आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बाइडन ने कहा- ईरान से प्रतिबंध नहीं हटाएगा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध नहीं हटाएगा.
अमेरिका का कहना है कि ईरान परमाणु समझौते को फिर से लागू करने के लिए ईरान पर वार्ता का दबाव बनाए रखने के लिए ऐसा किया जा रहा है.
सीबीएस न्यूज़ के लिए शुक्रवार को रिकॉर्ड किए गए इंटरव्यू में बाइडन से पूछा गया था कि क्या अमेरिका ईरान को वार्ता के लिए तैयार करने के लिए प्रतिबंध हटा देगा.
इसके जवाब में राष्ट्रपति ने कहा, 'ना'.
जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान को यूरेनियम संवर्धन रोकना होगा तो इसके जवाब में उन्होंने गर्दन हिलाई.
हालांकि ये स्पष्ट नहीं हो सका कि वो क्या कहना चाह रहे थे.
साल 2015 में हुए परमाणु समझौते के तहत ईरान को सीमित मात्रा में यूरेनियम संवर्धन की अनुमति है.
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2018 में अमेरिका को ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से बाहर कर लिया था.
बाइडन का कहना है कि वो ईरान समझौते को फिर से लागू करेंगे.
वहीं ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह ख़ामेनेई ने रविवार को कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ परमाणु समझौते पर तब ही वापस लौटेगा जब उससे प्रतिबंध हटा लिए जाएंगे.
ईरान और विश्व के 6 ताक़तवर देशों के बीच साल 2015 में परमाणु समझौता हुआ था जिसके तहत ईरान के यूरेनियम संवर्धन पर सख़्त पाबंदियां लगा दी गई थीं.
इन पाबंदियों ने ईरान के लिए परमाणु हथियार विकसित करना मुश्किल कर दिया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)