'बहूरानी' और 'छोटी बहू': मेनका गांधी के साथ अपने रिश्ते पर सोनिया ने किताब में क्या लिखा?

इमेज स्रोत, Getty Images
कभी मेनका गांधी की हंसी सुनकर सोनिया गांधी उनके पास चली जाती थीं. वह पूछतीं कि किस बात पर इतनी हंसी आ रही है और फिर वहीं बैठकर मेनका के दोस्तों या उनकी पढ़ी जा रही किसी किताब की बातें सुनने लगतीं.
सोनिया की बेटी प्रियंका भी अक्सर अपनी चाची मेनका के कमरे में बैठी उनकी कहानियां सुनती मिलती थीं. ये उस दौर की यादें हैं, जब मेनका की शादी संजय गांधी से हुई थी और वह गांधी परिवार की 'छोटी बहू' बनकर घर में आई थीं.
सोनिया गांधी लिखती हैं कि घर में एक युवा देवरानी का आना उन्हें शुरू में अच्छा लगा. लेकिन धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते और घर का माहौल बदलने लगा.
सोनिया ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' में मेनका के साथ अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों से लेकर उनके घर छोड़ने तक की घटनाओं को याद किया है.
हार्परकॉलिन्स इंडिया ने 526 पन्नों की यह किताब 10 नवंबर को भारत में प्रकाशित की है.
जब घर में आईं 'छोटी बहू'

इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
पीटीआई के मुताबिक़, सोनिया गांधी ने लिखा है कि संजय गांधी की मुलाक़ात 1973 के आख़िर में मेनका से हुई थी.
एक साल के भीतर दोनों की शादी हो गई. उस समय मेनका 18 साल की थीं.
सोनिया उन्हें जोश से भरी, मिलनसार और बहुत बातें करने वाली युवा लड़की के रूप में याद करती हैं.
उनके मुताबिक़, मेनका के आने से शुरुआत में घर का माहौल बदला और उन्हें एक छोटी बहन जैसी देवरानी का साथ मिला.
सोनिया लिखती हैं कि वह कभी मेनका की हंसी सुनकर उनके पास पहुंच जातीं और फिर उनकी बातों में शामिल हो जातीं.
प्रियंका गांधी भी अपनी चाची से काफ़ी घुली-मिली थीं. सोनिया के मुताबिक़, प्रियंका कई बार मेनका के कमरे में बैठकर उनकी कहानियां ध्यान से सुनती थीं.
लेकिन सोनिया लिखती हैं कि कुछ समय बाद घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव बढ़ने लगा.
'बहूरानी' और 'छोटी बहू' के संबोधन में क्या था?

इमेज स्रोत, T.C.Malhotra
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
घर के कर्मचारी सोनिया को 'बहूरानी' और मेनका को 'छोटी बहू' कहते थे.
सोनिया लिखती हैं कि उनकी नज़र में दोनों उस घर की बेटियों की तरह बराबर थीं और परिवार में दोनों के लिए पर्याप्त जगह थी.
लेकिन उन्हें लगता है कि शायद मेनका ने दोनों को अलग-अलग नामों से बुलाए जाने को अपने कमतर होने से जोड़कर देखा.
सोनिया के मुताबिक़, जब उन्हें मेनका का लहजा रूखा लगता था, तब वह घर में शांति बनाए रखने के लिए आम तौर पर चुप रहती थीं.
लेकिन जब उन्हें लगता कि बात बहुत आगे बढ़ गई है, तो वह भी कड़े लहजे में जवाब देती थीं.
सोनिया यह भी मानती हैं कि मेनका जैसी मिलनसार और लोगों के बीच रहना पसंद करने वाली युवा लड़की के लिए उस संयुक्त परिवार में ख़ुद को ढालना आसान नहीं रहा होगा.
उनके मुताबिक़, घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त रहते थे. ऐसे में घर का माहौल मेनका को बंधा हुआ और नीरस लगा होगा.
सोनिया लिखती हैं कि जब मेनका संजय गांधी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने लगीं, तो वह अपने नए माहौल में कुछ सहज दिखाई देने लगीं.
लेकिन इसी दौरान परिवार के भीतर तनाव भी बढ़ने लगा. सोनिया के मुताबिक़, मेनका के साथ उनके रिश्ते में भी दूरी आती गई.
संजय गांधी की मौत के बाद क्या बदला?

इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/The India Today Group via Getty Images
23 जून 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत हो गई.
सोनिया के संस्मरण के मुताबिक़, इसके बाद परिवार के सामने एक नया सवाल खड़ा हुआ कि क्या मेनका को कांग्रेस में कोई राजनीतिक भूमिका दी जानी चाहिए.
सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी उस समय मेनका को नेतृत्व की ज़िम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं थीं.
उनके मुताबिक़, इंदिरा गांधी को लगता था कि 23 साल की मेनका अभी इस भूमिका के लिए बहुत कम उम्र की हैं. उनका बच्चा भी केवल तीन महीने का था और उसकी देखभाल के लिए उन्हें समय देना चाहिए.
सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी का मानना था कि मेनका के पास अपनी राजनीतिक इच्छाएं पूरी करने के लिए आगे बहुत समय होगा.
लेकिन सोनिया लिखती हैं कि जल्द ही यह साफ़ हो गया कि मेनका की राजनीतिक योजनाएं कुछ और थीं.
यह मतभेद धीरे-धीरे परिवार के भीतर के रिश्तों पर भी असर डालने लगा.
मेनका ने घर क्यों छोड़ा?
सोनिया गांधी के मुताबिक़, इंदिरा गांधी जब एक सरकारी दौरे पर लंदन में थीं, तब उन्हें पता चला कि मेनका घर से अपना सामान निकलवा रही हैं.
लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने दो विकल्प रखे.
सोनिया के अनुसार, इंदिरा ने उनसे कहा कि वह उन राजनीतिक गतिविधियों को रोक दें, जिन पर उन्हें आपत्ति थी, या फिर कहीं और रहने लगें.
सोनिया लिखती हैं कि इसके जवाब में मेनका ने इंदिरा गांधी को एक चिट्ठी भेजी, जिसमें कई आरोप लगाए गए थे.
एनडीटीवी में प्रकाशित किताब के अंश के मुताबिक़, जिस समय मेनका घर छोड़ रही थीं और इंदिरा गांधी के साथ उनकी कहासुनी हुई, उस समय राजीव और सोनिया गांधी घर पर मौजूद नहीं थे.
इसके बावजूद सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने अपने घर छोड़ने के लिए इंदिरा गांधी के साथ राजीव और उन्हें भी ज़िम्मेदार ठहराया.
सोनिया का आरोप है कि पूरे मामले को इस तरह सार्वजनिक किया गया कि इसकी चर्चा घर से बाहर राजनीतिक हलकों और मीडिया तक पहुंच गई.
किताब में वह लिखती हैं कि जिस तरह मेनका के जाने की घटना सामने आई और उसके बाद प्रचार हुआ, उसे आज के समय में 'रियलिटी शो' कहा जाता.
सोनिया की किताब में दर्ज इन यादों की शुरुआत मेनका की हंसी और दोनों के बीच सहज बातचीत से होती है.
लेकिन अंत तक पहुंचते-पहुंचते वही रिश्ता परिवार और राजनीति से जुड़े आरोपों के बीच उलझ चुका था.
इस तरह सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में मेनका के साथ रिश्ते की दो बिल्कुल अलग तस्वीरें पेश की हैं.
पहली तस्वीर उस 'छोटी बहू' की है, जिसकी हंसी सुनकर वह उसके पास चली जाती थीं. दूसरी उस रिश्ते की है, जिसमें मतभेद घर की चारदीवारी से निकलकर सार्वजनिक और राजनीतिक विवाद बन गए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.




















