आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
व्हाट्सऐप के नए फ़ीचर से लोग क्यों हैं नाराज़?
व्हाट्सऐप के नए फ़ीचर को लेकर सोशल मीडिया पर बहस गर्म है. ज़्यादातर लोगों ने नए फ़ीचर को लेकर नाख़ुशी ज़ाहिर की है.
हालांकि तकनीकी ऑपरेटरों का मानना है कि नए फ़ीचर से डाटा अटैच करने में मदद मिलेगी और इससे बिज़नेस ऑपरेटरों को फ़ायदा होगा.
हाल ही में व्हाट्सऐप ने कुछ नए फ़ीचरों को जोड़ा है.
अब व्हाट्सऐप यूजर्स अपने स्टेटस में तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर सकते हैं. स्टेटस के रूप में ये तस्वीरें और वीडियो 24 घंटे तक रहेंगे.
इस फ़ीचर के तहत यूजर अपने कॉन्टैक्ट्स के लोगों की तस्वीरों और वीडियो को देख सकते हैं. इस फ़ीचर को लॉन्च किए एक हफ़्ता से भी कम हुआ है लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा रही.
शुक्रवार को दोपहर में एक बजे तक इस नए फ़ीचर को लेकर 820 हज़ार ट्वीट किए जा चुके थे. हालांकि ये ट्वीट्स फ़ीचर को लेकर ख़ुशी ज़ाहिर करने के लिए नहीं थे.
ज़्यादातर ट्वीट में लोगों ने नाख़ुशी ज़ाहिर की है.
व्हाट्सऐप दुनिया का सबसे लोकप्रिय मेसेजिंग ऐप है. नए फ़ीचर के तहत यूजर तस्वीर और वीडियो कॉन्टेंट के रूप में अपडेट्स भेज सकते हैं.
इस फ़ीचर के ज़रिए स्टेटस अपडेट्स को और विजुअल बनाया जा सकता है. इस नए फ़ीचर से यूजर्स उस पल के इमोशन, तस्वीर, वीडियो और जीआईएफ भेज सकते हैं.
इससे पहले व्हाट्सऐप स्टेटस अपडेट्स सीमित टेक्स्ट में ही किया जाता था. इसमें कुछ स्टेटस पहले से ही फिक्स होते थे. जैसे- ऐट वर्क, अवेलेबल, वेल.
जब यूजर्स व्हाट्सऐप में न्यू स्टेटस टैब खोलेंगे तो न्यू स्टेटस अपडेट्स दिखेंगे. ये पारंपरिक चैट विंडो में नहीं होगा. आपके दोस्त सिंपल रिप्लाई ऑप्शन से जवाब दे सकते हैं. ये सारे अपडेट्स 24 घंटे के भीतर ख़ुद ही ख़त्म हो जाएंगे.
हालांकि लोग इस फ़ीचर को लेकर निजता में घुसपैठ बता रहे हैं और ज़्यादा डाटा खर्च को लेकर चिंतित हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)