सऊदी अरब की रक्षा के लिए ब्रिटेन ने किया ये फ़ैसला, रेचल फ़्लिन और जेम्स लैंडेल
इमेज स्रोत, MOD
इमेज कैप्शन, ब्रिटेन की रॉयल एयर फ़ोर्स का टाइफून लड़ाकू विमान (फ़ाइल फ़ोटो)
ब्रिटेन सऊदी अरब की रक्षा के लिए रॉयल एयर फ़ोर्स (आरएएफ़) के टाइफून लड़ाकू विमान तैनात करेगा. ब्रिटिश सरकार ने यह जानकारी दी है.
यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ने के बाद यह फ़ैसला लिया गया है.
इस रक्षात्मक अभियान का मक़सद सऊदी अरब के शहरों और बुनियादी ढांचे को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हवाई हमलों से बचाना है. प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने इस तैनाती को मंज़ूरी दी है.
यह फ़ैसला सऊदी अरब की राजधानी रियाद और देश के तटीय इलाक़ों में ऊर्जा ठिकानों पर हूती हमलों के बाद लिया गया है.
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने मंगलवार को लिखित बयान में कहा, “ये विमान रक्षात्मक भूमिका में काम करेंगे और हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ कोई हमला नहीं करेंगे.”
हूती विद्रोही यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के साथ गृहयुद्ध में उलझे हुए हैं. सऊदी अरब इस सरकार का समर्थन करता है. हूती विद्रोहियों ने 2014 में राजधानी सना से इस सरकार को बेदखल कर दिया था.
सितंबर से सऊदी अरब को हूती विद्रोहियों के हवाई हमलों से अपने हवाई क्षेत्र की रक्षा करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. इसकी वजह यमन में संघर्षविराम जैसी बनी स्थिति का टूटना है.
एशियन पैरा गेम्स 2026: भारत कुल 9 गोल्ड मेडल के साथ छठे स्थान पर
इमेज स्रोत, TheKhelIndia
इमेज कैप्शन, महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वालीं सिमरन शर्मा (फ़ाइल फ़ोटो)
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 के दूसरे दिन तक भारत ने कुल 35 मेडल अपने नाम कर लिए हैं.
इनमें 9 गोल्ड, 11 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं.
पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ43/एफ44/एफ62/एफ64 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक जीतकर क्लीन स्वीप किया. देवेंद्र कुमार ने गोल्ड, राकेश ने सिल्वर और प्रदीप कुमार ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.
वहीं, पैरा एथलेटिक्स में सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में 24.80 सेकंड के रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता.
इसके अलावा प्रीति पाल, मनीष नरवाल और पैरा पावरलिफ्टर अशोक कुमार मलिक ने सिल्वर मेडल जीते.
होकाटो होतोजे, प्रवीण शर्मा, आयुष वर्मा और निरंजन मुकुंदन ने ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किए. भारतीय खिलाड़ियों ने पैरा टेबल टेनिस और शूटिंग में भी पदक जीते.
भारत पदक तालिका में छठे स्थान पर बना हुआ है. वहीं, चीन 149 मेडल के साथ पहले स्थान पर है.
दशहरे के मौके पर सीएम योगी बोले- जब तक सनातन सुरक्षित नहीं...
इमेज स्रोत, myogiadityanath
इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ ने कहा, "जब तक सनातन सुरक्षित नहीं है, कोई सुरक्षित नहीं है."
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी (दशहरा) के अवसर पर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में पूजा की.
इसके बाद सीएम योगी रामलीला मैदान पहुंचे. इस दौरान वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब तक भारत सुरक्षित नहीं है, तब तक कोई भी व्यक्ति, कोई भी समाज और कोई भी जाति सुरक्षित नहीं है.
उन्होंने कहा, "जब तक सनातन सुरक्षित नहीं है, कोई सुरक्षित नहीं है."
उन्होंने कहा कि दुनिया में मुसलमान-मुसलमान आपस में लड़ रहे हैं. कम्युनिस्ट-कम्युनिस्ट लड़ रहे हैं और क्रिश्चियन-क्रिश्चियन लड़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जहां वे आपस में नहीं लड़ रहे हैं, वहां इस्लाम की लड़ाई क्रिश्चियनिटी से है और कम्युनिज़्म की लड़ाई क्रिश्चियनिटी से है. सब एक-दूसरे से लड़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अकेला भारत सनातन की छाया में हर जाति, हर संप्रदाय, हर मत और हर मज़हब को सुरक्षा भी दे रहा है और उसे समृद्धि के रास्ते पर बिना भेदभाव के आगे भी बढ़ा रहा है.
दशहरे के मौके पर पीएम मोदी बोले, 'देश तभी तरक्की करता है, जब उसमें आत्मसम्मान की भावना हो'
इमेज स्रोत, DD News
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की विरासत आत्मसम्मान को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आईपी एक्सटेंशन स्थित डीडीए ग्राउंड में आयोजित रावण दहन समारोह में शामिल हुए.
इस दौरन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोई भी देश तभी तरक्की करता है, जब उसमें आत्मसम्मान की भावना होती है.
उन्होंने कहा कि देश की विरासत आत्मसम्मान को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है.
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत अपनी विरासत और पहचान को बचाने के लिए समर्पित है.
उन्होंने कहा, "सदियों तक हमारी धरोहरों को लूटा गया और उन्हें विदेशों में ले जाया गया. लेकिन आज हम उन्हें वापस ला रहे हैं."
प्रधानमंत्री ने बताया कि बीते 12 वर्षों में 650 से ज़्यादा प्राचीन मूर्तियों को भारत वापस लाया गया है.
उन्होंने कहा, "भारत अपने सांस्कृतिक केंद्रों को दुनिया में नई पहचान दिला रहा है और बीते वर्षों में देश के कई स्थलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है."
उन्होंने कहा कि पिछले साल दीपावली को भी यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में जगह मिली.
पीएम मोदी ने इसे "करोड़ों भारतीयों की सामूहिक इच्छाशक्ति का परिणाम" बताया और कहा कि देश को इसी निष्ठा के साथ आगे भी काम करना है.
विजयादशमी के महत्व पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह “जीत का त्योहार” और “विजय का उत्सव” है.
उन्होंने कहा कि यह पर्व साहस देता है कि शत्रु चाहे कितना भी ताक़तवर क्यों न हो, अगर हम सत्य और मानवता के पक्ष में खड़े हैं, तो अंत में जीत हमारी ही होगी.
उन्होंने कहा कि विजयादशमी की यही भावना हमेशा से भारत के मूल विचारों का हिस्सा रही है.
कश्मीर की दो बसों पर हरियाणा और पंजाब में हमले से यात्री और ड्राइवर चिंतित, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Jahangir Ali
कश्मीर जा रही यात्री बसों पर हरियाणा और पंजाब में लगातार दो हमलों के बाद जम्मू-कश्मीर के यात्रियों और ड्राइवरों के बीच डर और चिंता का माहौल है.
23 वर्षीय तौफीक राजा मंगलवार दोपहर जब जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से लुधियाना जाने वाली बस में सवार हुए, तो उनके मन में चिंता थी.
राजा ने कहा, "ऐसी घटनाओं से स्वाभाविक रूप से डर लगता है, ख़ासकर इसलिए क्योंकि हम कश्मीर से हैं. लेकिन हर समाज में कुछ उपद्रवी लोग होते हैं. उनसे निपटने के लिए हमें यात्रा जारी रखनी चाहिए. ऐसा करना उनके मुंह पर बड़ा तमाचा होगा."
यात्री बसों पर पथराव की इन घटनाओं की जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों ने निंदा की है. उन्होंने यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
लुधियाना की एक निजी कंपनी में काम करने वाले राजा ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि वह बिना किसी घटना के अपनी मंज़िल तक पहुंच जाएंगे.
उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता भी चिंतित थे. हाल के दिनों में कश्मीरियों को इन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मुझे नहीं पता कि हमलावरों का मक़सद क्या था, लेकिन ऐसे हमलों से अनिश्चितता का माहौल बनता है.”
जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले के रहने वाले और दिल्ली से श्रीनगर के बीच नियमित रूप से बस चलाने वाले ड्राइवर आशिक अली ने कहा, “मुझे इस पर हैरानी नहीं है.”
उन्होंने कहा, “पंजाब और हरियाणा में हाइवे पर कुछ उपद्रवी लोग मिलते हैं, जो अक्सर नशे में होते हैं और छोटी-छोटी बातों पर बस ड्राइवरों से झगड़ने लगते हैं. दुख की बात है कि हमारी मदद के लिए कोई नहीं आता और अक्सर हमारे साथ मारपीट होती है.”
हरियाणा में बस पर हमले के दौरान क्या हुआ?
इमेज स्रोत, Jahangir Ali
17 अक्तूबर की रात हरियाणा में हमले का शिकार हुई बस के ड्राइवर वकार चौधरी ने बीबीसी से बताया कि उन्होंने करनाल में एक रेस्तरां के पास खाना खाने के लिए बस रोकी थी.
पुंछ के रहने वाले चौधरी ने कहा, "एक शख़्स ने मुझसे बस को पार्किंग से बाहर निकालने के लिए कहा. मैंने उससे पूछा कि क्या परेशानी है. इस पर उसने गाड़ी की नंबर प्लेट पर लात मारी और कहा और अपशब्द कहे.
चौधरी के मुताबिक, इसके बाद एक और युवक उस शख़्स के साथ आ गया और दोनों ने बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. उन्होंने कहा कि हमले में कम से कम पांच लोग शामिल थे.
उन्होंने कहा, "दो लोग मारुति बलेनो कार में आए थे, जबकि कुछ लोग बाइक पर थे. हमें तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है."
हमले के समय बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें एक बुज़ुर्ग यात्री की नाक से ख़ून निकलता दिखाई दे रहा था. उस समय उनकी पहचान नहीं हो पाई थी.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने इस मामले को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने उठाया. नायब सिंह सैनी ने अभियुक्तों के ख़िलाफ़ कार्रवाई का भरोसा दिया.
चौधरी ने दावा किया कि बस को उसके जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर की वजह से निशाना बनाया गया.
उन्होंने कहा, “हमलावर ने जम्मू-कश्मीर की नंबर प्लेट देखी और इसी वजह से बस पर हमला किया.”
हालांकि, हरियाणा पुलिस ने हमले के पीछे नस्लीय या क्षेत्रीय भेदभाव की बात को ख़ारिज किया है. पुलिस का कहना है कि यह घटना पार्किंग को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी.
इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. उनकी पहचान मोहित और सावन के रूप में हुई है. दोनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले हैं.
पंजाब में भी बस पर पथराव
दूसरी घटना 18 अक्तूबर की रात पंजाब के खन्ना इलाके में हुई. इस दौरान पथराव से एक बस की खिड़की का शीशा टूट गया.
इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. पंजाब पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है.
इंस्टाग्राम पर बीबीसी की पड़ताल के बाद सुप्रीम कोर्ट का अहम फ़ैसला, दिव्या आर्य, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
सोशल मीडिया पर बाल यौन शोषण और हिंसक सामग्री (सीएसईएएम) पर सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा आदेश का बड़ा असर हो सकता है.
जुलाई में बीबीसी की इनवेस्टिगेशन में हमने पाया था कि मेटा के प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर सीएसईएएम कंटेंट वाले विज्ञापन चलाए जा रहे हैं.
हमारी पड़ताल का हवाला देते हुए एक बाल-अधिकार एनजीओ 'जस्ट राइट्स फ़ॉर चिल्ड्रन' ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की.
इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए 15 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है. आदेश में केंद्र सरकार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर सीएसईएएम कंटेंट की पहचान करने और हटाने के लिए दिशा-निर्देश और एसओपी यानी स्टैन्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर्स बनाने को कहा गया है.
इसके लिए ज़रूरत पड़ने पर आईटी एक्ट और आईटी रूल्स में बदलाव करने की बात भी कही है. कोर्ट ने कई निर्देश भी दिए हैं.
लॉ एनफ़ोर्समेंट एजेंसीज़ की मदद के लिए ऐसे कंटेंट की जानकारी देने वाला नेशनल डेटाबेस बनाया जाए.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म जब भी ऐसा कंटेंट हटाएँ तो दो घंटे के अंदर उसकी जानकारी अधिकारियों को दें.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म हर महीने ऐसे कंटेंट को हटाने की पूरी जानकारी के साथ रिपोर्ट दें.
सीएसईएएम कंटेंट की शिकायतों को देखने के लिए एक ग्रीवैन्स ऑफ़िसर नियुक्त किया जाए.
कोर्ट ने केंद्र सरकार से दो महीने के अंदर इन सब बिंदुओं को लागू करने पर रिपोर्ट माँगी है. साथ ही सुझाया है कि वह सोशल मीडिया इंटरमीडियरी पर सीएसईएएम कंटेंट के संबंध में आईटी एक्ट का उल्लंघन करने पर फ़ाइन लगाने और ऐसे कंटेंट से हुए मुनाफ़े को ज़ब्त करने पर विचार करे.
सौरव दास और आशुतोष रांका न्यायिक हिरासत के ख़िलाफ़ दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सौरव दास और आशुतोष रांका ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख़ किया है.
दिल्ली हाई कोर्ट में स्पेशल एग्ज़ीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें उन्हें 21 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वे मामले में जल्द सुनवाई की मांग करेंगे और अदालत से अपील करेंगे कि इस मामले को आज ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए.
दिल्ली पुलिस ने 13 अक्तूबर को सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया था. आरोप है कि दोनों ने जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग वाले प्रदर्शन स्थल के गेट पर चढ़कर वहां प्रवेश किया था.
14 अक्तूबर को दोनों को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. इसके बाद 19 अक्तूबर को अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत दो दिन और बढ़ा दी.
19 अक्तूबर के अपने आदेश में एसईएम कोर्ट ने कहा कि सौरव दास और आशुतोष रांका के व्यवहार से पता चलता है कि उन्हें क़ानून का कोई सम्मान नहीं है. अदालत ने यह भी कहा कि दोनों की गतिविधियों से शांति और व्यवस्था भंग होने की गंभीर आशंका है.
अदालत ने कहा कि दोनों ने कथित व्यवहार दोबारा नहीं दोहराने का भरोसा दिया था, लेकिन उनके पिछले कृत्यों को देखते हुए इस आश्वासन पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
अदालत ने यह भी कहा कि प्रतिबंध हटाए जा चुके इलाकों में प्रदर्शन का आह्वान करके दोनों ने बार-बार ऐसा करने की प्रवृत्ति दिखाई है.
शिवा शर्मा हत्याकांड में अभियुक्त श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, ANI
लखनऊ के हज़रतगंज थाने में दर्ज शिवा शर्मा हत्याकांड के मामले में फ़रार चल रहीं श्रद्धा दुबे समेत तीनों अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
फ़रार अभियुक्तों में ड्राइवर दानिश और रश्मि दुबे भी शामिल थे. इनकी गिरफ़्तारी पर 50-50 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
मंगलवार को लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फ़ोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने नागपुर पुलिस की मदद से तीनों अभियुक्तों को नागपुर से गिरफ़्तार किया.
उत्तर प्रदेश के एडीजी (क़ानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने कहा, “लखनऊ पुलिस काफ़ी समय से श्रद्धा दुबे को गिरफ़्तार करने की कोशिश कर रही थी. इस अभियान में एसटीएफ को भी लगाया गया था. लगातार निगरानी और तलाश के बाद आज शाम एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने नागपुर पुलिस की मदद से उसे नागपुर में गिरफ़्तार कर लिया."
एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि अभियुक्तों को अब ट्रांज़िट रिमांड पर लखनऊ लाया जाएगा, जहां लखनऊ पुलिस उनसे पूछताछ करेगी और मामले की जांच आगे बढ़ाएगी.
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता रंजना शर्मा की लिखित शिकायत पर 9 अक्तूबर 2026 को हज़रतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था.
कार्टून: बुराई की कैटेगरी
इमेज कैप्शन, दशहरे पर रावण के साथ कॉकरोच के पुतले जलाये जाने पर आज का कार्टून
ब्रेकिंग न्यूज़, आईआरजीसी का दावा, होर्मुज़ स्ट्रेट में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में लगी आग
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) का कहना है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन करने वाले दो तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए.
आईआरजीसी ने कहा कि इसके बाद उन्हें रुकना पड़ा.
आईआरजीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिण में एक "ग़ैरक़ानूनी रास्ते" से गुजर रहे थे. इसी दौरान वे उसकी नौसेना की ओर से बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिससे उनमें आग लग गई.
रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना ने चेतावनी दी है कि "बारूदी सुरंगों से भरे रास्ते से गुजरना ग़ैरक़ानूनी है और इसका नतीजा उल्लंघन करने वालों की संपत्ति के जलने के अलावा कुछ नहीं होगा."
हालांकि, जहाज़ों की सुरक्षा पर नज़र रखने वाली ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) जैसी एजेंसियों ने इन धमाकों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.
दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच संघर्ष तेज़ होने और होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमलों के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.
मंगलवार को कारोबार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड की क़ीमत पांच महीने में पहली बार 111 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई.
राष्ट्रपति ट्रंप ने शी जिनपिंग और पुतिन के साथ बैठक करने की इच्छा जताई
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध के भविष्य पर फ़ैसला करने के लिए अमेरिका और चीन के राष्ट्रपतियों के साथ त्रिपक्षीय बैठक करने का प्रस्ताव दिया है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ऐसी बैठक के लिए तैयार हैं. हालांकि, उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि बैठक का मुख्य फोकस परमाणु हथियारों को ख़त्म करने पर होगा, न कि यूक्रेन के मुद्दे पर.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन को लेकर रूस का रुख़ 'स्वीकार करने लायक' रहा है.
पुतिन के इस प्रस्ताव को लेकर द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के बाद यूरोप में चिंता बढ़ गई है. वहीं, यूक्रेन ने इस प्रस्ताव की आलोचना की है.
ट्रंप ने एक बार फिर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की आलोचना की. उन्होंने कहा कि शायद अब समय आ गया है कि कीएव की ओर से कोई दूसरा व्यक्ति बातचीत करे.
रावण के साथ जलाया जाएगा कॉकरोच का पुतला, अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीतमपुरा के नेताजी सुभाष पैलेस ग्राउंड में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ 30 फ़ीट लंबे कॉकरोच के पुतले की एक झलक
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दशहरे पर रावण के साथ कॉकरोच का पुतला जलाने की ख़बर पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने एक्स पर पीतमपुरा स्थित नेताजी सुभाष पैलेस ग्राउंड में लगाए गए कॉकरोच के पुतले की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "फ़्री पब्लिसिटी के लिए शुक्रिया."
दरअसल, श्री कृष्ण रामलीला कमिटी रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ 30 फ़ीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन करने वाली है.
इस पर सीजेपी की लीगल हेड ने एक्स पर लिखा, "तमाशा करा लो बस इस देश में."
रत्ना सिंह ने लिखा, "दशहरे पर कॉकरोच का पुतला जलाना दिखाता है कि सत्ताधारी पार्टी कितनी घबराई हुई है. आप लोग हमें इतनी अहमियत दे रहे हैं. यह जानकर अच्छा लगा कि हम इतना असर डाल रहे हैं कि आप हमें अपने मुक़ाबले में देख रहे हैं."
उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि हम कुछ सही कर रहे हैं.
पंजाब में नशे के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने पर मारे गए शख़्स के परिवार से मिले अमित शाह, गुरप्रीत चावला, बीबीसी पंजाबी के लिए
इमेज स्रोत, BJP Punjab
इमेज कैप्शन, गृह मंत्री अमित शाह ने बिक्रमजीत सिंह के परिवार से करीब 15 मिनट तक मुलाकात की
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पंजाब के गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाक़ात की.
उनके परिजनों का आरोप है कि नशे के कारोबार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के कारण बिक्रमजीत की हत्या की गई.
अमित शाह मंगलवार को गुरदासपुर ज़िले के मारी पन्नू गांव में उनके परिवार से मिलने पहुंचे. पंजाब में नशे के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के बाद अपनों को खोने वाले परिवारों से मुलाक़ात के सिलसिले में उन्होंने यह दौरा किया.
यह मुलाक़ात करीब 15 मिनट तक चली.
इस दौरान गृह मंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और उनसे एक ज्ञापन लिया. परिवार के सदस्यों के मुताबिक, अमित शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा. उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की बात भी कही.
उन्होंने परिवार से यह भी कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी रहेगी और नशे की समस्या के ख़िलाफ़ प्रयास जारी रखेगी.
इस दौरान पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे.
बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाक़ात के बाद अमित शाह मानसा के लिए रवाना हुए.
वहां उन्हें एक दूसरे नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलना है. परविंदर सिंह की पिछले हफ्ते हत्या कर दी गई थी.
जेडी(यू) विधायक अनंत सिंह बोले, 'मुझे पार्टी से कोई दिक्कत नहीं, लेकिन नीरज कुमार को हराना है'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जेडी(य़ू) विधायक अनंत सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)
जेडी(य़ू) विधायक अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं. वो अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के ख़िलाफ़ वोट मांग रहे हैं.
इस पर मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा, "मुझे इन सब चीज़ों के बारे में नहीं पता. मुझे बस इतना पता है कि मेरी लड़ाई नीरज कुमार से है. मुझे पार्टी से कोई दिक्कत नहीं है. मैं नीरज कुमार को हराकर रहूंगा."
उन्होंने कहा, "मैं जनता और भगवान से मांग करता हूं कि इस घमंडी आदमी को हराएं.”
जब पत्रकार ने पूछा कि जेडी(यू) उम्मीदवार अस्पताल में भर्ती हैं.
इसपर उन्होंने कहा, "वह अस्पताल में भर्ती नहीं हैं. वह सिर्फ़ जांच कराने जाते हैं और दो घंटे बाद ही वोट मांगने निकल जाते हैं."
यूएई के उप प्रधानमंत्री के साथ बैठक की शुरुआत में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ये कहा
इमेज स्रोत, @DrSJaishankar
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख़ अब्दुल्लाह बिन जायद अल नाहयान और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच मुंबई में मुलाक़ात हुई है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शेख़ अब्दुल्लाह बिन जायद अल नाहयान के साथ बैठक के दौरान शुरुआती संबोधन दिया.
उन्होंने कहा, "एक दशक से अधिक समय तक लगातार संपर्क और सहयोग के बाद भारत-यूएई संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक़ आगे बढ़ रहे हैं. इस साल दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच असाधारण स्तर पर बातचीत और संपर्क हुआ है."
एस जयशंकर ने कहा, "वैश्विक चुनौतियों और क्षेत्रीय मुश्किलों के बावजूद हमारी आर्थिक साझेदारी लगातार नए मानक स्थापित कर रही है. व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर हस्ताक्षर होने के बाद से द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब अमेरिकी डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है."
उन्होंने कहा, "दोनों देशों के बीच निवेश भी लगातार बढ़ रहा है. यह इस बात को दर्शाता है कि दोनों देशों के कारोबारी एक-दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं पर भरोसा करते हैं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू का आज से तीन दिवसीय पाकिस्तान दौरा
इमेज स्रोत, @presidencymv
इमेज कैप्शन, मालदीव के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद मुइज़्ज़ू का इस्लामाबाद में कई मुद्दों पर चर्चा और समझौता कर सकते हैं
पाकिस्तानी सरकारी मीडिया के अनुसार, मालदीव के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद मुइज़्ज़ू का तीन दिवसीय इस्लामाबाद दौरा मंगलवार से शुरू हो रहा है.
मुइज़्ज़ू पाकिस्तान दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ रेडियो पाकिस्तान पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू अपने पाकिस्तानी समकक्ष आसिफ़ अली ज़रदारी से मुलाक़ात करेंगे, जो उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे.
मालदीव के राष्ट्रपति पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ भी बातचीत करेंगे.
दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने की संभावनाओं पर बातचीत करेंगे.
इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित कई समझौतों और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है.
ईरान: आईआरजीसी ने अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 28 फ़रवरी को ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों के बाद इलाक़े में संघर्ष लगातार जारी है (सांकेतिक तस्वीर)
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान जारी कर दावा किया है कि उन्होंने एक अमेरिकी सैन्य ड्रोन को निशाना बनाया है.
मंगलवार सुबह जारी एक बयान में, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट के ऊपर आकाश में एक एम-क्यू9 सेंटकॉम ड्रोन को रोक कर नष्ट कर दिया गया है.
बयान में दावा किया गया, "आईआरजीसी की नई उन्नत एयरोस्पेस डिफ़ेंस सिस्टम से की गई गोलाबारी और देश के एकीकृत हवाई रक्षा नेटवर्क के नियंत्रण में रोककर ड्रोन को नष्ट कर दिया गया."
हालांकि आईआरजीसी के इस दावे पर सेंटकॉम की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है.
संजय राउत ने कहा, 'ये सरकार रही तो अराजकता फैलेगी'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संजय राउत ने कहा है कि इस देश को अब सुप्रीम कोर्ट ही बचा सकता है
शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने कहा है कि अगर मोदी सरकार सत्ता में बनी रही तो अराजकता फ़ैलेगी.
संजय राउत ने कहा, "ये सरकार रहेगी तो अराजकता फैलेगी. सुप्रीम कोर्ट को इस पर ध्यान देना चाहिए. हम कहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट पर हमारा भरोसा है. अब इस देश को सुप्रीम कोर्ट ही बचा सकता है."
"जिस तरह से इस देश में मोदी जी की सरकार तिरंगा लहराने पर भी विरोध कर रही है. इसका मतलब है कि ये राष्ट्रभक्तों की सरकार नहीं है."
"एक बार फिर मोदी और शाह ईस्ट इंडिया कंपनी की सरकार यहां लाना चाहते हैं, महाराष्ट्र में फडणवीस लाना चाहते हैं. अगर हम अपने देश में तिरंगा नहीं लहरा सकते तो किस देश का झंडा लहराएं?"