आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
महिला क्रिकेट: साड़ी पहनकर बल्ला घुमाती दिखीं मिताली राज
आपने साड़ी पहनने वाली औरतों को देखा होगा. आपने क्रिकेट खेलने वाली औरतों को भी देखा होगा.
लेकिन साड़ी पहनकर किसी औरत को क्रिकेट खेलते हुए आज शायद पहली बार देखेंगे.
दरअसल भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है.
जिसमें वो क्रिकेट ग्राउंड के बीचों-बीच साड़ी पहने हुए दिखती हैं. उनके माथे पर बिंदी है. पैरों में स्पोर्ट्स शूज़ और हाथों में बल्ला है.
इस बल्ले को घुमाते हुए वो ज़रदार छक्का मारती हैं.
नौ लाख से ज़्यादा व्यू
इस वीडियो के साथ मिताली ने कैप्शन लिखा है, "हर साड़ी बहुत कुछ कहती है, आपसे भी अधिक. ये आपको कभी भी फिट होने के लिए नहीं कहती, ये आपको अलग दिखना सिखाती है. चलिए इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एक अनमोल चीज़ की शुरुआत करते हैं. इस महिला दिवस से अपनी शर्तों पर जीना शुरू करते हैं."
मिताली राज के इस वीडियो को अब तक नौ लाख से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. मिताली के इस वीडियो लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रिया दी है.
कई लोगों ने उन्हें प्रेरणा देने वाली बताया तो कई ने ग्राउंड में साड़ी पहनने की वजह से उनकी आलोचना भी की.
ओजस्वी नाम की इंस्टाग्राम यूज़र ने लिखा, "आप महिलाओं को निडर बनने के लिए प्रेरणा देती हैं."
सागर पांडे ने लिखा, "साड़ी और बिंदी परफेक्ट है."
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
हर्षल ने कहा, "आप रोल मॉडल हैं. गेम में आपने बड़ा योगदान किया है."
अनिका लिखती हैं, "और आप अनगिनत लोगों की प्रेरणा हैं. जिनमें से एक मैं भी हूं."
प्रबिन मोहंती नाम के यूज़र ने लिखा, "हमें आप पर बहुत गर्व है मिताली राज. ये वीडियो उन हज़ारों फेक फेमेनिस्ट के मुंह पर तमाचा है, जो हमारे आज़ाद देश की छतरी के तले पश्चिमी संस्कृति को पसंद करते हैं."
आरवी रामाचंद ने लिखा, "भारतीय महिलाएं. भारतीय परंपरा. आपको अपने पारंपरिक लुक में देखकर बहुत खुशी हो रही है. भारत माता की जय."
शेष नारायण कहते हैं, "सोचो अगर, भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ड्रेस कोड यही हो तो."
संदेश पर सवाल
वहीं कुछ लोगों ने मिताली के इस संदेश पर सवाल उठाए हैं.
किरन लोनली नाम के एक यूज़र ने लिखा, "तो क्या जो पैंट और टी शर्ट पहनकर खेल रही हैं, वो औरते नहीं हैं? क्या आप चाहती हैं कि सब साड़ी में खेले? क्या आप ये कह रही हैं?"
एक और कमेंट में उन्होंने लिखा, "ये एक हाइब्रिड साड़ी है. असली साड़ी पहनकर क्रिकेट खेलिए. अगर नहीं खेल सकतीं, तो क्रिकेट का अपमान मत कीजिए."
आशु नाम के यूज़र ने लिखा, "मैम अगला मैच साड़ी में खेलना." इसी के साथ उन्होंने हंसने वाली इमोजी भी बनाया.
महिला क्रिकेट टीम
मिताली ने इस वीडियो के ज़रिए महिला दिवस पर एक खास संदेश तो दिया ही.
साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की टीम से भीड़ रही महिला क्रिकेट टीम को भी प्रोत्साहित किया.
उन्होंने कहा, "दुनिया को दिखाते हैं कि हम कर सकते हैं. टीम इंडिया चलिए ट्रॉफी घर लाते हैं."
हालांकि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला टीम को 85 रनों से हराकर T20 वर्ल्ड कप जीत लिया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)