लॉस एंजेलिस मेयर चुनाव जीतने वालीं भारतीय मूल की नित्या रमन को जानिए
अमेरिका के लॉस एंजेलिस के मेयर चुनाव में भारतीय मूल की नित्या रमन ने जीत हासिल की है. रमन एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेता हैं और उन्होंने लॉस एंजेलिस के मौजूदा मेयर करेन बास को हराया है.
डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता बास ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने रमन को फ़ोन कर अपनी हार स्वीकार कर ली है.
नित्या रमन की जीत से यह तय हो गया है कि अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों यानी न्यूयॉर्क और लॉस एंजेलिस का नेतृत्व अब डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट करेंगे.
रमन की तुलना अक्सर न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी से की जाती रही है. दोनों डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं और प्रोग्रेसिव एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरे थे.
भारतीय मूल की नित्या रमन पेशे से अर्बन प्लानर हैं. उन्होंने हार्वर्ड और एमआईटी से पढ़ाई की है. रमन एक वर्किंग मदर हैं और लॉस एंजेलिस सिटी काउंसिल में डिस्ट्रिक्ट 4 का प्रतिनिधित्व करती हैं.
उन्होंने 2020 में सिटी काउंसिल का चुनाव लड़ा और ऐतिहासिक जीत हासिल की. वह सिटी काउंसिल में पहुंचने वाली पहली एशियाई-अमेरिकी महिला और पहली दक्षिण एशियाई हैं.
मार्च 2024 में वह भारी बहुमत से दूसरी बार इस पद के लिए चुनी गईं. पद संभालने के बाद से रमन ने बेघर लोगों के लिए संवेदनशील और प्रभावी सेवाएं मुहैया कराने, ज़्यादा किफ़ायती घर बनाने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी.
नित्या अपने पति वाली चंद्रशेखरन और जुड़वां बच्चों कर्ण और कावेरी के साथ शहर के सिल्वर लेक में रहती हैं. उनके पति चंद्रशेखरन टीवी राइटर हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.



