहन रखा था.
वो काले रंग की हुड वाली स्वेटर, काली पैंट और भूरे रंग के दस्ताने पहने था.
पॉलिन जॉनसन जूनियर पब्लिक स्कूल में संवाददाता सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को ख़्वाला नोमन ने अपने हमलावर के नाम एक संदेश में कहा, "आपने जो किया वो वास्तव में ग़लत है. आपको एक बच्ची के साथ ऐसा नहीं करना चाहिए.
डरी हुई हैं ख्वाला
ख़्वाला ने कहा कि वो अब पैदल स्कूल आने को लेकर डरी हुई हैं.
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा, "धर्म के लिए उस बच्ची पर किये गये हमले से मैं दुखी हूं. मैं कल्पना नहीं कर सकता कि वो कितनी डरी हुई होगी."
उन्होंने कहा, "मैं उसे, उसके परिवार, दोस्तों और समुदाय को बताना चाहता हूं कि यह (हमला) वो नहीं जो असली कनाडा है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)