लाइव , रूस की राजधानी मॉस्को में हुआ कार बम धमाका, यूक्रेन के पूर्व पीएम के सलाहकार घायल

रूस की राजधानी मॉस्को में कार में हुए बम धमाके में यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री मायकोला अजारोव के सलाहकार रहे सर्गेई ज़ावोरोटनी घायल हो गए हैं.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, शुभम गर्ग

  1. ईरान का दावा- बहरीन में अमेरिकी सेना का अर्ली वॉर्निंग रडार नष्ट किया

    ईरान
    इमेज कैप्शन, ईरान ने कहा कि यह दुश्मन के लिए चेतावनी है कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट में हवाई बदमाशी और तेल की तस्करी से जुड़ी हरकतें बंद करे (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के एक 'अर्ली वार्निंग रडार' नष्ट कर दिया है.

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसियों ने शुक्रवार तड़के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का बयान जारी किया.

    रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक, यह कार्रवाई दक्षिणी ईरान के सिरिक इलाके में आधी रात को हुए अमेरिकी हवाई हमले के जवाब में की गई है.

    बयान में कहा गया, "यह आक्रामक दुश्मन के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट में हवाई बदमाशी और तेल की तस्करी से जुड़ी हरकतें बंद करे."

    बयान में आगे कहा गया कि अगर इस तरह के उल्लंघन और हमले दोबारा होते हैं, तो रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की एयरोस्पेस फ़ोर्स कहीं भी जवाबी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है.

    रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने यह भी चेतावनी दी कि जो कंपनियां दुश्मन के बहकावे में आकर नियमों का उल्लंघन करेंगी, उन्हें और कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.

  2. भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाज़ी

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, पांच मैचों की सिरीज़ में भारत 2-0 से आगे है

    भारत ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है.

    यह मुकाबला माउंट मॉन्गानुई में खेला जा रहा है. भारत सिरीज़ में 2-0 से आगे है.

    भारत ने अंशुल कंबोज की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया है. वहीं शुभमन गिल की जगह ऋतुराज गायकवाड़ पारी की शुरुआत करेंगे. केएल राहुल की जगह ईशान किशन को मौका मिला है.

    पांच मैचों की सिरीज़ का तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था.

  3. माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई दिक्कत, दुनियाभर के यूजर्स ने की शिकायत, एडम गोल्डस्मिथ

    माइक्रोसॉफ्ट
    इमेज कैप्शन, यूजर्स ने टीम्स, आउटलुक और कंपनी के एआई सॉफ्टवेयर कोपायलट के काम नहीं करने की शिकायत की

    माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं में गुरुवार को कनेक्टिविटी की समस्या आई. दुनियाभर के यूजर्स ने टीम्स, आउटलुक और कंपनी के एआई सॉफ्टवेयर कोपायलट के काम नहीं करने की शिकायत की.

    इसके बाद कंपनी ने कहा कि वह इस समस्या को ठीक करने में जुटी है.

    माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के एक हिस्से पर जरूरत से ज्यादा लोड पड़ रहा था, जिससे कनेक्टिविटी में दिक्कत आ रही थी.

    कंपनी के मुताबिक, यह समस्या सबसे पहले अमेरिका में सामने आई थी, लेकिन इससे किसी भी क्षेत्र के यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं.

    आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, भारतीय समय के मुताबिक़ गुरुवार रात करीब 12 बजे ब्रिटेन में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं को लेकर शिकायतों में अचानक बढ़ोतरी हुई.

    अमेरिका में भी भारतीय समय के मुताबिक़ गुरुवार रात करीब 11:45 बजे तक माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक में दिक्कत को लेकर 1.31 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई थीं.

  4. यूएई में ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, भारतीय नागरिकों समेत 14 लोगों की मौत, हफ़्सा ख़लील

    यूएई फुजैराह
    इमेज कैप्शन, टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई. आग आसपास की कई दूसरी गाड़ियों तक फैल गई (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में एक ट्रक के बेकाबू होकर कई गाड़ियों से टकराने के कारण हुए हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हुए हैं.

    देश के गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में कुल 23 गाड़ियां शामिल थीं, जिनमें पांच ट्रक थे.

    यह दुर्घटना फुजैराह के एंट्री गेट पर आधी रात से कुछ समय पहले हुई. उस वक्त सड़क पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही थीं.

    मंत्रालय ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई. आग आसपास की कई दूसरी गाड़ियों तक फैल गई, जिससे बड़े पैमाने पर जान का नुकसान हुआ.

    फुजैराह पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल 30 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है.

    पुलिस के मुताबिक, मृतकों में यूएई के कुछ नागरिक भी शामिल हैं. यूएई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि हादसे में भारतीय नागरिकों की भी मौत हुई है.

    दूतावास ने कहा कि वह मृतकों के परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उन्हें हर जरूरी मदद देने की कोशिश कर रहा है.

  5. सोनम वांगचुक का दावा- 'मुझे घर में नज़रबंद किया गया है'

    सोनम वांगचुक
    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक ने कहा कि उनके घर के चारों ओर दर्जनों हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात हैं

    लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दावा किया है कि उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है.

    उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कहा कि उनके घर के चारों ओर दर्जनों हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात हैं. वांगचुक ने कहा है कि उन्हें सरकार ने घर पर रहने की सलाह दी है.

    वांगचुक ने कहा कि उन्होंने पिछले साल लेह में हुई मौतों की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट में देरी और कड़ाके की सर्दी के बीच जल्दबाजी में काउंसिल चुनाव कराने को लेकर सवाल उठाए थे.

    उन्होंने दावा किया कि पूरे लद्दाख में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    वांगचुक ने यह भी आरोप लगाया कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में उनके X, इंस्टाग्राम और यूट्यूब अकाउंट की पहुंच को बड़े पैमाने पर सीमित कर दिया गया है.

  6. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.