आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कोरोना: न्यूयॉर्क टाइम्स ने पहले पन्ने पर छापी मरने वालों की पूरी लिस्ट
ये ऐसी क्षति है जिसका कोई हिसाब नहीं हो सकता, जिसकी कोई गिनती नहीं हो सकती.
Incalculable Loss
अमरीकी अख़बार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने 24 मई के अपने पहले पहले पन्ने पर यही शीर्षक लगाया है.
अमरीका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या एक लाख के क़रीब हो गई है.
मरने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए और उनके लिए शोक व्यक्त करते हुए अख़बार ने अपना पूरा फ़्रंट पेज उनके नाम समर्पित कर दिया.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अब तक कोविड-19 की वजह से जान गंवाने वाले सभी लोगों ने नाम प्रकाशित किए हैं. अख़बार ने लिखा है, "वो सिर्फ़ लिस्ट के कुछ नाम नहीं थे, वो यहां हमारे साथ थे."
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर भी यह फ़्रंट पेज पोस्ट किया है. सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क टाइम्स के इस क़दम की चर्चा और तारीफ़ हो रही है.
हालांकि ऐसा पहली बार देखने को मिला हो, यह भी नहीं कहा जा सकता. क्योंकि ब्राज़ीली अख़बार ओ ग्लोबो ने 10 मई को ही लिखा था, 10 मई, 10 हज़ार पीड़ित, दस हज़ार थमी हुई कहानियां.
हालांकि ब्राज़ीली अख़बार की बहुत चर्चा नहीं हुई लेकिन न्यूयॉर्क टाइम्स को लेकर ख़ूब चर्चा देखने को मिल रही है.
एक ट्विटर यूज़र ने लिखा है, "ये मृतकों के परिवारों के प्रति सम्मान ज़ाहिर करने का बहुत अच्छा तरीका है. जाने वालों को भूला नहीं जाएगा. ये नाम प्रकाशित करने के लिए साहस चाहिए."
एक व्यक्ति ने लिखा है, "इसके लिए शुक्रिया. मैं उम्मीद करता हूं लोग इस दुख से उबर पाएं. ये मौतें सिर्फ़ संख्या नहीं हैं: ये वो लोग हैं जिनका परिवार था, जिनके दोस्त थे. उन सबकी ज़िंदगियां महामारी की वजह से छोटी हो गईं."
टाइम्स इनसाइडर में लिखे एक लेख में न्यूयॉर्क टाइम्स के ग्राफ़िक्स एडिटर सिमॉन लैंडन ने कहा कि ये फ़ैसला कोरोना जैसी भयावह त्रासदी और लोगों की पीड़ा को व्यक्तिगत स्तर पर महसूस किए जाने के लिए किया गया.
उन्होंने कहा, "हमारे पाठक और हम सब लगातार महामारी की रिपोर्टिंग को आंकड़ों के रूप में देखने लगे हैं. लेकिन ये मजह आंकड़े नहीं हैं. ये लोग हैं."
न्यूयॉर्क टाइम्स के प्रिंट एडिटर जॉश क्रचमर ने भी इसे अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है.
जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार अमरीका के अब तक कोविड-19 संक्रमण के कुल 16,22,670 मामले हो चुके हैं और मरने वालों की संख्या 97,087 हो गई है.
अमरीका में कोरोना संक्रमण मामलों और इससे होने वाली मौतों की संख्या दुनिया में सबसे ज़्यादा है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार ये दावा करते रहे हैं कि अमरीका में ज़्यादा मामलों की संख्या ज़्यादा टेस्टिंग की वजह से हैं.
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अमरीका ने कोरोना महामारी का सामना सुपर पावर नहीं बल्कि किसी तीसरी दुनिया के देश की तरह किया है.
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क पहनना क्यों ज़रूरी है?
- अंडे, चिकन खाने से फैलेगा कोरोना वायरस?
- कोरोना वायरस: बच्चों को कोविड-19 के बारे में कैसे बताएं?
- कोरोना वायरस: संक्रमण के बाद बचने की कितनी संभावना है
- कोरोना वायरस: क्या करेंसी नोट और सिक्कों से भी फैल सकता है?
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)