पाकिस्तान: सोने के अवैध खनन पर सुरक्षाबलों और चरमपंथियों में मुठभेड़, 10 पुलिसकर्मियों समेत 28 की मौत, क्या है मामला?

पाकिस्तान सुरक्षाकर्मी
इमेज कैप्शन, अवैध सोना खनन के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए गई पुलिस टीम पर हमला हो गया (प्रतीकात्मक तस्वीर)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के कोहाट ज़िले में बुधवार को अवैध सोने के खनन के ख़िलाफ़ एक अभियान से लौट रही पुलिस टीम पर हमला हुआ.

इस हमले में कम से कम 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 18 चरमपंथी मारे गए. कोहाट पुलिस के प्रवक्ता नोमान जेब ने बीबीसी उर्दू को बताया कि मरने वालों में डीएसपी रैंक के अधिकारी हैदर जमान भी शामिल थे.

ख़ैबर पख़्तूनख़्वा पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिसकर्मी कोहाट शहर के पास दराबुकच इलाके में स्थानीय प्रशासन के साथ संयुक्त अभियान चला रहे थे.

बयान के अनुसार, "अभियान पूरा करने के बाद जब पुलिस दल लौट रहा था, तब आपराधिक तत्वों के इशारे पर फ़ितना-अल-ख़वारिज ने पुलिस दल पर हमला कर दिया."

बयान में कहा गया है, "पुलिसकर्मियों ने हमलावरों का बड़ी बहादुरी से मुकाबला किया. इसके बाद 18 ख़वारिज को जहन्नुम भेज दिया गया."

कोहाट अस्पताल के एमएस डॉ. ताहिर के अनुसार, घटना के बाद 10 पुलिसकर्मियों के शव और 10 घायल उनके अस्पताल में लाए गए हैं.

इनमें से दो गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें पेशावर रेफ़र कर दिया गया है. आठ घायल लोगों का इलाज कोहाट अस्पताल में चल रहा है.

चरमपंथी कौन थे?

कोहाल रेस्क्यू
इमेज कैप्शन, पुलिस ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने पुलिस पार्टी पर भारी गोलीबारी की. ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में 11 अक्तूबर से ही गवर्नर शासन और आपातकाल लागू है

पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित तहरीक़-ए-तालिबान से जुड़े चरमपंथियों के लिए फ़ितना-अल-ख़वारिज शब्द का इस्तेमाल करती है.

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

बयान के मुताबिक, ख़ैबर पख़्तूनख़्वा पुलिस और स्थानीय नागरिक प्रशासन ने दराबू कच में अवैध सोने के खनन में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ अभियान चलाया था. बयान में कहा गया कि इस घटना से आपराधिक तत्वों और फ़ितना-अल-ख़वारिज के बीच कथित गठजोड़ भी सामने आया है.

पुलिस प्रवक्ता मुहम्मद नौमान ज़ेब ने बताया कि हमले के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों में भी आग लगा दी गई. ज़ेब ने कहा कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लगातार फ़ायरिंग की.

ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के गवर्नर फ़ैसल करीम कुंडी ने पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख जताया और विस्तृत रिपोर्ट मांगी.

पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फ़ॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज़ के मुताबिक, 30 अक्तूबर से 5 नवंबर के बीच पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति में काफ़ी अस्थिरता बनी रही.

इस दौरान ख़ैबर पख़्तूनख़्वा और कबायली ज़िलों के कुछ हिस्सों में चरमपंथी गतिविधियां फिर बढ़ीं. इसके साथ ही इनके ख़िलाफ़ ऑपरेशन भी तेज़ हुए.

ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में 11 अक्तूबर से गवर्नर शासन और आपातकाल लागू है. पाकिस्तान की केंद्र सरकार ने यह कदम तब उठाया था, जब उसने पाकिस्तान तहरीक़-ए-इंसाफ के नेतृत्व वाली ख़ैबर पख़्तूनख़्वा सरकार पर 'आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई से जानबूझकर दूरी बनाने" का आरोप लगाया था.

पीढ़ियों से सोना बटोरने वाले

पहले हाथों से सोना तलाश करने पर एक परिवार को एक दिन में करीब एक ग्राम सोना मिलता था
इमेज कैप्शन, पहले हाथों से सोना तलाश करने पर एक परिवार को एक दिन में करीब एक ग्राम सोना मिलता था

पाकिस्तान के उत्तरी क्षेत्रों में सिंधु नदी के साथ-साथ लोगों को रेत छानकर सोना निकालते देखना आम बात है. इस पूरे इलाक़े में कई मशीनें सोना निकालने के काम में लगी हुई नज़र आती हैं. हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इस खनन को अवैध करार दे दिया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, खुशालगढ़ और शकर्दरा के बीच स्थित दराबुकच, सिंधु नदी के किनारे फैली एक लंबी पट्टी है और इस क्षेत्र में नदी के किनारों पर सोने की खोज की जाती है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी के किनारों पर सोना मिलने के मुद्दे पर इलाके के स्थानीय समूहों के बीच पहले भी झड़पें हो चुकी हैं, जबकि पुलिस ने भी कई बार इन स्थानों पर छापे मारे हैं.

लगभग 3,180 किलोमीटर लंबी सिंधु नदी तिब्बत की मानसरोवर झील से निकलती है और पाकिस्तान के मैदानों को सींचती हुई अरब सागर में जा गिरती है.

और कुछ लोगों के लिए यह नदी सचमुच सोना उगलती है और इसी से उनकी रोज़ी-रोटी जुड़ी है.

नदी में सोना क्यों मिलता है?

नदियों में एक्सकेवेटर से खुदाई की वजह से एयर और साउंड पॉल्यूशन बढ़ रहा है और इससे विशेषज्ञ चिंतित हैं.
इमेज कैप्शन, नदियों में एक्सकेवेटर से खुदाई की वजह से एयर और साउंड पॉल्यूशन बढ़ रहा है और इससे विशेषज्ञ चिंतित हैं.

कॉमसेट्स यूनिवर्सिटी, एबटाबाद कैंपस के पर्यावरण विभाग के प्रमुख डॉक्टर फ़रीदउल्लाह के मुताबिक़ सिंधु नदी के किनारे जो मिट्टी और रेत पाई जाती है, उसमें सोना प्राकृतिक तरीक़े से शामिल होता है.

उनके अनुसार, सोना आम तौर पर पहाड़ों के अंदर मौजूद धातुओं के भंडारों से आता है. पहाड़ों में मौजूद सोने के रेशे और खदानों से छोटे-छोटे कण कई तरीक़ों से निकलकर नदियों और पानी के बहाव में शामिल हो जाते हैं.

और जब बारिश या ग्लेशियरों का पानी पहाड़ों से नीचे बहता है तो यह पानी पहाड़ी चट्टानों और मिट्टी के साथ-साथ सोने के छोटे कणों को भी बहाकर नदी में ले आता है.

नदी के बहाव के दौरान ऐसे कण भारी होने की वजह से नीचे बैठ जाते हैं और नदी के किनारे की रेत और मिट्टी में जमा हो जाते हैं. यही वजह है कि सिंधु नदी के बालू और इसकी मिट्टी में सोने के मामूली कण पाए जाते हैं.

पिछले कुछ वर्षों से पंजाब सरकार और ख़ैबर पख़्तूनख़्वा सरकार सिंधु नदी पर सोने की तलाश या मशीनरी का इस्तेमाल करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर रही है.

सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में ऐसी ग़ैर क़ानूनी सोना तलाशी के ख़िलाफ़ 100 से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए हैं.

ख़ैबर पख़्तूनख़्वा सरकार ने सिंधु नदी और काबुल नदी के किनारों पर सोने की तलाश और बिना अनुमति माइनिंग पर पाबंदी लगाई है और धारा 144 भी लागू की है.

यह पाबंदी स्वाबी, नौशेरा, कोहाट और दूसरे संबंधित क्षेत्रों पर लागू की गई है ताकि अवैध खनन, पर्यावरणीय नुक़सान और क़ानून-व्यवस्था की समस्याओं से निपटा जा सके.

इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन को अवैध मशीनरी और उपकरण ज़ब्त करने के अधिकार भी दिए गए हैं.

सोना निकालने का परम्परागत तरीक़ा क्या है?

मशीनरी से माइनिंग ज़्यादा मुनाफ़ा देती है, लेकिन इससे हवा, पानी, ज़मीन और ग्लेशियर- सब प्रभावित हो रहे हैं
इमेज कैप्शन, मशीनरी से माइनिंग ज़्यादा मुनाफ़ा देती है, लेकिन इससे हवा, पानी, ज़मीन और ग्लेशियर- सब प्रभावित हो रहे हैं

नदी के किनारे से रेत, बजरी और पत्थर इकट्ठा करके उन्हें पानी में प्लेट (पैन), छानने वाले जाल, टब और छोटे बेलचे की मदद से धोया जाता है.

इस तरह हल्की मिट्टी बह जाती है और सोने के भारी लेकिन बारीक कण नीचे रह जाते हैं. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से पर्यावरण को कम नुक़सान पहुंचता है.

डॉक्टर फ़रीदउल्लाह का कहना है कि कहते हैं कि गिलगित-बल्तिस्तान में सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के किनारों पर सोना निकालने का आम तरीक़ा सदियों पुराना है.

अब यही काम मशीनों के ज़रिए हो रहा है और इसके लिए भारी मशीनरी, जैसे खुदाई करने वाली मशीन (एक्सकेवेटर), पानी के पंप और छानने वाली इंडस्ट्रियल मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है.

इनसे कम समय में बड़ी मात्रा में रेत और मिट्टी को साफ़ करके ज़्यादा सोना हासिल किया जा सकता है.

पहले ज़्यादा से ज़्यादा एक ग्राम सोना मिल जाता था, अब पांच से छह ग्राम सोना मिलता है.

हालांकि भारी भारी मशीनें लगने से क्षेत्र में प्रदूषण और नदी के कटाव की समस्या भी बढ़ गई है.

गिलगित-बल्तिस्तान पर्यावरण विभाग और खनिज विभाग के अनुसार उनके पास सोना खनन करने वालों की संख्या के बारे में फ़िलहाल सटीक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं.

हालांकि, इस समय दोनों विभाग सक्रिय हैं और उन्होंने अवैध खनन करने वालों को नोटिस जारी कर दिए हैं और उन पर कार्रवाई की जा रही है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.