आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीन में दिखा स्वामीभक्त हचिको का दूसरा 'अवतार'
कहा जाता है कि कुत्तों से ज्यादा वफ़ादार कोई नहीं होता. ऐसी ही एक और मिसाल देखने को मिली है.
मालकिन की मौत जिस व्यस्त सड़क पर हुई, उसी सड़क पर कुत्ते ने 80 दिन से भी अधिक समय तक उनका इंतज़ार किया.
चीन की ऑनलाइन कम्युनिटी में ये दृश्य वायरल हो गया है. घटना इनर मंगोलिया के होहोत शहर की है.
इस वीडियो को चीन में लगभग 16 लाख बार देखा जा चुका है.
एक स्थानीय टैक्सी ड्राइवर के मुताबिक, लोग इस कुत्ते की मदद करना चाहते हैं.
टैक्सी ड्राइवर ने बताया, "कुत्ते और मालकिन का रिश्ता बहुत ही गहरा था. उनके मारे जाने के बाद ये कुत्ता गार्ड की तरह खड़ा रहता है. मैं उसे हमेशा देखता हूं, वो रोज़ाना इसी रोड पर होता है. कुत्ते और इंसान के बीच का रिश्ता बहुत ही सच्चा होता है."
सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति का कहना है, "ये छोटा सा कुत्ता बहुत ही वफ़ादार है. मेरे परिवार के पास एक कुत्ता था जो स्कूल से आने पर मेरा रोज़ाना इंतजार करता था."
एक अन्य यूज़र जानवरों की भलाई के लिए चिंता जता रहे हैं.
उनका कहना है, "सड़क के बीचों-बीच खड़ा होना कुत्ते के लिए ख़तरनाक है. मुझे लगता है कि कुछ अच्छे लोग इसे अपनाकर किसी सुरक्षित जगह पर ले जा सकते हैं."
वैसे चीन के सोशल प्लेटफॉर्म पर ये ऐसा पहला कुत्ता नहीं जिसने लोगों का दिल जीता हो.
इस साल की शुरुआत में सोशल मीडिया यूज़र्स एक बूढ़े कुत्ते पर फ़िदा हो गए थे जब वो स्टेशन के बाहर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था.
जापान में 1920 के दशक की घटना पर आधारित फ़िल्म 'हचिको: द अकिता' काफ़ी मशहूर हुई थी. ये उस स्वामीभक्त कुत्ते की कहानी है जो अपने मालिक से रोज़ाना रेलवे स्टेशन पर मिलता था. लेकिन मालिक की मौत के बाद भी ये सिलसिला उसने नौ साल तक जारी रखा.
ये भी पढ़ें-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आपयहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)