'अमेरिका में अरब और मुस्लिम नेताओं का बढ़ता असर': अब्दुल अल-सैयद की जीत को कैसे देख रहा है अरब और इसराइली मीडिया

अब्दुल अल-सैयद
    • Author, नेविन यूसुफ़
    • पदनाम, बीबीसी मॉनिटरिंग
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 9 मिनट
अब्दुल अल-सैयद
इमेज कैप्शन, अमेरिकी सीनेट के लिए अब्दुल अल-सैयद की जीत को उनके समर्थक राजनीतिक और सांस्कृतिक बाधाओं को पार कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के तौर पर देख रहे हैं

अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर चुने गए अब्दुल अल-सैयद की जीत की गूंज पूरे अरब जगत में सुनाई दी है.

पैन-अरब और क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों ने उनकी जीत के प्रतीकात्मक और राजनीतिक महत्व पर प्रमुखता से चर्चा की है.

कई टिप्पणीकारों ने मिशिगन के इस राजनेता की सफलता को अमेरिकी राजनीति में अरब और मुस्लिम अमेरिकियों के बढ़ते प्रभाव का संकेत माना है.

यह जीत ऐसे समय में हुई है, जब ग़ज़ा, अमेरिका की मध्य पूर्व नीति और अल्पसंख्यकों के प्रतिनिधित्व को लेकर बहस बेहद तीखी है.

हालांकि, सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर तीखा मतभेद भी देखने को मिला.

समर्थकों ने राजनीतिक और सांस्कृतिक बाधाओं को पार कर जीत हासिल करने के लिए अल-सैयद की सराहना की है.

दूसरी ओर, आलोचकों ने उनकी राजनीतिक संबद्धताओं और मध्य पूर्व से जुड़े उनके पुराने रुख़ पर सवाल उठाए हैं.

कौन हैं अब्दुल अल-सैयद?

अब्दुल अल-सैयद
इमेज कैप्शन, अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में जीत के बाद अब्दुल अल-सैयद और उनकी पत्नी डॉ. सारा जुकाकू गले मिलते हुए

अब्दुल अल-सैयद डॉक्टर, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट और प्रगतिशील राजनेता हैं. उनके माता-पिता मिस्र से आकर अमेरिका में बस गए थे.

छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

साल 2018 में मिशिगन के गवर्नर पद के लिए चुनाव अभियान के दौरान उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी.

उन्होंने मिशिगन और ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. वो डेट्रॉयट हेल्थ डिपार्टामेंट के कार्यकारी निदेशक हैं.

अल-सैयद ने एक बार कहा था कि अगर उन्हें अमेरिका में शिक्षा के अवसर नहीं मिले होते तो शायद वे मिस्र में टैक्सी चला रहे होते.

उनके विरोधी अक्सर इस बयान का हवाला देते हुए कहते हैं कि मिस्र की राजनीतिक और सामाजिक-आर्थिक व्यवस्था को लेकर उनका नज़रिया आलोचनात्मक है.

पांच नवंबर को एमएस नाऊ पर एक कार्यक्रम में अल-सैयद ने मिस्र और इसराइल को अमेरिकी विदेशी सहायता बंद करने और इसराइल को हथियारों की बिक्री रोकने का समर्थन किया था.

उनका कहना था कि अमेरिकी करदाताओं का पैसा ग़ज़ा और वेस्ट बैंक में सैन्य कार्रवाइयों के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए.

अल-सैयद ने एबीसी नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में ईरान के साथ युद्ध में शामिल होने के फ़ैसले को "बेवकूफ़ी भरा विचार" बताया था और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को "मूर्ख" कहा था.

हालांकि, उनके इन बयानों पर उनके विरोधियों की भी नज़र रही है.

उन्होंने उनके बैकग्राउंड और प्रतिबंधित मुस्लिम ब्रदरहुड से कथित संबंधों को लेकर सवाल उठाए हैं.

आलोचक क्या कहते हैं?

स्काई न्यूज़
इमेज कैप्शन, स्काई न्यूज़ अरेबिया ने कहा कि अब्दुल अल-सैयद के मुस्लिम ब्रदरहुड से संबंध हैं

मिस्र सरकार के समर्थक यूट्यूबर लोआई अल-ख़तीब ने कहा कि अब्दुल ने मुस्लिम ब्रदरहुड की विचारधारा को साफ़ तौर पर अपनाया है.

उनके मुताबिक़, अब्दुल के विजय भाषण से यह भी पता चलता है कि वे अपने देश अमेरिका से कितना प्यार करते हैं और अमेरिका के हितों को प्राथमिकता देंगे.

सोशल मीडिया यूज़र @suzymerit ने अब्दुल अल-सैयद की चुनावी जीत के व्यापक जश्न की तुलना मिस्र मूल के दो अन्य अमेरिकी उम्मीदवारों एडम हिशाम हमवी और जॉर्ज समीर हेल्मी की जीत को मिली अपेक्षाकृत कम चर्चा से की.

उन्होंने दावा किया कि अब्दुल अल-सैयद की जीत को मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़े एक "ताक़तवर प्रचार अभियान" के ज़रिए अधिक प्रचारित किया जा रहा है.

यूएई स्थित स्काई न्यूज़ अरेबिया ने कहा कि अल-सैयद ने पश्चिमी देशों में प्रभाव हासिल करने के लिए अमेरिकी लोकतांत्रिक व्यवस्था का इस्तेमाल किया, जबकि कथित तौर पर वे मुस्लिम ब्रदरहुड और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के एजेंडे के अनुरूप काम कर रहे हैं.

इस बीच, कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने एलजीबीटीक्यू+ अधिकारों के समर्थन को लेकर भी अल-सैयद की आलोचना की.

लेबनान के एक यूज़र @Nath_limited_ed ने कहा कि अब्दुल ट्रांसजेंडर अधिकारों और जेंडर ट्रांज़िशन, गर्भपात, नारीवादी विचारों और कृत्रिम गर्भाधान का समर्थन करते हैं.

उन्होंने उनके समर्थकों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वे सिर्फ़ ट्रंप का विरोध करने के लिए इन मुद्दों को नज़रअंदाज़ कर रहे हैं.

मिस्र के टीवी होस्ट और सरकार के कट्टर समर्थक अहमद मूसा ने अल-सैयद पर तीखा हमला करते हुए उन्हें "मिस्र और उसकी सेना से नफ़रत करने वाला" बताया.

उन्होंने कहा, "अब्दुल विकृत और ट्रांसजेंडर लोगों का समर्थक है... वह इस्लाम में हराम कही जाने वाली हर चीज़ का समर्थक है और जासूस मोहम्मद मुर्सी और उसके गद्दार गिरोह का समर्थक है."

समर्थक क्या कह रहे हैं?

अब्दुल अल-सैयद
इमेज कैप्शन, अब्दुल अल-सैयद 9 नवंबर, 2026 को सीनेट के लिए ओरिएंटेशन बैठक में शामिल होने के लिए जाते हुए

अब्दुल अल-सैयद के समर्थकों ने आम तौर पर उनकी जीत को अरब अमेरिकी और मुस्लिम अमेरिकी समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए एक उपलब्धि बताया है.

मिस्र के विपक्षी टिप्पणीकार सामी कमालुद्दीन ने अल-सैयद के उन बयानों की सराहना की, जिनमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि मिस्र को "सैन्य शासन से बचाया" जा सकता है.

उन्होंने अमेरिका की ओर से मिस्र को दी जाने वाली आर्थिक सहायता को भी मिस्र के लोगों के बजाय एक सत्तावादी व्यवस्था का समर्थन बताया था.

कुछ टिप्पणीकारों ने अल-सैयद की जीत के बहाने अमेरिका और मिस्र की राजनीतिक व्यवस्थाओं की व्यापक तुलना भी की.

लेखक अम्मार अली हसन ने कहा कि ट्रंप और इसराइल समर्थक लॉबिंग समूहों ने मिलकर अब्दुल अल-सैयद को हराने की कोशिश की.

लेकिन उनके अनुसार, "सतर्क संविधान, काम करने वाली संस्थाएं, मतदाताओं की इच्छा और स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया" ने आख़िरकार उनके प्रतिद्वंद्वी को हराने में मदद की.

इस बीच, क़तर के ब्रॉडकास्टर अल-जज़ीरा ने अल-सैयद की जीत का स्वागत करते हुए रिपोर्ट किया कि उन्होंने कहा था, "मैं मुस्लिम ब्रदरहुड का सदस्य नहीं था."

समर्थकों को उनकी जीत से क्या उम्मीद है?

अब्दुल सैयद

समर्थकों का कहना है कि अल-सैयद की सफलता इस बात का प्रमाण है कि अमेरिकी राजनीति में अक्सर "हाशिये पर" रहने वाले समुदाय अब नीतियों और सार्वजनिक बहस को अधिक प्रभावी ढंग से प्रभावित कर सकते हैं.

कुछ अरब मीडिया संस्थानों और टिप्पणीकारों ने राष्ट्रीय राजनीति में उनके संभावित भविष्य को लेकर भी अटकलें लगाई हैं.

इनमें यह सवाल भी शामिल है कि क्या वे भविष्य में अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं.

हालांकि, इस चर्चा का मुख्य आधार निकट भविष्य में उनके राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने की वास्तविक संभावना से अधिक उनके राजनीतिक उभार का प्रतीकात्मक महत्व है.

कई लोगों ने अल-सैयद की जीत को "अल-अक्सा फ़्लड ऑपरेशन के वैश्विक असर" से भी जोड़ा.

यह शब्द सात अक्तूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में इसराइल पर हुए हमले के संदर्भ में इस्तेमाल किया गया है.

इन लोगों का मानना है कि इसराइली नीतियों की आलोचना करने वाले अल-सैयद फ़लस्तीन-इसराइल संघर्ष को लेकर अमेरिका के रुख़ में बदलाव लाने में भूमिका निभा सकते हैं.

इस बीच, कुछ टिप्पणीकारों को उम्मीद है कि उनके चुनाव में दिखा राजनीतिक बदलाव अंततः क्षेत्र की सत्तावादी सरकारों के लिए अमेरिका और पश्चिम के समर्थन को कमज़ोर कर सकता है.

मुस्लिम ब्रदरहुड समर्थक माने जाने वाले मेकामेलीन टीवी के होस्ट मोहम्मद नासिर ने अनुमान जताया, "आने वाले दिन मध्य पूर्व की तानाशाही सरकारों के लिए मुश्किल भरे दिख रहे हैं."

उन्होंने ख़ास तौर पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तह अल-सीसी की सरकार का ज़िक्र किया.

इसराइली मीडिया अब्दुल अल-सैयद को कैसे देखता है?

अब्दुल अल सैयद
इमेज कैप्शन, दक्षिणपंथी चैनल 14 ने अब्दुल अल-सैयद को "यहूदी विरोधी" बताया

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव से पहले और उसके बाद इसराइली मीडिया ने अब्दुल अल-सैयद को व्यापक कवरेज दी है.

कई मीडिया संस्थानों ने उनकी मुस्लिम बैकग्राउंड और उस रुख़ को प्रमुखता से उठाया, जिसे कई संस्थानों ने इसराइल विरोधी बताया.

इस कवरेज में दक्षिणपंथी इसराइली मीडिया का एक व्यापक रुख़ भी दिखाई देता है, जो अमेरिकी सरकार में अरब दलों या नेताओं की भागीदारी का विरोध करता है और इसे इसराइल की सुरक्षा और यहूदी पहचान के लिए ख़तरे के रूप में पेश करता है.

दक्षिणपंथी चैनल 14 ने अब्दुल अल-सैयद को "यहूदी विरोधी" बताया और उनके उन कथित संबंधों को प्रमुखता से उठाया, जिन्हें चैनल ने कट्टरपंथी वामपंथी, कम्युनिस्ट और इस्लामी कार्यकर्ताओं के एक चरमपंथी गठजोड़ से जोड़ा.

चैनल ने इसराइल विरोधी आंदोलनों से उनके संबंधों का भी ज़िक्र किया और कहा कि उनके कुछ समर्थक पहले ही उनसे अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने की अपील कर रहे हैं.

दक्षिणपंथी अख़बार इसराइल हायोम ने अपनी हेडलाइन में अब्दुल अल-सैयद को "सीनेट में इसराइल विरोधी प्रतीक" बताया.

रिपोर्ट में उनके विजय भाषण का हवाला देते हुए कहा गया कि उन्होंने कहा था, "हमारा पैसा अब नरसंहार या रंगभेद के लिए इस्तेमाल नहीं होगा."

रिपोर्ट में फॉरवर्ड के एक सर्वेक्षण का भी हवाला दिया गया, जिसके अनुसार मिशिगन में शुरुआती मतदान करने वाले यहूदी मतदाताओं में से 60 फ़ीसदी ने उन्हें वोट दिया था.

एक अलग लेख में इसराइल हायोम ने अमेरिका में "मुस्लिमों के बढ़ते राजनीतिक वर्चस्व" को लेकर चेतावनी दी.

अख़बार ने मुस्लिम उम्मीदवारों को दुनिया पर "क़ब्ज़ा करने की कोशिश" करने वाला बताया और उनके प्रति इसराइल विरोधी रुख़ दिखाया.

अख़बार ने इसराइल में मुस्लिमों की राजनीतिक भागीदारी से भी इसकी तुलना की.

उसने फ़लस्तीनी बहुल राजनीतिक दलों का ज़िक्र करते हुए कहा कि इसराइली राजनीति में उनकी भूमिका और भी बड़ा ख़तरा पैदा कर सकती है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.