इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के प्रतिद्वंद्वी और विपक्ष के नेता गादी आइज़नकोट ने नई सरकार बनाने को लेकर एक बयान जारी किया है.
'अमेरिका और दुनिया भर में सभी मित्रों' के नाम दिए एक संदेश में उन्होंने कहा कि इसराइल के लोगों ने 'बदलाव और मौजूदा सरकार को हटाने' के लिए मतदान किया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "हमारा लोकतंत्र मजबूत और जीवंत बना हुआ है. हम जल्द से जल्द नई सरकार बनाने के लिए इसराइली जनता की इच्छा पूरी करने की दिशा में काम कर रहे हैं. यह राष्ट्रीय आपातकाल की सरकार होगी."
"मेरा इरादा इसराइल को नया नेतृत्व देने का है. ऐसा नेतृत्व जो सभी इसराइलियों के हित में काम करे. अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हम एक मजबूत इसराइल बनाएंगे. ऐसा इसराइल जो यहूदी और लोकतांत्रिक हो. जो उदारवादी मूल्यों और सभी के लिए समानता के प्रति प्रतिबद्ध हो और जिसे अपने भविष्य पर भरोसा हो."
आइज़नकोट ने आगे लिखा, "इसराइल और अमेरिका के बीच संबंध सिर्फ दो सरकारों का गठबंधन नहीं है. यह दोनों देशों के लोगों के बीच साझेदारी है, जो कई पीढ़ियों से चली आ रही है. यह साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है और इस विश्वास से मजबूत हुई है कि जब हमारे देश साथ खड़े होते हैं, तो दोनों ज्यादा सुरक्षित और समृद्ध होते हैं."
उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके नेतृत्व में अमेरिका के साथ साझेदारी और 'मजबूत और गहरी' होगी.
उन्होंने कहा, "हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ऐसे मध्य पूर्व के निर्माण के लिए काम करेंगे, जहां सिर्फ संघर्ष न हो, ऐसा ही नहीं, बल्कि अवसरों और सहयोग की भी मौजूदगी हो. इसराइल मध्य पूर्व में अमेरिका के सबसे भरोसेमंद और सक्षम रणनीतिक साझेदारों में से एक बना रहेगा."
"मैं राष्ट्रपति ट्रंप और उनके प्रशासन के साथ मिलकर रचनात्मक और करीबी तरीके से काम करने को लेकर उत्साहित हूं."
ग़ौरतलब है कि बीते महीने के अंत में इसराइल में हुए आम चुनावों में नेतन्याहू की पार्टी की अगुवाई वाले गठबंधन को बहुमत नहीं मिल पाया.
नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़नकोट के गठबंधन को 48 सीटें मिलीं हैं.
दो अरब पार्टियों के गठबंधनों, द जॉइंट लिस्ट और राम ने उम्मीदों के उलट प्रदर्शन करते हुए 120 सीटों वाली इसराइली संसद में रिकॉर्ड 19 सीटें जीतीं.
इसके बाद वहां सरकार बनाने को लेकर विपक्षी दलों में बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है.