आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
#INDvENG: बेन स्टोक्स और बेयरस्टो के आगे केएल राहुल-ऋषभ पंत की पारी गई बेकार, इंग्लैंड 6 विकेट से जीता
केएल राहुल और ऋषभ पंत की पारी पर जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स की पारी भारी पड़ी. इंग्लैंड ने दूसरे एकदिवसीय मैच में भारत को 6 विकेट से हरा दिया है.
इंग्लैंड ने 44वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया उसने सिर्फ़ 4 विकेट खोकर कुल 337 रन बनाए.
जॉनी बेयरस्टो ने 112 गेंदों में 124 रन की शतकीय पारी खेली. वहीं, बेन स्टोक्स एक रन से शतक बनाने से चूक गए.
99 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर स्टोक्स को भुवनेश्वर कुमार ने विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कराया.
सलामी बल्लेबाज़ जेसन रॉय ने 55 रन बनाए और वो रन आउट हुए. वहीं, कप्तानी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज़ जॉस बटलर शून्य पर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर बोल्ड हुए.
भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट लिया.
पहली पारी में राहुल, पंत और कोहली का धमाल
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 337 रनों का लक्ष्य रखा था.
भारत की ओर से केएल राहुल, विकेटकीपर ऋषभ पंत और कप्तान विराट कोहली ने शानदार पारियां खेलीं.
भारत ने 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 336 रन बनाए थे.
आज के मैच की ख़ासियत लंबे समय से ख़राब फॉर्म से जूझ रहे केएल राहुल की 114 गेंदों में 108 रनों की शानदार पारी रही. ऋषभ पंत ने भी केवल 40 गेंदों में 77 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली. वहीं, कप्तान विराट कोहली ने 79 गेंदों में 66 रन बनाए.
आज भारतीय पारी के तीन सौ के पार जाते ही उसने लगातार पांच पारियों में 300 से ज़्यादा का स्कोर खड़ा करने का कारनामा किया. भारत ने 2017 में भी यह उपलब्धि हासिल की थी.
भारतीय टीम ने मंगलवार को पहले एकदिवसीय मैच में इंग्लैड को 66 रन से करारी मात दी थी.
शुक्रवार को इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. नियमित कप्तान इयॉन मॉर्गन के चोटिल होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज़ बटलर इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे हैं.
भारत की ख़राब शुरुआत
भारत की बल्लेबाज़ी की शुरुआत काफ़ी बुरी हुई लेकिन उसके बाद कप्तान कोहली और बल्लेबाज़ के.एल राहुल ने टीम को संभाल लिया.
भारतीय क्रिकेट टीम जब बल्लेबाज़ी के लिए उतरी तब चौथे ओवर में ही शिखर धवन 4 रन के निजी स्कोर पर रीस टोपली की गेंद पर बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे.
इसके बाद नौवें ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा 25 रन के निजी स्कोर पर सैम करन की गेंद पर कैच आउट हो गए.
इसके बाद कप्तान कोहली और केएल राहुल ने टीम को मज़बूती से संभाले रखा और शतकीय साझेदारी निभाई.
पहले कोहली ने अपना 62वां अर्धशतक पूरा किया. इसके लिए उन्होंने 62 गेंदें खेलीं. उनके बाद केएल राहुल ने 66 गेंदों में 3 चौकों की मदद से अर्धशतक बनाया.
हालांकि, कोहली और ज़्यादा देर नहीं टिक सके और 66 रन बनाकर 32वें ओवर की अंतिम गेंद पर आदिल राशिद की गेंद पर विकेटकीपर बटलर को कैच थमा बैठे.
पंत की धुआंधार बल्लेबाज़ी
कोहली के बाद बल्लेबाज़ी करने आए ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाज़ी की. उन्होंने 40 गेंदों में 6 छक्कों और 3 चौकों की बदौलत 77 रन बनाए.
कोहली और राहुल ने 121 रन की साझेदारी की थी. वहीं, राहुल और पंत ने 113 रनों की शतकीय साझेदारी की.
पंत का विकेट 47वें ओवर में गिरा उनको टॉम करन ने जेसन रॉय के हाथों कैच आउट कराया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकतेहैं.)