सऊदी अरब के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 20 अक्तूबर तक रद्द
एयर इंडिया ने सऊदी अरब में बदलते हालात के मद्देनजर रियाद, दम्माम और जेद्दा से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं.
एयरलाइन ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान में बताया, "हम हालात पर क़रीब से नज़र रख रहे हैं और उड़ानें सुरक्षित रूप से दोबारा शुरू करने के लिए लगातार स्थिति का आकलन कर रहे हैं."
एयर इंडिया के मुताबिक़, उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
इससे पहले भारतीय दूतावास ने जारी एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर रहने की अपील की है.
एडवाइजरी में कहा गया है कि सऊदी अरब से तत्काल निकलने की ज़रूरत वाले भारतीय नागरिक बहरीन, कुवैत और कतर समेत पड़ोसी देशों से उड़ान लेने पर विचार कर सकते हैं.
गौरतलब है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए गए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और 10 घायल हुए थे.