आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

महादेव बेटिंग ऐप मामले का मुख्य अभियुक्त भारत लाया गया, सीबीआई ने क्या बताया

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित आनलाइन सट्टा महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत ले कर आ गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा,अभिषेक प्रताप सिंह

  1. अखिलेश यादव ने कहा- योगी आदित्यनाथ को भी रामलीला मैदान में आना चाहिए

    रामलीला मैदान में विपक्ष की 'महारैली' से ठीक पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है.

    अखिलेश यादव ने दावा किया है, "मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया है कि 1 करोड़ 27 लाख वोट कम हो गया. उन्हें यह कब याद आया, जब वो एमएलसी का चुनाव हार गए. जो लोग डबल इंजन की बात करते थे, वो वहीं डबल ज़ीरो हो गए."

    उन्होंने कहा, "एक बार हार उन्हें स्वीकार नहीं हुई. इलेक्शन कमीशन से मिलकर दोबारा काउंटिंग कराई. डबल इंजन सरकार की एक ही चुनाव में डबल हार हुई और उसके बाद क्या याद आ रहा है कि 1 करोड़ 27 लाख वोट हिंदुओं के नहीं हैं. ये किसने डेटा दे दिया?"

    अखिलेश ने कहा, "सरकार आरोप लगा रही है कि लाखों लाभार्थियों के वोट ही नहीं हैं. इसका मतलब यह है कि उन्हें भी रामलीला मैदान में आ जाना चाहिए."

    गौरतलब है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम ग़ायब हैं.

  2. जेट फ़्यूल और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुए महंगे, इतनी हुई क़ीमत

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में क़ीमतों में तेज़ी के बीच जेट फ़्यूल (एटीएफ़) और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं.

    सरकारी तेल कंपनियों के मुताबिक़, रविवार से एटीएफ़ की क़ीमत में 1.37 रुपये प्रति लीटर और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत में 10 रुपये का इज़ाफ़ा किया गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एटीएफ़ की क़ीमत अब 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है. जेट फ़्यूल के दाम में लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी की गई है. इससे पहले 1 अक्तूबर को एटीएफ़ की क़ीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी.

    कांग्रेस ने इस पर तंज़ करते हुए कहा कि दिवाली से पहले 'महंगाई मैन' का चाबुक फिर चला है.

    वहीं, होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 10 बढ़कर 2,820 रुपये हो गई है.

    घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की क़ीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 942 रुपये पर स्थिर है.

    इसके अलावा, पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

  3. नितिन नबीन आज रोहतक में करेंगे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रविवार को हरियाणा के रोहतक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च करेंगे.

    विपक्ष के ख़िलाफ़ बीजेपी के देशव्यापी अभियान के तहत इस मार्च का आयोजन किया जा रहा है.

    यह मार्च ऐसे समय में निकाला जा रहा है, जब विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और कथित वोट चोरी के विरोध में रैली करेगा.

    वहीं, बीजेपी ने विपक्ष पर 'भ्रामक जानकारी फैलाने, दुष्प्रचार करने और सुनियोजित तरीके से राजनीतिक अराजकता पैदा करने' का आरोप लगाया है.

    बीजेपी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, पदयात्रा रोहतक के छोटूराम पॉलिटेक्निक मैदान से शुरू होगी और मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क पर तक जाएगी.

    इस पदयात्रा में हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है.

  4. राहुल गांधी और विपक्ष की महारैली में जुटने लगे लोग, देखिए तस्वीरें

    दिल्ली में रविवार को इंडिया गठबंधन की रैली को समर्थन देने देश के अलग-अलग हिस्सों से विपक्षी पार्टियों के समर्थक रामलीला मैदान में जुटने लगे हैं.

    ये रैली मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और एसआईआर के विरोध में बुलाई गई है.

    इंडिया ब्लॉक जहां इस इस रैली को एक बड़े बदलाव की आहट बता रहा है तो बीजेपी का कहना है कि 'इंडिया' गठबंधन दिखता कहां है, ये चुनाव में अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं.

    दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी की गई एडवाइज़री में कहा गया है कि रामलीला मैदान की तरफ़ बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के कई हिस्सों में या तो यातायात प्रतिबंधित किए गए हैं या कहीं-कहीं यातायात को मोड़ा गया है. बीबीसी संवाददाता शाद मिद्हत के मुताबिक, राहुल गांधी की रैली को देखते हुए मिंटो रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है. कांग्रेस कार्यकर्ता भी जुट रहे हैं.

    विपक्ष ने इस रैली का नाम 'वोट बचाओ, देश बचाओ' दिया है. रामलीला मार्च की शुरुआत कनॉट कनॉट प्लेस से होगी और फिर अजमेरी गेट से होते हुए नेता और समर्थक रामलीला मैदान पहुंचेंगे.

    इंडिया ब्लॉक की रैली पर शिव सेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, "लाखों लोग इस रैली में आ रहे हैं, उन्हें रोकने की बड़ी कोशिशें हो रहीं, लेकिन वो जितना रोकने की कोशिश करेंगे, लेकिन संख्या उतनी ही बढ़ेगी. लोग सारे बैरिकेड तोड़ देंगे. वे बदलाव चाहते हैं. वे ये सरकार नहीं चाहते हैं. जो शक्ति हम आज दिखने जा रहे हैं, वो देश की शक्ति है, वो सिर्फ़ एक या दो पार्टी की शक्ति नहीं है."

    उत्तर प्रदेश के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा है कि इंडिया गठबंधन दिखता कहां है, चुनाव में अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं, एक-दूसरे के ख़िलाफ़ बातें करते हैं. दिल्ली में रैली करने का जो पिछला अनुभव देखा गया है, वो सिर्फ़ दिल्ली की जनता को परेशान करना देखा गया है.

  5. रामलीला मैदान में रैली: व्यापारिक संगठन ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर अब क्या कहा

    रामलीला मैदान में प्रस्तावित विपक्ष की रैली को लेकर दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक बार फिर पत्र लिखा है.

    सीटीआई ने आशंका जताई है कि रैली के कारण दिल्ली के प्रमुख बाज़ारों में व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं.

    सीटीआई ने कहा, "रामलीला मैदान के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित क़रीब 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है. इससे क़रीब 80 फ़ीसदी कारोबार प्रभावित हो सकता है."

    सीटीआई के अनुसार, रैली के कारण रामलीला मैदान के आसपास लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में ट्रांसपोर्ट व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. संगठन ने आशंका जताई है कि लोडिंग-अनलोडिंग बंद होने से माल की आवाजाही बाधित होगी. इससे गांधीनगर, सदर बाज़ार, चावड़ी बाज़ार, खारी बावली, नया बाज़ार, चांदनी चौक और अन्य प्रमुख बाज़ारों में सामान की सप्लाई प्रभावित हो सकती है.

    संगठन का कहना है कि यदि बाज़ारों तक ग्राहकों की पहुंच और माल की आवाजाही बाधित होती है तो इसका सीधा असर दिल्ली के व्यापार, रोज़गार और छोटे कारोबारियों की आजीविका पर पड़ेगा.

    सीटीआई ने कहा, "हम फिर कह रहे हैं, हम रैली के विरोधी नहीं हैं. रैली करिए, लेकिन 20 बाज़ारों के दिवाली व्यापार की क़ीमत पर नहीं. राहुल गांधी जी, आप कह रहे हैं बाज़ार में जाओ, लेकिन जब बाज़ारें-दुकानें ही बंद रहेंगी, ट्रांसपोर्ट ही ठप रहेगा, रास्ते ही बंद रहेंगे, तो रैली में आने वाले लोग कहां जाएंगे ख़रीदारी करने? पहले रास्ता तो खुला रखिए."

    दूसरी ओर, राहुल गांधी ने रैली में शामिल होने वाले लोगों से व्यापारियों से कुछ न कुछ ख़रीदने की अपील की है ताकि उनकी मदद हो सके.

    उन्होंने कहा, "कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं.त्योहारों का मौसम है. दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है. मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें."

  6. जर्मनी में जेन ज़ी का प्रदर्शन हिंसक हुआ, कई शहरों में झड़पें और लूटपाट, जेम्स चैटर

    जर्मनी के फ़्रैंकफ़र्ट शहर में शनिवार देर रात दंगाइयों ने दुकानों में लूटपाट की. यहां पुलिस के साथ झड़पें भी हुईं. जर्मनी के दूसरे शहरों में भी झड़पें हुईं. इससे पहले महंगाई के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे. ये प्रदर्शन काफ़ी हद तक शांतिपूर्ण रहे थे.

    जर्मनी की वित्तीय राजधानी फ़्रैंकफ़र्ट के अलावा बर्लिन, कोलोन और हैम्बर्ग में भी हिंसा की घटनाएं हुईं. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया. प्रदर्शनकारियों ने पटाखों, पत्थरों और बोतलों से आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों को निशाना बनाया था.

    इससे पहले हज़ारों लोगों ने 'जेन ज़ी रेगेल्ट' नाम के अभियान समूह के बैनर तले प्रदर्शनों में हिस्सा लिया. इसका मतलब है- 'जेन ज़ी अब ज़िम्मेदारी संभालेगी'.

    प्रदर्शनकारी स्कूलों में कम फंडिंग, जीवनयापन की बढ़ती लागत, सरकारी ख़र्च में कटौती और सैन्य सेवा के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे थे.

    जर्मनी में ये विरोध प्रदर्शन फ़्रांस में हुए इसी तरह के युवा नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बाद हुए हैं. फ़्रांस में भी शनिवार को तीन लाख 20 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने प्रदर्शन किया था.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, फ़्रैंकफ़र्ट की मुख्य शॉपिंग सड़क का एक बड़ा हिस्सा पुलिस ने बंद कर दिया था. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि शहर में कई लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    फ़्रैंकफ़र्ट, म्यूनिख और बर्लिन के अधिकारियों के मुताबिक़, प्रदर्शनों में कुल 18 हज़ार तक लोग शामिल हुए. यह संख्या आयोजकों की वेबसाइट पर लगाए गए अनुमान की तुलना में क़रीब आधी थी.

    'जेन ज़ी रेगेल्ट' की प्रवक्ता लीना फ़्रेडरिक ने कहा कि इन प्रदर्शनों का मक़सद "युद्ध और ज़बरदस्ती के बजाय शांति और आज़ादी के लिए लड़ना" था.

    उन्होंने कहा, "हमारे लिए सबसे ज़रूरी है कि स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर समर्थन मिले. हम अनिवार्य सैन्य सेवा के ख़िलाफ़ हैं और चाहते हैं कि इसका बोझ ज़्यादा न्यायपूर्ण तरीक़े से बांटा जाए."

    दिन में हुए प्रदर्शन काफ़ी हद तक शांतिपूर्ण रहे, लेकिन रात होते-होते हिंसा शुरू हो गई.

  7. रामलीला मैदान में विपक्ष की 'महारैली', तस्वीरों में देखें अभी कैसा है हाल

    दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की रैली होनी है. इससे पहले यहां पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है.

    माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने दावा किया है कि इस रैली में शामिल होने के लिए दस लाख लोग दिल्ली पहुंचेंगे.

    इस बीच सुरक्षा बलों की तैनाती और रैली स्थल पर तैयारियों की तस्वीरें भी सामने आई हैं.

  8. वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप: गोल्ड जीतने के बाद क्या बोलीं मनीषा भानवाला

    मनीषा भानवाला वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में महिलाओं की फ़्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय पहलवान बन गई हैं.

    मनीषा ने भारत पहुंचने के बाद कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है और मैं बहुत गर्व महसूस कर रही हूं. यह साल मेरे लिए मानसिक रूप से काफ़ी मुश्किल रहा, क्योंकि इस साल एशियन गेम्स भी थे. मैं काफ़ी परेशान थी, क्योंकि एशियन गेम्स मेरे लिए बहुत ज़रूरी थे और किसी वजह से मैं वहां मेडल नहीं जीत पाई."

    "जब मैं वापस लौटी, तो मेरे मन में बार-बार यही बात आ रही थी कि मैं वहां मेडल क्यों नहीं जीत पाई. इसके बाद मेरे पास 10 दिन थे, इसलिए मैंने लगातार अभ्यास किया और फिर वर्ल्ड चैंपियनशिप आई."

    मनीषा ने कहा, "मुझे अंदर से लग रहा था कि इस बार मैं इतिहास रचूंगी और मैंने ऐसा कर दिखाया. भारतीय कुश्ती महासंघ ने मेरा साथ दिया है और आगे भी देता रहेगा. जैसे-जैसे हम सीनियर होते हैं, हमारा अनुभव बढ़ता जाता है. मुझे लगता है कि अगला साल इससे भी बेहतर होगा. अपना पूरा दम लगाकर मेहनत करते रहिए, आपको सफलता ज़रूर मिलेगी."

    गौरतलब है कि मनीषा भानवाला ने 59 किलोग्राम भार वर्ग के रोमांचक फ़ाइनल मुक़ाबले में अमेरिका की अबीगेल नेट को 8-6 से हराया.

  9. रामलीला मैदान में विपक्ष की 'महारैली' को लेकर बीजेपी ने कहा, 'राहुल गांधी ने ग़लत दिन चुना'

    कांग्रेस और बाकी विपक्षी दल रविवार को रामलीला मैदान में चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं के विरोध में महारैली कर रहे हैं.

    सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने इस रैली के लिए ग़लत दिन चुना है.

    केंद्रीय क़ानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 1 नवंबर की प्रस्तावित रैली पर कहा, "विरोध प्रदर्शन का एक कार्यक्रम उन्होंने हाथ में लिया है. उनके घटक दलों के नेता भी 1 नवंबर नहीं चाहते हैं, क्योंकि 1 नवंबर को दिल्ली में एक बेहद संवेदनशील दिन के रूप में याद किया जाता है."

    "31 अक्तूबर 1984 को इंदिरा जी की हत्या हुई. उसके बाद 1 नवंबर को दिल्ली में जिस तरह मारकाट हुई, सिख भाइयों पर अत्याचार हुए, ख़ून-ख़राबा हुआ और उसी दिन को राहुल गांधी जी ने चुना. उनके मन में थोड़ी-बहुत भी संवेदना नहीं है. 1 नवंबर को लेकर सिख प्रतिनिधियों ने भी उन्हें चेताया कि आप अपने आंदोलन की तारीख़ आगे-पीछे कर लें."

    मेघवाल ने कहा, "दिल्ली के व्यापारिक संगठनों ने भी उन्हें पत्र लिखा और उनके घर जाकर मुलाक़ात की. उन्होंने कहा कि आप तारीख़ आगे-पीछे कर लें, क्योंकि दिवाली का त्योहार आ रहा है... हम साल भर इंतज़ार करते हैं. हम थोक व्यापारी हैं. इतने लाख लोग इकट्ठा करेंगे तो बाज़ार प्रभावित होगा, दुकानें बंद हो जाएंगी और जो लोग हमसे सामान ख़रीदना चाहते हैं, वे नहीं आ पाएंगे."

    वहीं, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "1 नवंबर को दिल्ली के सबसे बुरे दिनों की शुरुआत हुई थी. अब इसके 42 साल पूरे हो रहे हैं. सिख परिवारों के लिए यह तारीख़ अपनों को खोने और घरों के जलकर राख हो जाने की दर्दनाक यादें लेकर आती है."

    उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या एक दुखद घटना थी, लेकिन इसके बाद सिख समुदाय को जिस तरह सामूहिक रूप से सज़ा दी गई, उसे किसी भी हाल में सही नहीं ठहराया जा सकता."

  10. सपा नेता आज़म ख़ान की गिरफ़्तारी पर उनके वकील ने दी ये जानकारी

    समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आज़म ख़ान शनिवार को रामपुर जेल से रिहा हुए, लेकिन रिहाई के तुरंत बाद जेल से बाहर निकलते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम ने उन्हें दूसरे मामले में गिरफ़्तार कर लिया.

    इस मामले पर उनके वकील नासिर सुल्तान ने शनिवार रात को कहा कि उन्होंने आज तक ऐसा नहीं देखा. उन्होंने इसे सरकार का 'तानाशाहीपूर्ण रवैया' बताया.

    वकील नासिर सुल्तान ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "जिस तरह से मोहम्मद आज़म ख़ान को जेल से निकलते ही उठाया गया, उठाने का कोई आधार नहीं बताया गया. कहां लेकर जा रहे हैं और कौन उठा रहा है, कुछ नहीं बताया गया. इस तरह किसी को जेल से निकलते हुए उठाना या हिरासत में लेना हमने आज तक नहीं देखा."

    उन्होंने कहा, "तीन दिन की मेहनत और मशक्कत के बाद वो जेल से रिहा हुए और तब उन्हें उठा लिया गया. मैं यही कहूंगा कि यह सरकार का एक तानाशाहीपूर्ण रवैया है. मोहम्मद आज़म ख़ान से किसे ख़तरा है? 2027 का चुनाव क़रीब है तो जिसे ख़तरा होगा, वही ये सब काम करवा रहे हैं.

    "आज़म ख़ान इस देश के सबसे बड़े सेक्युलर नेता हैं. उनकी आवाज़ पूरे देश में सुनी जाती है. सरकार नहीं चाहती कि वो बाहर आएं. सरकार में रहने वाली पार्टी को उनसे नुक़सान होगा."

    14 अक्तूबर 2026 को प्रवर्तन निदेशालय ने आज़म ख़ान को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी फंड के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में नामज़द किया था. इसी मामले में उन्हें शनिवार को गिरफ़्तार किया गया है.

  11. राहुल गांधी ने रामलीला मैदान की रैली में शामिल होने वाले लोगों से व्यापारियों की मदद करने की अपील की

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपील की है कि रामलीला मैदान की रैली में शामिल होने वाले लोग यहां ख़रीदारी कर व्यापारियों की मदद करें.

    राहुल गांधी ने शनिवार रात को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक वीडियो जारी कर यह अपील की.

    उन्होंने कहा, "कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं.त्योहारों का मौसम है. दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है. मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें."

    "प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी ख़रीदारी भी कीजिए - व्यापारियों का फ़ायदा हो जाएगा. मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुक़सान नहीं पहुंचाएगी. बीजेपी डरी हुई है इसलिए अफ़वाह फैला रही है."

    राहुल ने कहा, "दोनों काम करते हैं. कल मार्च होगा, रैली होगी और लाखों लोग हमारे व्यापारियों की छोटी-छोटी दुकानों में से सामान ख़रीदेंगे."

    गौरतलब है कि दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) राहुल गांधी से 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली को टालने की मांग की थी.

    व्यापार संगठन ने अपील की थी कि त्योहारों के इस सीज़न में इस रैली को दीपावली के बाद (10 नवंबर के बाद) आयोजित किया जाए.

  12. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.