आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
टी-20 इतिहास में रनों के लिहाज़ से भारत की सबसे बड़ी जीत
भारत ने श्रीलंका को कटक में खेले गए सिरीज़ के पहले टी-20 मैच में 93 रनों से हरा दिया.
टी-20 क्रिकेट इतिहास में रनों के लिहाज़ से यह भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत है.
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका को 181 रनों का लक्ष्य दिया था. लेकिन भारत की शानदार गेंदबाज़ी के चलते श्रीलंकाई टीम महज़ 87 रनों पर सिमट गई.
चला केएल राहुल का बल्ला
भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज़्यादा 48 गेंदों पर 61 रन बनाए. कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए. श्रेयस अय्यर भी ख़ास कमाल नहीं कर सके और 20 गेंदों में 24 रन बनाकर लौट गए.
इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी और मनीष पांडे ने पारी संभाली और तेज़ी से रन जोड़ते हुए स्कोर को 180 रनों तक पहुंचा दिया.
धोनी ने 22 गेंदों पर 39 और मनीष पांडे ने 18 गेंदों पर 32 रनों का तेज़ योगदान दिया.
श्रीलंका की तरफ़ से एंजेलो मैथ्यूज़, थिसारा परेरा और नुवान परेरा ने एक-एक विकेट लिए.
चहल के चक्र में फंसे श्रीलंकाई
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम एक भी बड़ी साझेदारी नहीं निभा सकी. लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने चार ओवरों में 23 रन देकर चार विकेट लिए और श्रीलंकाई बल्लेबाज़ी क्रम की कमर तोड़ दी.
उन्होंने उपुल थरंगा, एंजेलो मैथ्यूज़, एस गुणारत्ने और श्रीलंकाई कप्तान थिसारा परेरा के महत्वपूर्ण विकेट लिए.
चाइनामैन गेंदबाज़ कुलदीप यादव ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और चार ओवरों में महज़ 18 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए. भारत की इस स्पिन जोड़ी के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज़ अपने हाथ नहीं खोल सके.
नौजवान खब्बू तेज़ गेंदबाज़ जयदेव उनदकत ने भी प्रभावित किया और दो ओवरों में महज़ सात रन देकर एक विकेट अपने नाम किया.
अगला मैच इंदौर में
युजवेंद्र चहल को 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया. उन्होंने कहा, 'मैं गुगली और लेग स्पिन का मिश्रण कर रहा था और बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों को अलग-अलग गति की गेंदे फेंक रहा था. हमने गीली गेंद के साथ अभ्यास किया था. विकेट से मदद मिल रही थी और मैंने उसी हिसाब से गेंदबाज़ी की. मैं और कुलदीप एक दूसरे की गेंदबाज़ी का मज़ा लेते हैं.'
इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ में बढ़त बना ली है. सिरीज़ का दूसरा मैच इंदौर में होगा.
इससे पहले मेहमान श्रीलंकाई टीम को भारत टेस्ट और वनडे सिरीज़ में हरा चुका है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)