सोनिया गांधी की किताब पर बीजेपी ने क्या कहा?

बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सोनिया गांधी जी की जो किताब आई है, उसमें उन्होंने सिखों के क़त्लेआम के मामले में अपने परिवार को सेल्फ़ क्लीन चिट देने की कोशिश की है."

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • दिल्ली में प्रदूषण
  • सीवी रमन
  • ग्लेन मैक्सवेल
  • पाकिस्तान में दिवाली
  • दिल्ली में धुंध
  • इतनी बड़ी पतंगें देखी हैं कभी
  • नित्या रमन

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  2. अमेरिकी सरकार ने मिडिल ईस्ट के इन देशों की यात्रा न करने की सलाह दी

    ट्रैवल एडवाइजरी
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को ईरान, इराक, लेबनान, लीबिया, सीरिया और यमन की यात्रा न करने की सलाह दी है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा चिंताओं और वाणिज्य दूतावास सेवाओं पर लगी पाबंदियों के कारण अमेरिकी नागरिकों को मध्य पूर्व के छह देशों, ईरान, इराक, लेबनान, लीबिया, सीरिया और यमन की यात्रा न करने की सलाह दी है.

    मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि इन सभी छह देशों के लिए यात्रा करने पर खतरा ज़्यादा है. ये देश अब लेवल 4 पर हैं.

    अमेरिकी सरकार की रेटिंग के अनुसार, नागरिकों को लेवल 4 में शामिल देशों की किसी भी स्थिति में यात्रा नहीं करनी चाहिए.

    पोस्ट में आगे कहा गया, "ये जगहें ख़तरनाक हैं. किसी भी स्थिति में या किसी भी वजह से वहां न जाएं."

    अमेरिकी विदेश विभाग ने अफ़ग़ानिस्तान, रूस, यूक्रेन, सूडान और दक्षिण सूडान को भी उन 23 देशों में शामिल किया है, जिनके लिए इस समय यात्रा चेतावनी का उच्चतम स्तर जारी है.

  3. भारत-न्यूज़ीलैंड तीसरा वनडे मैच बारिश की वजह से रद्द

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, पांच मैचों की वनडे सिरीज़ में टीम इंडिया पहले ही दो मुकाबले जीत चुकी है

    न्यूज़ीलैंड और भारतीय टीम के बीच हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में होने वाला तीसरा वनडे मुक़ाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया है.

    हालांकि, भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीत लिया था. कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    सिरीज़ का चौथा मुकाबला 13 नवंबर को माउंट मॉन्गनुई के बे ओवल में खेला जाएगा. पांच मैचों की वनडे सिरीज़ में टीम इंडिया पहले ही दो मुकाबले जीत चुकी है.

    अब तक भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे ज़्यादा 40 की औसत से 81 रन बनाए हैं. वहीं, भारतीय गेंदबाज़ गुरनूर बरार ने सबसे ज़्यादा सात विकेट चटकाए हैं.

  4. यात्रियों को दुनिया की सैर कराने निकला क्रूज़ सिंगापुर में क्यों हुआ ज़ब्त?, केली एनजी, सिंगापुर

    द ओडिसी जहाज़
    इमेज कैप्शन, जहाज़ की मालिक कंपनी विला वी रेजिडेंसेज़ ने ईंधन की लागत में 'असाधारण बढ़ोतरी' का हवाला देते हुए अचानक अपना संचालन रोक दिया

    दुनियाभर की यात्रा पर निकला एक क्रूज़ जहाज़ सिंगापुर में ज़ब्त कर लिया गया है. इस जहाज़ के अमेरिकी ऑपरेटर के पास पैसे ख़त्म होने के बाद पिछले महीने कंबोडिया में क़रीब 200 यात्रियों को जहाज़ से उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा था.

    'द ओडिसी' नाम का यह जहाज़ अक्तूबर 2024 में उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफ़ास्ट से रवाना हुआ था. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़, यह अब सिंगापुर के बंदरगाह पर खड़ा है.

    इसे यात्रियों को कई साल तक दुनिया के अलग-अलग देशों की यात्रा करानी थी. हालांकि, जहाज़ की मालिक कंपनी विला वी रेजिडेंसेज़ ने ईंधन की लागत में 'असाधारण बढ़ोतरी' का हवाला देते हुए अचानक अपना संचालन रोक दिया.

    इसके बाद पिछले महीने कंबोडिया के सिहानोकविले बंदरगाह शहर में क़रीब 200 यात्रियों को जहाज़ छोड़ना पड़ा.

    सिंगापुर के पोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, जहाज़ का क्रू सुरक्षित है. अथॉरिटी ने बताया कि जहाज़ के लेनदारों की ओर से क्रू के रहने और उनकी देखभाल की व्यवस्था की जा रही है. एक अदालत के आदेश के तहत जहाज़ को ज़ब्त किया गया है.

    सिंगापुर की लॉ फर्म हेल्म्समैन एलएलसी को इस मामले में 'अरेस्टिंग सॉलिसिटर' (ज़ब्ती की कार्यवाही देखने वाली कानूनी फर्म) नियुक्त किया गया है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रही है.

    इस क्रूज़ को साढ़े तीन साल में 150 देशों की यात्रा पूरी करनी थी.

  5. सामाजिक कार्यकर्ता बंकर रॉय का निधन, शशि थरूर और अशोक गहलोत ने जताया शोक

    संजीत 'बंकर' रॉय
    इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने लिखा कि राजस्थान के तिलोनिया में बेयरफुट कॉलेज की स्थापना करके बंकर रॉय ने शिक्षा की पारंपरिक सोच को चुनौती दी

    सामाजिक कार्यकर्ता और राजस्थान के तिलोनिया स्थित बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक संजीत 'बंकर' रॉय का निधन हो गया है.

    उनके निधन पर कांग्रेस नेता शशि थरूर और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक जताया है.

    शशि थरूर ने बंकर रॉय को दूरदर्शी सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियन बताया.

    थरूर ने एक्स पोस्ट में लिखा कि राजस्थान के तिलोनिया में बेयरफुट कॉलेज की स्थापना करके बंकर रॉय ने शिक्षा की पारंपरिक सोच को चुनौती दी.

    उन्होंने आगे लिखा कि गांवों की बुज़ुर्ग महिलाओं को 'बेयरफुट सोलर इंजीनियर' के रूप में प्रशिक्षित करने का उनका विचार बेहद अनूठा था.

    वहीं, अशोक गहलोत ने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलते हुए बंकर रॉय ने ग्रामीण आत्मनिर्भरता, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा कि उनका पूरा जीवन गांवों को सशक्त बनाने और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित रहा.

  6. बॉल टैम्परिंग विवाद पर उस्मान ख़्वाजा के दावे को डेविड वॉर्नर का समर्थन, माइक पीटर, बीबीसी खेल संवाददाता

    डेविड वॉर्नर
    इमेज कैप्शन, बॉल टैम्परिंग विवाद में डेविड वॉर्नर और तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने 2018 के बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर उस्मान ख़्वाजा के दावों का समर्थन किया है.

    उन्होंने कहा कि ख़्वाजा ने इस मामले में जो कुछ भी बताया है, वह '100 फ़ीसदी सही' है.

    वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच जल्दबाज़ी में की गई और इसे ठीक से नहीं संभाला गया.

    दरअसल, 2018 में दक्षिण अफ़्रीका के केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की कोशिश की थी.

    इस मामले में वॉर्नर और तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि बल्लेबाज़ कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था.

    पिछले हफ़्ते उस्मान ख़्वाजा ने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को पता था कि गेंद के साथ छेड़छाड़ के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था.

    हालांकि, टीम के गेंदबाज़ लगातार इस बात से इनकार करते रहे हैं कि उन्हें इस योजना की जानकारी थी.

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2024 में संन्यास ले चुके वॉर्नर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कहा, "इस मुद्दे पर बात किए हुए मुझे आठ साल हो गए हैं. उस्सी (उस्मान ख़्वाजा), मैं पूरी तरह तुम्हारे साथ हूं."

    उन्होंने आगे कहा, "तुमने जो किया, उसके लिए शुक्रिया. तुमने जो कुछ कहा है, वह 100 फ़ीसदी सही है. अब हर कोई सच जानता है."

  7. तुर्की की स्टील फैक्ट्री में धमाका, 17 लोगों की मौत और 12 घायल, अल्बा मोर्गादे

    तुर्की स्टील फैक्ट्री
    इमेज कैप्शन, एक क्रेन में नया बॉयलर ले जाया जा रहा था, इसी दौरान क्रेन गिर गई और बॉयलर से जुड़ा सामान नीचे भट्ठी में जा गिरा

    तुर्की के पश्चिमी हिस्से में स्थित इजमिर शहर के पास एक स्टील फैक्ट्री में सोमवार को हुए धमाके में 17 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए.

    अधिकारियों के मुताबिक़, मरने और घायल होने वाले सभी लोग फैक्ट्री में काम करने वाले मज़दूर थे. यह हादसा अलियागा स्थित हबास डेमिर सेलिक स्टील प्लांट में हुआ. यह देश की प्रमुख स्टील कंपनियों में से एक है.

    घटनास्थल के वीडियो में फैक्ट्री के अंदर भीषण आग और आसमान में उठता धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया.

    स्थानीय गवर्नर के मुताबिक़, हादसा दोपहर के आसपास हुआ. एक क्रेन में नया बॉयलर ले जाया जा रहा था.

    इसी दौरान क्रेन गिर गई और बॉयलर से जुड़ा सामान नीचे भट्ठी में जा गिरा. इसके बाद ज़ोरदार धमाका हुआ.

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने शुरुआत में 16 लोगों की मौत की जानकारी दी थी.

    बाद में स्वास्थ्य मंत्री केमल मेमिसोग्लू ने बताया कि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की भी मौत हो गई. इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई.

  8. ट्रंप का दावा, 'कई खाड़ी देश ईरान की नाकेबंदी जारी रखना चाहते हैं'

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि कई खाड़ी देश इस बात पर सहमत हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ उनकी अच्छी बातचीत हुई. इस दौरान मुख्य रूप से ईरान के मुद्दे पर चर्चा हुई.

    ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बहरीन, कुवैत और दूसरे देश चाहते हैं कि ईरान के ख़िलाफ़ मौजूदा स्थिति बनी रहे.

    उन्होंने कहा कि ये देश समुद्र और ज़मीन, दोनों रास्तों से ईरान की नाकेबंदी जारी रखने के पक्ष में हैं. ट्रंप ने इसके लिए 'ऑपरेशन आयरन गेट' का भी ज़िक्र किया.

    ट्रंप के मुताबिक़, सभी देश इस बात पर सहमत हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए. इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं हो सकता.

    उन्होंने कहा कि अगर मध्य पूर्व में हालात बदलते हैं तो अमेरिका कार्रवाई के लिए तैयार है. हालांकि, फ़िलहाल इसकी संभावना कम है.

  9. 81 साल के एम जॉन हैरिसन ने जीता बुकर प्राइज़, सबसे उम्रदराज़ विजेता बने

    एम जॉन हैरिसन
    इमेज कैप्शन, एक समीक्षक ने इसे 'उदास लेकिन शानदार' और 'सपने जैसा और उलझाने वाला' बताया

    लेखक एम जॉन हैरिसन ने अपने उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए बुकर प्राइज़ जीता है.

    81 साल के हैरिसन यह पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज़ लेखक बन गए हैं.

    सोमवार को लंदन में आयोजित समारोह में उन्हें 50 हज़ार पाउंड की पुरस्कार राशि दी गई. हैरिसन पिछले करीब 60 साल से लेखन कर रहे हैं और उनके प्रशंसकों का एक ख़ास वर्ग है.

    'द एंड ऑफ एवरीथिंग' एक ऐसी दुनिया की कहानी है, जहां एक रहस्यमयी आपदा के बाद ब्रिटिश समाज पूरी तरह बदल जाता है.

    इस उपन्यास को लेकर पाठकों की राय बंटी हुई है. एक समीक्षक ने इसे 'उदास लेकिन शानदार' और 'सपने जैसा और उलझाने वाला' बताया.

    बुकर प्राइज़ के निर्णायक मंडल की अध्यक्ष डेम मैरी बियर्ड ने कहा कि यह उपन्यास पढ़ने में चुनौतीपूर्ण है, लेकिन बेहतरीन साहित्य का एक हिस्सा ऐसा भी होता है.

    उन्होंने कहा कि यह किताब पाठक को सोचने का नया नज़रिया देती है और मुस्कुराने की वजह भी देती है. कहानी के विषय के बावजूद यह पाठक के मन में उम्मीद की एक किरण छोड़ती है.

  10. भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच तीसरे वनडे में बारिश की वजह से देरी

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, बारिश के कारण अब तक टॉस नहीं हो सका है. भारत इस सिरीज में पहले ही 2-0 से आगे है

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जाने वाले तीसरे वनडे मुकाबले में बारिश की वजह से देरी हो रही है. बारिश के कारण अब तक टॉस नहीं हो सका है.

    मैच के लाइव अपडेट के मुताबिक़, भारतीय टीम स्टेडियम के बाहर पहुंच चुकी है, लेकिन बूंदाबांदी जारी है.

    इससे पहले मौसम साफ होने के बाद टॉस भारतीय समयानुसार सुबह 7:32 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन दोबारा बारिश शुरू हो गई.

    इसके बाद ग्राउंड स्टाफ मैदान पर पहुंच गया. भारत इस सिरीज़ में पहले ही 2-0 से आगे है.

  11. ईरानी संसद के स्पीकर की अमेरिका को चेतावनी, इसराइल पर लगाया ये आरोप

    मोहम्मद बाक़र ग़ालिबाफ़
    इमेज कैप्शन, ग़ालिबाफ़ ने कहा कि अगर वॉशिंगटन ने 'इसराइल फर्स्ट' की सोच नहीं छोड़ी तो अमेरिका और उसके सहयोगी एक अंधकारमय दौर की ओर बढ़ रहे हैं

    ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाक़र ग़ालिबाफ़ ने आरोप लगाया है कि इसराइल अमेरिका को ईरान के साथ लंबे युद्ध में शामिल करने की कोशिश कर रहा है.

    उन्होंने कहा कि इससे आने वाली अमेरिकी सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में ग़ालिबाफ़ ने कहा, "अगर वॉशिंगटन ने 'इसराइल फर्स्ट' की सोच नहीं छोड़ी तो अमेरिका और उसके सहयोगी एक अंधकारमय दौर की ओर बढ़ रहे हैं."

    ग़ालिबाफ़ का यह बयान ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष और इसराइल के साथ तनाव के बीच आया है.

  12. दिल्ली में वायु प्रदूषण बरकरार, एक्यूआई 'बेहद खराब' श्रेणी में

    दिल्ली प्रदूषण
    इमेज कैप्शन, दिल्ली के 59 में से 56 मॉनिटरिंग स्टेशन हवा की गुणवत्ता का डेटा दे रहे हैं. इनमें से 52 स्टेशनों पर पीएम2.5 सबसे बड़ा प्रदूषक है.

    दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार खराब बना हुआ है. दिल्ली सरकार की वेबसाइट के मुताबिक़, मंगलवार को सुबह करीब छह बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 314 दर्ज किया गया.

    यह 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है. वेबसाइट के मुताबिक, कल इसी समय के मुकाबले एक्यूआई 51 अंक कम है.

    दिल्ली के 59 में से 56 मॉनिटरिंग स्टेशन हवा की गुणवत्ता का डेटा दे रहे हैं. इनमें से 52 स्टेशनों पर पीएम2.5 सबसे बड़ा प्रदूषक है.

    बता दें कि एक्यूआई का स्तर 301 से 400 के बीच होने पर हवा को 'बेहद खराब' माना जाता है.

  13. ट्रंप ने कहा, 'एफ़बीआई एनवीडिया प्रमुख और कथित चीनी जासूस के संबंधों की जांच कर रही', माइकल रेस, बीबीसी न्यूज़

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने बताया कि सोमवार को उनकी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से बात हुई थी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि एफ़बीआई एनवीडिया के प्रमुख और एक कथित चीनी जासूस के बीच प्रेम संबंधों की जांच कर रही है.

    ट्रंप ने बताया कि सोमवार को उनकी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से बात हुई थी. इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि अमेरिका का मानना है कि चीन ने जासूसी अभियान के तहत हुआंग को निशाना बनाया था.

    ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "मैंने उनसे पूछा कि क्या उन्हें पता था कि वह महिला जासूस थी? उन्होंने कहा कि मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि वह जासूस थी. और मुझे उनकी बात पर सच में भरोसा है."

    चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है. चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह बेबुनियाद, अटकलों पर आधारित और चीन की छवि खराब करने के इरादे से लगाए गए हैं.

    एनवीडिया ने एलिस हुआंग से जुड़े इस मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कराई है. एलिस हुआंग पर चीनी जासूस होने का आरोप है.

    कंपनी ने कहा कि उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी के गोपनीय रहस्य या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी से कोई समझौता हुआ है.

  14. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.