आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आईपीएल 2023: बैंगलोर ने लखनऊ को 18 रन से हराया, विराट कोहली के साथ मैदान पर गौतम गंभीर और नवीन उल हक़ की बहस
रॉयल चैलेंजर्स बैंगोलर बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
बैंगलोर ने लखनऊ को 18 रन से हराया
आरसीबी- 126/9 (20 ओवर), फाफ डुप्लेसी- 44 रन, नवीन उल हक़ 3/30
एलएसजी-108/10 (19.5 ओवर) के गौतम- 23 रन, जोश हैज़लवुड 2/15
फाफ डुप्लेसी मैन ऑफ़ द मैच
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ की धीमी पिच पर गेंदबाज़ी के मोर्चे पर जो गंवाया, उसे गेंदबाज़ी में हासिल कर लिया.
बैंगलोर ने लोस्कोरिंग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 रन से हरा दिया.
बैंगलोर की ओर से मिले 127 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 108 रन ही बना सकी.
मैदान पर विराट के साथ गौतम गंभीर और नवीन की बहस
मैच में खिलाड़ियों के बीच गर्मागर्मी भी देखने को मिली. बैंगलोर के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली की लखनऊ के नवीन उल हक़ से बहस हुई. बाद में उनके और लखनऊ टीम के मेंटॉर गौतम गंभीर के बीच भी बहस होती नज़र आई.
मामला क्या था, ये साफ़ नहीं हुआ लेकिन विराट कोहली काफी गुस्से में दिखे. ये मामला 17वें ओवर में शुरु हुआ था जिसका असर मैच के बाद तक दिखा. मैदान पर अंपायरों भी खिलाड़ियों को समझाते दिखे.
टीवी पर प्रसारित फुटेज के मुताबिक जब मैच ख़त्म हुआ और खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे तब भी विराट कोहली और नवीन उल हक़ के बीच बहस हुई.
इस बीच में गौतम गंभीर भी आए और विराट कोहली उन्हें कुछ समझाते दिखे. कुछ देर बाद लखनऊ के कप्तान केएल राहुल मामले को शांत कराने की कोशिश में दिखे.
ये मामला सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड करने लगा. फैन्स ट्विटर पर घटना के वीडियो शेयर करने लगे.
लखनऊ की पारी
127 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत ख़राब रही. काइले मायर्स बिना कोई रन बनाए मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हो गए.
तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए आए क्रुणाल पांड्या सिर्फ़ 11 गेंद तक क्रीज़ पर रुके. उन्होंने सिराज के दूसरे ओवर में लगातार तीन चौके जमाए लेकिन उनकी पारी लंबी नहीं खिंची.
अगले ओवर में ग्लेन मैक्सवेल ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच करा दिया. क्रुणाल ने 14 रन बनाए.
रन बनाने में जूझ रहे दूसरे ओपनर आयुष बडोनी जोश हैज़लवुड की गेंद पर विराट कोहली को कैच थमा बैठे. उन्होंने 11 गेंद पर चार रन बनाए.
सिर्फ़ 21 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी लखनऊ टीम की उम्मीदें दीपक हुड्डा पर टिकीं लेकिन वो सिर्फ़ एक रन बना सके. उन्हें हसरंगा डिसिल्वा ने दिनेश कार्तिक के हाथों स्टंप्स करा दिया.
निकोलस पूरन ने आते ही छक्का जमाया लेकिन विकेट पर वो भी नहीं टिक सके. सातवें ओवर में कर्ण शर्मा ने उन्हें महिपाल लोमरोर के हाथों कैच करा दिया. वो सात गेंद में नौ रन बना सके.
बल्ले से नाकाम लखनऊ टीम
पांचवां विकेट गिरा तो लखनऊ का स्कोर था 38 रन.
इसके बाद मार्कस स्टोइनिस और कृष्णप्पा गौतम ने छठे विकेट के लिए 27 रन जोड़े. गौतम ने कर्ण शर्मा के दूसरे ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाया. अगले ओवर में उन्होंने हसरंगा पर छक्का जड़ा. 10 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर था पांच विकेट पर 63 रन.
जब ये जोड़ी जमती दिख रही थी तब कर्ण शर्मा ने स्टोइनिस को आउट कर दिया. उन्होंने 19 गेंद में 13 रन बनाए.
12वें ओवर की पहली ही गेंद पर लखनऊ को एक और झटका लगा. लखनऊ के बल्लेबाज़ों में सबसे भरोसे से खेलते दिखे गौतम रन आउट हो गए. उन्होंने 13 गेंद में 23 रन बनाए. सातवां विकेट गिरा तो लखनऊ का स्कोर था 66 रन. तब लखनऊ को 53 गेंद में 61 रन बनाने थे.
15वें ओवर में रवि बिश्नोई रन आउट हो गए. ये लखनऊ को आठवां झटका था. 19वें ओवर में नवीन उल हक़ हैज़लुवड का शिकार बने. उन्होंने 13 गेंद पर 13 रन बनाए.
इसके बाद चोटिल कप्तान केएल राहुल मैदान में आए. तब लखनऊ को आठ गेंद में 24 रन चाहिए थे.
आखिरी ओवर में लखनऊ को 23 रन बनाने थे. आखिरी ओवर में अमित मिश्रा हर्षल पटेल का शिकार बन गए. उन्होंने 30 गेंद में 19 रन बनाए. लखनऊ की टीम 108 रन पर ऑल आउट हो गई
बैंगलोर की पारी
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी.
कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस के वक़्त ही साफ कर दिया कि धीमी पिच पर वो लक्ष्य का पीछा नहीं करना चाहते बल्कि टार्गेट सेट करना चाहते हैं.
डुप्लेसी और विराट कोहली के ख़िलाफ़ लखनऊ ने पहले ही ओवर से स्पिनर को आजमाया. स्पिन के ख़िलाफ़ दोनों बल्लेबाज़ों को मुश्किल हुई लेकिन उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ आसानी से रन जुटाए. बैंगलोर की पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के लगे. इनमें से चार चौके और एक छक्का ओपनर्स के बल्ले से निकला.
विराट और डुप्लेसी की जोड़ी ने पावर प्ले के दौरान 42 रन जोड़े.
सातवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन हो गया. इस साझेदारी को नवें ओवर में रवि बिश्नोई ने तोड़ा. उन्होंने विराट कोहली को निकोलस पूरन के हाथों कैच करा दिया. कोहली ने 30 गेंद पर 31 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके जमाए.
अनुज रावत (9 रन), ग्लेन मैक्सवेल (4 रन) और सुयश प्रभुदेसाई (6 रन) कुछ खास नहीं कर सके. डुप्लेसी 17वें ओवर में अमित मिश्रा की गेंद पर आउट हुए. उन्होंने 40 गेंद पर 44 रन बनाए.
दिनेश कार्तिक ने 11 गेंद पर 16 रन बनाए. वो 19वें ओवर में रन आउट हुए. बैंगलोर टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 126 रन बनाए.
लखनऊ के लिए नवीन उल हक ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए. रवि बिश्नोई और अमित मिश्रा ने दो दो विकेट लिए.
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल चोटिल
मैच की शुरुआत में ही लखनऊ सुपर जायंट्स को झटका लग गया. आरसीबी की पारी के दूसरे ओवर में गेंद का पीछा करते हुए लखनऊ के कप्तान केएल राहुल चोटिल हो गए,
उनकी मदद के लिए मैदान पर फिजियो को बुलाना पड़ा. कुछ देर तक मैदान पर लेटे रहने के बाद वो बाहर चले गए. उसके बाद क्रुणाल पांड्या ने कप्तानी की ज़िम्मेदारी संभाली.
हालांकि, केएल राहुल आखिर में बल्लेबाज़ी के लिए उतरे लेकिन वो पूरी तरह फिट नहीं दिखे.
ये भी पढ़ें
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)