मिडटर्म में झटका मिलने बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस प्रशासन में किया ये फेरबदल, मैडलीन हेल्पर्ट

इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक हार के बाद स्टीफ़न मिलर को अपना नया चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ नियुक्त किया है.
मिलर ट्रंप की सख़्त इमिग्रेशन नीति तैयार करने वाले प्रमुख लोगों में से एक हैं.
मिलर की नियुक्ति के साथ ही सूज़ी वाइल्स की जगह एक नया चेहरा व्हाइट हाउस में इस अहम पद की ज़िम्मेदारी संभालेगा.
रिपब्लिकन पार्टी के कांग्रेस के दोनों सदनों में नियंत्रण खोने के बाद वाइल्स ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. इस हार से व्हाइट हाउस में ट्रंप के कार्यकाल के आख़िरी दो साल के एजेंडे को झटका लगा है.
पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वाइल्स ने "बहुत अच्छा काम किया है", लेकिन "कभी-कभी हमें बदलाव करने पड़ते हैं".
ट्रंप के क़रीबी सहयोगी और डिप्टी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ मिलर सोमवार से नई ज़िम्मेदारी संभालेंगे. 41 साल के मिलर ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर काम कर चुके हैं.
मिलर उन चुनिंदा सहयोगियों में शामिल हैं जिन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद भी ट्रंप का साथ नहीं छोड़ा था. पिछले साल ट्रंप की सत्ता में वापसी के बाद वह फिर उनके साथ काम करने लगे.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर मिलर ने ट्रंप को "अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा बदलाव लाने वाला राजनीतिक नेता" बताया. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने अकेले ही अमेरिका को उन लोगों से बचाया है जो उसे बर्बाद करना चाहते थे.
