हनी ट्रैप: जब प्यार और रिश्ते बन जाते हैं जासूसी के हथियार

इमेज स्रोत, Reuters
भरोसा, रिश्ता और नज़दीकियां. ऐसा लगे कि बस यही प्यार है. लेकिन इंटेलिजेंस और स्टेटक्राफ़्ट की दुनिया में मोहब्बत भी एक हथियार हो सकती है. इस हथियार का नाम है हनी ट्रैप.
इन दिनों यह शब्द ख़बरों में छाया हुआ है. क्योंकि एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ संबंधों की ख़बरें सामने आई हैं.
उनके कुछ और अफ़ेयर्स की भी चर्चा है.
हालांकि, ऐसे कोई सबूत सामने नहीं आए हैं, जिनसे यह साबित हो सके कि यह हनी ट्रैप का मामला था या कोई गोपनीय जानकारी साझा की गई थी.
चीन ने भी इन आरोपों को ख़ारिज किया है. लेकिन इस विवाद ने हनी ट्रैप को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.
लेकिन सवाल है कि दुनिया भर की सुरक्षा एजेंसियां हनी ट्रैप को इतना गंभीर ख़तरा क्यों मानती हैं?
हनी ट्रैप क्या होता है?
कैम्ब्रिज डिक्शनरी के मुताबिक़, हनी ट्रैप का मतलब है किसी शख़्स को रिझाकर या रोमांटिक रिश्ता बनाकर अपने जाल में फंसाना, ताकि उससे कोई मक़सद पूरा किया जा सके.
अगर कोई शख़्स दोस्ती, प्रेम या भावनात्मक रिश्ता बनाकर ऐसी जानकारी हासिल करने की कोशिश करे, जो आमतौर पर उसकी पहुंच से बाहर हो, तो इसे हनी ट्रैप कहा जा सकता है.
जासूसी की दुनिया में ऐसा कई वजहों से किया जा सकता है.
गोपनीय सरकारी सूचनाएं या सैन्य सिस्टम से जुड़ी जानकारियां हासिल करने के लिए. नई तकनीक या रिसर्च तक पहुंच बनाने के लिए. आर्थिक या राजनीतिक फ़ायदा उठाने के लिए.
या किसी प्रभावशाली शख़्सियत पर दबाव बनाने, यहां तक कि उसे ब्लैकमेल करने के लिए.
यानी असली मक़सद प्यार, इश्क़ और मोहब्बत की कहानी नहीं, बल्कि उसके ज़रिए मिलने वाली जानकारी या किसी ख़ास व्यक्ति तक पहुंच बनाना होता है.
इतिहास में हनी ट्रैप

इमेज स्रोत, BIBLIOTHÈQUE NATIONALE DE FRANCE
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
हनी ट्रैप की चर्चा हो और माताहारी का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है.
पहले विश्वयुद्ध के दौर में माताहारी यूरोप की मशहूर डांसर थीं. उन पर जर्मनी के लिए जासूसी करने का आरोप लगा था. 1917 में फ्रांस ने उन्हें मौत की सज़ा दी.
हालांकि, इतिहासकार आज भी इस बात पर एकमत नहीं हैं कि उनके ख़िलाफ़ सबूत कितने मज़बूत थे. लेकिन हनी ट्रैप और जासूसी की चर्चा में उनका नाम आज भी एक प्रतीक के तौर पर लिया जाता है.
कोल्ड वॉर के दौर में भी ऐसे आरोप बार-बार सामने आए.
ब्रिटिश इतिहासकार रिचर्ड डीकन अपनी किताब 'स्पाइक्लोपीडिया' में लिखते हैं, "कोल्ड वॉर के दौरान रूस की केजीबी ख़ुफ़िया एजेंसी 'मोज़नो' कोडवर्ड नाम की महिला जासूसों का इस्तेमाल विदेशी अधिकारियों के क़रीब पहुंचने, उनसे गुप्त रिश्ते क़ायम करने और फिर ख़ुफ़िया दस्तावेज़ हासिल करने के लिए करती थी."
पश्चिमी देशों का आरोप था कि सोवियत यूनियन की इंटेलिजेंस एजेंसियां विदेशी अधिकारियों और डिप्लोमेट्स तक पहुंच बनाने के लिए निजी रिश्तों का इस्तेमाल करती थीं.
बाद में ब्रिटेन की ख़ुफ़िया एजेंसी एमआई5 ने भी चेतावनी दी थी कि विदेशी एजेंसियां प्रभावशाली लोगों तक पहुंचने के लिए निजी रिश्तों को हथियार बना सकती हैं.
भारत में चर्चा में रहे मामले

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत में भी समय-समय पर ऐसे मामले चर्चा में रहे हैं.
रॉ के ऐंटी-टेररिज़म डिवीज़न के पूर्व प्रमुख बी. रमण की किताब 'द काउ बॉएज़ ऑफ़ रॉ: डाउन मेमोरी लेन' में इससे जुड़ा एक क़िस्सा मौजूद है.
किताब के मुताबिक़, मॉस्को में तैनात एक युवा भारतीय डिप्लोमेट को एक रूसी डांसर से प्यार हो गया था.
जब रूस की ख़ुफ़िया एजेंसी केजीबी ने उस डांसर के ज़रिए डिप्लोमेट से कुछ जानकारी हासिल करने की कोशिश की, तो उन्होंने साफ़ मना कर दिया. इसके बाद वह दिल्ली आए और प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पूरी बात बता दी.
साल 2010 में पाकिस्तान में तैनात भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी माधुरी गुप्ता को संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.
बाद में दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें तीन साल जेल की सज़ा सुनाई.
हाल के वर्षों में डीआरडीओ के वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप कुरुलकर का मामला भी काफ़ी चर्चा में रहा.
इस मामले ने राष्ट्रीय सुरक्षा और हनी ट्रैप जैसे ख़तरों पर बहस को मुख्यधारा में ला दिया.
हाई-टेक दौर में भी बड़ा ख़तरा क्यों?

इमेज स्रोत, Getty Images
अब सवाल है कि जब दुनिया एआई और साइबर सुरक्षा के दौर में प्रवेश कर चुकी है, तब भी हनी ट्रैप जैसे इंटेलिजेंस के पुराने हथियार को बड़ा ख़तरा क्यों माना जाता है?
इसकी वजह सीधी है. किसी भी संस्था की सबसे बड़ी ताक़त उसकी जानकारी होती है.
और उस जानकारी तक पहुंचने का सबसे आसान रास्ता कई बार कंप्यूटर नहीं, बल्कि इंसान होते हैं.
आज एक मोबाइल फ़ोन, लैपटॉप या ईमेल अकाउंट में बहुत सारी संवेदनशील जानकारी मौजूद हो सकती है.
यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियां सिर्फ़ साइबर हमलों पर ही नहीं, बल्कि इंसानी रिश्तों के ज़रिए होने वाली संभावित घुसपैठ पर भी नज़र रखती हैं.
जेनसन हुआंग विवाद

इमेज स्रोत, Getty Images
यहीं टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग का मामला चर्चा में आता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों को लेकर जांच की जा रही है.
जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी के साथ बेवफ़ाई करने की बात स्वीकार की है और अपने परिवार से माफ़ी मांगी है.
वहीं, एनवीडिया ने स्वतंत्र जांच शुरू की है और उसका कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई ख़तरा नहीं है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि एफ़बीआई भी इस मामले की जांच कर रही है.
हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी. लेकिन एक बात साफ़ है.
माताहारी के दौर से लेकर सोशल मीडिया और एआई के दौर तक, हनी ट्रैप की कहानियां बार-बार सामने आती रही हैं.
क्योंकि जासूसी की दुनिया में तकनीक चाहे जितनी बदल जाए, जानकारी तक पहुंचने का सबसे असरदार रास्ता कई बार इंसानी भरोसा ही होता है.
और शायद यही वजह है कि हनी ट्रैप आज भी दुनिया भर की सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.




















