आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

अंकिता भंडारी हत्याकांड: पवन खेड़ा का सवाल- 'आप किसे बचा रहे हैं, थोड़ा इंतज़ार तो कर लेते'

अंकिता भंडारी पौड़ी गढ़वाल ज़िले के गंगा-भोगपुर क्षेत्र स्थित वनंतरा टूरिस्ट रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं. आरोपों के मुताबिक़, साल 2022 में बलात्कार के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी.

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, अरशद मिसाल

  1. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा, गुजरात के जामनगर का भी करेंगे दौरा

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्तूबर तक उज़्बेकिस्तान और भारत की यात्रा पर होंगे. मार्को रुबियो भारत में मुंबई और जामनगर का दौरा करेंगे.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, "उज़्बेकिस्तान में विदेश मंत्री रुबियो सी5+1 मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे. इसका मक़सद इस बात पर जोर देना है कि यह कूटनीतिक मंच रणनीतिक सहयोग अमेरिका और मध्य एशियाई देशों के लिए अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य को बढ़ावा देता है."

    विदेश मंत्री सी5 समूह के सभी देशों, उज़्बेकिस्तान, कज़ाकिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और किर्गिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया, "इसके बाद विदेश मंत्री इस साल अपनी दूसरी आधिकारिक यात्रा पर भारत आएंगे. वह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाक़ात करेंगे, ताकि अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को मजबूत किया जा सके, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों और ऊर्जा सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की जा सके."

    विदेश मंत्री रुबियो कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे. इसका मक़सद व्यवसायिक निवेश और आर्थिक सहयोग के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सके.

  2. पोप लियो को लंग कैंसर होने की पुष्टि, वेटिकन ने दी सर्जरी के बारे में ये जानकारी, सारा रेनफ़ोर्ड और ओलिविया आयरलैंड

    वेटिकन ने एक मेडिकल बुलेटिन में कहा है कि पोप लियो को फेफड़ों का कैंसर होने का पता चला है, लेकिन उनके दाहिने फेफड़े के निचले हिस्से को निकालने के लिए की गई सर्जरी सफल रही.

    71 वर्षीय पोप की मंगलवार को रोम के जेमेली अस्पताल में 90 मिनट तक सर्जरी हुई. इसके बाद उनमें लंग एडेनोकार्सिनोमा होने का पता चला.

    वेटिकन ने कहा, "ऑपरेशन सफल रहा और इसमें कोई जटिलता नहीं आई."

    उसने आगे कहा, "ऑपरेशन के बाद पोप सामान्य रूप से होश में आए और थोड़ी देर निगरानी में रहने के बाद अपने कमरे में लौट गए."

    गांठ का पहली बार पता उन जांचों के दौरान चला, जिन्हें वेटिकन ने "नियमित जांच" बताया है. पोप के लगभग एक सप्ताह तक अस्पताल में रहने की उम्मीद है.

    इससे पहले, बड़ी संख्या में लोग पोप के लिए घंटों तक अस्पताल के बाहर इंतज़ार करते रहे.

    जब पोप की कार वहां से गुज़री, तो लोगों ने उनका अभिवादन किया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए नारे लगाए. इस दौरान पोप ने कार की पीछे की खिड़की से हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया.

    इसके बाद अस्पताल की सीढ़ियों पर कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया. उनमें से एक ने सहानुभूति जताते हुए कहा, "मुझे दुख है." इस पर पोप मुस्कुराए और कंधे उचकाए. उन्हें भरोसा दिलाया गया, "हम आपके साथ हैं."

    अपने बयान में वेटिकन ने कहा कि पोप के दाहिने फेफड़े का पूरा निचला हिस्सा निकाल दिया गया, "ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रक्रिया पूरी तरह से की गई है."

    वेटिकन के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि यह पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है कि कैंसर के फैलने के कोई संकेत हैं या नहीं.

  3. ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर अमेरिका को दी चेतावनी, सेंटकॉम ने दिया ये जवाब

    ईरान की आईआरजीसी नौसेना के कमांडर ने कहा है के वे होर्मुज़ स्ट्रेट में अमेरिकी बेड़े का इंतज़ार कर रहे हैं, ताकि हमला कर उसे डूबा सकें.

    आईआरजीसी ने दावा किया है कि होर्मुज़ स्ट्रेट पर उसका नियंत्रण है.

    आईआरजीसी की इस चेतावनी के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि ईरानी नेवी कमांडर के पास नौसेना बची ही नहीं है.

    सेंटकॉम ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, अमेरिकी सेना और क्षेत्रीय सहयोगी स्पष्ट तौर पर होर्मुज़ स्ट्रेट पर नियंत्रण रखते हैं. कल ही अमेरिकी सेना ने खाड़ी के सहयोगी देशों के 1.9 करोड़ बैरल कच्चे तेल को होर्मुज़ स्ट्रेट के ज़रिए पास कराया है,

    28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमला किया था. उस हमले के बाद से अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष लगातार जारी है.

    इस संघर्ष में होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर खींचतान सबसे अहम है, जो दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है.