दिल्ली के कई इलाक़ों में AQI 400 के पार
दिल्ली की हवाओं में ज़हर फिर बढ़ता जा रहा है. कई इलाक़ों में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 400 के पार पहुँच चुका है. सेंट्रल पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक़, इसे सीवियर यानी गंभीर स्थिति मानता है.
सीपीसीबी के मुताबिक़, शुक्रवार सुबह 10 बजे दिल्ली के आईटीओ इलाक़े में एक्यूआई 427 दर्ज किया गया. वहीं जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के पास भी सुबह 10 बजे एक्यूआई 426 रहा.
नजफ़गढ़ में एक्यूआई 421 रिकॉर्ड किया गया, जबकि चांदनी चौक में एक्यूआई 401 दर्ज किया गया.
दीवाली से पहले राजधानी दिल्ली की हवा लगातार ख़राब होती जा रही है. आने वाले दिनों में एक्यूआई और भी अधिक ख़तरनाक स्थिति में पहुँचने की आशंका है.
दिल्ली में एक्यूआई को कंट्रोल में लाने के लिए वर्तमान में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी ग्रैप-2 लागू है. हवा की क्वालिटी 301 से 400 के बीच होने पर इसे लागू किया जाता है.
ग्रैप-2 के तहत कोयला और लकड़ी जलाने पर बैन, डीजल जनरेटर पर रोक, निर्माण स्थलों पर कड़े नियम और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने जैसे उपाय किए जाते हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.



