सोमालिया में समुद्री लुटेरों ने ईरानी नाव को हाइजैक किया
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
यूरोपीय संघ की नौसैनिक सेना और पुंटलैंड के सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास मछली पकड़ने वाली एक ईरानी नाव का अपहरण कर लिया.
रॉयटर्स के मुताबिक, सोमालिया के तट पर समुद्री लूट की घटनाएं एक बार फिर बढ़ गई हैं. अप्रैल से अब तक कम से कम 15 हमले दर्ज किए गए हैं. साल 2013 के बाद यह सबसे बड़ी संख्या है.
सोमालिया के उत्तर-पूर्व में स्थित पुंटलैंड एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है.
हिंद महासागर में यूरोपीय संघ के समुद्री सुरक्षा केंद्र की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक, 'अज़िनी' नाम की नाव को 29 अक्तूबर को सुबह 9 बजे जीएमटी पर सोमालिया के तट के पास अगवा किया गया. यह घटना पुंटलैंड के बंदर बिला और हाफून तटीय कस्बों के बीच हुई.
पुंटलैंड के सुरक्षा अधिकारियों ने एएफ़पी को नाव के अपहरण की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि आठ हथियारबंद लोगों ने बेइला बंदरगाह के पास एक दूरदराज़ के तटीय इलाक़े से हमला किया था.
एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा, "जहाज़ पर सोमालिया के दो सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, लेकिन समुद्री लुटेरों की संख्या उनसे ज़्यादा थी और वे सुरक्षाकर्मियों पर काबू पाने में कामयाब रहे."
उन्होंने आगे कहा, "वे तट के पास मछली पकड़ रहे थे, इसलिए उनके अपहरण का ख़तरा ज़्यादा था."
नेहा बोरा ने 'मॉक संसद' में ज्ञानेश कुमार पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, INCIndia
इमेज कैप्शन, विपक्षी गठबंधन इंडिया के सांकेतिक जन महाभियोग में बोलतीं नेहा बोरा
आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा ने शनिवार को विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के सांकेतिक महाभियोग कार्यक्रम में अपनी बात रखी. यह कार्यक्रम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ आयोजित किया गया था.
इस दौरान नेहा बोरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर एक राजनीतिक पार्टी को फ़ायदा पहुंचाने का आरोप लगाया.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा, "इलेक्शन कमीशन को स्वतंत्र रखने और लोकतंत्र की पवित्रता बरकरार रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक प्रक्रिया निर्धारित की थी. लेकिन उस प्रक्रिया का उल्लंघन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की गई. यह लोकतंत्र और वोट की पवित्रता का उल्लंघन है."
नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि फ़ॉर्म 6 में बदलाव करके युवाओं को मतदान से वंचित रखने की कोशिश की गई.
उन्होंने कहा कि ऐसा उस समय किया गया, जब युवा न सिर्फ़ देश की राजनीति को समझ रहे हैं, बल्कि उसे निर्धारित करने में भी भूमिका निभा रहे हैं.
नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि यह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सोची-समझी साज़िश है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित 'मॉक संसद' में ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया.
अभिजीत दीपके ने की ममता बनर्जी से मुलाक़ात, क्या कहा?
इमेज स्रोत, abhijeet_dipke
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाक़ात की.
दोनों की ये मुलाक़ात कल यानी रविवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली के पहले हुई है.
दीपके ने सीजेपी के समर्थन के लिए ममता बनर्जी का शुक्रिया अदा किया.
साथ ही दीपके ने आशुतोष रांका और सौरव दास की कथित ग़ैर-क़ानूनी गिरफ़्तारी के दौरान मिले समर्थन के लिए उनका आभार जताया.
दीपके ने लिखा, "हमने चुनाव में धांधली के ख़िलाफ़ कल होने वाले इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के प्रति भी एकजुटता जताई."
अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की.
इसके बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "उन्होंने कल के कार्यक्रम के लिए अपना समर्थन दिया है. मुझे उन पर बहुत गर्व है. वे इस आंदोलन संस्थापक हैं और उन्होंने कल की रैली को पूरा समर्थन दिया है. हमने भी उन्हें पूरा समर्थन दिया है."
ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने अभिजीत दीपके को बंगाल आने का न्योता भी दिया है.
जेल से बाहर आते ही आज़म खान को ईडी ने गिरफ़्तार किया
इमेज स्रोत, ANI
समाजवादी पार्टी के नेता आज़म ख़ान शनिवार को रामपुर जेल से रिहा हुए, लेकिन रिहाई के तुरंत बाद, जेल से बाहर निकलते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम ने उन्हें दूसरे मामले में गिरफ़्तार कर लिया.
वहीं, आज़म ख़ान के बेटे अब्दुल्लाह आज़म रिहा हो गए हैं. बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मुजस्सिम ख़ान ने ये जानकारी दी.
इस दौरान आज़म ख़ान ने पत्रकारों से कहा, “अब कहने के लिए बचा ही क्या है? मैं क्या कह सकता हूं? क़ानून का तो अब कोई वजूद ही नहीं रह गया है. क्या मुसलमान होने की यही सज़ा है? हमारी ग़लती बस इतनी थी कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई. यही हमारा गुनाह है. हमने बच्चों के लिए स्कूल बनाए. क्या यही हमारा जुर्म है?”
14 अक्तूबर 2026 को प्रवर्तन निदेशालय ने आज़म ख़ान को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी फंड के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में नामजद किया था. इसी मामले में उन्हें शनिवार को गिरफ़्तार किया गया है.
उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आज़म ख़ान और उनके बेटे, पूर्व विधायक अब्दुल्लाह आज़म ख़ान को दो पैन कार्ड मामले में राहत दी थी और इसके बाद ही उन्हें जेल से रिहा किया गया था.
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई की सैन्य कमांडरों के साथ बैठक, दिए ये निर्देश
इमेज स्रोत, Tasnim
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक उन्होंने ईरानी सशस्त्र बलों के कमांडरों के साथ 'बैठक' की.
इस दौरान उन्होंने कमांडरों को दुश्मन की किसी भी तरह की धमकी का जवाब 'तुरंत और बिना किसी भौगोलिक सीमा के' देने का निर्देश दिया है.
वेबसाइट पर प्रकाशित बयान के मुताबिक, उन्होंने सैन्य ठिकानों की सूची को भी अपडेट करने का निर्देश दिया, ताकि अमेरिका और इसराइल की 'सैन्य और ग़ैर-सैन्य संपत्तियां' ईरानी सेना के निशाने पर आ सकें.
इसके अलावा, ईरान के सर्वोच्च नेता के हवाले से कहा गया है कि किसी भी नए सैन्य या 'आतंकवादी' हमले की स्थिति में ईरान ही संघर्ष ख़त्म करने का समय और शर्तें तय करेगा.
बताया गया है कि इस बैठक में सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ़ के प्रमुख मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही, सेना के कमांडर-इन-चीफ़ मेजर जनरल अमीर हातमी और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के कमांडर-इन-चीफ़ मेजर जनरल अहमद वहीदी मौजूद थे.
ईरान के सर्वोच्च नेता की ज़िम्मेदारी संभालने के बाद से मोजतबा ख़ामेनेई को अब तक सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है. और न ही उनकी कोई तस्वीर या वीडियो जारी किया गया है.
संबित पात्रा बोले, 'राहुल गांधी में आगे बढ़ने की ताक़त नहीं, यह सैटेलाइट कभी लॉन्च नहीं होगा'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राहुल गांधी पर निशाना साधा
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने शनिवार को इंडिया गठबंधन के 'जन महाभियोग' कार्यक्रम पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
इस दौरान उन्होंने कहा, "बीजेपी ने कोई नया क़ानून बनाकर यह छूट नहीं दी है. बीजेपी ऐसा कोई क़ानून लेकर नहीं आई, जो पहले से मौजूद न हो. राष्ट्रपति और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) को छूट और संरक्षण पहले से ही संविधान में दिया गया है. हालांकि, इसके लिए विशेष प्रक्रिया स्पष्ट रूप से तय नहीं थी."
उन्होंने कहा, "अगस्त 2023 में तेलंगाना की एक निचली विशेष अदालत ने मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. हाई कोर्ट ने तुरंत इस आदेश को रद्द कर दिया और कहा कि यह सही प्रक्रिया नहीं है. अदालत ने आदेश ख़ारिज करने का निर्देश दिया."
संबित पात्रा ने कहा, "उस समय यह स्पष्ट हो गया था कि राजनीतिक दबाव के चलते कोई भी व्यक्ति क़ानून की परवाह किए बिना संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के ख़िलाफ़ भी मुक़दमा या एफ़आईआर दर्ज करा सकता है, जबकि संविधान उन्हें संरक्षण देता है."
उन्होंने कहा कि राजनीति से प्रेरित ग़लत एफ़आईआर को रोकने के लिए एक प्रक्रिया लाई गई है.
इस दौरान संबित पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा.
उन्होंने कहा, "आप अपनी मॉक संसद आयोजित करते रहिए और रैलियां निकालते रहिए. दुनिया समझ चुकी है कि राहुल गांधी में अब आगे बढ़ने की ताक़त नहीं है. यह सैटेलाइट कभी लॉन्च नहीं होगा. उन्हें ज़िंदगी भर के लिए अपना मॉक प्रधानमंत्री बनाए रखिए. हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है."
रिपोर्ट में दावा- ईरान के हमलों से अमेरिका के सैन्य ठिकानों को अरबों डॉलर का नुक़सान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
अमेरिकी अख़बार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी एक रिपोर्ट में लिखा है कि पेंटागन के अनुमान के मुताबिक, मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से कम से कम पांच अरब डॉलर का नुक़सान हुआ है.
यह आंकड़ा बढ़कर 15 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध के शुरुआती चरण में कुवैत और बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को काफ़ी नुक़सान पहुंचा था.
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, ईरान के हमलों में सात अलग-अलग देशों में मौजूद अमेरिका की 274 सैन्य ठिकानों को नुक़सान पहुंचा. इन क्षतिग्रस्त ठिकानों के पुनर्निर्माण पर ही चार अरब डॉलर से अधिक ख़र्च हो सकता है.
अख़बार ने लिखा कि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुए नुक़सान के बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक की है. वहीं, सैटेलाइट तस्वीरों की जांच से भी हो सकता है कि नुक़सान की पूरी जानकारी सामने न आ पाए.
ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका के युद्ध पर अब तक 47 अरब डॉलर से अधिक ख़र्च होने का ताज़ा अनुमान लगाया गया है. हालांकि, इस आंकड़े में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुआ नुक़सान शामिल नहीं है.
इंडिया गठबंधन के जन महाभियोग पर बीजेपी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी
बीजेपी ने विपक्ष के इंडिया गठबंधन के जन महाभियोग को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "भारत में अराजकता फैलाने की बार-बार नाकाम कोशिशों के बाद अब कांग्रेस पार्टी अपने अनोखे नेता राहुल गांधी की भावनाओं को संतुष्ट करने के लिए यह भ्रम पैदा कर रही है कि मॉक संसद आयोजित करके उन्हें उनकी पसंद की संसद मिल गई है."
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सीमा पार भी कांग्रेस पार्टी के 'मॉक संसद' की इस अवधारणा का मज़ाक उड़ाया गया है.
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, "विश्व बैंक ने अपनी 2025 की रिपोर्ट में भारत की तारीफ़ की है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2012 से 2023 के बीच भारत में 27.6 फ़ीसदी लोग अत्यधिक ग़रीबी से बाहर आए हैं. अब देश की सिर्फ़ 2.6 फ़ीसदी आबादी अत्यधिक ग़रीबी में रह रही है."
उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत किस तरह आगे बढ़ रहा है.
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर शनिवार को 'जन महाभियोग' का आयोजन किया गया है. विपक्षी गठबंन के नेताओं के मुताबिक इसका आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सांकेतिक महाभियोग चलाना है.
विपक्ष के 'जन महाभियोग' पर क्या बोले अखिलेश यादव?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फ़ाइल फोटो)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर शनिवार को आयोजित हो रही 'जन महाभियोग' को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "जब सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है, तो यह संदेश देने के लिए 'मॉक संसद' का आयोजन किया जा रहा है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और लोकतंत्र और संविधान के सामने सबसे बड़े ख़तरों में से एक बनकर उभरा है."
अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव को याद करते हुए सभी विपक्षी दलों के सांसद इस 'मॉक संसद' में हिस्सा ले रहे हैं.
उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा, "बीजेपी इतनी घबराई हुई क्यों है? अगर बीजेपी संसद में लिए गए फ़ैसलों को ज़मीन पर लागू नहीं कर रही है, तो उसने महिला आरक्षण पर पहले से पारित क़ानून को अब तक लागू क्यों नहीं किया? वह इस मुद्दे पर बहस क्यों नहीं करना चाहती?"
उन्होंने आगे कहा, "हमने पिछली लोकसभा के सत्र के दौरान जो हुआ, वह देखा है. जिन्होंने भक्तों के चंदे और लोगों की आस्था से चढ़ाए गए चढ़ावे की चोरी की है... उनसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मज़बूत करने की क्या उम्मीद की जा सकती है?"
उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा: दुर्गम पहाड़ी रास्ते से शव निकालने में जुटीं रेस्क्यू टीमें, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Asif Ali
उत्तराखंड के चमोली ज़िले में जोशीमठ के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए छह लोगों के शव निकालकर उन्हें जोशीमठ ले जाने का रेस्क्यू अभियान जारी है.
दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण बचाव दलों को पैदल चढ़ाई करके वहां पहुंचना पड़ा है.
दरअसल, चमोली ज़िले में शुक्रवार को बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इसमें सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई थी.
चमोली के ज़िलाधिकारी गौरव कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "बचाव अभियान के तहत सभी शवों को निकाल लिया गया है. अब प्रशासन की कोशिश है कि सभी शव शनिवार शाम तक सुरक्षित जोशीमठ पहुंचा दिए जाएं, जहां शवों की शिनाख़्त से जुड़ी कार्रवाई होगी."
ज़िला प्रशासन के अनुसार, भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और प्रशासन की टीमें पांडुकेश्वर की ओर से पहाड़ी रास्ते पर पैदल चढ़ाई करके घटनास्थल तक पहुंच चुकी हैं.
टीमें शवों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं.
डीएम गौरव कुमार ने बताया कि बचाव अभियान के लिए चाई गांव के आसपास एक वैकल्पिक पैदल रास्ता भी तलाशा जा रहा है, ताकि शवों और हेलीकॉप्टर के अवशेषों को सुरक्षित जोशीमठ लाया जा सके.
उन्होंने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच रेस्क्यू अभियान में लगे जवानों और कर्मचारियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है.
ज़िला प्रशासन सभी एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और अभियान की निगरानी कर रहा है.
ग़ौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हुई थी.
बेंगलुर: होटल के स्वीमिंग पूल में करंट से दो विदेशी नागरिकों की मौत, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
बेंगलुरु में एक फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. मरने वालों में एक जर्मनी और एक स्लोवाकिया का नागरिक है.
वहीं, दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लुफ्थांसा में काम करने वाले 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और आईबीएम में काम करने वाले 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है.
यह घटना बेंगलुरु के पूर्वी इलाके में स्थित होटल में हुई. मृतकों में से एक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार शाम एक फ़ाइव स्टार होटल के छत पर बने स्विमिंग पूल में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई.
उन्होंने कहा, "शुरुआती आशंका है कि बिजली के तारों से करंट लीक होने की वजह से यह हादसा हुआ. ऐसा लग रहा है कि यह करंट लगने का मामला है. हालांकि, सभी मेडिकल और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि असल में क्या हुआ था."
पुलिस ने स्विमिंग पूल वाले इलाक़े को घेर लिया है. सिंह ने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं. सभी तथ्य सामने आने के बाद हम आपको जानकारी देंगे."
पुलिस के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, होटल के पूल अटेंडेंट 28 वर्षीय राहुल तिवारी और होटल में ठहरे अमेरिकी पर्यटक 41 वर्षीय मैथ्यू डेसेंटिस ने दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने के लिए स्विमिंग पूल में छलांग लगा दी थी.
इस कोशिश में दोनों घायल हो गए. हालांकि, वे दोनों को बचाने में नाकाम रहे.
अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं -
मशहूर फ़िल्मकार संजय गुप्ता को अभिनेता तुषार कपूर ने कुछ इस तरह किया याद
इमेज स्रोत, STRDEL/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, बॉलीवुड के फिल्म समारोह के दौरान संजय गुप्ता (फ़ाइल फ़ोटो)
फ़िल्मकार संजय गुप्ता ने 2007 की सुपरहिट फ़िल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' बनाई थी. तुषार ने उन्हें अपना प्रिय निर्देशक बताते हुए कहा कि वह ऐसे इंसान थे जो ज़िंदगी को पूरी तरह जीने में विश्वास रखते थे.
तुषार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह दुखद ख़बर याद दिलाती है कि ज़िंदगी कितनी अनिश्चित है.
उन्होंने लिखा, "आज सुबह अपने प्रिय निर्देशक संजय गुप्ता के अचानक और दुर्भाग्यपूर्ण निधन की दुखद ख़बर मिली. ज़िंदगी वाक़ई बहुत अनिश्चित है. हालांकि, इस शख़्स ने मुझे ज़िंदगी को पूरी तरह जीने का सबक दिया! उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे."
'शूटआउट एट लोखंडवाला' साल 2007 में रिलीज हुई एक एक्शन थ्रिलर फ़िल्म थी, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया था. यह फ़िल्म 1991 में लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में हुई मुठभेड़ पर आधारित थी.
फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरबाज खान, विवेक ओबेरॉय, अभिषेक बच्चन, तुषार कपूर और रोहित रॉय सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया था.
संजय गुप्ता 'कांटे', 'काबिल' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी फ़िल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते थे. इसके अलावा उन्होंने 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'जज़्बा' और 'एसिड फैक्ट्री' जैसी फिल्मों का निर्माण भी किया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक़, मशहूर फ़िल्मकार संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया. पीटीआई ने इस खबर की पुष्टि उनके क़रीबी दोस्त मिलाप ज़ावेरी के हवाले से किया है.
पंजाब विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने जारी की पहली लिस्ट
इमेज स्रोत, Narinder NANU / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल (फ़ाइल फ़ोटो)
पंजाब में साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है.
आम आदमी पार्टी ने इसमें अपने 40 उम्मीदवारों की घोषणा की है.
इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया के सामने आकर इसकी घोषणा की.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "मैं आपको बता देना चाहता हूं कि इस लिस्ट में मेरा भी नाम है और मैं धुरी से चुनाव लड़ रहा हूं."
पंजाब में साल 2022 के फ़रवरी महीने में विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले गए थे.
विधानसभा के कार्यकाल के लिहाज से माना जा रहा है कि अगले साल यानी 2027 में जनवरी-फ़रवरी के महीने में पंजाब में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं.
साल 2022 में पंजाब में हुए चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी.
सरदार पटेल की जयंती पर अमित शाह और राहुल गांधी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर सभा को संबोधित करते गृह मंत्री अमित शाह
दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मौक़े पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित किया. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है.
अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "सरदार साहब को कई वर्षों तक उनकी उपलब्धियों के आधार पर जो उचित सम्मान था वो भारत ने नहीं दिया, कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से सरदार साहब को भुलाने का काम किया है, लेकिन सूर्य की तेज़ को कवर नहीं कर सकते"
अमित शाह ने कहा, "नरेंद्र मोदी जब गुजरात के सीएम बने तो उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर एक गगन को छूने वाली प्रतिमा का निर्माण कर पूरे देश के सामने सरदार साहब के व्यक्तित्व को स्थापित करने का काम किया "
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.
सरदार पटेल की पुण्यतिथि के मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, "एकता के सूत्रधार और आधुनिक भारत के शिल्पकार के रूप में उन्होंने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की मजबूत नींव रखी. उनके आदर्श सदैव हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे''
1 नवंबर 2026 से देशभर में लागू होंगे ये नियम
इमेज स्रोत, Faisal Bashir/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, 1 नवंबर 2026 की शुरुआत के साथ ही आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी चीजों में बदलाव होने वाला है
1 नवंबर 2026 से देश में टेलीकॉम, बैंकिंग, टैक्स से जुड़े कई अहम बदलाव लागू होने वाले हैं.
नवंबर 2026 की शुरुआत के साथ ही आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी चीजों जैसे, बैंकिंग, टेलीकॉम और जीएसटी से जुड़े कई नए और महत्वपूर्ण नियमों को लागू करने की घोषणा की गई है.
टेलीकॉम सेक्टर में स्पैम कॉल्स पर लगाम लगाने और धोखाधड़ी रोकने के लिए ट्राई (टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के निर्देश पर 1 नवंबर 2026 से अब मोबाइल फोन पर कॉल करने वाले व्यक्ति या संस्था का असली नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, जो उनके टेलीकॉम डेटाबेस में रजिस्टर्ड है.
भारतीय रिजर्व बैंक के नए दिशा-निर्देशों के तहत बैंक खाताधारकों को अब अपने खातों और लॉकर में एक से अधिक, यानी अधिकतम चार लोगों तक को नॉमिनी बनाने की सुविधा मिल रही है.
इसमें ग्राहक एक साथ हिस्सेदारी तय करते हुए या प्राथमिकता के आधार पर चार तक नाम दर्ज करा सकते हैं.
1 नवंबर से जीएसटी के नियमों में कई सुधार लागू होंगे, जिसमें ई-कॉमर्स विक्रेताओं के लिए गोदाम के पते पर रजिस्ट्रेशन, पोस्ट-सेल डिस्काउंट और स्क्रैप/ई-वेस्ट पर टीडीएस के नए प्रावधान शामिल हैं.
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के अनिवार्य हॉलमार्किंग नियमों के तहत अब देश के सैकड़ों जिलों में बिना 6-अंकों के अल्फान्यूमेरिक एचयूआईडी (हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफ़िकेशन) कोड वाली सोने की ज्वेलरी बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित होगी.
उपभोक्ता अब खरीदारी करते समय ज्वेलरी पर बीआईएस लोगो, शुद्धता और एचयूआईडी कोड की ऑनलाइन जांच कर सकते हैं.
तुर्की में आयोजित सम्मेलन में बुलावे के बाद भी नहीं आए अज़रबैजान के राष्ट्रपति
इमेज स्रोत, x.com/RTErdogan
इमेज कैप्शन, तुर्किए में आयोजित ओटीएस शिखर सम्मेलन की तस्वीर
अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव तुर्की में आयोजित ओटीएस शिखर सम्मेलन में बुलाए जाने के बावजूद नहीं शामिल हुए.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स से मिली जानकारी के मुताबिक, तुर्की और अज़रबैजान के बीच क्षेत्रीय नीतियों को लेकर सहयोगियों के बीच तनाव बढ़ने के संकेत मिले हैं.
बीते कुछ हफ़्तों पहले तुर्की और अज़रबैजान के रिश्तों में तब तनाव बढ़ गया था, जब तुर्की के कुछ अधिकारियों ने स्कूल यूनिफ़ॉर्म के नए नियमों के तहत हेडस्कार्फ़ यानी हिजाब के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने के बाकू के फ़ैसले की आलोचना की.
दोनों देशों के बीच इसराइल को लेकर भी मतभेद हैं. ग़ज़ा युद्ध को लेकर तुर्की इसराइल का कड़ा आलोचक है, जबकि अज़रबैजान के इसराइल के साथ मज़बूत रिश्ते हैं.
हालांकि, तुर्की के अधिकारियों ने इस तनाव को कम करके दिखाने की कोशिश की है.
भाषा, संस्कृति और जड़ों से जुड़े देशों के इस शिखर सम्मेलन की शुक्रवार को शुरुआत करते हुए तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने एकता का संदेश दिया.
अंकारा में हुई इस बैठक में अज़रबैजान का नाम लिए बिना अर्दोआन ने कहा, "हमारे परिवार की तस्वीर में अलगाव, बँटवारे या टकराव के लिए कोई जगह नहीं है. हम सब एक हैं, साथ हैं और अल्लाह ने चाहा तो हमेशा भाई रहेंगे."
शिखर सम्मेलन में विदेश मंत्री जेहुन बायरामोव ने अज़रबैजान का प्रतिनिधित्व किया. अर्दोआन के बाद बोलते हुए उन्होंने तनाव का कोई ज़िक्र नहीं किया और मेहमाननवाज़ी के लिए तुर्की का शुक्रिया अदा किया.
दिल्ली में बारिश के बीच कैसा रहा, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट?
इमेज स्रोत, x.com/diljitdosanjh
इमेज कैप्शन, दिल्ली में आयोजित ऑरा इंडिया टूर के दौरान सिंगर दिलजीत दोसांझ की तस्वीर
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार शाम बेमौसम बारिश के बावजूद मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में हज़ारों प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी.
दिलजीत दोसांझ अपने 'ऑरा इंडिया टूर' को लेकर चर्चा में हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने इस कॉन्सर्ट का वीडियो शेयर किया है.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक़, शाम तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन खचाखच भर गया और इसके एग्ज़िट पर लंबी क़तारें लग गईं थी.
स्टेडियम में जनरल पार्किंग उपलब्ध न होने की वजह से बहुत से लोगों ने मेट्रो से आने का विकल्प चुना.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के लिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर बाक़ी सभी लाइनों पर अपनी सेवाएं आधी रात तक के लिए बढ़ा दी थीं.
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में पहुंचीं उनकी प्रशंसक पूजा बजाज ने कहा, "हम दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट देखने के लिए लंदन से आए हैं. मैं पहली बार इसमें शामिल हो रही हूं. हम सभी बहुत उत्साहित हैं".
अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलों की बिक्री को मंज़ूरी दी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, जर्मनी में एक अज्ञात स्थान पर सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र के दौरे के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका ने बढ़ते रूसी हवाई हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर की 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की मंज़ूरी दे दी है.
यह फ़ैसला ऐसे वक्त में आया है, जब यूक्रेन ने कहा था कि हाल के महीनों में इसकी डिलीवरी में देरी हुई है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि, इन आधुनिक पीएसी-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की क़ीमत तक़रीबन 2.1 अरब डॉलर होगी और इसका पूरा ख़र्च यूरोप में यूक्रेन के सहयोगी देश और कनाडा उठाएंगे.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका से पैट्रिएट मिसाइलों की डिलीवरी तेज करने की बार-बार अपील की थी.
रूस की घातक बैसिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में यही एकमात्र असरदार हथियार है.
यह क़दम ज़ेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई तनातनी के कुछ ही दिनों बाद सामने आया था. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि, "रूस के साथ युद्ध ख़त्म करने की कोशिश के लिए अब वक़्त आ गया है कि यूक्रेन को एक नया नेता मिले."
शुक्रवार को जारी बयान में अमेरीकी विदेश मंत्रालय ने कहा, " इस ख़रीद का भुगतान 'जंपस्टार्ट' प्रोग्राम के ज़रिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिले डोनेशन और यूरोपीय यूनियन के 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' से फ़ाइनेंस किए गए राष्ट्रीय फंड से करेगा."
बयान में यह भी कहा गया है कि," इस डील की मुख्य कॉन्ट्रैक्टर अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन होगी और इस बिक्री में अमेरिका का कोई फंड शामिल नहीं है."