बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सोनिया गांधी जी की जो किताब आई है, उसमें उन्होंने सिखों के क़त्लेआम के मामले में अपने परिवार को सेल्फ़ क्लीन चिट देने की कोशिश की है."
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग्स: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने मंगलवार को निशाना साधा.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सोनिया गांधी जी की किताब ने ये स्पष्ट कर दिया है कि पूरी किताब की सोच बाबरी और बाबरी का वोट बैंक है. उन्होंने बता दिया कि उनके कण-कण के अंदर बाबरी की वोट बैंक वाली सोच है."
उन्होंने कहा, "बोफ़ोर्स के भ्रष्टाचार के बारे में, जिसमें गांधी-वाड्रा परिवार और क्वात्रोची के लिंक देश के सामने आए थे और जिसके कारण कांग्रेस पार्टी की 1989 में सरकार भी चली गई थी, उसके बारे में सोनिया जी ने कुछ नहीं कहा. बोफ़ोर्स घोटाले और वोट बैंक पॉलिटिक्स के लिए माफ़ी मांगने के बजाय सोनिया गांधी ने इसे स्वीकार किया है."
प्रदीप भंडारी ने कहा, "लोग जानना चाहते हैं कि राजीव गांधी, सोनिया गांधी और ओत्तावियो क्वात्रोची के बीच क्या संबंध थे, जिसकी वजह से 'बोफ़ोर्स घोटाला' हुआ, लेकिन सोनिया गांधी को बाबरी की ज़्यादा चिंता है."
इसके अलावा, बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सोनिया गांधी जी की जो किताब आई है, उसमें उन्होंने सिखों के क़त्लेआम के मामले में अपने परिवार को सेल्फ़ क्लीन चिट देने की कोशिश की है."
सूर्यकुमार यादव बोले- 'टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ज़िंदगी काफ़ी मुश्किल रही'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव (फ़ाइल फ़ोटो)
पूर्व भारतीय टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मुंबई में एक ईवेंट के दौरान बताया कि 2026 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उनकी ज़िंदगी काफ़ी मुश्किल रही.
उन्होंने कहा, "मैं सच्चाई से नहीं भागना चाहता हूं. अगर आप खुद से ईमानदार नहीं हैं, तो खुशहाल ज़िंदगी जीना बहुत मुश्किल है."
उन्होंने कहा कि उसी समय आईपीएल के दौरान उनकी बेटी का जन्म हुआ. इसके बाद उनका पूरा ध्यान अपनी बेटी की ओर शिफ़्ट हो गया.
उन्होंने कहा, "मैं फिर से वही चीज़ कर रहा हूं, जो 15 साल पहले करता था. फिर से ट्रेनिंग कर रहा हूं. उसी जुनून और पैशन को फ़ॉलो कर रहा हूं."
उन्होंने कहा कि अब सब कुछ पहले जैसा नॉर्मल हो चुका है.
सूर्यकुमार यादव ने कहा, "जब आप खेल को पहले रखते हैं और टीम और परिवार के लिए अच्छा करने की कोशिश करते हैं, तो चीज़ें पूरी तरह बदल जाती हैं."
पाकिस्तान ने लाहौर में प्रदूषण के लिए भारत को ज़िम्मेदार ठहराया
इमेज स्रोत, marriyum_aurangzeb
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की पंजाब सरकार की मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने लाहौर के प्रदूषण के लिए भारत में दिवाली के जश्न को ज़िम्मेदार ठहराया
पाकिस्तान ने इस हफ़्ते ख़राब हवा के लिए भारत से आने वाले प्रदूषण को ज़िम्मेदार ठहराया है. पाकिस्तान का कहना है कि भारत में वीकेंड पर दिवाली के मौक़े पर पटाखे जलाए गए, जिससे उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा ज़हरीले धुएं की चादर में ढक गया.
पंजाब सरकार की मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, "मैंने कल स्पष्ट किया था कि आठ नवंबर को लाहौर में वायु प्रदूषण का स्तर, सीमा पार दिवाली के दौरान बड़े पैमाने पर की गई आतिशबाज़ी की वजह से बढ़ा था."
उन्होंने कहा कि पूर्वी गलियारे के रास्ते भारत के शहरों- बठिंडा, जालंधर, फ़िरोज़पुर, लुधियाना, खेमकरण, अमृतसर, फ़ाज़िल्का और तरनतारन से प्रदूषित हवा लाहौर पहुंची थी, जिससे वहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़ गया था.
उन्होंने आगे कहा, "मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ शरीफ़ की मेहनत और दूरदर्शिता की वजह से प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों पर सख़्त नियंत्रण किया गया है. इसलिए हवा का रुख़ बदलते ही एक्यूआई में सुधार हो रहा है."
इस देश में 66 सैनिकों को सुनाई गई मौत की सज़ा, कायरता का आरोप, बासिलियोह रुकांगा
इमेज स्रोत, Reuters
स्थानीय मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो (डीआर कांगो) में कम से कम 66 सैनिकों को कायरता, बग़ावत और आदेश मानने से इनकार करने के आरोप में मौत की सज़ा सुनाई गई है.
पूर्वी डीआर कांगो के उत्तरी कीवू प्रांत के वालिकाले में एक सैन्य अदालत में 71 सैनिकों के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाया गया था. इनमें से चार सैनिकों को बरी कर दिया गया, जबकि एक सैनिक को 10 साल जेल की सज़ा सुनाई गई.
सेना का कहना है कि इस मुक़दमे का मक़सद सैनिकों के बीच अनुशासन बेहतर करना है. पूर्वी डीआर कांगो में सेना सशस्त्र गुटों से लड़ रही है.
इस इलाक़े में दशकों से संघर्ष जारी है. यहां सरकारी सेना और 'फ़्रंट फ़ॉर द रिफ़ाउंडेशन ऑफ़ द नेशन' (एफ़आरएन) नाम के विद्रोही गठबंधन के बीच लड़ाई हो रही है. इस गठबंधन में एम23 गुट भी शामिल है.
बताया जा रहा है कि इन सैनिकों को 20 अक्तूबर को वालिकाले में गिरफ़्तार किया गया था. उन पर आरोप है कि एफ़आरएन लड़ाकों के साथ झड़प के दौरान उन्होंने अपनी चौकियां छोड़ दी थीं और वहां से भाग गए थे.
एम23 समेत दूसरे सशस्त्र गुटों के ख़िलाफ़ कांगो की सेना का अभियान लंबे समय से उसके भीतर अनुशासन की कमी और अव्यवस्था के कारण प्रभावित होता रहा है.
कांगो सरकार ने कई बार पड़ोसी देश रवांडा पर एम23 को समर्थन देने का आरोप लगाया है.
हालांकि, रवांडा की राजधानी किगाली और विद्रोही गुट दोनों ही इन आरोपों से इनकार करते हैं, जबकि इसके समर्थन में काफ़ी सबूत मौजूद हैं.
सेना को पेशेवर रवैये और अनुशासन की कमी को लेकर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. वहीं, सैनिकों ने कम वेतन और पर्याप्त उपकरण नहीं मिलने की शिकायत भी की है.
शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण मामले पर भारत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फ़ाइल फ़ोटो)
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह क़ानूनी मामला है और इस पर उसी के मुताबिक़ कार्रवाई की जाएगी.
रणधीर जयसवाल ने कहा, "किसी व्यक्ति को यात्रा करने के लिए यात्रा दस्तावेज़ की ज़रूरत होती है. मेरी जानकारी के मुताबिक़, यह ज़रूरी है. लेकिन यह एक तकनीकी मामला है."
हाल ही में, शेख़ हसीना ने देश लौटने के लिए नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) के लिए दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन में आवेदन किया है.
पांच अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़कर भारत आने के बाद से शेख़ हसीना दो साल से ज़्यादा समय से यहां रह रही हैं.
कुछ महीने पहले उन्होंने बांग्लादेश लौटने का एलान किया था. शेख़ हसीना और उनकी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता कह रहे हैं कि वह दिसंबर में देश लौटेंगी.
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अपने पर महाभियोग चलाने की कोशिश को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मंगलवार को अपने ख़िलाफ़ महाभियोग चलाने की कोशिश को लेकर प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
उन्होंने कहा कि एक "नाराज़ और चुनाव में हार चुका सांसद" जो कोशिश कर रहा है, वह जवाबदेही तय करने की कोशिश नहीं है.
हेगसेथ का इशारा रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी की ओर था. मैसी ने सोमवार को उनके ख़िलाफ़ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू की थी.
हेगसेथ ने कहा कि यह कोशिश अहंकार और नाराज़गी से प्रेरित है.
उन्होंने कहा, "यह एक ढकोसला और दिखावा है."
उन्होंने यह भी कहा कि अब तक किसी रक्षा मंत्री पर "क़ानूनी सैन्य अभियान चलाने" के लिए महाभियोग नहीं चलाया गया है.
उनके मुताबिक़, इस प्रक्रिया से अमेरिका के विरोधियों को प्रोपेगेंडा करने का मौक़ा मिलेगा.
हेगसेथ ने कहा कि सरकार वह काम जारी रखेगी, जिसके लिए अमेरिकी लोगों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चुना है. उनके मुताबिक़, इसका मक़सद देश की रक्षा करना और उसके दुश्मनों को हराना है.
हेगसेथ बोले- 'यह साज़िश है'
हेगसेथ ने कहा कि उन्होंने "यह तमाशा पहले भी देखा है."
उनका इशारा 2019 में एक फ़ोन कॉल और फिर 2021 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ चलाई गई महाभियोग की प्रक्रिया की ओर था.
हेगसेथ ने कहा कि दोनों ही बार महाभियोग की कोशिशें नाकाम रही थीं और ट्रंप "पहले से ज़्यादा मज़बूत होकर लौटे थे."
उन्होंने कहा कि इस बार भी ये कोशिशें नाकाम होंगी.
उन्होंने कहा, "यह प्रस्ताव हमारे दुश्मनों- ईरान, ड्रग कार्टेल और हर उस विरोधी को यह संदेश देता है, जो हमें देख रहा है कि अमेरिका क़ानूनी सैन्य अभियान सफलतापूर्वक चलाने के लिए अपने ही सैनिकों और नागरिक नेतृत्व को सज़ा देगा."
उन्होंने कहा, "यह देशभक्ति नहीं है, यह साज़िश है."
अंडर-19 एशिया कप में भारत की जीत, आर्यवीर सहवाग का शतक
इमेज स्रोत, BCCI
इमेज कैप्शन, बल्लेबाज़ी करते आर्यवीर और विनीत
अंडर-19 एशिया कप 2026 में टीम इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरत (यूएई) को 70 रनों से हराया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने सात विकेट के नुकसान पर 309 रन बनाए थे. इस मैच में यूएई के कप्तान अयान मिस्बाह ने टॉस जीता था और गेंदबाजी का फैसला किया था.
इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी. 14वें ओवर में कप्तान लक्ष्य राजेश 17 रन बनाकर आउट हो गए थे. इसके बाद आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत ने 193 रनों की साझेदारी की.
आर्यवीर ने यूएई के खिलाफ 160 रनों की पारी खेली. इस पारी में सात छक्के और 17 चौके लगाए. आर्यवीर टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं. आर्यवीर को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया है.
उनके अलावा, विनीत ने तीन छक्कों की मदद से 67 रनों की पारी खेली. अन्वय द्रविड़ ने 12 और यशबर्धन ने 17 रन बनाए. वहीं, यूएई के लिए नसीम खान ने सबसे ज़्यादा चार विकेट चटकाए हैं.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई. 100 रन से पहले ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए.
यूएई के लिए अहमद ख़ुदादाद ने सबसे ज़्यादा 74 रन बनाए. कप्तान मिस्बाह ने 27 रनों की पारी खेली.
यूएई की टीम 10 विकेट खोकर सिर्फ 239 रन ही बना पाई. भारत के लिए ईशान सूद ने सबसे अधिक चार विकेट चटकाए.
कार्टून: दिल्ली का धुंआ, पंजाब का धुआं?
इमेज कैप्शन, दिल्ली में प्रदूषण को लेकर आप और बीजेपी के आरोप प्रत्यारोप पर आज का कार्टून
अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ की प्रेस कॉन्फ़्रेंस से पहले पत्रकारों को दी गई चेतावनी, 'ठीक से पेश नहीं आए तो बाहर फिंकवा देंगे', गैरी ओ'डोनोग्यू, बीबीसी संवाददाता
अमेरिकी सेना के हेडक्वार्टर पेंटागन के ब्रीफिंग रूम में मौजूद 60 से 70 पत्रकारों को अभी-अभी वर्दी पहने एक अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने पेशेवर व्यवहार नहीं किया तो उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया जाएगा.
अधिकारी ने साफ़ कर दिया कि अगर पत्रकारों का कोई भी व्यवहार उन्हें पसंद नहीं आया, तो उन्हें बाहर कर दिया जाएगा.
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पेंटागन में प्रेस कॉन्फ़्रेंस शुरू कर चुके हैं.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस से पहले, अधिकारी ने कहा कि पत्रकार तीखे सवाल पूछ सकते हैं, लेकिन जब उनसे बार-बार पूछा गया कि इस नियम के तहत किन बातों की अनुमति नहीं होगी, तो अधिकारी इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके.
एक पत्रकार ने कहा, "मैंने यहां कभी किसी को कुर्सियां फेंकते या ऐसा कुछ करते नहीं देखा."
पत्रकार लगातार इस नियम को स्पष्ट करने की मांग करते रहे, लेकिन अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला.
रिपब्लिकन पार्टी के एक सांसद की ओर से महाभियोग चलाने की कोशिश शुरू किए जाने के बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पेंटागन में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे हैं.
छह महीने में यह हेगसेथ की पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस है. यह ऐसे समय में हो रही है, जब ईरान युद्ध से निपटने के उनके तरीक़े को लेकर दोनों प्रमुख पार्टियों में नाराज़गी बढ़ रही है.
अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप की पार्टी की हार पर भारत ने दी ये प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रेस ब्रीफ़िंग में एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) ने अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के रिजल्ट पर प्रतिक्रिया दी है. मंत्रालय ने कहा कि ये अमेरिका का आंतरिक मामला है.
मंगलवार को प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "चुनाव परिणामों का भारत और अमेरिका के रिश्तों पर असर पड़ने की संभावना नहीं है."
"भारत-अमेरिका साझेदारी को अमेरिका में दोनों प्रमुख दलों का समर्थन हासिल है. दोनों देश इस रिश्ते को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."
अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में डेमोक्रेटिक पार्टी ने जीत हासिल करते हुए अमेरिकी संसद के दोनों सदनों पर अपना नियंत्रण प्राप्त कर लिया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा.
हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स की कुल 435 सीटों में से डेमोक्रेटिक पार्टी ने 228 सीटें जीती हैं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी 139 सीटें ही जीत पाई है.
ऊपरी सदन यानी सीनेट की कुल 100 सीटों में से इस बार 35 सीटों पर चुनाव हुए थे. इनमें डेमोक्रेटिक पार्टी ने 20 और रिपब्लिकन पार्टी ने 13 सीटें हासिल की हैं.
फ़्रांस ने ईरान को साइबर हमले का ज़िम्मेदार ठहराया, ईरानी राजदूत को किया तलब
इमेज स्रोत, Getty Images
फ़्रांस ने दुकानों के रेफ़्रिजरेटरों पर हुए साइबर हमले के लिए ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को ज़िम्मेदार ठहराने के बाद मंगलवार सुबह ईरानी राजदूत को तलब किया.
फ़्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-नोएल बारो ने सरकारी टेलीविज़न से कहा कि ईरानी राजदूत को तलब करने और ईरान पर प्रतिबंध लगाने के अलावा, फ़्रांस ज़रूरी क़दम को उठाने से पीछे नहीं हटेगा.
उन्होंने कहा, "हम किसी भी विकल्प को ख़ारिज नहीं करते. हम उन सभी क़दमों को उठाएंगे, जिन्हें हम उचित और आगे होने वाले हमलों को रोकने के लिए ज़रूरी समझते हैं. इनमें ऐसे क़दम भी शामिल हैं, जिनकी जानकारी शायद हम सार्वजनिक रूप से न दें."
बारो ने कहा कि फ़्रांस का मक़सद ईरान या दुनिया के किसी भी दूसरे हिस्से में उन लोगों को ऐसा हमला दोबारा करने से रोकना है, जो इस बारे में सोच रहे हैं.
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि फ़्रांस की साइबर रक्षा नीति पेरिस को कई तरह के विकल्प उपलब्ध कराती है.
ये साइबर हमले 11 और 12 अक्तूबर को हुए थे. इनके कारण फ़्रांस की सैकड़ों दुकानों में रेफ़्रिजरेटर और फ़्रीज़र का तापमान बढ़ गया था. इससे लाखों यूरो की क़ीमत के खाने-पीने का सामान ख़राब हो गए थे.
भारत ने पन्नू के मुक़दमे को बताया बेबुनियाद, अपने अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को किया ख़ारिज
इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों के साथ-साथ बेबुनियाद मुक़दमों को ख़ारिज करता है.
उन्होंने कहा, "भारत में न्यायिक दस्तावेज़ भेजने के अनुरोध सिर्फ़ भारत के निर्धारित केंद्रीय प्राधिकरण यानी क़ानून और न्याय मंत्रालय के ज़रिए ही किए जा सकते हैं."
दरअसल, पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार को एक अमेरिकी संघीय अदालत का समन भेजा था. यह समन गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर एक दीवानी मुक़दमे के सिलसिले में था.
पन्नू को भारत के गृह मंत्रालय ने आतंकवादी घोषित किया हुआ है.
पन्नू ने इस मुक़दमे में कई भारतीय अधिकारियों को अभियुक्त बनाया है. इनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल भी शामिल हैं.
इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने इमरान ख़ान और बुशरा बीबी को वकीलों से एक घंटे मुलाक़ात की इजाज़त दी, शहज़ाद मलिक, बीबीसी न्यूज़ उर्दू
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी (फ़ाइल फ़ोटो)
इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के वकीलों को रावलपिंडी की अडियाला जेल में उनसे मुलाक़ात करने की अनुमति दी है.
अदालत ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बुधवार को दोनों वकीलों को अपने मुवक्किलों से एक घंटे तक मुलाक़ात कराई जाए.
चीफ़ जस्टिस सरफ़राज़ डोगर की अध्यक्षता वाली दो जजों की बेंच ने यह आदेश 19 करोड़ पाउंड के अल-क़ादिर ट्रस्ट मामले में सज़ा के ख़िलाफ़ दायर अपीलों पर सुनवाई के दौरान दिया.
अदालत ने इमरान ख़ान के वकील सलमान सफ़दर से कहा कि वह क़ानून के मुताबिक़ मुलाक़ात की अनुमति दे रही है. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा न हो कि बाद में वकील अदालत से पांच और लोगों को इमरान ख़ान से मिलने की अनुमति देने की मांग करें.
बेंच के प्रमुख ने सलमान सफ़दर से यह भी पूछा कि कुछ दिन पहले उनकी इमरान ख़ान और बुशरा बीबी से मुलाक़ात हुई थी, तो वह दोबारा उनसे क्यों मिलना चाहते हैं.
इस पर सलमान सफ़दर ने कहा कि पिछली मुलाक़ात ज़रूर हुई थी, लेकिन उसके लिए पर्याप्त समय नहीं मिला. इसलिए अपने मुवक्किलों से दोबारा मिलना ज़रूरी है.
अदालत ने पहले बुशरा बीबी और इमरान ख़ान से उनके वकील सरदार लतीफ़ खोसा को मिलने की अनुमति दी. इसके बाद सलमान सफ़दर को भी इमरान ख़ान से मुलाक़ात की इजाज़त दे दी गई.
बुशरा बीबी की सेहत का मुद्दा भी उठा
सुनवाई के दौरान सलमान सफ़दर ने बुशरा बीबी की सेहत का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने अदालत को बताया कि बुशरा बीबी ने उनसे कहा था कि छह महीने पहले जेल अधिकारी उन्हें सर्जरी के लिए ले गए थे और अब 15 नवंबर को उनका दोबारा ऑपरेशन किया जाना है.
सलमान सफ़दर ने बुशरा बीबी की सेहत की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने की मांग की. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में जेल अधिकारियों ने भी माना था कि बुशरा बीबी की आंखों में समस्या है.
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में धमाकों की कई आवाज़ें सुनी गईं
इमेज स्रोत, Getty Images
फ़्रांस की समाचार एजेंसी एएफ़पी ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में धमाकों की कई आवाज़ें सुने जाने की ख़बर दी है.
ये धमाके ऐसे समय में सुने गए, जब सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से रियाद की तरफ़ दाग़ी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराया है.
एएफ़पी के पत्रकारों के मुताबिक़, उन्हें अपने मोबाइल फ़ोन पर अलर्ट संदेश मिले थे. इन संदेशों में हवाई हमले के ख़तरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने की सलाह दी गई थी.
कुछ देर बाद सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने एक और संदेश जारी कर बताया कि ख़तरा टल गया है.
इस बीच, ख़बरों के मुताबिक़ हूती विद्रोहियों के हमलों के जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में उनके ठिकानों पर कई हवाई हमले किए हैं.
हूती विद्रोहियों से जुड़ी समाचार एजेंसी सबा के मुताबिक़, सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने मंगलवार को यमन की राजधानी सना और उसके आसपास के इलाक़ों में हमले किए.
एजेंसी का कहना है कि इन हमलों में यमन की राष्ट्रीय तेल कंपनी की एक गैस सुविधा और एक इमारत को निशाना बनाया गया.
स्पेन: बैग में धमाके से पुलिस अधिकारी की मौत, एक अन्य घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
स्पेन के उत्तरी शहर ओविएदो में एक बैग में हुए धमाके से पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य अधिकारी घायल हो गया है.
यह धमाका मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब स्पेन की पुलिस की डॉग यूनिट और बम निरोधक दस्ते के अधिकारी एक संदिग्ध बैग की जांच करने पहुंचे थे. इससे पहले पड़ोसियों के बीच विवाद होने की सूचना मिली थी.
पुलिस के मुताबिक़, इस विवाद के दौरान एक महिला को गोली लगी थी. पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर अब भी फ़रार है.
घायल महिला और पुलिस अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
स्पेनिश पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर मारे गए अधिकारी को श्रद्धांजलि दी. अधिकारी की पहचान हुआन होसे के रूप में हुई है.
पुलिस ने कहा, "हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों और प्रियजनों के साथ हैं."
घटना के बाद पुलिस प्रवक्ता पेद्रो अगुआदो ने बताया कि मंगलवार सुबह पड़ोसियों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे. वहां उन्हें एक महिला मिली, जिसे गोली लगी थी.
संदिग्ध हमलावर की तलाश के दौरान पुलिस अधिकारियों को एक संदिग्ध बैग मिला. इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग यूनिट को बुलाया गया.
अगुआदो ने बताया, "इलाके के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जब बैग को बाहर ले जाया जा रहा था, तभी उसमें धमाका हो गया."
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- वायु प्रदूषण के मामले में हम 'विश्वगुरु' क्यों बन रहे हैं?
इमेज स्रोत, Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, पटना में एक रैली को संबोधित करते कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फ़ाइल फ़ोटो)
देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को पीएम मोदी और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि दिल्ली वायु प्रदूषण में 'विश्वगुरु' क्यों बन रही है? साथ ही यह भी पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को "हवा का हिसाब" देंगे?
दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बहुत ज़्यादा बढ़ गया थी.
कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर प्रदूषण से निपटने के लिए टुकड़ों में कदम उठाने का आरोप भी लगाया.
खड़गे ने कहा, "पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सिर्फ़ बयानबाज़ी की है. 8 मई 2019 को उन्होंने इसे एक 'बड़ी चुनौती' बताया था, लेकिन उनकी सरकार ने इस दिशा में कुछ नहीं किया."
उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक, लोग साफ़ हवा के लिए तरस रहे हैं.
इसराइल की संसद में अहम पदों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय, गादी आइज़नकोट ने किया एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली सेना के पूर्व प्रमुख और याशर पार्टी के प्रमुख गादी आइज़नकोट
इसराइल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के बीच 26वीं कनेसेट (संसद) में अहम पदों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई है.
गादी आइज़नकोट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने बदलाव और सुधार पार्टियों के नेताओं नेफ़्ताली बेनेट, यायर गोलान, एविगडोर लिबरमैन और यायर लैपिड के साथ इन नामों पर सहमति बनाई है.
समझौते के मुताबिक, पूर्व मंत्री मतन कहाना को कनेसेट के स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, रॉय फ़ोकमैन को हाउस कमेटी का अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनी है.
पूर्व रक्षा मंत्री एविगडोर लिबरमैन विदेश मामलों और रक्षा समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि लिरान अविसार बेन-होरिन को वित्त समिति के अध्यक्ष पद के लिए चुना गया है.
आइज़नकोट के मुताबिक, संसदीय समितियों की संरचना पर इस सप्ताह हाउस कमेटी में चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद अगले बुधवार को कनेसेट के पूर्ण सदन में मंज़ूरी के लिए प्रस्ताव पेश किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि विशेष समितियों के गठन पर भी सहमति बनी है. हालांकि, इन समितियों से जुड़ी जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी.
वहीं इसराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने गादी आइज़नकोट सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है.
आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में बनाए 160 रन, भारत ने यूएई को दिया 310 रन का टारगेट
इमेज स्रोत, BCCI
इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ आर्यवीर सहवाग ने यूएई के ख़िलाफ़ 160 रनों की पारी खेली
अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग ने यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के ख़िलाफ़ 160 रनों की पारी खेली. आर्यवीर सहवाग पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं.
यूएई के कप्तान अयान मिस्बाह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. हालांकि, भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही.
14वें ओवर में कप्तान लक्ष्य राजेश 17 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद आर्यवीर और वीके विनीत ने 193 रनों की साझेदारी की.
आर्यवीर ने 160 रनों की इस पारी में सात छक्के और 17 चौके लगाए. वहीं, विनीत ने तीन छक्कों की मदद से 67 रनों की पारी खेली.
यूएई के लिए नसीम ख़ान ने सबसे ज़्यादा चार विकेट चटकाए. भारतीय टीम ने सात विकेट के नुक़सान पर 50 ओवर में 309 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलिया की एयरलाइन भारत में आउटसोर्स करेगी 850 नौकरियां, एआई में निवेश बढ़ाने की तैयारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, क्वांटस की सीईओ वैनेसा हडसन ने 850 नौकरियों में कटौती की "मुश्किल ख़बर" के लिए माफ़ी मांगी
ऑस्ट्रेलिया की एयरलाइन क्वांटस अपनी 850 कॉरपोरेट नौकरियां कंसल्टिंग कंपनी एक्सेंचर को आउटसोर्स करने जा रही है. इनमें से ज़्यादातर नौकरियां भारत में शिफ़्ट की जाएंगी.
एयरलाइन आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रही है.
मंगलवार को कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल में कंपनी की सीईओ वैनेसा हडसन ने कहा, "कुछ लोगों के लिए यह ख़बर मुश्किल होगी और इससे जो अनिश्चितता पैदा होगी, उसके लिए मुझे अफ़सोस है."
उन्होंने बताया कि नौकरियों में कटौती 2027 के मध्य से शुरू होगी. इसकी शुरुआत फ़ाइनेंस, ख़रीद, मानव संसाधन और मार्केटिंग विभागों से होगी.
इन विभागों की ज़्यादातर भूमिकाएं भारत में और कुछ ऑस्ट्रेलिया में मौजूद टीमों को सौंपी जाएंगी. कंपनी अपने आईटी सिस्टम को आधुनिक बनाने की कोशिश कर रही है.
हडसन ने कहा, "टेक्नोलॉजी और एआई में बदलाव की रफ़्तार और उसका पैमाना ऐसा है, जैसा हममें से किसी ने अपने जीवनकाल में नहीं देखा."
उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर कर्मचारियों और यूनियनों से बातचीत चल रही है.
यह फ़ैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही एयरलाइन ने बाज़ार को लेकर अपनी जानकारी साझा की थी. उस दौरान उसने ईंधन की बढ़ती क़ीमतों के बीच हवाई किराए बढ़ाने और उड़ानों में कटौती करने के संकेत दिए थे.
एक्सेंचर के साथ कई साल के नए समझौते के बारे में हडसन ने कहा कि इसका मक़सद एयरलाइन के आईटी सिस्टम को आधुनिक बनाना और कामकाज को ज़्यादा कुशल बनाना है.
उन्होंने बताया कि क्वांटस हर साल टेक्नोलॉजी पर एक अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (69.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर से ज़्यादा ख़र्च करती है. उन्होंने कहा कि कंपनी के आंतरिक कामकाज से जुड़े सिस्टम को अपग्रेड करने की ज़रूरत है.
हडसन ने कहा, "हर एयरलाइन की तरह, हम भी दशकों पहले के दौर के हिसाब से बनाई गई टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे हैं. इनमें 1,000 से ज़्यादा पुराने सॉफ़्टवेयर सिस्टम शामिल हैं, जिन्हें कभी एक-दूसरे के साथ काम करने के लिए बनाया ही नहीं गया था."