अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस में करेंगीं रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों की मेज़बानी, लॉरा गोज़्ज़ी
इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप गुरुवार को व्हाइट हाउस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों की मेज़बानी करेंगी.
इससे एक दिन पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने मेलानिया ट्रंप को देश का सर्वोच्च महिला सम्मान दिया.
मेलानिया ट्रंप को 'ऑर्डर ऑफ़ प्रिंसेस ओल्गा' के प्रथम श्रेणी के सम्मान से नवाज़ा गया है.
उन्हें यह सम्मान यूक्रेन को मानवीय मदद देने में उनके महत्वपूर्ण व्यक्तिगत योगदान के लिए मिला है.
यह मुलाक़ात ऐसे समय हो रही है जब यूक्रेन के दक्षिणी इलाक़े खेरसोन में युद्धविराम ख़त्म हो गया है.
इस युद्धविराम के दौरान रूस के कब्ज़े वाले शहर ओलेश्की से कई सौ लोगों को निकाला गया था.
यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडलों में दोनों देशों के वे लोकपाल शामिल होंगे, जिन्होंने लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में हिस्सा लिया था.
इनके अलावा दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे.
व्हाइट हाउस के मुताबिक़, मेलानिया ट्रंप ने दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू करने की पहल ख़ुद की थी और खेरसोन युद्धविराम कराने में कामयाबी हासिल की थी.
व्हाइट हाउस ने इसे किसी अमेरिकी फ़र्स्ट लेडी की ओर से की गई अभूतपूर्व कूटनीतिक पहल बताया है.
रूस और यूक्रेन, दोनों ने युद्धविराम कराने के लिए मेलानिया ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है.
हालांकि, दोनों देशों ने यह नहीं बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में उनकी भूमिका कितनी थी और उन्होंने क्या किया था.
भारत ने किया 'प्रलय' मिसाइल का सफल परीक्षण, रक्षा मंत्री ने क्या कहा
इमेज स्रोत, AIR
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने आज ओडिशा तट के पास डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से अर्द्ध बैलिस्टिक मिसाइल 'प्रलय' का सफल उड़ान परीक्षण किया.
इस मिसाइल को हैदराबाद स्थित रिसर्च सेंटर इमारत (आरसीआई) ने डीआरडीओ की अन्य प्रयोगशालाओं के साथ मिलकर स्वदेशी रूप से विकसित किया है.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज के विभिन्न उपकरणों से मिले परीक्षण आंकड़ों ने पुष्टि की है कि परीक्षण के सभी मक़सद पूरी तरह सफल रहे.
मंत्रालय ने बताया कि यह उड़ान परीक्षण यूजर इवेल्यूशन ट्रायल के तहत डीआरडीओ के वरिष्ठ अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और सशस्त्र बलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया.
इस सफल परीक्षण के बाद इस मिसाइल प्रणाली के सशस्त्र बलों में शामिल होने की संभावना करीब आ गई है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूजर इवेल्यूशन ट्रायल के तहत किए गए इस परीक्षण में सभी निर्धारित उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे हुए.
विभिन्न रेंज उपकरणों से मिले आंकड़ों ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि यह सफल परीक्षण देश की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
सैफ चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान को फ़ुटबॉल में 3-2 से हराया
इमेज स्रोत, Scott Barbour/Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत की ओर से सुहैल अहमद भट ने दो गोल किए (फ़ाइल फ़ोटो)
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने गुरुवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में सैफ चैंपियनशिप 2026 के फ़ुटबॉल मैच में पाकिस्तान को 3-2 से हरा दिया.
ईएसपीएन के मुताबिक़, भारत की ओर से सुहैल अहमद भट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए. उन्होंने टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई.
इसके बाद मैंगलेंथांग किपगेन ने गोल करके भारत की बढ़त 3-0 कर दी.
पहले हाफ़ में भारतीय टीम का खेल बेहतर रहा.
दूसरे हाफ़ में पाकिस्तान ने मैच के इंजरी टाइम में दो गोल किए. नजीबुल्लाह ने हेडर से पहला गोल किया, जबकि आलमगीर ग़ाज़ी ने शानदार शॉट लगाकर दूसरा गोल दागा.
हालांकि, पाकिस्तान की यह वापसी जीत के लिए काफ़ी नहीं थी और भारत ने 3-2 से मैच अपने नाम कर लिया.
'ब्रांड का औरतों के प्रति रवैया बेहद ख़राब था', पूर्व सहयोगी का दावा, सीमा कोटेचा, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रसेल ब्रांड को रेप के एक और यौन हमले के 3 मामलों में दोषी क़रार दिया गया है
ब्रिटिश एक्टर रसेल ब्रांड के साथ काम कर चुके एक कॉमेडियन और लेखक ने महिलाओं के मामले में उनके बर्ताव की तुलना 'भेड़िए' से की है.
ब्रांड को गुरुवार, 5 नवंबर को रेप के एक और यौन हमले के तीन मामलों में दोषी क़रार दिया गया है. सोमवार को उन्हें सज़ा सुनाई जाएगी.
ब्रांड के पूर्व सहयोगी कोल पार्कर ने बताया कि 1990 के दशक में उनका और ब्रांड का एजेंट एक ही था. दोनों अक्सर एक ही कॉमेडी कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे. उनके मुताबिक़, 2013 तक दोनों के बीच संपर्क था.
बीबीसी को दिए इंटरव्यू में पार्कर ने कहा कि महिलाओं के प्रति ब्रांड का रवैया 'बेहद निंदनीय' था. उन्होंने कहा कि जब ब्रांड को अपनी मनचाही चीज़ नहीं मिलती थी, तो उनका बर्ताव अचानक 'बेहद आकर्षक से गुस्सैल और धमकी भरा' हो जाता था.
पार्कर ने कहा, "अगर कोई लड़की उनके पास से गुज़रती थी, तो वह इतनी तेज़ी से उसे देखने के लिए मुड़ते थे कि मानो उनकी गर्दन में झटका लग जाए. वह महिलाओं को इस तरह घूरते थे, जैसे कोई भूखा व्यक्ति खाने की प्लेट को देखता है.
"वह किसी भेड़िए की तरह दिखते थे. ऐसा लगता था, जैसे वह उन पर झपटने वाले हों."
एक्टर रसेल ब्रांड रेप के एक और यौन उत्पीड़न के तीन मामलों में दोषी क़रार, सोमवार को सज़ा सुनाई जाएगी
इमेज स्रोत, PA Media
ब्रिटिश कॉमेडियन और अभिनेता रसेल ब्रांड को रेप के एक और यौन उत्पीड़न के तीन मामलों में दोषी पाया गया है.
51 साल के रसेल ब्रांड को हिरासत में भेज दिया गया है. सोमवार को उन्हें सज़ा सुनाई जाएगी.
रसेल ब्रांड पर कुल सात आरोप लगाए गए थे. इनमें रेप के तीन, यौन उत्पीड़न के तीन और अश्लील हरकत करने की कोशिश का एक आरोप शामिल था.
ये मामले 1999 से 2009 के बीच के हैं और छह महिलाओं से जुड़े हैं. क़ानून के तहत इन सभी महिलाओं की पहचान ज़िंदगीभर गुप्त रखी जाएगी.
इस बीच, अब यह भी बताया जा सकता है कि दो अन्य महिलाओं की ओर से लगाए गए रेप के आरोपों में भी रसेल ब्रांड के ख़िलाफ़ जांच चल रही है.
फ़्रांस में पांच यूनियनों की देशव्यापी हड़ताल, सड़कों पर उतरे ढाई लाख से ज़्यादा लोग, पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इन प्रदर्शनों में हाई स्कूल के छात्र और महंगाई के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे लोग भी शामिल हैं
फ़्रांस में पांच यूनियनों की ओर से देशव्यापी हड़ताल के आह्वान के बाद कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं.
इन प्रदर्शनों में हाई स्कूल के छात्र और महंगाई के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे लोग भी शामिल हैं.
गुरुवार दोपहर 1 बजे (भारतीय समय के मुताबिक़ शाम 5:30 बजे) तक करीब 70 शहरों और कस्बों में ढाई लाख से ज़्यादा लोग सड़कों पर उतर चुके थे. सीजीटी यूनियन की सोफी बिने ने कहा कि यह तो सिर्फ़ शुरुआत है.
यूनियनों ने सितंबर में हाई स्कूलों में ख़राब हालात और संसाधनों की कमी को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों को अगले स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया है.
बाद में इन प्रदर्शनों में कर्मचारी और महंगाई के ख़िलाफ़ आंदोलन करने वाला तथाकथित 'येलो वेस्ट' आंदोलन भी शामिल हो गया.
गृह मंत्री लॉरां नुनेज़ ने कहा कि सुरक्षा के लिए 70 हज़ार पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है. उन्होंने हिंसा की किसी भी घटना पर बेहद सख़्त कार्रवाई करने की बात कही.
गिरफ़्तारी नहीं, हिरासत में लेने के 24 घंटों के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेशी ज़रूरी - सुप्रीम कोर्ट
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 24 घंटे पुलिस की ओर से गिरफ़्तारी दर्ज करने के समय से नहीं बल्कि हिरासत में लेने के समय से गिने जाएंगे
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना ज़रूरी है.
ये 24 घंटे पुलिस की ओर से गिरफ़्तारी दर्ज करने के समय से नहीं, बल्कि हिरासत में लेने के समय से गिने जाएंगे.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस उज्जल भुइयां और जस्टिस अतुल एस चंदुरकर की पीठ ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने के 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया जाता है, तो उसे तुरंत रिहा करना होगा.
अदालत एक ऐसे मामले की सुनवाई कर रही थी जिसमें नशीले पदार्थों की तस्करी के एक अभियुक्त को 29 सितंबर, 2025 की दोपहर हिरासत में लिया गया था. लेकिन पुलिस ने उसकी गिरफ़्तारी 30 सितंबर, 2025 को दर्ज की थी.
अभियुक्त का कहना था कि जांच एजेंसी ने ऐसा इसलिए किया, ताकि 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के नियम से बचा जा सके.
वहीं, जांच एजेंसी का कहना था कि 24 घंटे की गिनती 30 सितंबर से शुरू होगी, क्योंकि इसी दिन गिरफ़्तारी दर्ज की गई थी.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 24 घंटे की गिनती व्यक्ति को हिरासत में लेने के समय से शुरू होगी. पुलिस गिरफ़्तारी कब दर्ज करती है, इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता.
अदालत ने कहा कि पुलिस किसी व्यक्ति को जांच के नाम पर हिरासत में रखे, लेकिन उसकी गिरफ़्तारी दर्ज न करे, ऐसा नहीं हो सकता. यह संविधान के ख़िलाफ़ है.
उमर ख़ालिद ने ज़मानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया, क्या दी दलील?
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, उमर ख़ालिद ने अपनी याचिका में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से ज़मानत देने पर लगाई गई एक साल की रोक जल्द ही ख़त्म होने वाली है.
जेएनयू के पूर्व छात्र उमर ख़ालिद ने 2020 के दिल्ली दंगों की बड़ी साज़िश के मामले में ज़मानत के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी थी.
उमर ख़ालिद ने अपनी याचिका में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने एक साल तक ज़मानत के लिए दोबारा याचिका दायर करने पर जो रोक लगाई थी, वह जल्द ही ख़त्म होने वाली है.
उन्होंने यह भी कहा है कि अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही 5 जनवरी, 2027 तक पूरी होना संभव नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने ज़मानत पर विचार करने के लिए यह शर्त भी रखी थी.
ख़ालिद ने दलील दी है कि वह लंबे समय से जेल में हैं. इसलिए उन्हें ज़मानत दी जानी चाहिए.
ग़ौरतलब है कि 5 जनवरी, 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजरी की पीठ ने शरजील इमाम और उमर ख़ालिद को ज़मानत देने से इनकार कर दिया था. अदालत ने उन्हें बड़ी साज़िश का 'वैचारिक सूत्रधार' बताया था.
हालांकि, अदालत ने कथित साज़िश में उनकी भूमिका को दूसरे अभियुक्तों से अलग माना था. इसी आधार पर गल्फ़िशा फ़ातिमा समेत पांच अन्य अभियुक्तों को ज़मानत दे दी गई थी.
ज़मानत देने से इनकार करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि शरजील इमाम और उमर ख़ालिद दोबारा ज़मानत मांग सकते हैं. इसके लिए दो शर्तें रखी गई थीं: या तो संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी हो जाए या फिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को एक साल पूरा हो जाए. इनमें से जो भी पहले होगा, उसके बाद वे दोबारा ज़मानत के लिए अदालत जा सकते हैं.
लीबिया में नाइकी के ख़िलाफ़ फ़तवा क्यों जारी किया गया?, बिस्मा अल-अती
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, लीबिया के एक शीर्ष धार्मिक संस्थान ने कहा कि नाइकी का नाम यूनानी जीत की देवी ‘नाइकी’ के नाम पर रखा गया था.
लीबिया के शीर्ष धार्मिक संस्थान दारुल इफ्ता ने मुसलमानों के लिए नाइकी के लोगो वाले कपड़ों की ख़रीद-बिक्री करने और उन्हें पहनने के ख़िलाफ़ फ़तवा जारी किया है.
बीबीसी न्यूज़ उर्दू के मुताबिक, त्रिपोली स्थित दारुल इफ्ता की ओर से जारी फ़तवे में कहा गया है कि अमेरिकी स्पोर्ट्सवेयर कंपनी नाइकी का नाम यूनानी जीत की देवी ‘नाइकी’ के नाम पर रखा गया था. कंपनी का मशहूर ‘स्वूश’ लोगो भी इसी देवी के पंखों से प्रेरित होकर बनाया गया था.
फ़तवे में कहा गया है कि नाइकी के लोगो वाले कपड़े पहनना ऐसे प्रतीकों को बढ़ावा देने जैसा है, जो ‘शिर्क’ यानी एक से ज़्यादा ईश्वर की पूजा करने की श्रेणी में आता है.
लीबिया में प्राचीन यूनानी शहर साइरीन स्थित है. यहां मिले पुरातात्विक अवशेषों में इसी नाम की यूनानी देवी की एक मूर्ति भी शामिल है.
दारुल इफ्ता ने अमेरिकी कंपनी नाइकी पर इसराइल का समर्थन करने का आरोप भी लगाया है. उसने ऐसी सभी कंपनियों के बहिष्कार की अपील की है.
दारुल इफ्ता ने 2023 को काउंसिल फॉर रिसर्च एंड शरीयत स्टडीज़ की ओर से जारी एक बयान का भी हवाला दिया है. इस बयान में ग़ज़ा युद्ध के दौरान इसराइल का समर्थन करने वाली पश्चिमी कंपनियों के बहिष्कार की अपील की गई थी.
फ़तवा इस्लामी क़ानून से जुड़े किसी मामले पर दी जाने वाली धार्मिक राय को कहते हैं. इस फ़तवे को लीबिया के ग्रैंड मुफ़्ती सादिक़ अल-ग़रियानी ने मंज़ूरी दी है.
कार्टून: नौकरी के टॉप-अप
इमेज कैप्शन, अग्निवीर सैनिकों को दो साल के एक्सटेंशन पर आज का कार्टून
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का एलान, माइक पीटर, बीबीसी स्पोर्ट संवाददाता
इमेज स्रोत, Valter Gouveia/Sports Press Photo/Getty Images
इमेज कैप्शन, क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 146 गोल किए और 234 मैच खेले. ये दोनों ही विश्व रिकॉर्ड हैं.
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का एलान किया है.
41 साल के रोनाल्डो ने 2003 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने अपने देश के लिए 146 गोल किए और 234 मैच खेले. ये दोनों ही विश्व रिकॉर्ड हैं.
पिछले महीने रोनाल्डो पुर्तगाल की टीम का कैंप छोड़कर चले गए थे. उन्हें बताया गया था कि डेनमार्क के ख़िलाफ़ नेशंस लीग के मैच में उन्हें शुरुआती प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलेगी.
रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कहा, "पुर्तगाल के लोगों, वह दिन आ गया है जब मैं अपनी राष्ट्रीय टीम की सात नंबर की जर्सी वापस सौंप रहा हूं."
उन्होंने कहा, "मुझे कभी नहीं लगा कि यह जर्सी सिर्फ़ मेरी है, लेकिन 23 साल तक इसे पहनना, इसकी रक्षा करना और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ लेकर जाना मेरे लिए सौभाग्य और ज़िम्मेदारी की बात रही."
रोनाल्डो ने कहा, "अब इसे अगली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है. यह फ़ैसला आसान नहीं था, क्योंकि कुछ फ़ैसले सिर्फ़ दिमाग़ से नहीं, बल्कि दिल से भी लिए जाते हैं."
उन्होंने कहा, "अगस्त 2003 में शुरू हुआ यह सफ़र, जिसने मेरी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी, अब ख़त्म हो गया है."
यूरोप में कई विमानों को बम से उड़ाने की धमकी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, दो दिन पहले भी इसी तरह की धमकियों के कारण कम से कम सात उड़ानें प्रभावित हुई थीं
यूरोप में कई उड़ानें बम की धमकियों से प्रभावित हुई हैं. दो दिन पहले भी इसी तरह की धमकियों के कारण कम से कम सात उड़ानों पर असर पड़ा था.
आज प्रभावित होने वाली उड़ानों में एर लिंगस का एयरबस ए320 विमान भी शामिल था. यह विमान डबलिन से रोम जा रहा था. विमान ने इमरजेंसी अलर्ट जारी किया और अपना रास्ता बदलकर उत्तरी फ़्रांस के एवरू एयरबेस पर उतरा.
वहीं, फ़िनलैंड की एयरलाइन फ़िनएयर ने बताया कि गुरुवार को हेलसिंकी से रोम जा रहे उसके एक विमान को बम की धमकी मिली थी. वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उसे सुरक्षा घेरे में लिया और वह तय समय पर रोम में उतरा.
अमित शाह का राहुल गांधी पर तंज़, 'जब से आप आए हैं कांग्रेस पार्टी के विधायक लगातार कम हो रहे हैं '
इमेज स्रोत, X/@BJP4India
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने के बाद से कांग्रेस के विधायकों की संख्या लगातार कम हुई है.
शाह ने आज हरियाणा के करनाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च में हिस्सा लिया.
उन्होंने यहां कहा कि 2007 में जब राहुल गांधी कांग्रेस के महासचिव बने थे, तब पार्टी के 1,200 विधायक थे. उनके उपाध्यक्ष बनने तक यह संख्या घटकर 900 रह गई.
अमित शाह के मुताबिक़, राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के समय पार्टी के विधायकों की संख्या 700 रह गई थी. वहीं, 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के समय यह संख्या और घटकर 600 हो गई.
उन्होंने कहा, "राहुल जी, जब से आप आए हैं कांग्रेस पार्टी के विधायक लगातार कम हो रहे हैं और जब से मोदी जी आए हैं, तब से बीजेपी के विधायक और सांसद लगातार बढ़ रहे हैं"
जेडी वेंस के राष्ट्रपति बनने की संभावना 'कम होती जा रही है', दोस्त ने बीबीसी से कहा
इमेज स्रोत, Finn Gomez/Getty Images
इमेज कैप्शन, रॉड ड्रेहर ने कहा कि ईरान की राजधानी तेहरान में यह युद्ध सत्ता परिवर्तन नहीं करा सका, लेकिन इसने वॉशिंगटन की सियासी व्यवस्था को उलट दिया है
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के दोस्त और कंजर्वेटिव पत्रकार रॉड ड्रेहर का मानना है कि 2028 में वेंस के राष्ट्रपति बनने की संभावनाएं खत्म तो नहीं हुई हैं, लेकिन तेजी से कम होती जा रही हैं.
वेंस ने सार्वजनिक रूप से ईरान युद्ध का विरोध किया है. हालांकि, ड्रेहर का कहना है कि अगर यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म नहीं हुआ, तो रिपब्लिकन पार्टी के लिए हालात और भी खराब होते जाएंगे.
इसका असर खास तौर पर वेंस पर पड़ेगा.
उन्होंने रेडियो 4 के कार्यक्रम 'टुडे' से कहा, "यह युद्ध उन लोगों के साथ पूरी तरह से विश्वासघात है जिन्होंने ट्रंप को वोट दिया था. इसने आम अमेरिकियों पर बहुत दबाव डाला है."
ड्रेहर ने कहा कि ईरान की राजधानी तेहरान में यह युद्ध सत्ता परिवर्तन नहीं करा सका, लेकिन इसने वॉशिंगटन की सियासी व्यवस्था को उलट दिया है.
उन्होंने इसे इतिहास की एक असाधारण घटना बताया.
हार पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस के कबूलनामे पर ग़ालिबाफ़ का तंज़- ये हारते हुए जुआरी जैसी बेचैनी है
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने अमेरिका के मध्यवाधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने पार्टी की चुनावी हार पर अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से पार्टी की हार का विश्लेषण का जवाब देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''एक हारते हुए जुआरी जैसी बेचैनी है, जो मेज़ छोड़कर उठ ही नहीं पा रहा. बॉस अगले युद्ध के दौर की तैयारी कर रहा है, जबकि अमेरिका 'इसराइल-फ़र्स्ट' के ख़तरनाक मोड़ पर डगमगा रहा है. लंबा-चौड़ा भाषण छोड़िए.अपने बॉस से सीधे ये बात क्यों नहीं कहते?
,उन्होंने लिखा, ''भले ही सर्वेक्षणों में डेमोक्रेट्स की भारी जीत दिखाई जा रही थी, डेटा लगातार हमें एक ही बात बता रहा था. कुछ राज्यों में मतदान बस ठीक-ठाक था, दूसरे राज्यों में बेहद शानदार था और किसी भी राज्य में स्थिति विनाशकारी नहीं थी. हमारी टीम में वास्तविक आशावाद का माहौल था. हमारे मतदाता मतदान के लिए निकल रहे थे.''
मध्यावधि चुनाव के नतीज़ों के मुताबिक़ सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 54 सीटें जीती हैं जबकि रिपब्लिकन पार्टी को 44 सीटें मिली हैं.
वहीं हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 240 और रिपब्लिकन पार्टी ने 147 सीटें जीती हैं.
बर्नी सैंडर्स ने कहा, 'चुनाव में हार के बाद ट्रंप को जवाबदेह ठहराना चाहिए'
इमेज स्रोत, Tom Baker/Getty Images
इमेज कैप्शन, बर्नी सैंडर्स निर्दलीय सीनेटर हैं, लेकिन उनके विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी से काफी अच्छे संबंध हैं
अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने बीबीसी न्यूज़नाइट से कहा है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के कांग्रेस (संसद) पर नियंत्रण हासिल करने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जवाबदेह ठहराना चाहिए.
जब उनसे पूछा गया कि क्या अब डेमोक्रेट्स राष्ट्रपति ट्रंप और उनके परिवार के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया, "बिल्कुल."
सैंडर्स निर्दलीय सीनेटर हैं, लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ उनके करीबी संबंध हैं.
मिडटर्म चुनावों में जीत के बावजूद उन्होंने कहा कि यह कोई छिपी हुई बात नहीं है कि आज डेमोक्रेटिक पार्टी बहुत लोकप्रिय नहीं है.
उन्होंने न्यूज़नाइट से कहा, "डेमोक्रेट्स आखिर दे क्या रहे हैं? मेरा मतलब है, आप ही मुझे बताइए. मैं भी डेमोक्रेटिक कॉकस का सदस्य हूं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
बोकारो में कोयले का ढेर धंसने से तीन महिलाओं की मौत, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Sartaj Alam
झारखंड के बोकारो ज़िले के कथारा कोलियरी में कोयले का एक बड़ा ढेर
धंसने से सात लोग इसकी चपेट में आ गए. इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई.
घटना
की पुष्टि स्थानीय बेरमो एसडीपीओ रविंद्र सिंह ने बीबीसी से की है.
उन्होंने
बताया कि “जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां सीसीएल के रिजेक्शन कोयला का स्टॉक है.
उसमें स्थानीय महिलाएं सुबह पांच बजे जलावन के लिए कोयला चुनने गई थीं.”
वह
आगे बताते हैं कि “रिजेक्ट कोयला में बढ़िया कोयले का टुकड़ा हाथ से खींचने पर ढेर
भरभरा कर धंस गया, जिस
की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई.”
सीडीपीओ
रवींद्र सिंह के अनुसार शेष चार लोग स्वस्थ हैं जिनको घर भेज दिया गया है, जबकि
स्थानीय के अनुसार सभी मृतक स्थानीय बांध बस्ती की रहने वाली हैं.
मिडटर्म जीतने के बाद डेमोक्रेट नेता ने कहा, 'बेलग़ाम ट्रंप प्रशासन पर कांग्रेस लगाएगी अंकुश'
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, हकीम जेफ्रीज़ अगर चुने जाते हैं तो वह अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में वह स्पीकर बनने वाले पहले ब्लैक लीडर होंगे
अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में विपक्ष के नेता हकीम जेफ्रीज़ ने स्पीकर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी का एलान किया है. अगर वह चुने जाते हैं, तो अमेरिकी इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाले पहले ब्लैक नेता होंगे.
जनवरी में नई कांग्रेस के गठन के साथ डेमोक्रेट्स सदन का नियंत्रण संभालेंगे. स्पीकर हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव के प्रमुख होने के साथ-साथ बहुमत वाली पार्टी का नेता भी होता है.
अपने सहयोगियों को लिखे पत्र में जेफ्रीज़ ने कहा, "तमाम मुश्किलों के बावजूद, हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में अल्पमत में रहते हुए डेमोक्रेट्स लगातार सफल रहे. अब बहुमत में रहते हुए हमें वह बड़ा बदलाव लाना होगा, जिसकी मांग अमेरिकी लोग कर रहे हैं."
उन्होंने कहा कि नई कांग्रेस को "क़िफ़ायती अमेरिका के लिए आक्रामक तरीके से लड़ना" होगा.
उन्होंने आगे कहा, "लोग परेशान हैं. आम अमेरिकी न तो आगे बढ़ पा रहे हैं और मुश्किल से अपना गुजारा कर पा रहे हैं."
जेफ्रीज़ ने कहा, "हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव अब ट्रंप प्रशासन की पूरी तरह अधीनस्थ संस्था की तरह काम नहीं करेगी. कांग्रेस नियंत्रण से बाहर हो चुकी कार्यपालिका पर निगरानी रखने और संतुलन कायम करने की अपनी भूमिका निभाएगी."
न्यूयॉर्क के रिप्रेज़ेंटेटिव जेफ्रीज़ ने 'ट्रंप कार्टेल' का जिक्र करते हुए कहा कि 'अमेरिकी लोगों से चोरी करने, उन्हें ठगने या उनके साथ ग़लत करने वाले लोग अब छिप नहीं सकेंगे.'
उन्होंने कहा, "हम इन अपराधियों को जवाबदेह ठहराएंगे."
फ़िलहाल रिपब्लिकन नेता माइक जॉनसन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव के स्पीकर हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उत्तराधिकार सूची में उपराष्ट्रपति के बाद स्पीकर का तीसरा स्थान है.
हालांकि, मौजूदा अल्पमत नेता होने के नाते जेफ्रीज़ को यह पद अपने आप नहीं मिलेगा. स्पीकर बनने के लिए उन्हें हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में चुनाव जीतना होगा.