आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ISIS के पूर्व प्रमुख बग़दादी की पत्नी तुर्की की 'हिरासत' में
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन ने बताया है कि तुर्की के सुरक्षा बलों ने इस्लामिक स्टेट के पूर्व प्रमुख अबू बकर अल बग़दादी की पत्नी को गिरफ़्तार कर लिया है.
इसके पहले मंगलवार को तुर्की ने बग़दादी की बहन को भी हिरासत में लिए जाने की ख़बर दी है.
बग़दादी ने बीते महीने अमरीका की स्पेशल फ़ोर्स के एक अभियान के दौरान आत्मघाती धमाके के जरिए ख़ुद की जान ले ली थी. अमरीकी बलों ने ये अभियान सीरिया के उत्तर पश्चिम हिस्से में चलाया था.
बग़दादी की मौत को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के लिए जीत की तरह पेश किया गया लेकिन उनके आलोचकों का कहना है कि सीरिया और दूसरे देशों में इस्लामिक स्टेट का ख़तरा बरक़रार है.
इस्लामिक स्टेट ने बग़दादी की मौत की पुष्टि करते हुए नए नेता के नाम की घोषणा कर दी है.
अर्दोआन ने क्या कहा?
अर्दोआन ने तुर्की की राजधानी अंकारा में कहा कि वो पहली बार बग़दादी की पत्नी के पकड़े जाने की जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि तुर्की ने उनके जीजा को भी गिरफ़्तार किया है.
बग़दादी के ख़िलाफ़ चलाए गए अभियान को लेकर अमरीकी अधिकारियों की ओर से जारी ब्योरे की ओर संकेत करते हुए अर्दोआन ने कहा, "अमरीका ने कहा कि बग़दादी ने एक सुरंग में ख़ुद की जान ले ली. उन्होंने इस बारे में अभियान चलाया. लेकिन मैं आज पहली बार इसकी घोषणा कर रहा हूं कि हमने उसकी (बग़दादी की) पत्नी को पकड़ा है और उसने बगदादी की तरह शोर शराबा नहीं किया. "
बहन से जारी है पूछताछ
अर्दोआन ने आगे कहा, "इसी तरह हमने उनकी बहन और जीजा को भी सीरिया से पकड़ा है."
तुर्की के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि उन्होंने बग़दादी की बहन रस्मिया अवाद को गिरफ़्तार किया है और उनसे आईएस के बारे में अहम जानकारियां हासिल की जाएंगी.
रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें सोमवार को अलप्पो प्रांत से उस वक़्त पकड़ा गया था जब वो अपने पति और पांच बच्चों के साथ एक ट्रेलर में बैठकर जा रही थीं. तुर्की के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एपी को बताया है कि उनसे आईएस को लेकर पूछताछ की जा रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)