विराट और रोहित जैसे माहिर खिलाड़ियों वाली टीम को न्यूज़ीलैंड से क्यों मिली बुरी हार, क्रिकेट दिग्गजों ने ये कहा

रोहित शर्मा और विराट कोहली
इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारतीय टीम के दिग्गज रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

भारतीय टीम को वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है.

न्यूज़ीलैंड ने शुक्रवार को बे ओवल मैदान पर खेले गए चौथे वनडे में भारत को 244 रन से हरा दिया.

334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 26.4 ओवर में मात्र 89 रन पर ऑलआउट हो गई. इस हार के बावजूद पांच मैचों की सिरीज़ में भारत 2-1 से आगे है.

न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारतीय टीम के दिग्गज रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया.

हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बल्लेबाज़ी को चिंता का विषय बताया.

गंभीर ने कहा कि बल्लेबाज़ों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ख़ुद को ढालना होगा.

गंभीर के मुताबिक़, न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों की सही लाइन और लेंथ ने भारतीय बल्लेबाज़ों को ज़्यादा परेशान किया.

वहीं, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने न्यूज़ीलैंड की गेंदबाज़ी को जीत का श्रेय दिया.

उन्होंने कहा कि मैट हेनरी ने शुरुआत से ही सही क्षेत्रों में गेंदबाज़ी की और भारतीय बल्लेबाज़ों को मुश्किल में डाल दिया.

'मैं तकनीकी पहलुओं में नहीं जाना चाहता'

गौतम गंभीर
इमेज कैप्शन, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने पिछले मुक़ाबले का ज़िक्र करते हुए कहा कि टीम लगातार विकेट गंवा रही है, जो चिंता का विषय है

दरअसल, मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर से पूछा गया कि भारतीय बल्लेबाज़ वॉबल सीम गेंदबाज़ी के सामने कमज़ोर क्यों नज़र आ रहे हैं?

दरअसल, 'वॉबल' का मतलब होता है हवा में लड़खड़ाना या डगमगाना. जब गेंदबाज़ इस तकनीक से गेंद फेंकता है, तो गेंद हवा में या पिच पर पड़ने के बाद सीधे जाने के बजाय हल्की सी डगमगाती है.

इससे जुड़े सवाल पर गंभीर ने कहा, "मैं तकनीकी पहलुओं में नहीं जाना चाहता. गेंद में बहुत ज़्यादा मूवमेंट नहीं था. गेंद की मूवमेंट को रोकना बल्लेबाज़ों का काम है. सीम से ज़्यादा गेंदबाज़ों की लेंथ और एरिया ने हमें परेशान किया. हमारे बल्लेबाज़ क्रीज़ पर ही जमे रह गए."

उन्होंने पिछले मुक़ाबले का ज़िक्र करते हुए कहा कि टीम लगातार विकेट गंवा रही है, जो चिंता का विषय है.

गंभीर के मुताबिक़, बल्लेबाज़ों को मानसिक और तकनीक के स्तर पर ऐसी परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा.

उन्होंने कहा, "हमारे पास अनुभवी खिलाड़ी हैं और उम्मीद है कि वे आख़िरी मुक़ाबले में बेहतर प्रदर्शन करेंगे."

गंभीर ने फ़ील्डिंग में हुई ग़लतियों पर भी चिंता जताई

गौतम गंभीर ने मैट हेनरी की गेंदबाज़ी की तारीफ़ की, लेकिन उनकी गेंदों को अजेय मानने से इनकार कर दिया.

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में अनुभवी बल्लेबाज़ मौजूद हैं और उन्हें ऐसी गेंदबाज़ी का सामना करने में सक्षम होना चाहिए.

 गौतम गंभीर

गंभीर ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई भी गेंद ऐसी नहीं होती जिसे खेला ही न जा सके. मैट हेनरी ने अच्छी जगह पर गेंदबाज़ी की, लेकिन हमें उसका सामना करना आना चाहिए. जब आपकी पूरी टीम 90 रन के आसपास आउट हो जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है. ये स्थिति तब है, जब विश्व कप क़रीब है. पिछले मैच में भी हमने सात विकेट गंवाए थे, इसलिए यह हमारे लिए चिंता का विषय है."

गंभीर ने फ़ील्डिंग में हुई ग़लतियों पर भी चिंता जताई. ख़ासतौर पर न्यूज़ीलैंड के शतकवीर विल यंग के दो कैच छूटने का ज़िक्र किया.

यंग ने इन मौक़ों का फ़ायदा उठाते हुए 125 रन की पारी खेली और न्यूज़ीलैंड को 333 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या कहा

वहीं, भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के बाद टीम के बल्लेबाज़ों का बचाव करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी ने अपना विकेट लापरवाही में नहीं गंवाया, बल्कि न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की.

अय्यर ने कहा, "पहली और दूसरी पारी में विकेट के व्यवहार में काफ़ी अंतर देखने को मिला. हालांकि, इसका श्रेय मैट हेनरी को भी जाता है. उन्होंने पहली ही गेंद से सही एरिया में गेंदबाज़ी की. उनका प्रदर्शन शानदार था."

श्रेयस अय्यर
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

भारतीय कप्तान ने स्वीकार किया कि न्यूज़ीलैंड की पारी के दौरान टीम ने गेंदबाज़ी में कई रणनीतियां अपनाईं, लेकिन मेज़बान बल्लेबाज़ों ने उनका अच्छी तरह सामना किया. उन्होंने फ़ील्डिंग में कैच छूटने को भी हार की एक वजह बताया.

अय्यर ने कहा, "पहली पारी में हमने लगभग हर तरह की कोशिश की. न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ काफ़ी अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे थे. हमें लगा था कि 330 रन बनने के बाद विकेट बल्लेबाज़ी के लिए बेहतर है और हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे. हालांकि, हमारे कुछ कैच भी छूटे, लेकिन क्रिकेट में ऐसा होता रहता है."

"जब हम ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो हमें लगा था कि लक्ष्य का पीछा आसानी से कर लेंगे. लेकिन गेंद जिस तरह सीम कर रही थी, उसे देखते हुए बल्लेबाज़ों के लिए पहले से तय करना मुश्किल था कि किस तरह खेलना है. अगर आप विकेट गिरने के तरीक़े देखें तो किसी ने अपना विकेट नहीं फेंका. न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों ने अच्छी गेंदें डालीं."

हार के बावजूद श्रेयस अय्यर ने टीम के खिलाड़ियों से इस मुक़ाबले को पीछे छोड़कर अगले मैच पर ध्यान देने की अपील की.

अय्यर ने कहा, "इस मैच को भूलना और आगे बढ़ना ज़रूरी है. हमें गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी में हुई ग़लतियों का विश्लेषण करना होगा. हालांकि, हमें यह भी याद रखना चाहिए कि हमने दो मुक़ाबले जीते हैं. उन जीतों से प्रेरणा लेकर नए नज़रिए और सकारात्मक सोच के साथ अगले मैच में उतरना होगा."

न्यूज़ीलैंड के कप्तान बोले- हमारा लक्ष्य और बड़ा था

न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने 244 रन की बड़ी जीत पर खुशी जताई.

सैंटनर ने विल यंग की शतकीय पारी की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने टीम को मज़बूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

हालांकि, उनके मुताबिक़ न्यूज़ीलैंड की टीम 360 रन का लक्ष्य लेकर चल रही थी और बल्लेबाज़ों के पास कुछ और रन बनाने का मौका था.

सैंटनर ने मैट हेनरी की गेंदबाज़ी की भी तारीफ़ की. उन्होंने बताया कि हेनरी इस मुकाबले में खेलने के लिए काफी उत्सुक थे और नई गेंद से परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए वह सबसे सही गेंदबाज़ थे.

उन्होंने कहा कि रविवार को पिच और परिस्थितियों का आकलन करने के बाद अगले मुकाबले की रणनीति तय की जाएगी.

दिनेश कार्तिक, अंजुम चोपड़ा और अजय जडेजा क्या बोले

दिनेश कार्तिक
इमेज कैप्शन, दिनेश कार्तिक ने कहा कि कुलदीप को अपने रन-अप और गेंद छोड़ने के तरीके पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत थी (फ़ाइल फ़ोटो)

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. कुलदीप ने आठ ओवर में 73 रन दिए, लेकिन उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला.

कुलदीप की गेंदबाज़ी को लेकर पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ दिनेश कार्तिक ने कहा कि वह अपने रन-अप और गेंद रिलीज़ करने के तरीके और बेहतर कर सकते थे.

मैच के दौरान मिड-इनिंग ब्रेक में क्रिकबज़ से बातचीत करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा, "कुलदीप को अपने रन-अप और गेंद छोड़ने के तरीके पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत थी. हालांकि, लंबे समय तक प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने के बाद अचानक अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले में उतरकर अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता."

वहीं, भारत की पूर्व क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ चौथे वनडे में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं.

उन्होंने सोनी स्पोर्ट्स पर एक चर्चा के दौरान इसे अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ के साथ नाइंसाफ़ी बताया.

अंजुम का मानना है कि अच्छी लय में चल रहे सिराज को टीम में शामिल करने के बाद भी मैदान पर खेलने का मौका नहीं दिया गया.

इसी चर्चा में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर अजय जडेजा ने भी सिराज को चौथे वनडे में मौका नहीं मिलने पर हैरानी जताई.

उन्होंने कहा कि बाकी टेस्ट खिलाड़ियों को टेस्ट सिरीज़ की तैयारी के लिए पहले ही टीम से रिलीज़ कर दिया गया था, लेकिन सिराज को टीम के साथ बनाए रखा गया.

इससे ऐसा लग रहा था कि उन्हें आख़िरी दो वनडे मुकाबलों में मौका मिल सकता है.

हालांकि, जडेजा ने यह भी कहा कि संभव है सिराज को कोई हल्की चोट या परेशानी हो, जिसकी वजह से टीम प्रबंधन उन्हें खिलाने का जोखिम नहीं लेना चाहता हो.

उन्होंने कहा कि हो सकता है टीम उन्हें अगले मुकाबले में मौका देने की योजना बना रही हो. जडेजा के मुताबिक़, सिराज कोई नए खिलाड़ी नहीं हैं और उनकी काबिलियत पर सवाल नहीं उठाया जा सकता.

सुनील गावस्कर ने न्यूज़ीलैंड की तारीफ़ की

सुनील गावस्कर
इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों के प्रदर्शन की सराहना की (फ़ाइल फ़ोटो)

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान न्यूज़ीलैंड की शानदार जीत की तारीफ़ की.

उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि अगर मैच में फ़ॉलोऑन होता तो दर्शकों को रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक बार फिर बल्लेबाज़ी करते हुए देखने का मौका मिल सकता था.

गावस्कर ने कहा, "न्यूज़ीलैंड ने 244 रनों से जीत दर्ज की है, जो बहुत बड़ी जीत है. हम सभी लाउंज में बैठे थे और इस बात पर मज़ाक कर रहे थे कि अगर फ़ॉलोऑन होता तो हमें रोहित और विराट को देखने का एक और मौका मिल जाता. हालांकि, अभी एक मैच बाकी है."

इस दौरान गावस्कर ने न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने भारतीय बल्लेबाज़ों के आउट होने के पीछे गेंदबाज़ों की बेहतरीन लाइन और लेंथ को अहम वजह बताया.

साथ ही उन्होंने श्रेयस अय्यर की बात से सहमति जताते हुए कहा कि भारतीय बल्लेबाज़ों ने अपने विकेट आसानी से नहीं गंवाए.

गावस्कर के मुताबिक़, मैट हेनरी ने जिस सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाज़ी की और गेंद को जिस तरह स्विंग कराया, उससे बल्लेबाज़ी करना आसान नहीं था.

उन्होंने बीच-बीच में बाउंसर का भी इस्तेमाल किया, जिसने बल्लेबाज़ों की मुश्किलें बढ़ाईं.

पूर्व कप्तान ने कहा, "गेंदबाज़ी शानदार थी. मैट हेनरी की लाइन और लेंथ बेहतरीन थी. वह गेंद को अच्छी तरह मूव करा रहे थे और कभी-कभी बाउंसर का भी इस्तेमाल कर रहे थे. ऐसे में बल्लेबाज़ी करना आसान नहीं था. जैसा कि श्रेयस ने भी कहा, किसी ने अपना विकेट तोहफ़े में नहीं दिया. बल्लेबाज़ अच्छी गेंदों पर आउट हुए और क्रिकेट में ऐसा कई बार होता है."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.