सोनिया गांधी की किताब कितना कुछ बताती है और क्या नहीं बताती है?

किताब में सोनिया गांधी ने इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या के बाद अपने दुख को खुलकर बताया है, लेकिन कई राजनीतिक सवालों को अनुत्तरित भी छोड़ दिया है.
इमेज कैप्शन, किताब में सोनिया गांधी ने इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या के बाद अपने दुख को खुलकर बताया है, लेकिन कई राजनीतिक सवालों को अनुत्तरित भी छोड़ दिया है
    • Author, रशीद किदवई
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 11 मिनट

जुलाई 2003 में सोनिया गांधी शिमला में कांग्रेस की एक चिंतन बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं. यह बैठक अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए बुलाई गई थी.

माहौल उत्साह से भरा था और खुलकर चर्चा हो रही थी. पार्टी नेतृत्व को यह समझ आने लगा था कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन ज़रूरी हो सकता है.

इसी दौरान सोनिया को पता चला कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि चुनाव में कांग्रेस का नेतृत्व किसे करना चाहिए. यह जानकर वह हैरान रह गईं.

वह पांच साल से कांग्रेस अध्यक्ष थीं. उन्होंने देशभर की यात्राएं की थीं, चुनाव प्रचार किया था, विपक्ष का नेतृत्व किया था और दल-बदल और लगातार बिगड़ते चुनावी प्रदर्शन से जूझ रही पार्टी को दोबारा खड़ा करने की कोशिश की थी.

इसके बावजूद कांग्रेस के भीतर कुछ लोगों को अब भी इस बात पर संदेह था कि संसदीय चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए वह सही व्यक्ति हैं या नहीं.

एचसीआई की ओर से 10 नवंबर को जारी हुई अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' में सोनिया लिखती हैं कि इस बात से उन्हें चोट पहुंची थी.

राजनीतिक विरोधी उनकी भारतीय पहचान पर सवाल उठाते रहे थे और अब उन्हें इसकी आदत हो चुकी थी. लेकिन अपने ही साथियों के मन में ऐसी शंका होना बिल्कुल अलग बात थी.

सोनिया ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. बिलॉन्गिंग के इस हिस्से से भी यह साफ़ होता है:

मैंने अपने सहयोगी को बुलाया और वरिष्ठ नेताओं के उस समूह के पास संदेश भेजा. कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर चुनाव अभियान का नेतृत्व करना मेरा कर्तव्य था और मेरा इससे अलग कुछ करने का कोई इरादा नहीं था. जब मैं आख़िरकार हॉल में पहुंची और राजनीतिक प्रस्ताव सबके सामने पढ़ा गया, तो स्थिति साफ़ थी. मैं पार्टी का नेतृत्व करूंगी और बीजेपी को हराने के लिए हम गठबंधन बनाने को तैयार रहेंगे.

सोनिया गांधी का संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' हार्परकॉलिन्स इंडिया ने 10 नवंबर को भारत में प्रकाशित किया.
इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी का संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' हार्परकॉलिन्स इंडिया ने 10 नवंबर को भारत में प्रकाशित किया

यह घटना उनके संस्मरण के सबसे अहम हिस्सों में से एक है. यह सोनिया गांधी की उस जानी-पहचानी छवि को चुनौती देती है, जिसमें उन्हें अनिच्छा से राजनीति में आने वाली और सत्ता को लेकर उदासीन महिला के रूप में देखा जाता है.

राजनीति में आने को लेकर उनकी हिचक वास्तविक थी, लेकिन अपने पद के साथ मिले अधिकार का इस्तेमाल करने का उनका इरादा भी उतना ही मज़बूत था.

जो महिला राजनीति में नहीं आना चाहती थीं, वह इसकी ज़िम्मेदारियां स्वीकार करने के बाद ख़ुद को किनारे किए जाने के लिए तैयार नहीं थीं.

यही विरोधाभास पूरी बिलॉन्गिंग में दिखाई देता है. इस किताब की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि यह बताती है कि अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर बेहद सतर्क रहने वाली एक महिला किस तरह एक मज़बूत राजनीतिक रणनीतिकार बनीं.

लेकिन इसकी सीमा यह है कि सोनिया अपनी भावनाओं के बारे में तो खुलकर बताती हैं, मगर अपने राजनीतिक फ़ैसलों के नतीजों पर अक्सर उतनी बात नहीं करतीं.

सोनिया गांधी के राजनेता बनने की कहानी

इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने परिवार, रिश्तों, निजी दुख और राजनीतिक सफ़र के बारे में लिखा है.
इमेज कैप्शन, इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने परिवार, रिश्तों, निजी दुख और राजनीतिक सफ़र के बारे में लिखा है
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

सोनिया की राजनीतिक यात्रा को अक्सर लंबे समय तक चली हिचक की कहानी के रूप में बताया जाता है.

1980 में संजय गांधी की मौत के बाद उन्होंने राजीव गांधी के राजनीति में आने का विरोध किया था. 1991 में राजीव की हत्या के बाद भी उन्होंने बार-बार मिले राजनीतिक भूमिका संभालने के प्रस्तावों को ठुकराया.

लेकिन कोई पद संभालने की इच्छा न होने का मतलब यह नहीं था कि राजनीति में उनकी दिलचस्पी नहीं थी.

सोनिया के भीतर का राजनेता कांग्रेस में औपचारिक रूप से शामिल होने से बहुत पहले आकार लेने लगा था.

इंदिरा गांधी के साथ रहते हुए, राजीव के साथ उनकी यात्राओं पर जाते हुए और आपातकाल, बोफ़ोर्स और अयोध्या से जुड़े विवादों को देखते हुए वह भारतीय राजनीति की भाषा, उसकी सहज समझ और उसके विरोधाभासों को अपने भीतर समेट रही थीं.

यह प्रक्रिया धीरे-धीरे और लगभग बिना किसी को दिखाई दिए आगे बढ़ी. लेकिन पीछे मुड़कर देखने पर इसे साफ़ पहचाना जा सकता है.

1997 में जब सोनिया पर कांग्रेस की कमान संभालने का दबाव बढ़ा, तो उन्होंने भगवद्गीता का सहारा लिया. संस्कृत के विद्वान वाचस्पति उपाध्याय ने इसके दार्शनिक अर्थ को समझने में उनकी मदद की.

फल की चिंता किए बिना अपना कर्तव्य निभाने का धर्म का विचार उनके लिए निजी आशंकाओं और राजनीतिक ज़िम्मेदारी के बीच संतुलन बनाने का एक रास्ता बना.

लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसे केवल कर्तव्य से नहीं समझा जा सकता.

कांग्रेस के कई उतार-चढ़ावों को कवर करने के दौरान मैंने अक्सर पाया कि सोनिया की राजनीतिक सहज समझ उनकी सार्वजनिक छवि से कहीं अधिक तेज़ थी.

उन्होंने लोगों की बात सुनना, अलग-अलग दावों को परखना, भरोसेमंद साथियों को पहचानना और ज़रूरत पड़ने पर अपनी बात पर अड़े रहना सीखा. शिमला की घटना बताती है कि तब तक वह राजनीति में अपने पैर जमा चुकी थीं.

मार्च 1998 में सीताराम केसरी की जगह सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का घटनाक्रम इसका एक और महत्वपूर्ण उदाहरण है. हालांकि संस्मरण में इसे बहुत संक्षेप में बताया गया है.

सोनिया लिखती हैं कि कांग्रेस कार्यसमिति ने बदलाव को ज़रूरी माना, केसरी से पद छोड़ने के लिए कहा गया और इसके बाद वह उनके घर गईं. वहां उन्होंने केसरी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया.

यह भावुक करने वाला व्यवहार था. लेकिन इससे उन परिस्थितियों का शायद ही कोई जवाब मिलता है, जिनमें केसरी को हटाया गया था. इस घटना को व्यापक रूप से पार्टी के भीतर बिना सम्मान के किए गए तख़्तापलट के रूप में देखा जाता है.

पार्टी के निर्वाचित अध्यक्ष को कांग्रेस कार्यसमिति के एक विवादित दख़ल के ज़रिए हटा दिया गया. इस पूरी जोड़-तोड़ के बारे में सोनिया कितना जानती थीं? क्या उन्होंने इस तरीक़े को मंज़ूरी दी थी? संस्मरण इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं देता.

लोकतांत्रिक मूल्यों पर गर्व करने वाली पार्टी के लिए इस घटना पर अधिक खुलकर बात की जानी चाहिए थी. केसरी के प्रति निजी सम्मान उनके जाने के पीछे की राजनीति का विवरण नहीं बन सकता.

वह 'बाहरी' महिला, जो पीछे हटने को तैयार नहीं थी

सोनिया के लिए शिमला की घटना ने शायद पहले हुए एक ऐसे विद्रोह की याद ताज़ा कर दी होगी, जिसने उन्हें कहीं अधिक चोट पहुंचाई थी.

15 मई 1999 को दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई. पीए संगमा ने सवाल उठाया कि क्या सोनिया का विदेशी मूल आम चुनाव में पार्टी के लिए नुक़सान का कारण बन सकता है.

शरद पवार ने पार्टी को एकजुट करने में सोनिया के योगदान की तारीफ़ की. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस उनके इटली में जन्म को लेकर बीजेपी के अभियान का जवाब देने में नाकाम रही है. तारिक़ अनवर भी इस असहमति में शामिल हो गए.

आरके धवन ने ग़ुस्से में असहमति जताने वाले नेताओं पर बीजेपी और आरएसएस के एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया. सोनिया उठीं और बैठक से बाहर चली गईं.

इसके बाद उन्होंने इस्तीफ़ा देने की पेशकश की. उन्होंने लिखा कि उनका जन्म भले ही विदेश में हुआ हो, लेकिन उन्होंने भारत को अपना घर चुना है.

यह विद्रोह नाकाम रहा. बाद में पवार, संगमा और अनवर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी बनाई. चार साल बाद शिमला में वही असुरक्षा फिर सामने आ गई.

सोनिया लिखती हैं कि शायद उनके सहयोगी उन्हें चुनाव में पार्टी के लिए नुक़सान मानते थे. उनके शब्द बहुत कुछ बताते हैं, "मुझे यह सोचकर चोट पहुंची कि वे अब भी मुझे एक बाहरी व्यक्ति मानते हैं."

विदेशी मूल का विवाद संस्मरण के सबसे असरदार हिस्सों में से एक है, क्योंकि इसमें उस चोट का एहसास होता है जिसे राजनीतिक सफलता भी पूरी तरह ठीक नहीं कर सकी.

सोनिया का विवरण यह भी बताता है कि किस तरह असुरक्षा मज़बूत इरादे में बदल सकती है. वह अपने मूल को लेकर उठने वाले सवालों को नेतृत्व के अपने दावे पर हावी नहीं होने देना चाहती थीं.

2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करना इस विरोधाभास को पूरा करता है.

राहुल और प्रियंका की आशंकाओं ने भी उनके इस फ़ैसले पर असर डाला था. दोनों पहले ही अपनी दादी और पिता को हत्या में खो चुके थे.

इसके बावजूद सोनिया कांग्रेस में सत्ता का निर्विवाद केंद्र बनी रहीं और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन यानी यूपीए की व्यवस्था में उनकी भूमिका बेहद अहम रही.

क्या किसी समय सोनिया को अपनी मौत का डर था, जिसे लेकर उनके बच्चे इतने आशंकित थे?

इस सप्ताह 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में सोनिया ने कहा, "शायद मेरे मन के भीतर कहीं मुझे सच में इसकी परवाह नहीं थी कि ऐसा हो जाए."

संस्मरण कहां अपनी सीमा तय करता है?

संस्मरण में सोनिया ने कांग्रेस की कमान संभालने, अपने विदेशी मूल पर उठे सवालों और 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फ़ैसले पर भी लिखा है.
इमेज कैप्शन, संस्मरण में सोनिया ने कांग्रेस की कमान संभालने, अपने विदेशी मूल पर उठे सवालों और 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फ़ैसले पर भी लिखा है

जब सोनिया इंदिरा और राजीव गांधी की हत्याओं को याद करती हैं, तब यह किताब सबसे अधिक भावुक कर देती है.

उनकी यादों में उस समय की भावनाएं इतनी सजीव हैं, जितनी बहुत कम राजनीतिक आत्मकथाओं में दिखाई देती हैं.

राजीव की हत्या के बाद अपनी हालत के बारे में सोनिया लिखती हैं:

दिन जैसे ख़त्म ही नहीं होते थे और रातें उससे भी लंबी थीं. अगर तेज़ दवाओं के असर से मुझे नींद आ भी जाती, तो मैं किसी बुरे सपने से जागती. मेरा शरीर पसीने से भीगा होता, दिल गले तक आया महसूस होता और मैं डरी हुई और खोई हुई होती. प्रियंका लगातार मेरा ध्यान रखती थीं. कभी वह मुझे दवाएं देतीं और कभी केवल मेरी निगरानी करतीं. रात में भी वह कई बार उठकर मुझे देखती थीं.

सोनिया ने अपने विदेशी मूल पर उठे सवालों पर भी लिखा है.
इमेज कैप्शन, सोनिया ने अपने विदेशी मूल पर उठे सवालों पर भी लिखा है

अक्तूबर 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए सिख विरोधी जनसंहार पर उनकी चर्चा अधिक पेचीदा है.

सोनिया इन हत्याओं की निंदा करती हैं, शासन की नाकामी को स्वीकार करती हैं और मानती हैं कि कुछ अधिकारियों ने शायद जानबूझकर आंखें फेर ली थीं या लोगों की भावनाएं भड़काई थीं.

वह यह भी मानती हैं कि पीड़ितों को न्याय मिलने में बहुत लंबा समय लगा.

फिर भी वह राजीव का पूरी मज़बूती से बचाव करती हैं और कहती हैं कि वह ऐसे अत्याचारों की अनुमति कभी नहीं दे सकते थे. वह लोगों से शांति बनाए रखने की उनकी अपीलों को याद करती हैं और सेना की तैनाती में हुई देरी का कारण भी बताती हैं.

ये जानकारियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन कई मुश्किल सवालों की पर्याप्त जांच नहीं करतीं.

जब राजधानी में भीड़ सिखों की हत्या कर रही थी, तब राजनीतिक नेतृत्व की क्या ज़िम्मेदारी थी? जिन कांग्रेस नेताओं पर इसमें शामिल होने के आरोप लगे, उनका क्या हुआ? दशकों तक जवाबदेही तय करने में पार्टी की नाकामी का क्या?

शाह बानो और राम जन्मभूमि आंदोलन को लेकर राजीव के फ़ैसलों पर सोनिया की चर्चा में भी ऐसी ही मुश्किलें दिखाई देती हैं.

सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के अधिकार कमज़ोर किए जाने पर राजीव से सवाल किया था. लेकिन वह उनकी इस सफ़ाई को काफ़ी हद तक स्वीकार कर लेती हैं कि वह संविधान और धर्म से जुड़े परस्पर विरोधी दावों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे थे.

बाबरी मस्जिद गिराए जाने की वह साफ़ और बिना किसी शर्त के नैतिक निंदा करती हैं.

लेकिन अयोध्या को लेकर कांग्रेस के अपने विरोधाभासी रवैये की अधिक गहराई से जांच होनी चाहिए थी. इसमें 1986 में ताले खुलवाने से लेकर 1989 में शिलान्यास और 1992 में नरसिम्हा राव की प्रतिक्रिया तक शामिल हैं.

पार्टी का पतन और एक नेता की विरासत

किताब की एक अहम उपलब्धि यह है कि इसमें कांग्रेस की राजनीतिक मुश्किलों और बीजेपी के उभार का विवरण मिलता है.

सोनिया समझ चुकी थीं कि केवल अपने संगठन की ताक़त के सहारे कांग्रेस अब बीजेपी को नहीं हरा सकती. उन्होंने पार्टी को गठबंधन से हिचक छोड़ने के लिए तैयार किया.

इस फ़ैसले ने यूपीए के गठन की ज़मीन तैयार की, जिसने 2004 में सत्ता संभाली.

यहां संस्मरण विरासत में मिली राजनीतिक मान्यताओं की रखवाली करने वाली नेता के बजाय एक व्यावहारिक रणनीतिकार की तस्वीर पेश करता है.

लेकिन इसके बाद पार्टी जिस दिशा में गई, उससे सोनिया के नेतृत्व पर सवाल उठते हैं.

दस साल तक भारत पर शासन करने वाली पार्टी 2014 में लोकसभा की केवल 44 सीटों पर कैसे सिमट गई? उसके संगठन की बुनियाद इतनी तेज़ी से कमज़ोर क्यों हुई?

सोनिया बीजेपी की मज़बूत चुनावी मशीनरी, नरेंद्र मोदी की भाषण देने की क्षमता, सोशल मीडिया पर चलाए गए अभियान और यूपीए-2 के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के लगातार लगाए गए आरोपों का ज़िक्र करती हैं.

वह मानती हैं कि मतदाता बदलाव के लिए तैयार थे.

लेकिन उनकी सफ़ाई में कांग्रेस के नेतृत्व, संगठन और राजनीतिक संवाद की अपनी नाकामियों के बजाय बीजेपी की ताक़त और कांग्रेस के ख़िलाफ़ चले अभियान पर अधिक ज़ोर है.

यही बात बिलॉन्गिंग को आम राजनीतिक आत्मकथाओं से अलग करती है.

उदाहरण के लिए, लालकृष्ण आडवाणी की 'माई कंट्री, माई लाइफ़' मुख्य रूप से एक राजनीतिक इतिहास है. इसमें लेखक और उनकी विचारधारा से जुड़ी परियोजना को बीजेपी के विकास के साथ रखकर देखा गया है.

सोनिया इससे अलग तरह की किताब पेश करती हैं. यह एक निजी विवरण है, जिसमें राजनीति परिवार, रिश्तों, दुख और ज़िम्मेदारियों के रास्ते दाख़िल होती है.

यह निजीपन संस्मरण को साहित्यिक और भावनात्मक आकर्षण देता है. लेकिन यही बात एक व्यापक राजनीतिक आकलन के रूप में इसकी अहमियत को सीमित भी करती है.

कांग्रेस को दशकों तक देखने के बाद मेरा मानना है कि सोनिया की सबसे अहम उपलब्धि केवल 2004 में पार्टी को दोबारा सत्ता में लाना नहीं थी.

उन्होंने दिखाया कि गठबंधन बनाना, अलग-अलग राजनीतिक पक्षों को साथ लेकर चलना और संयम बरतना अब भी बहुसंख्यकवादी लामबंदी का एक विकल्प हो सकता है.

लेकिन उनकी विरासत में इस नाकामी को भी जगह देनी होगी कि वह पार्टी के संगठन को इतना नया रूप नहीं दे सकीं कि वह बाद में बीजेपी के बढ़ते दबदबे का सामना कर पाता.

बिलॉन्गिंग की शुरुआत ऋग्वेद की इन पंक्तियों से होती है, "साथ चलें, साथ बोलें, हमारे मन एकमत हों…"

इन पंक्तियों में एक गहरी विडंबना है. संघ की परंपरा में भी परिचित यह आह्वान एक साझा उद्देश्य की बात करता है.

यह उस नेता की कहानी की अप्रत्याशित रूप से सटीक प्रस्तावना है, जिसने अपने राजनीतिक जीवन का बड़ा हिस्सा बंटी हुई पार्टी को एक साथ रखने की कोशिश में बिताया.

इसलिए यह किताब केवल उन बातों के कारण महत्वपूर्ण नहीं है जिन्हें सोनिया सामने लाती हैं. यह उन सवालों के कारण भी बहुत कुछ बताती है जिन्हें वह अनसुलझा छोड़ देती हैं.

वह अपनी असुरक्षाओं के बारे में खुलकर लिखती हैं, अपने सबसे क़रीबी लोगों का पूरी दृढ़ता से बचाव करती हैं और उन फ़ैसलों पर दोबारा विचार करने की कम इच्छुक दिखाई देती हैं, जिनके नतीजे आज भी कांग्रेस को परेशान करते हैं.

सोनिया गांधी के लिए किसी जगह को अपना मानने का यह सफ़र निजी था, जो आख़िरकार उनका राजनीतिक कर्तव्य बन गया.

कांग्रेस के सामने अब चुनौती केवल एकजुट रहने की नहीं है. उसे देश को यह यक़ीन दिलाने की कोई ठोस वजह भी फिर से तलाशनी होगी कि लोग उस पर भरोसा क्यों करें.

यह अधूरा काम भी सोनिया की विरासत का उतना ही हिस्सा है, जितना वह असाधारण जीवन जिसकी कहानी उन्होंने इस किताब में लिखी है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.