अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
रूस की राजधानी मॉस्को में हुआ कार बम धमाका, यूक्रेन के पूर्व पीएम के सलाहकार घायल, डैन सेल्स
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, मॉस्को में हुए कार बम धमाके की जगह
रूस की राजधानीमॉस्को में कार में हुए बम धमाके में यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री मायकोला अजारोव के सलाहकार रहे सर्गेई ज़ावोरोटनी घायल हो गए हैं.
रूस की जांच समिति के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब धमाका हुआ, उस समय ज़ावोरोटनी कार चला रहे थे. हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ज़ावोरोटनी साल 2014 में अजारोव के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने और यूक्रेन से रूस आने तक सहायक रहे थे.
यह धमाका सेंट पीटर्सबर्ग में हुए एक ऐसे ही हमले के एक दिन बाद हुआ है. वहां कार में हुए बम धमाके में रूस के एक कर्नल की मौत हो गई थी.
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब युद्ध ख़त्म करने के लिए डबलिन शहर में शांति वार्ता चल रही है. हालांकि, रातभर रूस और यूक्रेन के बीच हमले जारी रहे.
रूस की जांच समिति ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा, "यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री मायकोला अजारोव के पूर्व सलाहकार सर्गेई ज़ावोरोटनी कार चला रहे थे. इस दौरान वह धमाके में घायल हो गए. शहर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है."
समिति ने कहा, "मामले की जांच के लिए ज़रूरी कार्रवाई की जा रही है. मेडिकल और विस्फोटक से जुड़ी जांच समेत कई तरह की जांच कराई जाएगी."
रूस से आ रही कुछ ख़बरों में दावा किया गया है कि ज़ावोरोटनी का बायां हाथ कट गया है. उन्हें सिर में चोट लगी है. उनकी पसलियां और दायां पैर भी टूट गया है.
रूस का कहना है कि ये कार बम धमाके क्रेमलिन समर्थक लोगों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की ताज़ा कड़ी हैं.
इस बीच, रातभर रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे के इलाक़ों पर हमले किए.
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि रूसी हमले में एक अस्पताल को निशाना बनाया गया.
उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिणी ओडेसा और ज़ापोरिज़्ज़िया में हुए हमलों में 17 साल के एक लड़के समेत तीन लोगों की मौत हो गई.
वहीं, रूस ने कहा कि मध्य समारा इलाक़े में यूक्रेन के हमले में चार लोगों की मौत हुई है.
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची बोले- ईरान के नुक़सान की भरपाई करे अमेरिका
इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने जापान की समाचार एजेंसी क्योदो के लिए लिखे एक लेख में अमेरिका और इसराइल के सैन्य हमलों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर और ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है.
अराग़ची ने कहा कि अमेरिका को इन हमलों को रोकना चाहिए और उनसे हुए नुक़सान की भरपाई करनी चाहिए.
इस लेख में अराग़ची ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 का ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "भविष्य में किसी संभावित ख़तरे के आधार पर किसी देश पर सैन्य हमला करना सही नहीं ठहराया जा सकता."
उन्होंने ईरान के स्कूलों, खेल स्टेडियमों, नागरिक बुनियादी ढांचे और परमाणु ठिकानों पर हुए हमलों का भी ज़िक्र किया.
अराग़ची ने कहा कि इन कार्रवाइयों की जांच अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून के तहत भी होनी चाहिए.
ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत अमेरिका की ज़िम्मेदारी है कि वह इस तरह की ग़ैरक़ानूनी कार्रवाई को रोके. साथ ही, उसे भरोसा देना चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी."
अराग़ची ने कहा कि सैन्य हमलों के जवाब में ईरान को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत आत्मरक्षा का अधिकार हासिल है.
उन्होंने कहा कि अगर देशों को भविष्य में संभावित ख़तरों का हवाला देकर दूसरे देशों पर हमला करने की छूट मिल जाती है, तो इससे अंतरराष्ट्रीय क़ानूनी व्यवस्था और संयुक्त राष्ट्र चार्टर की विश्वसनीयता ख़तरे में पड़ जाएगी.
बेंगलुरु में चौथी मेट्रो लाइन शुरू, पीएम मोदी और सीएम डीके शिवकुमार ने क्या कहा, इमरान कुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, DIPR, Karnataka
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी के साथ मेट्रो में यात्रा करते कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार कोबेंगलुरु मेट्रो की चौथी लाइन का उद्घाटन किया.
इसके साथ ही दिल्ली और मुंबई के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से ज़्यादा हो गया है.
पिंक लाइन मेट्रो के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "नम्मा मेट्रो (हमारा मेट्रो) की सफलता सिर्फ़ एक परियोजना तक सीमित नहीं है. यह देश की नई सोच को दिखाती है. इसका मक़सद लोगों का जीवन आसान बनाना और सफ़र को बेहतर करना है."
मोदी ने 21.25 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन के 7.5 किलोमीटर के एलिवेटेड हिस्से का उद्घाटन किया. यह लाइन बेंगलुरु के दक्षिणी हिस्से को पूर्वी हिस्से से जोड़ती है. इस हिस्से के शुरू होने के बाद बेंगलुरु का कुल मेट्रो नेटवर्क 103.6 किलोमीटर हो गया है.
जुलाई 2026 में लोकसभा में एक अतारांकित सवाल के लिखित जवाब में सरकार ने मेट्रो नेटवर्क से जुड़े आंकड़े पेश किए थे. इसके मुताबिक, 416 किलोमीटर के साथ दिल्ली इस सूची में पहले नंबर पर है. दिल्ली में मेट्रो सेवा की शुरुआत 2002 में हुई थी.
वहीं, मुंबई में 2014 से मेट्रो चल रही है और इसका नेटवर्क 102.6 किलोमीटर है. देश में सबसे पहले 1984 में कोलकाता में मेट्रो शुरू हुई थी. यहां कुल मेट्रो नेटवर्क 73.42 किलोमीटर है.
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत भी की. उन्होंने बेंगलुरु-मैंगलुरु-मडगांव (गोवा) रूट पर वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई.
पीएम मोदी ने कहा, "इन परियोजनाओं से विकसित कर्नाटक के ज़रिए विकसित भारत बनाने के अभियान को गति मिलेगी. साथ ही, बेंगलुरु की टेक सिटी के रूप में पहचान और मज़बूत होगी."
प्रधानमंत्री से पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया.
उन्होंने कहा, "मेट्रो की एक लाइन दो जगहों को जोड़ती है, लेकिन आपसी सहयोग सरकारों और लोगों को जोड़ता है. जब केंद्र और राज्य मिलकर काम करते हैं, तो देश आगे बढ़ता है."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मेट्रो काउंटर से टिकट लेते सीएम डीके शिवकुमार और पीएम नरेंद्र मोदी
शिवकुमार ने मेट्रो परियोजनाओं के लिए फंडिंग व्यवस्था में बदलाव करने का सुझाव दिया.
उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजनाओं में केंद्र और राज्य की हिस्सेदारी 50-50 फ़ीसदी तय की गई है. लेकिन असल में राज्यों पर आर्थिक बोझ इससे कहीं ज़्यादा पड़ता है.
उन्होंने बताया, "कर्नाटक सरकार को ज़मीन अधिग्रहण, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं की शिफ़्टिंग और केंद्र के 50 फ़ीसदी टैक्स का खर्च उठाना पड़ता है. इसके अलावा राज्य के 100 फ़ीसदी टैक्स, पूरे विदेशी कर्ज़ की भरपाई और परियोजना की लागत बढ़ने पर होने वाला ज़्यादातर खर्च भी राज्य सरकार को ही उठाना पड़ता है."
शिवकुमार ने कहा, "मेट्रो परियोजनाओं की लागत का आकलन हर शहर की ज़रूरत और हालात के हिसाब से होना चाहिए. इसके लिए पूरे देश के औसत आंकड़ों को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए."
उन्होंने कहा कि कई बार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को केंद्र सरकार से मंज़ूरी मिलने में दो से तीन साल लग जाते हैं, तब तक रिपोर्ट में दिए गए लागत के आंकड़े पुराने हो जाते हैं. उनके मुताबिक़, इसके बावजूद राज्य सरकारों के पास लागत में बदलाव करने का विकल्प नहीं होता.
उन्होंने कहा, "मेट्रो का फ़ायदा सभी लोगों को मिलता है. इसलिए इसकी आर्थिक ज़िम्मेदारी भी सभी को पूरी तरह साझा करनी चाहिए."
डीके शिवकुमार ने इन मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भी सौंपा.
परमाणु निगरानी एजेंसी ने जताई चिंता, 'अमेरिका- इसराइल के हमलों से पहले ऐसे हालात नहीं देखे'
इमेज स्रोत, Salih Okuroglu/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी
ईरान के इस्फ़हान में यूरेनियम संवर्धन केंद्र को लेकर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने चिंता जाहिर की है.
संयुक्त राष्ट्र की इस परमाणु निगरानी संस्था के मुताबिक, यह साफ़ नहीं है कि इस केंद्र में परमाणु सामग्री मौजूद है या नहीं. यहां तक कि इस केंद्र की सही जगह को लेकर भी जानकारी नहीं है.
एजेंसी ने कहा कि अमेरिका और इसराइल के हमलों से पहले कभी भी ऐसे हालात नहीं देखे गए हैं. हालांकि, उसने ईरान से अपील की है कि वह संयुक्त राष्ट्र के निरीक्षकों को अपने परमाणु केंद्रों में निगरानी की इजाज़त दे.
ईरान ने अब तक आईएईए के निरीक्षकों को ईरान के उन परमाणु केंद्रों में जाने की अनुमति नहीं दी है, जिन्हें पिछले साल इसराइल और अमेरिका के हमलों के दौरान निशाना बनाया गया था.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यमन पर लगे प्रतिबंधों को बढ़ाया
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, हूती विद्रोहियों का हमला (फ़ाइल फ़ोटो)
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने यमन पर लगे प्रतिबंधों को एक साल के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंज़ूर कर लिया.
इस प्रस्ताव में हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब पर हमलों की निंदा की गई है.
यह फ़ैसला हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब में तेल ठिकानों और सैन्य ठिकानों पर नए हमलों के एलान के बाद लिया गया है.
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि उनके लड़ाकों ने सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन के पंपिंग स्टेशन नंबर 7 को ड्रोन से निशाना बनाया.
इसके अलावा लाल सागर के किनारे स्थित यानबू में एक तेल ठिकाने पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया.
इसके बाद याह्या सरी ने दावा किया कि रियाद में सऊदी अरामको के ठिकानों को भी ड्रोन से निशाना बनाया गया है.
वहीं, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मालिकी ने कहा कि रियाद और शरकिया इलाक़े में दो ड्रोन को नष्ट कर दिया गया है.
यूएनएससी के प्रस्ताव में कहा गया कि हूती विद्रोहियों को तुरंत और बिना किसी शर्त के अपनी सैन्य गतिविधियां और हमले रोकने चाहिए.
संयुक्त राष्ट्र में ब्रिटेन की स्थायी प्रतिनिधि डेम सारा मैकइंटोश ने कहा कि इस प्रस्ताव की मंज़ूरी से पता चलता है कि यमन के अंदर और सऊदी अरब के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में हूती विद्रोहियों के हमलों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन की सरकार ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया. हालांकि, उसने इस बात पर अफ़सोस जताया कि हूती विद्रोहियों को आतंकवादी संगठन घोषित नहीं किया गया.
रूस-यूक्रेन: पुतिन ने पीस टॉक्स में यूरोप को क्यों दी एंट्री? | 13 नवंबर, 2026 | दिनभर बीबीसी हिन्दी
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
असम में मिनी बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर, 26 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असम में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हादसा
असम में शुक्रवार को काजीरंगा नेशनल पार्क के पास मिनी बस और कंटेनर बस की आमने-सामने की टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के सहयोगी पत्रकार दिलीप कुमार शर्मा ने पुलिस के हवाले से बताया है कि इस हादसे में 26 लोगों की मौत हुई है.
इससे पहले दुर्घटना स्थल का जायजा लेने पहुंचे असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा ने बताया था कि हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए.
अतुल बोरा का कहना है कि दोनों में से किसी एक वाहन की तेज़ रफ़्तार की वजह से ये हादसा हुआ. हालांकि, दुर्घटना की असली वजह जांच के बाद ही पता चल पाएगी."
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं. इनमें से कई लोग कॉलेज स्टूडेंट्स थे, जो अपनी क्लास ख़त्म होने के बाद घर लौट रहे थे.
पीटीआई के मुताबिक़ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे-715 पर कोहोरा रेंज के हाथीकुली टी एस्टेट के पास रोंगाजन में हुआ.
हादसे के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया में पोस्ट करके लिखा, "हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन इलाज मिल सके."
माइक्रोसॉफ़्ट का नया अपडेट, तकनीकी दिक्क़त ख़त्म करने की कोशिश कहां पहुंची
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, माइक्रोसॉफ़्ट आउटलुक
माइक्रोसॉफ़्ट ने अपने ताज़ा अपडेट में बताया कि उसकी सेवाओं को बहाल करने की दिशा में और प्रगति हुई है.
इस अपडेट में कहा गया है,"प्रभावित सर्वर के कुछ हिस्सों में सुधार का काम पूरा कर लिया गया है. अब धीरे-धीरे इंटरनेट ट्रैफ़िक को सामान्य किया जा रहा है."
कंपनी ने बताया कि आउटलुक में ईमेल अकाउंट खोलने और देरी से पहुंचने वाले ईमेल की समस्या में सुधार हुआ है.
हालांकि, कुछ यूज़र्स को अभी भी कुछ परेशानी हो सकती है.
माइक्रोसॉफ़्ट ने कहा कि उसका ध्यान बाकी प्रभावित सर्वर को ठीक करने और सेवाओं को स्थिर बनाने पर है.
इसके साथ ही क्षमता बढ़ाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि सभी सेवाएं पहले की तरह सुचारु रूप से काम कर सकें.
कंपनी ने बताया कि इस समस्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी माइक्रोसॉफ़्ट 365 एडमिन सेंटर के तहत दी गई है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, तकनीकी समस्या शुरू होने के कई घंटे बाद भी आउटलुक ईमेल, टीम्स मैसेजिंग ऐप और माइक्रोसॉफ़्ट 365 की दूसरी सेवाएं ठप रहीं.
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर क्या बोले अखिलेश यादव
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद के गठबंधन पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से बने गठबंधन के साथ आगे बढ़ेगी.
अखिलेश यादव ने कहा, "10 जनवरी से पहले चुनाव की तारीख आ जाएगी. पहले जो गठबंधन था, हम उसी के साथ आगे बढ़ रहे हैं. हमें लगता है कि उन्हें यहां स्थायी रूप से रहना चाहिए. ताकि बातचीत होती रहे."
"समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन साथ-साथ चुनाव की तैयारी कर रहे हैं. हम हर बूथ पर चुनाव लड़ रहे हैं. हमने 25 लाख डुप्लीकेट वोट खोजे हैं."
अखिलेश ने कहा, "समाजवादी पार्टी और पीडीए के लोग सामाजिक न्याय का राज्य बनाने के लिए बीजेपी का मुकाबला करेंगे."
दरअसल, 12 नवंबर को उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने गठबंधन का एलान किया था.
इस गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया गया है. ओवैसी ने चंद्रशेखर आज़ाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया है.
सम्राट चौधरी से मुलाक़ात के बाद क्या बोले प्रशांत किशोर
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से मुलाक़ात पर हो रही चर्चा के बाद बयान दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुलाकात की खूब चर्चा हो रही है. अब इस पर प्रशांत किशोर ने बयान दिया है.
प्रशांत किशोर ने कहा,"हम बिहार के मुख्यमंत्री से सामाजिक और राजनीतिक शिष्टाचार के तहत मिले हैं. मैं एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गया था. वहां सम्राट चौधरी भी मौजूद थे. हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि दूसरों से मिलते समय सामाजिक और राजनीतिक शिष्टाचार रखना चाहिए."
"सम्राट चौधरी से मेरी मुलाकात का यह मतलब नहीं है कि वो सातवीं फेल से अब अचानक पीएचडी की डिग्री हासिल कर लेंगे. अगर उन पर आपराधिक आरोप हैं, या मैंने पहले उन्हें अपराधी कहा है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि कल उनसे मुलाकात के बाद मैं उन्हें संत या महात्मा कहने लगूंगा. ये भ्रम न पालें."
प्रशांत किशोर ने कहा, ''मैंने यही बात नीतीश जी को लेकर भी कही थी. मैंने नीतीश जी के साथ काम भी किया है और उनका विरोध भी किया है. लेकिन उनसे मेरा कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है. लालू जी या किसी और से भी मेरा कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है.''
उन्होंने कहा, "हमारी लड़ाई बिहार में सुधार के लिए है. यह किसी एक व्यक्ति, जाति, सामाजिक वर्ग या राजनीतिक पार्टी के ख़िलाफ़ नहीं है. मेरी राजनीति का मकसद बिहार में सुधार करना है."
प्रशांत किशोर पहले भी सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता पर बोल चुके हैं. बताया जाता है कि सम्राट चौधरी ने इस पर आपत्ति जताई थी. हालांकि इस बारे में उनका कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे पर बीजेपी नेताओं ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भाजपा केरलम प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फ़ोन टैप करने का आरोप लगाया है. इसके बाद बीजेपी नेताओं ने इसका जवाब दिया है.
भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "मैं राहुल गांधी से पूरे सम्मान के साथ बस इतना ही कह सकता हूं कि उन्हें अपने दिमाग़ की जांच करवानी चाहिए. उनका फ़ोन टैप करने में किसी को दिलचस्पी नहीं है."
"किसी को कुछ जानना है, तो बस यह कि उनका दिमाग़ रोज़ सिर्फ़ झूठ बोलने पर ही क्यों चलता है."
वहीं, राहुल गांधी के फ़ोन टैपिंग के आरोपों पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा,"किसी विदेशी ने राहुल गांधी जी को हैक किया है. किसी को उनका फ़ोन हैक करने की ज़रूरत नहीं है."
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फ़ोन टैप करने का आरोप इंस्टाग्राम पर एक सवाल के जवाब में लगाया.
उन्होंने कहा, "आमने-सामने की बहस से साबित हो जाएगा कि विदेशी ताक़तों के नियंत्रण में कौन है और देश-विरोधी कौन है. वह कब से देश-विरोधी हैं और ऐसी कई दूसरी जानकारियां जो मुझे पता हैं और मेरे फ़ोन में मौजूद हैं."
केंद्र सरकार ने ज़ाकिर नाइक के संगठन आईआरएफ पर लगे प्रतिबंध को बढ़ाया
इमेज स्रोत, MOHD RASFAN/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ज़ाकिर नाइक के संगठन को इससे पहले 17 नवंबर 2016 और 15 नवंबर 2021 को भी ग़ैरक़ानूनी संगठन घोषित किया गया था
केंद्र सरकार ने इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध को और पांच साल के लिए बढ़ा दिया है.
गृह मंत्रालय ने 13 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की.
आईआरएफ के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. ज़ाकिर नाइक हैं.
सरकार का आरोप है कि संगठन और उसके सदस्य देश की सुरक्षा, सांप्रदायिक सौहार्द और धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था के लिए नुकसानदायक गतिविधियों में शामिल रहे हैं.
गृह मंत्रालय के मुताबिक़, ज़ाकिर नाइक अपने अनुयायियों को अलग-अलग धार्मिक समुदायों के बीच नफ़रत और वैमनस्य फैलाने के लिए उकसाते हैं और इसमें उनकी मदद भी करते हैं.
सरकार ने यह भी कहा है कि अगर आईआरएफ की गतिविधियों पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई तो संगठन अपनी गतिविधियां जारी रखेगा और फ़रार कार्यकर्ताओं को फिर से संगठित कर सकता है.
अधिसूचना में सरकार ने आरोप लगाया है कि संगठन सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने, राष्ट्र-विरोधी भावनाओं का प्रचार करने, अलगाववाद को बढ़ावा देने और देश की संप्रभुता, अखंडता तथा सुरक्षा के लिए नुकसानदायक गतिविधियों में शामिल हो सकता है.
आईआरएफ को इससे पहले 17 नवंबर 2016 और 15 नवंबर 2021 को भी ग़ैरक़ानूनी संगठन घोषित किया गया था.
अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
चौथे वनडे में न्यूज़ीलैंड 244 रन से जीता, भारतीय टीम 100 रन भी नहीं बना पाई
इमेज स्रोत, Michael Bradley / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय टीम 89 रन पर ऑलआउट हो गई
न्यूज़ीलैंड ने चौथे वनडे मुकाबले में भारत को 244 रन से हरा दिया है. भारतीय टीम 89 रन पर ऑलआउट हो गई.
माउंट मॉन्गानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 333 रन बनाए थे.
न्यूज़ीलैंड की ओर से विल यंग ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 125 रन बनाए. 334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ख़राब रही.
रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर खाता खोले बिना आउट हो गए.
भारत ने अपने शुरुआती चार विकेट जल्द ही गंवा दिए, जिसके बाद टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी. न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ मैट हेनरी ने 6 विकेट लिए.
भारत की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज़्यादा 27 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल और नमन धीर ने 21-21 रन की पारियां खेलीं.
पांच मैचों की सिरीज़ में भारत 2-1 से आगे है. पांचवां वनडे भी बे ओवल में ही खेला जाएगा.
राहुल गांधी बोले - प्रधानमंत्री मेरा फ़ोन टैप करते हैं
इमेज स्रोत, Ishant Chauhan/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री आमने-सामने बहस के लिए आएंगे, उस दिन सबको पता चल जाएगा कि विदेशी ताक़तों के नियंत्रण में कौन है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फ़ोन टैप करने का आरोप लगाया है. उन्होंने यह दावा इंस्टाग्राम पर एक सवाल के जवाब में किया.
राहुल गांधी से पूछा गया था कि मोदी कहते हैं कि आपको विदेशी मदद मिल रही है, जबकि आप मोदी पर विदेशी ताक़तों के नियंत्रण में होने का आरोप लगाते हैं. सबूत क्या हैं?
इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा, "सबूत यहां है. यह इस फ़ोन में है. प्रधानमंत्री को पता है क्योंकि वे मेरा फ़ोन टैप करते हैं."
उन्होंने कहा, "आमने-सामने की बहस से साबित हो जाएगा कि विदेशी ताक़तों के नियंत्रण में कौन है और देश-विरोधी कौन है. वह कब से देश-विरोधी हैं और ऐसी कई दूसरी जानकारियां जो मुझे पता हैं और मेरे फ़ोन में मौजूद हैं."
राहुल गांधी के दावों पर फ़िलहाल पीएम मोदी या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
न्यूज़ीलैंड ने ख़िलाफ़ 334 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत लड़खड़ाया, चार विकेट गिरे
इमेज स्रोत, Hannah Peters/Getty Images
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर खाता खोले बिना आउट हो गए हैं
न्यूज़ीलैंड के 334 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत ख़राब रही है. रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर खाता खोले बिना आउट हो गए हैं.
भारत ने पारी की शुरुआत में ही अपने चार अहम विकेट गंवा दिए हैं. इनमें से तीन विकेट मैट हेनरी ने लिए.
इससे पहले न्यूज़ीलैंड ने चौथे वनडे में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे.
न्यूज़ीलैंड की ओर से विल यंग ने सबसे ज़्यादा 125 रन बनाए. उन्होंने 108 गेंदों की पारी में 14 चौके और चार छक्के लगाए. टिम सेफ़र्ट ने 48 गेंदों में 58 रन बनाए.
फिन एलन ने 30 गेंदों में 41 रन और मिचेल सैंटनर ने 29 गेंदों में 24 रन बनाए.
भारतीय गेंदबाज़ों में अक़ीब नबी, गुरनूर बराड़ और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए.
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा- आउटेज ठीक करने की कोशिशें उम्मीद के मुताबिक़ काम नहीं कर रहीं
इमेज स्रोत, Illustration by Scott Olson/Getty Images
इमेज कैप्शन, माइक्रोसॉफ्ट की वेबसाइट के मुताबिक़, 43 करोड़ से अधिक लोग 'माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप्स' का इस्तेमाल करते हैं
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि उसकी सेवाओं को बेहतर बनाने और आउटेज ठीक करने के लिए किए जा रहे बदलाव उम्मीद के मुताबिक़ काम नहीं कर रहे हैं.
कंपनी इस समस्या को दूर करने के दूसरे तरीकों का परीक्षण कर रही है, ताकि उसके सिस्टम पर ज्यादा दबाव डाले बिना अधिक यूज़र्स को उसके प्लेटफॉर्म तक पहुंच दी जा सके.
इससे पहले कंपनी ने चेतावनी दी थी कि दोबारा शुरू की गई सेवाएं ट्रैफिक मिलने पर फिर से काम करना बंद कर सकती हैं.
माइक्रोसॉफ्ट की वेबसाइट के मुताबिक़, 43 करोड़ से अधिक लोग 'माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप्स' का इस्तेमाल करते हैं. इसमें आउटलुक और टीम्स जैसी सब्सक्रिप्शन सेवाएं शामिल हैं.
कंपनी का कहना है कि फॉर्च्यून 500 की 90 फ़ीसदी से अधिक कंपनियां उसके एआई चैटबॉट कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं.
ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के मुताबिक़, माइक्रोसॉफ्ट 365 का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की संख्या 30 से 40 लाख के बीच है.
अब तक के सबसे बड़े क्रिप्टो हैक में उत्तर कोरियाई हैकरों ने इस तरह चुराई लोगों की पहचान, केली एनजी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एफ़बीआई ने दावा किया कि नौकरियों का झांसा देकर लोगों की पहचान चुराई गई
अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि 400 मिलियन डॉलर से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी चोरी मामले में उत्तर कोरियाई सरकार के हैकर्स का हाथ है.
अधिकारियों के मुताबिक़, ये चोरी फ़र्जी वीडियो कॉल के ज़रिए लोगों की पहचान चुराकर की गई.
एफ़बीआई के मुताबिक़, पिछले 18 महीनों में 900 से अधिक लोग इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं. जांच एजेंसी ने इस धोखाधड़ी के तरीके को 'फ़ेसस्टीलर' नाम दिया है.
एफबीआई के साइबर निदेशक ब्रेट लीथमैन ने कहा, "उत्तर कोरियाई शासन अपने अवैध हथियार कार्यक्रम के लिए बड़े पैमाने पर क्रिप्टोकरेंसी की चोरी से मिलने वाली रकम पर निर्भर है. हाल के वर्षों में अरबों डॉलर की चोरी की गई है."
इमेज स्रोत, FBI
इमेज कैप्शन, एफ़बीआई के अनुसार, उत्तर कोरियाई हैकरों ने 900 लोगों के वीडियो सीक्रेट तरीके से रिकॉर्ड किए
यह मामला दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस के दावों के एक सप्ताह बाद सामने आया है.
इसमें कंपनी ने बताया था कि हैकरों ने फ़र्जी नौकरी के इंटरव्यू के ज़रिए रिकॉर्ड 6.3 अरब डॉलर (करीब 59,256 करोड़ रुपये) की चोरी की थी.
अमेरिकी क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बाइनेंस पर हुए इस हमले के लिए उत्तर कोरिया से जुड़े हैकरों को ज़िम्मेदार ठहराया था.
इसे अब तक का सबसे बड़ा क्रिप्टो हैक माना जा रहा है. हालांकि, उत्तर कोरिया ने इस आरोप से इनकार किया है.
ट्रंप ने क्यों कहा ईरान पर दोबारा हमला करने से हिचकिचाऊंगा नहीं?
इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि अगर मुझे लगा कि हालात विपरीत दिशा में जा रहे हैं तो मैं ऐसा करूंगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर उन्हें लगा कि ईरान में हालात ग़लत दिशा में जा रहे हैं, तो वह दोबारा सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे.
उन्होंने कहा कि ऐसा करने में उन्हें कोई हिचकिचाहट नहीं होगी. ट्रंप ने गुरुवार को 'सेलम न्यूज़' नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में ईरान के ख़िलाफ़ दोबारा सैन्य कार्रवाई की संभावना पर यह बात कही.
उन्होंने कहा, "अगर मुझे लगा कि हालात विपरीत दिशा में जा रहे हैं तो मैं ऐसा करूंगा. हो सकता है कि मैं अभी भी ऐसा कर दूं. मुझे इसमें कोई हिचकिचाहट नहीं होगी."
जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर वह व्हाइट हाउस छोड़ने तक ईरान की मौजूदा सरकार सत्ता में बनी रहती है तो क्या इसे उनकी हार माना जाएगा? इस पर उन्होंने कहा, "हां, यह हार होगी. निश्चित रूप से."
सेलम न्यूज़ के पत्रकार ह्यू हेविट ने ट्रंप से पूछा कि अगर ईरान किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की हत्या कर देता है तो वॉशिंगटन की क्या प्रतिक्रिया होगी?
इस पर ट्रंप ने कहा, "ऐसी स्थिति में उनका कुछ भी नहीं बचेगा."