स्पेन में खुलेआम 'किस' करना क्यों है इतना आम?

स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के लिए किस करना बहुत ही आम बात है
इमेज कैप्शन, स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के लिए किस करना बहुत ही आम बात है (सांकेतिक तस्वीर)
    • Author, लुसी लवेल
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर लोगों का एक-दूसरे को किस करना रोज़मर्रा की बात है. लेकिन सार्वजनिक रूप से प्यार जताने को लेकर स्पेन का यह सहज रवैया दमन और विद्रोह के एक हैरान करने वाले इतिहास की ओर इशारा करता है.

स्पेन में हर तरफ़ लोग एक-दूसरे को किस करते नज़र आते हैं. किसी से मिलने पर दोनों गालों पर बारी-बारी से किस करना तो आम बात है ही. लेकिन इसके अलावा प्रेम जताने वाले किस भी देखने को मिलते हैं.

एक बार मैं शहर की व्यस्त सड़क पर एक अधेड़ उम्र के जोड़े के पीछे फंस गई, जो रुककर एक-दूसरे को किस करने लगे थे. धूप से नहाए पार्कों में युवाओं को किस करते देखकर मुझे बीते दिनों की याद आई है.

स्पेन के वेलेंसिया के लास फ़ायस फ़ेस्टिवल में आतिशबाज़ी के बीच मैंने नशे में धुत लोगों को एक-दूसरे से लिपटकर प्यार जताते हुए भी देखा है. यहां तक कि मेरी अकाउंटेंट भी अपने ईमेल के आख़िर में 'बेसोस' (किस) लिखती हैं.

स्पेन के ऐसे चौराहे देश में सार्वजनिक सोशल लाइफ़ के केंद्र हैं
इमेज कैप्शन, स्पेन के ऐसे चौराहे देश में सार्वजनिक सोशल लाइफ़ के केंद्र हैं

स्पेन में रहते हुए छह साल से ज़्यादा हो चुके हैं और अब मैं सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के इन तरीक़ों का आदी हो गया हूं. लेकिन जब मेरी एक दोस्त जापान की यात्रा के बाद वेलेंसिया लौटी, तो उसने इन पर तुरंत ध्यान दिया.

ट्रेन स्टेशन से बाहर निकलते ही उसने एक जोड़े को बेंच पर एक-दूसरे को किस करते देखा. ऐसे देश में कुछ समय बिताने के बाद, जहां सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के ऐसे सीन बहुत कम देखने को मिलते हैं, यह नज़ारा देखकर उसे राहत महसूस हुई.

इससे मेरे मन में सवाल उठा कि 'क्या स्पेन सचमुच खुलकर किस करने वालों का देश है? और सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के ये नज़ारे वहां की संस्कृति और इतिहास को लेकर लोगों के नज़रिये के बारे में क्या बताते हैं?'

इसकी एक वजह यह हो सकती है कि स्पेन के लोग सार्वजनिक जगहों का इस्तेमाल किस तरह करते हैं. देश के कई हिस्सों में रोज़मर्रा की ज़िंदगी घरों के बाहर, व्यस्त सड़कों, कैफ़े और पार्कों में गुज़रती है.

यूनिवर्सिटी ऑफ़ वॉरिक के एक अध्ययन में पाया गया कि स्पेन उन देशों में शामिल है, जहां किसी नए परिचित से मिलते समय लोग एक-दूसरे से सबसे कम दूरी रखना पसंद करते हैं.

यह दूरी ग्रीस, इटली और पुर्तगाल से भी कम है. स्पेन के चहल-पहल भरे चौकों में यह रुझान साफ़ दिखाई देता है. वहां खुले में बैठने की जगहें ऐसे दोस्तों से भरी रहती हैं, जो एक-दूसरे के कंधे से कंधा मिलाकर बैठते हैं और धूप में बीयर पीते हैं.

मैड्रिड की कॉम्प्लूटेंस यूनिवर्सिटी में समाजशास्त्र की प्रोफ़ेसर अम्पारो लासेन कहती हैं कि स्पेन के लोग उत्तरी यूरोप के लोगों के मुक़ाबले शारीरिक हावभाव से अपने भाव ज़्यादा ज़ाहिर करते हैं. उन्होंने कहा, "अगर आप इसकी तुलना नॉर्डिक देशों या इंग्लैंड से करें, तो यह अंतर ज़्यादा नज़र आता है."

आवास का संकट

स्पेन की बड़ी आबादी फ़्लैट में रहती है, जहां उनके पास प्राइवेसी की कमी होती है
इमेज कैप्शन, स्पेन की बड़ी आबादी फ़्लैट में रहती है, जहां उनके पास प्राइवेसी की कमी होती है (सांकेतिक तस्वीर)
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

हो सकता है कि स्पेन के लोग दूसरे देशों के लोगों से ज़्यादा स्नेह जताने वाले न हों, बल्कि वे इसे ज़ाहिर करने में ज़्यादा सहज हों. सार्वजनिक जगहों पर चुंबन लेना ज़रूरी नहीं कि प्रेम जताने का कोई भव्य तरीक़ा हो. यह बस रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक स्वीकार्य हिस्सा है.

रहने के तौर-तरीक़े भी इसमें भूमिका निभा सकते हैं. स्पेन की लगभग 65 फ़ीसदी आबादी फ़्लैटों में रहती है. यूरोपीय संघ के देशों में यह सबसे बड़ा अनुपात है. वहीं, प्रॉपर्टी की आसमान छूती क़ीमतों के कारण युवाओं के लिए अपने परिवार का घर छोड़कर अलग रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है.

शायद स्पेन में किस को लेकर सबसे दिलचस्प बात यह है कि अब यह बिल्कुल आम हो चुका है.

लासेन का कहना है कि घरों में निजता की कमी अंतरंग पलों को सार्वजनिक जगहों तक ले जा सकती है.

वह कहती हैं, "स्पेन में आवास का संकट है. इसका मतलब है कि हम अपने दोस्तों से घरों के बजाय बाहर मिलने के ज़्यादा आदी हो गए हैं. हम बार और रेस्तरां जाते हैं. अब जोड़ों को कुछ समय अकेले बिताने के लिए किसी खाली पड़े बेंच की तलाश करनी पड़ती है. या कम से कम ऐसी जगह की, जहां वे लगभग अकेले हों."

हालांकि, लासेन का कहना है कि आवास का संकट सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने की असली वजह नहीं है.

इससे भी ज़्यादा अहम है इसे लेकर स्पेन का सहज रवैया.

वह कहती हैं, "अगर कोई आपको घूरकर नहीं देखता या फिर आपको इसकी परवाह ही नहीं होती, तो यही वह बात है जो सार्वजनिक जगहों पर इस तरह प्यार जताना आसान बनाती है."

28 वर्षीय इसाबेल नीएतो तूस तीन साल पहले विदेश में रहने के बाद अपने माता-पिता के घर लौट आई थीं. वह जानती हैं कि निजता की कमी में किसी के साथ डेटिंग करना कितना असहज हो सकता है.

उन्होंने कहा, "मैं अपने माता-पिता को नहीं बताना चाहती थी कि मैं किसी के घर रुक रही हूं, क्योंकि यह थोड़ा अटपटा लगता. इसलिए मैं कह देती थी कि मैं किसी दोस्त के घर रुक रही हूं."

जापान, फ़्रांस, जर्मनी और ट्यूनीशिया में रह चुकीं तूस का मानना है कि स्पेन में डेटिंग का तरीक़ा अलग है.

उनके मुताबिक़, शुरुआत से ही लोगों के बीच एक सहज गर्मजोशी होती है.

वह कहती हैं, "लोग बहुत जल्दी एक-दूसरे के क़रीब आ जाते हैं और शारीरिक रूप से भी सहज हो जाते हैं. हो सकता है कि आप किसी के साथ ऐसे रिश्ते में हों, जिसकी कोई स्पष्ट परिभाषा न हो. आप उससे सिर्फ़ दो बार मिले हों और पहले ही सार्वजनिक जगहों पर उसका हाथ थामने लगे हों और उसके काफ़ी क़रीब आ गए हों."

वह आगे कहती हैं, "मुझे लगता है कि आम तौर पर सार्वजनिक जगहों पर चुंबन लेना पूरी तरह स्वीकार्य है. घर के अंदर और बाहर के बीच कोई फ़र्क़ नहीं किया जाता. लोग निजी जगहों पर भी उसी तरह व्यवहार करते हैं, जैसे सार्वजनिक जगहों पर."

जब सार्वजनिक जगहों पर रखी जाती थी निगरानी

पूरे स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर लोगों को प्यार का इज़हार करते देखा जा सकता है
इमेज कैप्शन, पूरे स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर लोगों को प्यार का इज़हार करते देखा जा सकता है

स्पेन में एक दौर ऐसा भी था जब ये सब आम नहीं था.

फ्रांसिस्को फ़्रैंको की तानाशाही (1939-1975) के दौरान रूढ़िवादी कैथोलिक मूल्यों और सख़्त क़ानूनों के ज़रिए सार्वजनिक व्यवहार तय किया जाता था. समलैंगिकता को अपराध माना जाता था और सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने पर भी निगरानी रखी जाती थी. सार्वजनिक जगहों पर चुंबन लेने के लिए जोड़ों पर जुर्माना तक लगाया जा सकता था.

1975 में फ़्रैंको की मौत के बाद स्पेन में सांस्कृतिक बदलाव आया. मैड्रिड में ला मोविदा माद्रिलेना नाम से मशहूर आंदोलन ने आज़ादी और ख़ुद को अभिव्यक्त करने के अधिकार का जश्न मनाया.

पेद्रो अल्मोदवार जैसे फ़िल्मकारों ने अतीत के रूढ़िवादी मूल्यों को चुनौती दी. जैसे-जैसे यह आंदोलन आगे बढ़ा, सार्वजनिक जीवन में प्यार का इज़हार ज़्यादा दिखाई देने लगा.

लेकिन यह बड़ा बदलाव अपने आप नहीं आया था. एलजीबीटी अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता दशकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और उन्होंने ज़्यादा खुले समाज का रास्ता तैयार किया था.

ऐसा ही एक अहम विरोध प्रदर्शन 23 फ़रवरी 1987 को मैड्रिड में हुआ था. इससे एक साल पहले, दो महिलाओं को मैड्रिड के पुएर्ता देल सोल में एक-दूसरे को किस करने के लिए गिरफ़्तार किया गया था.

उन्हें एस्कांडालो पब्लिको (सार्वजनिक उपद्रव) क़ानून के तहत दो दिनों तक पुलिस हिरासत में रखा गया था.

उनकी हिरासत के बाद कार्यकर्ताओं ने इस मामले की ओर ध्यान खींचने के लिए बड़े पैमाने पर चुंबन प्रदर्शन आयोजित किया.

उस साल से लेकर 1990 के दशक तक मैड्रिड में होने वाली हर प्राइड परेड का समापन पुएर्ता देल सोल में चुंबन के साथ होता था. सड़क पर एक-दूसरे को चूमना शांतिपूर्ण विरोध का एक ताक़तवर तरीक़ा बन गया था. साल 1988 में सार्वजनिक उपद्रव से जुड़ा अपराध भी ख़त्म कर दिया गया.

स्पेन का खुला समाज

स्पेन में बुज़ुर्गों को भी सार्वजनिक जगहों पर किस करते देखा जा सकता है (सांकेतिक तस्वीर)
इमेज कैप्शन, स्पेन में बुज़ुर्गों को भी सार्वजनिक जगहों पर किस करते देखा जा सकता है (सांकेतिक तस्वीर)

आज स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के दृश्य हर तरफ़ देखे जा सकते हैं, लेकिन इस आज़ादी का अनुभव सभी को एक जैसा नहीं होता.

लासेन के मुताबिक़, सार्वजनिक बेंच पर एक-दूसरे को चूमते किसी बुज़ुर्ग जोड़े पर लोगों का ज़्यादा ध्यान जा सकता है, जबकि समलैंगिक जोड़ों को ज़्यादा निगरानी और सवालों का सामना करना पड़ सकता है.

वह कहती हैं, "हर कोई अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से ज़ाहिर करने में एक जैसा सहज नहीं होता."

वेलेंसिया में शादी की फ़ोटोग्राफ़र रह चुकीं पाउला फ़ुरियो के लिए किस किसी बहुत बड़ी चीज़ का प्रतीक है.

वह कहती हैं, "अभी बहुत कुछ किया जाना बाक़ी है, लेकिन आम तौर पर स्पेन का समाज बहुत खुला हुआ है. चुंबन तो बस शुरुआत है. इससे आपको अंदाज़ा होता है कि स्पेन में आपको कितनी आज़ादी मिल सकती है. यह आज़ादी की अभिव्यक्ति है."

इससे मुझे जापान से लौटी अपनी दोस्त की याद आई और यह भी कि बेंच पर एक जोड़े को चूमते देखकर उसे कितनी राहत मिली थी.

शायद वह सिर्फ़ घर लौटकर ख़ुश नहीं थी, बल्कि ऐसे देश में लौटकर भी ख़ुश थी, जहां दिखावे के शिष्टाचार से ज़्यादा अहमियत सहज और सच्चे व्यवहार को दी जाती है.

शायद स्पेन में किस को लेकर सबसे अहम बात यही है कि अब यह बिल्कुल आम हो चुका है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.