आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
महिलाएं कम करती हैं गोलीबारी के अपराध
ख़ूनख़राबे, गोलीबारी जैसी घटनाओं में अक़सर देखा जाता है कि इसे किसी पुरुष ने अंजाम दिया होता है.
महिलाएं ऐसे अपराधों में कम शामिल होती हैं लेकिन पिछले दिनों अमरीका के कैलिफ़ोर्निया में एक महिला ने यू-ट्यूब के मुख्यालय में घुसकर गोलबारी की.
इस गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए. पुलिस के मुताबिक उसके बाद महिला नसीम अग़दाम ने खुद को ही गोली मार ली.
ऐसा माना जा रहा है कि ये घटना आम नहीं है क्योंकि इसमें एक महिला शामिल है.
क्या महिलाएं गोलीबारी या मास शूटिंग के अपराधों में पुरुषों की अपेक्षा कम शामिल होती हैं?
महिलाएं हत्या के लिए कौनसे तरीके अपनाती हैं?
किताब 'मास शूटिंग्स: मीडिया, मिथ्स एंड रिएलिटीज़' की सह-लेखिका जैकलीन शिलक्राउट ने अपने शोध की कुछ बातें बीबीसी के साथ साझा की.
जैकलीन कहती हैं, "सामान्य तौर पर महिलाएं किसी अजनबी को मारने की घटना में शामिल नहीं होती हैं.
"उनके शिकार ज़्यादातर वे लोग होते हैं जिन्हें वे जानती हैं जैसे उनके पार्टनर या बच्चे. आमतौर पर महिलाएं बंदूकों का इस्तेमाल भी नहीं करतीं."
"वे हत्या के लिए ज़हर का इस्तेमाल करती हैं या दम घोंटने का तरीका अपनाती हैं. अमरीका में महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों के पास ढाई गुना ज़्यादा बंदूकें हैं."
जैकलीन की रिसर्च के मुताबिक अमरीका में हुई 340 मास शूटिंग की घटनाओं में 352 लोग शामिल थे.
इनमें से सिर्फ़ 14 में महिलाएं शामिल थीं और बाकियों में पुरुष. यानी 96 फ़ीसदी पुरुष और सिर्फ़ 4 फ़ीसदी महिलाएं.
क्या महिला अभियुक्तों को अलग तरह से देखा जाता है?
नसीम अग़दाम के मामले में जैकलीन कहती हैं, "ये घटना बहुत वजहों से दिलचस्प है. जैसे उस महिला अपनी वीडियो को लेकर यू-ट्यूब से दिक्कत होना."
"अकसर महिलाएं किसी स्कूल में या अपने दफ़्तर में मास शूटिंग की घटना को अंजाम देती हैं."
"इस घटना में एक बाहरी महिला आती है जिसका सीधे तौर पर कोई टारगेट नहीं है. इस वजह से भी ये घटना काफ़ी अलग है."
कहा जा रहा है कि कैलीफोर्निया की इस घटना में घायल शख़्स अभियुक्त महिला का प्रेमी था.
जैकलीन कहती हैं, "जब हमारे सामने कोई ऐसी घटना सामने आती है जहां कोई पुरुष शामिल होता है तो वो अकसर कोई ताक़तवर पुरुष होता है."
"और उसकी कोई समस्या होती है. जब इस महिला की घटना सामने आई तो इस मामले में घरेलू हिंसा की ओर इशारा किया गया."
जैकलीन के मुताबिक महिलाओं के मामले में इस तरह के कारण उसकी गंभीरता को कम कर देते हैं.