आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

हूती विद्रोहियों से सऊदी अरब को बचाने के लिए ब्रिटेन तैनात करेगा टाइफून लड़ाकू विमान

यह फ़ैसला सऊदी अरब की राजधानी रियाद और देश के तटीय इलाकों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद लिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, दीपक मंडल

  1. रेहान वाड्रा की फ़ोटो प्रदर्शनी पर विवाद, पिता रॉबर्ट वाड्रा ने क्या कहा

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने कहा है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस ने उनकी फ़ोटो प्रदर्शनी से विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाने के लिए मज़बूर किया.

    इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रेहान के पिता रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि प्रदर्शनी शुरू होने से महज़ दो घंटे पहले तस्वीरें हटाने के लिए काफ़ी दबाव बनाया गया.

    रॉबर्ट वाड्रा न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "रेहान पर तस्वीरें हटाने का काफ़ी दबाव था, ये सब प्रदर्शनी शुरू होने से सिर्फ़ दो घंटे पहले हुआ. यह हैरान करने वाला था, क्योंकि अधिकारियों को एक हफ़्ते पहले ही पीडीएफ़ फ़ाइल मिल गई थी और उन्हें प्रदर्शनी के बारे में बता दिया गया था."

    "अधिकारी जगह पर आए थे, उन्होंने तस्वीरों को देखा था और कोई आपत्ति नहीं जताई थी. लेकिन प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही बिना कोई वजह बताए सब कुछ बदल गया. इसके बावजूद जो कुछ बचा था, रेहान ने उसके साथ प्रदर्शनी जारी रखने की हिम्मत दिखाई. मुझे उन पर गर्व है. जिन्हें भी प्रदर्शनी के लिए बुलाया गया था, वे सभी आए."

    रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "बीकानेर हाउस राजस्थान सरकार के अधीन आता है. मैं सिर्फ़ इतना कह सकता हूं कि अगर हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, तो राजनीति को कला और रचनात्मक काम से जोड़ने का कोई मतलब नहीं है. हर किसी को अपनी बात रखने की आज़ादी मिलनी चाहिए.”

    इस मामले पर प्रियंका गांधी ने सरकार के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं और अपने बेटे के साथ खड़े रहने की बात कही है. वहीं कांग्रेस ने आर्ट पर सेंसरशिप का आरोप लगाया है.

  2. पैरा एशियन गेम्स: भारत ने जीते दो और गोल्ड मेडल, टैली में इस स्थान पर पहुँचा

    भारत ने पैरा एशियन गेम्स में गुरुवार को दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए.

    तीरंदाज़ी में शीतल देवी और टोमन कुमार की जोड़ी ने गोल्ड जीता, जबकि पैरा एथलेटिक्स में सुवर्णा राज ने महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता.

    तीरंदाज़ी के फ़ाइनल में शीतल देवी और टोमन कुमार की जोड़ी ने इंडोनेशिया की टिओडोरा ऑडी आयुडिया फ़ेरेली और केन स्वागुमिलांग को 151-148 से हराया. इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने गोल्ड जीत लिया.

    वहीं, महिला डिस्कस थ्रो की एफ़54 स्पर्धा में सुवर्णा राज ने 15.66 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल जीता.

    जापान के नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स के चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल नौ पदक जीते. इनमें दो गोल्ड और सात ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं.

    मेडल टैली में भारत चौथे स्थान पर बना हुआ है. भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 16 स्वर्ण, 22 सिल्वर और 33 ब्रॉन्ज़ सहित कुल 71 मेडल अपने नाम किए हैं.

  3. यूएई ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के लिए ज़ाकी नुसेबा को बनाया उम्मीदवार

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव पद के लिए अपनी राज्य मंत्री लाना ज़ाकी नुसेबा को आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार बनाया है.

    यूएई की आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद के अध्यक्षों को पत्र भेजकर उनके नामांकन की औपचारिक घोषणा की.

    लाना ज़ाकी नुसेबा साल 2013 से 2024 तक संयुक्त राष्ट्र में यूएई की स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर चुकी हैं. इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा की उपाध्यक्ष के रूप में ज़िम्मेदारी संभाली. इसके अलावा, वह यूएन वीमेन के कार्यकारी बोर्ड की अध्यक्ष भी रहीं.

    नुसेबा ने वर्ष 2022-2023 के कार्यकाल के दौरान दो बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता भी की थी.

    संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रावधानों के अनुसार, महासचिव की नियुक्ति संयुक्त राष्ट्र महासभा करती है. हालांकि, इसके लिए सुरक्षा परिषद की सिफ़ारिश ज़रूरी होती है.

  4. दिल्ली की हवा दिवाली से पहले ही हुई ख़राब, आज इतना हो गया एक्यूआई

    दिल्ली में गुरुवार को एयर क्वॉलिटी ‘ख़राब’ श्रेणी में दर्ज की गई, क्योंकि यहां पर एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 226 हो गया है.

    इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली की हवा ख़राब श्रेणी में पहुँच गई थी. इस दौरान एक्यूआई 245 दर्ज किया गया, जो पिछले 100 दिनों का उच्चतम स्तर था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एयर क्वॉलिटी में गिरावट को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के पहले चरण (स्टेज-1) को लागू कर दिया है.

    एक्यूआई के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एयर क्वॉलिटी को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मीडियम’, 201 से 300 को ‘ख़राब’, 301 से 400 को ‘बहुत ख़राब’ और 401 से 500 के बीच के स्तर को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, सऊदी अरब के एक और एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत जबकि आठ घायल

    सऊदी अरब के पूर्वी शहर दम्माम स्थित किंग फ़हद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हमला हुआ.

    सऊदी अरब की सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक़, इस घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए.

    इससे पहले बुधवार सुबह सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया था कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सीमा के पास स्थित शेबाह तेल क्षेत्र को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे एक ड्रोन को रोक दिया था.

    इस घटना में फ़िलीपींस और नेपाल के एक-एक नागरिक की मौत हो गई.

    सऊदी अरब में हुए इन हमलों के पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब यमन में हूती विद्रोहियों के साथ संघर्ष जारी है.

    इस बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने सऊदी अरब से सभी ग़ैर-ज़रूरी राजनयिक कर्मचारियों को वापस जाने का आदेश दिया है.

    जबकि रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी सऊदी अरब के ठिकानों पर हूती विद्रोहियों की ओर से और हमले किए जाने की आशंका जताई है.

  6. दलेर मेहंदी विवाद में मीका सिंह ने किसके लिए कहा- माफ़ी मांगनी चाहिए

    पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद में उनके भाई और गायक मीका सिंह ने उत्तराखंड सरकार में मंत्री सुबोध उनियाल से माफ़ी की मांग की है.

    मीका सिंह ने कहा है कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं, उनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए था.

    दरअसल, लाइव परफ़ॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंच पर ही टोक दिया था और शो रुकवा दिया था.

    इसके बाद मीका सिंह और अनुपम खेर समेत कुछ हस्तियों ने दलेर मेहंदी के सपोर्ट में अपने बयान जारी किए थे.

    मीका ने बुधवार शाम एक्स पर फिर लिखा, "बॉलीवुड से लेकर पंजाब तक के सभी गायकों, फैंस, दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों को आपके प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मेरा पॉइंट सिंपल है, दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते हैं और उन पर इस तरह के आरोप लगाना पूरी तरह से ग़लत है."

    उन्होंने लिखा, "आज अगर कोई टीचर स्कूल या कॉलेज में किसी बच्चे को डांटता है, तो भी बड़ा मुद्दा बन जाता है. फिर एक इतने बड़े कलाकार को मंच पर सबके सामने इस तरह डांटना और अपमानित करना कहां तक सही है?"

    मीका ने लिखा, "मेरा मानना ​​है कि माफ़ी मांगनी चाहिए. ज़िम्मेदार व्यक्ति को यह स्वीकार करना चाहिए कि दलेर मेहंदी जी के शराब पीने के आरोप ग़लत थे और उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया उसके लिए माफ़ी मांगनी चाहिए."

    गौरतलब है कि इससे पहले अनुपम खेर ने भी दलेर मेहंदी के लिए कहा था कि वो शराब नहीं पीते और उनकी तबीयत इन दिनों ख़राब रहती है.

  7. ट्रंप बोले- 'युद्ध समाप्ति के करीब', उधर यूक्रेन पर रूस ने किया ताज़ा हमला, यारोस्लाव लुकीव

    रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता बहाल करने की कूटनीतिक कोशिशों के बीच यूक्रेन की राजधानी किएव पर बुधवार रात एक बार फिर मिसाइल हमला हुआ.

    इस हमले में कई मकानों को नुकसान पहुंचा और छह लोग घायल हो गए. किएव के मेयर विताली क्लित्स्को ने इसकी जानकारी दी.

    यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के काफ़ी क़रीब है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सेंट पीटर्सबर्ग में मुलाक़ात की. इससे एक दिन पहले विटकॉफ़ ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के साथ बैठक की थी.

    ट्रंप ने बुधवार को रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कहा कि उन्हें लगता है कि युद्ध समाप्त करने की दिशा में प्रगति हो रही है. उन्होंने कहा, “हाल ही में मेरी व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन के साथ उनके युद्ध को समाप्त करने को लेकर बात हुई. मुझे लगता है कि हम इसके क़रीब पहुंच रहे हैं. शायद अब हम पहले से कहीं ज़्यादा क़रीब हैं.”

    हालांकि, शांति वार्ता बहाल करने की कोशिशों के बीच किएव पर हुआ ताज़ा हमला इस बात का संकेत है कि जंग समाप्त करने की राह अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है.

  8. फ़्रांस में तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की ये एडवाइजरी

    फ़्रांस में विरोध प्रदर्शनों और कर्फ्यू के बीच तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पेरिस स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    दूतावास ने फ़्रांस में रह रहे और वहां यात्रा करने की योजना बना रहे भारतीयों से सतर्क रहने, प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने की अपील की है.

    एडवाइज़री में कहा गया है, "फ़्रांस में हाल के घटनाक्रमों और वहां के कुछ इलाक़ों में लगाए गए कर्फ्यू को देखते हुए, कृपया सतर्क रहें और पूरी सावधानी बरतें. ऐसी जगहों पर जाने से बचें जहां बड़ी भीड़ हो या जहां विरोध-प्रदर्शन चल रहे हों. साथ ही, फ़्रांस के स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों और सलाह का पालन करें."

    दूतावास ने कहा है कि फ़्रांस में किसी भी आपात स्थिति का सामना करने पर भारतीय नागरिक संबंधित भारतीय मिशन से संपर्क कर सकते हैं.

    भारतीय दूतावास, पेरिस- फोन: +33648340063, ईमेल: cons.paris@mea.gov.in

    कांसुलेट जनरल ऑफ़ इंडिया, मार्सिले- फोन: +33743162559, ईमेल: cgo.marseille@mea.gov.in

  9. रणबीर कपूर ने अपने वायरल बयान पर माफ़ी मांगते हुए दी सफ़ाई

    बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने कोलकाता में दशहरा कार्यक्रम के दौरान दिए गए अपने बयान को लेकर माफ़ी मांगी है.

    रणबीर कपूर ने बुधवार शाम चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस मामले पर सफ़ाई दी. उन्होंने कहा कि दशहरा कार्यक्रम में बोलते समय उनसे ग़लती हो गई थी.

    दरअसल, रणबीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें वह कहते नज़र आए थे, 'आख़िर में अंत सच्चाई-अच्छाई का ही होगा.' उनके इस बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी.

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रणबीर ने अपनी बात स्पष्ट की और ग़लती के लिए माफ़ी मांगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका कहने का मतलब था, “बुराई चाहे कितनी भी ताक़तवर क्यों न हो, आख़िर में जीत अच्छाई और सच्चाई की ही होगी.”

    रणबीर ने कहा, "इससे मुझे 'रॉकस्टार' फ़िल्म में रहमान सर (ए.आर. रहमान) के साथ किए गए काम की याद आती है. मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फ़ाज़ मेरे. इसलिए, मैं इसके लिए सच में माफ़ी मांगता हूं."

    गौरतलब है कि अगले महीने रणबीर की नितेश तिवारी निर्देशित फ़िल्म रामायण आने वाले है.